Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 27 जुलाई 2026

पीएमएफएमई योजना से मण्डला में शुरू हुआ फूड प्रोसेसिंग यूनिट

आलू-मेथी-केले के चिप्स और पापड़ का होगा उत्पादन

मंडला, 27 जुलाई 2026

            प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना पीएमएफएमई के अंतर्गत मण्डला जिले में एक नवीन फूड प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना की गई है। जिले के श्री प्रथम सिंह ठाकुर द्वारा इस योजना का लाभ लेकर आलू चिप्स, मेथी चिप्स, पालक चिप्स, केले के चिप्स, अचार, पापड़ सहित विभिन्न प्रकार की खाद्य सामग्रियों के उत्पादन हेतु उद्योग प्रारंभ किया गया है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और कृषकों को भी अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा।

            उद्यानिकी विभाग की टीम द्वारा उक्त यूनिट का भौतिक सत्यापन किया गया। सत्यापन के दौरान सहायक संचालक उद्यानिकी सुश्री दीपा कुलेश, श्रीमती नीति कुशरे, उद्यान अधिकारी श्री पंकज मरकाम एवं डीआरपी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने हितग्राही को उद्योग के सुचारू संचालन, विभागीय गतिविधियों के प्रचार-प्रसार हेतु सूचना बोर्ड लगाने तथा शासकीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में एनसीसी विभाग ने मनाया कारगिल विजय दिवस

मंडला, 27 जुलाई 2026

            मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार तथा 1 एम.पी. आर्टी रेजीमेंट एनसीसी जबलपुर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल कीर्ति सिन्हतरे के निर्देशन में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मंडला में कारगिल विजय दिवस श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. टी.पी. मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

            कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रध्वज वंदन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। प्राचार्य डॉ. टी.पी. मिश्रा ने महाविद्यालय के स्टाफ, एनसीसी कैडेट्स तथा छात्र-छात्राओं को कारगिल विजय दिवस की शपथ दिलाई और देश की रक्षा में बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। इस अवसर पर रंगोली, पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही आयोजित संगोष्ठी में भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. भुवनेश्वर टेभरे, ग्रंथपाल डॉ. सालिकराम बघेल, कॉमर्स विभागाध्यक्ष डॉ. अर्जुन सिंह बघेल, डॉ. के.एल. धुर्वे तथा खेल अधिकारी डॉ. गुलबहार खान ने कारगिल विजय दिवस के महत्व, देशभक्ति और सैनिकों के अदम्य साहस पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन लेफ्टिनेंट डॉ. राजेश धुर्वे ने किया।

 

 

 

 

 

 

 

एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत पौधारोपण

मंडला, 27 जुलाई 2026

            म.प्र. जन अभियान परिषद् द्वारा चयनित नवांकुर संस्था प्रवाहिनी समिति नेतृत्व में स्वैच्छिकता पर्व अंतर्गत पौधारोपण किया गया एवं नशामुक्ति कार्यक्रम ग्राम पंचायत बकछेरादोना में आयोजित किया गया। इस अवसर पर विकासखण्ड समन्वयक श्री संतोष कुमार झारिया ने कहा कि पेड़ हैं तो हम हैं नहीं तो हमारा अस्तित्व ही समाप्त हो जाएगा। एक पेड़ मां के नाम अभियान मातृत्व के प्रति सम्मान प्रकट करने और पर्यावरण की रक्षा करने की एक अनूठी पहल है। प्रवाहिनी समिति की अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा ज्योतिषी ने नशामुक्ति अभियान के जानकारी देते हुए कहा कि नशा से दूरी है जरूरी नशा नाश की जड़ है जो हमारे समाज के लिए अभिशाप है। वरिष्ठ समाजसेविका श्रीमती अनीता तिवारी ने नशा मुक्ति की शपथ दिलाई, इस दौरान मनोनीत पार्षद श्रीमती ममता साहू, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष श्री कुंजी लाल मरावी, शाला परिवार के शिक्षकगण एवं अन्य ग्रामीणजनों की उपस्थिति रही।

 

 

 

 

 

 

 

माय भारत, मंडला द्वारा नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन

मंडला, 27 जुलाई 2026

            युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत मंडला द्वारा नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का भव्य एवं सफल आयोजन सरदार पटेल महाविद्यालय, मंडला में किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं युवा समूहों के लगभग 150 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए वाद-विवाद, चित्रकला, स्लोगन लेखन, रील एवं लघु फिल्म, संगीत एवं रैप, स्लैम पोएट्री, विषय आधारित नृत्य तथा नुक्कड़ नाटक जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से नशामुक्त भारत का सशक्त संदेश प्रस्तुत किया।

            कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद प्रतिनिधि श्री जयदत्त झा ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, संस्कृति एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया। समापन अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिव कुमार वर्मा ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

            प्रतियोगिताओं का निष्पक्ष मूल्यांकन विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों एवं विशेषज्ञों द्वारा किया गया। इस दौरान रानी दुर्गावती शासकीय महाविद्यालय, मंडला के वरिष्ठ प्राध्यापक श्री तेंबरे, श्री अरविंद शुक्ला, श्री अरविंद ठाकुर सहित अन्य प्राध्यापक, प्राचार्य श्री आशीष ज्योतिषी, जिला युवा अधिकारी श्री भुवन सिंह सोलंकी, लेखापाल एवं कार्यक्रम सहायक श्री रघुनंदन झारिया, श्री अनुराग राय एवं विशेषज्ञ उपस्थित थे। जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र राजकवि ने स्लैम पोएट्री प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि एक्सीलेंस विद्यालय, मंडला की टीम ने विषय आधारित नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अर्जित किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भोपाल में मंडला जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं उपस्थित युवाओं ने नशा मुक्ति की शपथ लेकर स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Related posts

अब नहीं देखेगी कॉलरवाली पेंच टाइगर रिजर्व पर शोक की लहर

Reva India News

टीकाकरण महाअभियान में प्रयास जन सशक्तिकरण संस्थान ने जनपद पंचायत मंडला के अंतर्गत ग्राम पंचायत ग्वारा में सहयोग प्रदान किया*

Reva India News

आपदा प्रबंधन के जिला स्तरीय कॉल सेंटर के संचालन विषयक प्री-बिड ऑनलाईन मीटिंग आज  

Reva India News

Leave a Comment