Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 27 जुलाई 2026

सीएम हेल्पलाइन में टॉप-10 का लक्ष्य रखें, अधिकारी हर सप्ताह करें दो फील्ड विजिट – कलेक्टर

300 किसानों ने बोई काली तुलसी, मिलेगा मुनाफा

2 लाख हेक्टेयर में खरीफ की बोवनी पूर्ण

समय-सीमा की बैठक आयोजित

 

मंडला, 27 जुलाई 2026

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने जिला योजना भवन में आयोजित टीएल बैठक के दौरान समय-सीमा पत्रों एवं विभिन्न विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकताओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी प्रत्येक सप्ताह कम से कम दो स्थानों का फील्ड विजिट कर योजनाओं की प्रगति का निरीक्षण करें और समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कराएं।

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिले को टॉप-10 में लाने का लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए। सीएम हेल्पलाइन में नॉन-अटेंडेंट पाए जाने वाले अधिकारियों पर नियमानुसार जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए। वहीं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत समय-सीमा से बाहर लंबित प्रकरणों पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

 

300 किसानों ने बोई काली तुलसी, मिलेगा मुनाफा

 

बैठक में कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उपसंचालक कृषि श्री अश्विनी झारिया द्वारा बताया गया कि जिले में लगभग 2 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ फसलों की बोवनी पूर्ण हो चुकी है। साथ ही उद्यानिकी विभाग द्वारा बताया गया कि टाटरी, डुंगरिया सहित अन्य क्षेत्रों के 300 किसानों ने काली तुलसी की बोवनी की है, जिससे औषधीय खेती को बढ़ावा मिल रहा है और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक पहल हुई है।

कलेक्टर ने फार्मर रजिस्ट्री का कार्य तेज करने, पात्र हितग्राहियों का संबल एवं मुख्यमंत्री मानधन योजना में अधिक से अधिक पंजीयन कराने तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के खाद्यान्न वितरण केंद्रों पर रजिस्टरों का नियमित संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। इस दौरान बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, अपर कलेक्टर श्री हुनेन्द्र घोरमारे, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

 

स्वैच्छिकता पर्व के अंतर्गत ग्राम बसगढ़ी में किया गया पौधरोपण

ग्रामीणों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

 

मंडला, 27 जुलाई 2026

मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद जिला मण्डला के मार्गदर्शन में चल रहे स्वैच्छिकता पर्व के अंतर्गत सोमवार को ग्राम बसगढ़ी, पंचायत हिरनाछापर, विकासखंड निवास में नवांकुर संस्था आदिवासी जनकल्याण विकास संस्थान एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सहयोग से पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला समन्वयक श्री सुशील बर्मन एवं विकासखंड समन्वयक श्री सूरज बर्मन के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए विभिन्न स्थानों पर पौधे रोपित किए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ-साथ आमजन को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करना है। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का दायित्व है और पौधरोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल भी आवश्यक है तभी अभियान सफल होगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

मवई और बिछिया में बीएलबीसी बैठक

स्वरोजगार योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा

 

मंडला, 27 जुलाई 2026

जनपद पंचायत मवई एवं बिछिया में ब्लॉक स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। मवई और बिछिया में आयोजित बैठकों की अध्यक्षता अग्रणी जिला प्रबंधक श्री सुजय कुमार ने की। बैठक में जनपद पंचायत मवई के सीईओ श्री रमेश मंडावी, विभिन्न बैंक शाखाओं के प्रबंधक, विभागीय अधिकारी तथा वित्तीय साक्षरता केंद्र के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न स्वरोजगार और ऋण योजनाओं की समीक्षा करते हुए अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना एवं टांट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना तथा अनुसूचित जाति वर्ग के लिए संत रविदास स्वरोजगार योजना एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना के अधिकाधिक हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

उद्यानिकी विभाग द्वारा पीएमएफएमई योजना के तहत खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना एवं 35 प्रतिशत अनुदान की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक प्रकरण तैयार कर बैंक से स्वीकृत कराने पर चर्चा की गई। वहीं पशुपालन विभाग की आचार्य विद्यासागर योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना, बकरी पालन योजना तथा किसान क्रेडिट कार्ड की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र हितग्राही को मिल सके, इसके लिए बैंक एवं विभाग के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।

 

 

 

 

 

 

 

10 अगस्त से शुरू होगा डिजिटल फसल सर्वे, एमपी किसान ऐप से होगी किसान गिरदावरी

 

