मंडला, 9 अक्टूबर 2026
जनविश्वास शिविर के तहत कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने मुंगली एवं मधुपुरी क्षेत्र का भ्रमण कर शासकीय संस्थाओं की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र, शासकीय विद्यालय, छात्रावास, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सहित विभिन्न संस्थाओं में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही ग्रामीण हितग्राहियों से संवाद कर उनकी आजीविका और रोजगार संबंधी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।

’आँगनवाड़ी में पोषण व्यवस्था की समीक्षा’
कलेक्टर श्री धोटे ने आँगनवाड़ी केंद्र मुंगली का निरीक्षण कर पोषण संबंधी रजिस्टरों का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों को दिए जा रहे पोषण आहार की स्थिति देखी तथा भोजन की मात्रा बढ़ाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों के नियमित टीकाकरण की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण से जुड़े सभी आवश्यक कार्य गंभीरता से सुनिश्चित किए जाएं।

’प्राथमिक शाला में बच्चों से किया संवाद’
कलेक्टर श्री धोटे ने शासकीय प्राथमिक शाला मुंगली पहुंचकर बच्चों से बातचीत की। उन्होंने उनकी पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली तथा बच्चों को नियमित अध्ययन के लिए प्रोत्साहित किया।

’पीएम आवास हितग्राही के घर पहुंचकर जानी आजीविका की स्थिति’
भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री धोटे प्रधानमंत्री आवास योजना की हितग्राही श्रीमती सोमवती भारतीय के घर पहुंचे। यहाँ उन्होंने देखा कि परिवार की महिलाएं दोना-पत्तल बनाने का कार्य कर रही हैं। कलेक्टर ने महिलाओं से संवाद कर उनके काम, रोजगार और इससे होने वाली आय के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने इस आजीविका गतिविधि के विस्तार की संभावनाओं पर काम करने की बात कही, ताकि महिलाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें और उनकी आय में वृद्धि हो।

’छात्रावास में एनीमिया नियंत्रण के लिए विशेष काउंसलिंग के निर्देश’
कलेक्टर श्री धोटे ने वरिष्ठ आदिवासी कन्या छात्रावास मधुपुरी का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि एनीमिया से बचाव के लिए छात्राओं की विशेष काउंसलिंग कराई जाए तथा आवश्यकता के अनुसार आयरन सहित निर्धारित दवाओं का वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जागरूकता को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

’पीएचसी में ओपीडी और दवा वितरण की ली जानकारी’
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मधुपुरी के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री धोटे ने ओपीडी की स्थिति, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा दवा वितरण की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में फर्नीचर संबंधी कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए, जिससे मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

’प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए गंभीरता से तैयारी करें विद्यार्थी’
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मधुपुरी में कलेक्टर श्री धोटे ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं के बारे में चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी गंभीरता से करने के लिए प्रेरित किया तथा जेईई और नीट जैसी परीक्षाओं की तैयारी में प्रोजेक्ट संकल्प की सहायता लेने की बात कही।
इस दौरान विद्यार्थियों ने बताया कि प्रोजेक्ट संकल्प के माध्यम से उन्हें पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिल रही है। विद्यार्थियों ने विश्वास जताया कि वे मेहनत कर परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करेंगे। कलेक्टर ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए निरंतर अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

’नर्मदा परिक्रमा आश्रय स्थल में किया नारियल का पौधरोपण’
भ्रमण के अंतिम चरण में कलेक्टर श्री धोटे घुघरा स्थित नर्मदा परिक्रमा आश्रय स्थल पहुँचे, जहां उन्होंने नारियल का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम श्री शैलेन्द्र चौधरी, एसीईओ श्री विनोद मरावी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग डॉ. अरुण कुमार शुक्ला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

