Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

बच्चों की सुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्यों में नहीं हो देरी: डीएम आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्यों की समीक्षा, समयबद्ध पूर्णता के निर्देश

मंडला, 23 जुलाई 2026

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने महिला एवं बाल विकास विभाग तथा निर्माण एजेंसी के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर जिले में निर्माणाधीन आंगनवाड़ी केंद्रों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने, नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री रोहित बड़कुल ने बताया कि जिले में कुल 214 आंगनवाड़ी केंद्र स्वीकृत हैं। इनमें से 64 केंद्रों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, 83 केंद्रों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि 67 केंद्रों का निर्माण कार्य अभी प्रारंभ नहीं हुआ है।

समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं को सेवाएं उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इसलिए इनके निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए समय-सीमा के भीतर सभी केंद्रों का निर्माण पूर्ण कराया जाए।

कलेक्टर ने विशेष रूप से मवई एवं बीजाडांडी विकासखंड के निर्माणाधीन आंगनवाड़ी केंद्रों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित सीडीपीओ अपने-अपने क्षेत्रों के निर्माणाधीन केंद्रों का नियमित स्थल निरीक्षण करें तथा कार्य की गुणवत्ता और प्रगति पर सतत निगरानी रखें। उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारियों जनपद पंचायत, सीडीपीओ एवं सहायक यंत्रियों को आपसी समन्वय के साथ नियमित बैठकें आयोजित करने, निर्माण कार्यों में आने वाली बाधाओं का त्वरित निराकरण करने तथा कार्यों की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण होना सुनिश्चित किया जाए। बैठक के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत मीणा, समस्त सीडीपीओ एवं निर्माण विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts

भाजपा कार्यालय में मनोनीत पार्षदों का हुआ भव्य स्वागत,  दी शुभकामनाएं

Reva India News

तीन दिवसीय मड़ई उत्सव में मध्यप्रदेश एवं अन्य राज्यों की होगी नृत्य प्रस्तुतियाँ

Reva India News

25 फरवरी तक होगा चना, मसूर एवं सरसों का पंजीयन

Reva India News

Leave a Comment