मंडला, 27 जुलाई 2026

जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वेक्षण का कार्य 10 अगस्त से शुरू होगा। इसके लिए भू-संसाधन प्रबंधन विभाग ने सभी तहसीलदार और नायब तहसीलदारों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। इस बार किसान गिरदावरी और फसल सर्वे का कार्य एमपी किसान ऐप के माध्यम से किया जाएगा। सर्वे के दौरान फसल की फोटो लेकर उसका डिजिटल पंजीयन किया जाएगा।

सर्वे के लिए स्थानीय युवाओं का पंजीयन और प्रशिक्षण कराया जाएगा। उनका प्रशिक्षण 5 अगस्त तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद 10 अगस्त से 30 सितंबर तक किसान गिरदावरी और डिजिटल फसल सर्वे का कार्य चलेगा।

अक्टूबर माह में सर्वे का सत्यापन, किसानों की दावा-आपत्ति का निराकरण तथा अंतिम डेटा पोर्टल पर अपडेट किया जाएगा। फसल सर्वे करने वाले स्थानीय युवाओं को प्रति सर्वे नंबर अधिकतम 14 रुपये का भुगतान किया जाएगा। सत्यापन के बाद राशि पोर्टल के माध्यम से आधार से जुड़े बैंक खाते में भेजी जाएगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

शासकीय अधिकारियों के लिए कार्यकारी विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों में नामांकन आमंत्रित

 

मंडला, 27 जुलाई 2026

नेशनल काउंसिल फॉर सेक्रेटेरिएट ट्रेनिंग एंड डेवलपमेंट, नई दिल्ली द्वारा केंद्र एवं राज्य शासन, सार्वजनिक उपक्रमों तथा स्वायत्त संस्थाओं के अधिकारियों के लिए वर्ष 2026-27 के कार्यकारी विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों हेतु नामांकन आमंत्रित किए गए हैं।

इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में क्रय एवं अनुबंध प्रबंधन, तनाव प्रबंधन, जीआईएस एवं जियोस्पेशियल टेक्नोलॉजी, गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस , नेतृत्व एवं परिवर्तन प्रबंधन, डिजिटल गवर्नेंस, एआई, साइबर सुरक्षा, मानव संसाधन प्रबंधन, आरटीआई, लेखांकन, आवास, ग्रीन हाइड्रोजन सहित विभिन्न विषय शामिल हैं। प्रशिक्षण अगस्त 2026 से मार्च 2027 तक देश के विभिन्न शहरों में आयोजित किए जाएंगे।

संस्थान के अनुसार प्रशिक्षण में भाग लेने वाले अधिकारियों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। नामांकन निर्धारित प्रशिक्षण तिथि से कम से कम एक सप्ताह पूर्व भेजना आवश्यक है तथा सीमित सीटों के कारण चयन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक विभाग एवं अधिकारी विस्तृत जानकारी तथा नामांकन के लिए एनसीएसटीडी, नई दिल्ली से संपर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

जिले में तंबाकू नियंत्रण कानून: पुलिस अधिकारियों का उन्मुखीकरण आयोजित

 

मंडला, 27 जुलाई 2026

जिले में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम एवं तंबाकू नियंत्रण कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहंती के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम में जिला नोडल अधिकारी डॉ. रानी मरावी ने राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम एवं टोबैको सेसेशन सेंटर की कार्यप्रणाली और उपलब्ध सेवाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने तंबाकू सेवन छोड़ने के इच्छुक व्यक्तियों के लिए उपलब्ध परामर्श एवं उपचार सुविधाओं पर भी प्रकाश डाला। इस अवसर पर एमपीवीएचए के संभागीय समन्वयक ने सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम,  हुक्का बार पर प्रतिबंध, इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट पर लागू प्रतिबंध सहित तंबाकू नियंत्रण से संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन आज

 

मंडला, 27 जुलाई 2026

जिला प्रशासन के निर्देशानुसार 28 जुलाई को नगरपालिका टाउनहॉल, मंडला में युवा संगम मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी। इसमें 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिग्री एवं डिप्लोमा उत्तीर्ण तथा 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के इच्छुक अभ्यर्थी अपने मूल शैक्षणिक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं।

रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी शासकीय आईटीआई मंडला, जिला रोजगार कार्यालय मंडला तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र मंडला से संपर्क कर सकते हैं।

Related posts

आरबीआई प्रोजेक्ट के तहत ग्राम पंचायतों में बैंकिंग जागरूकता कार्यक्रम

Reva India News

23 सितम्बर को जिले में लगने वाले शिविर 18 आयुष्मान आरोग्य केन्द्रों में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रवार शिविर लगेंगे

Reva India News

महाविद्यालय में हुआ अमृत महोत्सव का शुभारंभ

Reva India News

Leave a Comment