मंडला, 27 जुलाई 2026
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे एवं एसपी श्री राजेश रघुवंशी के नेतृत्व में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था में सुधार एवं दुर्घटना पीड़ितों को समय पर राहत उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय से समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि जिले में सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।
पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पुलिस द्वारा दुर्घटना संभावित स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। नागरिकों के सहयोग और यातायात नियमों के पालन से ही सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है। इस दौरान जिला परिवहन अधिकारी श्री विमलेश गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत प्राप्त 95 प्रकरणों में से 51 प्रकरण स्वीकृत किए जा चुके हैं। कलेक्टर ने शेष प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सात दिन के भीतर सुधार कराने के निर्देश
कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए स्पीडोमीटर ब्लिंक लाइट लगाने के निर्देश दिए। साथ ही पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई, एमपीआरडीसी एवं पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सुधार कार्य प्राथमिकता से करने को कहा। उन्होंने फुलसागर, बबेहा और नारायणगंज के समीप पुलों पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए सोलर नाइट लाइट, रिफ्लेक्टर एवं आवश्यक साइनेज सात दिवस के भीतर लगाने के निर्देश दिए। यह कार्य एमपीआरडीसी द्वारा कराया जाएगा।
फल-सब्जी विक्रेताओं के लिए स्थान निर्धारित करें- कलेक्टर
कलेक्टर ने आंगन तिराहा से कारीकोन-महाराजपुर मार्ग के मध्य डिवाइडर पर रिफ्लेक्टर एवं स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश भी दिए। वहीं चिलमन चौक के खराब यातायात सिग्नल को 15 दिवस के भीतर बदलने के लिए नगरपालिका सीएमओ को निर्देशित किया। बैठक में नगर पालिका को निर्देश दिए गए कि फल एवं सब्जी विक्रेताओं के लिए निर्धारित स्थान चिन्हित कर स्थायी मार्किंग की जाए तथा उन्हें पहचान-पत्र जारी किए जाएं, ताकि वे सड़क किनारे अनियोजित ढंग से दुकानें लगाकर यातायात में बाधा उत्पन्न न करें।
बैठक से पूर्व सामाजिक कार्यकर्ता शिखा श्रीवास्तव को गुड सेमेरिटन के रूप में सम्मानित किया गया। उन्होंने महाराजपुर क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना के दौरान गोल्डन ऑवर में घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर मानवता का परिचय दिया।
