मंडला, 20 सितंबर 2026।
कान्हा टाइगर रिजर्व के परिक्षेत्र सुपखार में विभागीय हाथियों के स्वास्थ्य, देखभाल एवं पुनर्यौवन के उद्देश्य से आयोजित हाथी रिजुविनेशन कैंप 14 सितंबर को प्रारंभ कर आज 20 सितंबर 2026 को गरिमामय समारोह के साथ समापन हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय विधायक बैहर श्री संजय सिंह उईके एवं माननीय विधायक बिछिया श्री नारायण सिंह पट्टा उपस्थित रहे। साथ ही श्री गौरव चौधरी, मुख्य वन संरक्षक, बालाघाट एवं पुलिस अधीक्षक, मंडला की गरिमामय उपस्थिति रही।इस कार्यक्रम में क्षेत्र संचालक कान्हा टाईगर रिजर्व श्रीमान रवीन्द्र मणि त्रिपाठी, उपसंचालक कान्हा टाईगर रिजर्व श्री प्रकाश कुमार वर्मा, वन मंडलाधिकारी, बालाघाट (कोर),समस्त सहायक संचालक महोदय जी (कोर एवं बफर )एवं समस्त परिक्षेत्र अधिकारी (कोर एवं बफर) उपस्थित रहे।
समापन कार्यक्रम का शुभारंभ विभागीय हाथियों की विधिवत पूजा-अर्चना कर किया गया। इस अवसर पर विभागीय हाथियों को मौसमी फल, गन्ना, मक्का एवं नारियल खिलाकर उनके प्रति स्नेह एवं सम्मान व्यक्त किया गया।
इसके पश्चात मुख्य अतिथि माननीय विधायक महोदय द्वारा हाथियों की देखभाल एवं प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले महावतों एवं सहायक महावतों को बैग, पानी की बोतल, ट्रैक सूट एवं खेल सामग्री प्रदान की गई। इस अवसर पर महावत एवं सहायक महावतों के योगदान की सराहना करते हुए उनके कार्य के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
कान्हा टाइगर रिजर्व में विभागीय हाथी वन्यजीव संरक्षण, गश्ती, निगरानी, वन सुरक्षा एवं विभिन्न प्रबंधन कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतिवर्ष आयोजित रिजुविनेशन कैंप के माध्यम से हाथियों को नियमित कार्यों से विश्राम प्रदान करते हुए उनके स्वास्थ्य परीक्षण, देखभाल एवं समग्र कल्याण पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों एवं अधिकारियों द्वारा हाथियों के बेहतर स्वास्थ्य एवं संरक्षण के लिए किए जा रहे विभागीय प्रयासों की सराहना की गई।
