मंडला, 16 सितम्बर 2026
जिला मण्डला में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ी पहल की जा रही है। प्रदेश में 1 अक्टूबर 2026 को स्वैच्छिक रक्तदान दिवस मनाया जाएगा, जिसके तहत 17 सितंबर 2026 से 2 अक्टूबर 2026 तक राष्ट्रव्यापी मेगा रक्तदान अभियान का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान की मुख्य थीम मानवता की एक बूंद रक्तदान करें, जीवन बचायें निर्धारित की गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक स्वस्थ व्यक्तियों को नियमित स्वैच्छिक रक्तदाता बनने के लिए प्रेरित करना है, ताकि जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने के लिए पर्याप्त रक्त की उपलब्धता हमेशा सुनिश्चित की जा सके। इस मानवता के पुण्य कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए जिले के स्वयं सेवी संघों और ट्रस्टों, भारतीय रेडक्रास सोसायटी एवं अखिल भारतीय युवक परिषद, शासकीय व अशासकीय कार्यालयों और कॉलेजों, पुलिस विभाग, बटालियन एवं अन्य संस्थाओं के नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की गई है।
अभियान के पहले दिन यानी 17 सितंबर 2026 को जिला चिकित्सालय मण्डला, 100 कलाम जगन्नाथ उत्कृष्ट बालक छात्रावास मण्डला, प्रधानमंत्री रानी दुर्गावती महाविद्यालय बड़ी खैरी में शिविर लगेंगे। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस मानव कल्याण के कार्य में अपना योगदान दें और मानवता की रक्षा के लिए आगे आएं।
