मंडला, 2 अक्टूबर 2026
प्रोजेक्ट संकल्प की सफलता में सांदीपनि विद्यालयों के प्राचार्यों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इस सत्र में प्रत्येक सांदीपनि विद्यालय से न्यूनतम 2-2 विद्यार्थियों का चयन आईआईटी और नीट में अवश्य होना चाहिए। यह बात कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने सांदीपनि विद्यालयों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। कलेक्ट्रेट के गोलमेज कक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने सांदीपनि विद्यालय बिछिया में 1500 के लक्ष्य के विरुद्ध मात्र 900 नवीन नामांकन होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की और प्राचार्य को चेतावनी दी। निवास में भवन की गुणवत्ता और फर्नीचर की उपलब्धता समय पर सुनिश्चित न करने पर ईई पीआईयू को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि गाँव-गाँव जाकर पालकों की बैठकें आयोजित करें, शत-प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने परिवहन व्यवस्था, बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, आभा आईडी, आयुष्मान कार्ड निर्माण, एनीमिया मुक्त अभियान, अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था और त्रैमासिक परीक्षा परिणाम सहित अन्य विषयों पर बिंदुवार समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, ईई पीएचई श्री मनोज भास्कर, एसी ट्राइबल डॉ. अरुण शुक्ला, सहायक संचालक शिक्षा श्री एल.एस. मसराम, सहायक संचालक महिला बाल विकास श्री रोहित बड़कुल, एपीसी श्री मुकेश पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

