पेसा एक्ट की मंशा समझ प्रभावी क्रियान्वयन करें – डॉ. माण्डवे
जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक संपन्न
मण्डला 26 अगस्त 2023
पेसा अधिनियम के संबंध में गठित जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक जिला पंचायत सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में सदस्य जनजाति मंत्रणा परिषद सदस्य पेसा एक्ट एवं एफआरए समिति डॉ. रूपनारायण माण्डवे तथा पूर्व राज्यसभा सांसद एवं सदस्य पेसा एक्ट संपतिया उईके द्वारा जिले में पेसा एक्ट के क्रियान्वयन के संबंध में विस्तार से समीक्षा की गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, एसीईओ जिला पंचायत क्षमा सराफ सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. रूपनारायण मांडवे ने कहा कि जनजातीय वर्ग को उनके बुनियादी हक दिलवाने के लिए पेसा एक्ट लागू किया गया है। अधिनियम के माध्यम से प्राकृतिक संसाधनों के प्रबंधन, विकास की स्थानीय योजनाओं पर नियंत्रण, सामाजिक, शैक्षणिक और स्वास्थ्यगत संस्थाओं के निरीक्षण जैसे अन्य अधिकार देकर ग्रामसभा को सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्तर पर कार्यशालाओं का आयोजन कर आमजन को भी अधिनियम के प्रावधानों से अवगत कराएं। अधिनियम के तहत गठित विभिन्न समितियों को उनके अधिकार और कर्तव्यों से अवगत कराते हुए उन्हें प्रभावी बनाएं। सभी अधिकारी, कर्मचारी पेसा एक्ट का अध्ययन करें, एक्ट की मंशा समझें तथा उसके प्रावधानों का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। इस संबंध में उन्होंने विभिन्न विभागों में बेहतर समन्वय स्थापित करने के भी निर्देश दिए। डॉ. मांडवे ने कहा कि पेसा एक्ट के तहत जो भी कार्यवाहियां की जा रही हैं उनका दस्तावेजीकरण अनिवार्य रूप से करें।

बैठक में पूर्व राज्यसभा सांसद तथा पेसा एक्ट समिति सदस्य संपतिया उईके ने कहा कि पेसा नियम से सामाजिक समरसता के साथ जनजातीय समुदाय को जल, जंगल, जमीन पर अधिकार दिलाने का प्रयास है। साथ ही महिलाओं को सशक्त बनाने, मजदूरों के हकों की सुरक्षा और संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण अधिकार जनजातीय वर्ग को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक्ट के क्रियान्वयन के संबंध में जिला स्तर के अधिकारी विकासखंड स्तर पर भी समीक्षा करें तथा आवश्यकतानुसार सहयोग प्रदान करें। ग्राम के निर्णयों में ग्रामीणों की सहभागिता आवश्यक है। बैठक में आबकारी, खनिज, जनजातीय, वन, राजस्व सहित अन्य विभागों के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।

हाथीतारा रैयत के ’हर घर जल’
मण्डला 26 अगस्त 2023
जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में निवास विकासखंड के ग्राम हाथीतारा के प्रत्येक घर एवं संस्थाओं तक शुद्ध जल प्रदान करने का लक्ष्य हासिल किया गया है। इस संबंध में ईईपीएचई मनोज भास्कर ने बताया कि हाथीतारा ग्राम में जल जीवन मिशन के तहत कार्य प्रारंभ कर प्रभावी मॉनिटरिंग एवं तकनीकि सहयोग प्रदान कर कार्य को समय में पूर्ण करने का प्रयास किया गया। योजना को पूर्ण कर ग्राम के 67 परिवार, एक स्कूल तथा 2 आंगनवाड़ी केन्द्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया गया। प्रत्येक घर तक पेयजल उपलब्ध होने पर ग्रामीणों में हर्ष व्याप्त है। योजना ग्राम पंचायत को हस्तांतरित कर दी गई है। ग्राम पंचायत द्वारा ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति को नल जल योजना के संचालन का कार्य सौंपा गया है जो कि नियमित रूप से संचालन, रख रखाव एवं संधारण का कार्य कर रही हैं।

कलादीर्घा में उपलब्ध हैं गौंड़ी पेंटिंग वाली राखियाँ
मण्डला 26 अगस्त 2023
राखी के त्यौहार को ध्यान में रखते हुए स्व-सहायता समूह की दीदियों द्वारा हुए गोंड कलाकृतियों से मनमोहक राखियों का निर्माण किया गया है। नवाचार के रूप में इन राखियों में आकर्षक गोंडी पेंटिंग भी की गई है। इन राखियों के साथ आकर्षक “राखी हैम्पर” भी कलादीर्घा में आमजन के लिए उपलब्ध है जिसमें गोंड पेंटिंग वाली दो राखी, गोंड पेंटिंग वाला एक रूमाल, कुमकुम चावल, कोदो-कुटकी कुकीज एक पैकेट, अमला कैंडी एक पैकेट, बेल कैंडी एक पैकेट, एवं एक अमला लड्डू है। गोंड़ी पेंटिंगयुक्त राखियाँ पृथक से भी कलादीर्घा में विक्रय हेतु रखी गई हैं। जानकारी के अनुसार गोंडी पेंटिंगयुक्त राखियों का निर्माण शांति स्वसहायता समूह तिलई, रानी दुर्गावती स्वसहायता समूह कामता, प्रकाश स्वसहायता समूह तिलई एवं सागर स्वसहायता समूह बहेरी की महिलाओं ने किया है। राखियों के निर्माण में ऊन, मोती, गोटा पट्टी, रेशम धागा के अलावा केनवास आदि सामग्रियों का उपयोग किया गया है।

मतदाता जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न
मण्डला 26 अगस्त 2023
शासकीय महाविद्यालय अंजनिया के स्वीप प्रभारी एवं प्रभारी प्राचार्य डॉ. नवीन कुमार हरदहा के निर्देशन एवं ब्लॉक बिछिया के मुख्यमंत्री जन सेवा मित्रों के सहयोग से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया किया गया। इस अवसर पर समस्त छात्र छात्राओं को मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। जिसमें उन्हें नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के साथ मतदाता परिचय पत्र में त्रुटिओं में सुधार के लिए ऑनलाइन एवं बीएलओ के माध्यम से त्रुटियां सुधार के लिए जानकारी प्रदान की गई।

बैगा समुदाय के मध्य किया गया ईव्हीएम का प्रदर्शन
मॉकपॉल से किया गया जिज्ञासाओं का समाधान
मण्डला 26 अगस्त 2023
स्वीप गतिविधि अंर्तगत कान्हा नेशनल पार्क के ग्राम खटिया में बैगा समुदाय के मतदाताओं को एकत्र कर ईव्हीएम मशीन का प्रदर्शन किया गया जिसमें मतदाताओं ने बेझिझक मॉकपॉल कर मशीन से मतदान करने का तरीका सीखा। मॉकपॉल के दौरान उपस्थित मतदाताओं को व्हीव्हीपेट की पर्ची दिखाते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। बैगा मतदाताओं के टोले में इस तरह का यह पहला आयोजन है। ईवीएम प्रदर्शन के साथ-साथ उपस्थित जनजातीय समुदाय के मतदाताओं को स्थानीय बोली में निष्पक्ष मतदान के लिए शपथ दिलाकर प्रेरित किया गया। इस अवसर पर मधुअली सहायक स्वीप नोडल, मास्टर ट्रेनर प्रवीण वर्मा, सेक्टर ऑफिसर मुकेश कुलस्ते, राजस्व निरीक्षक एसएल भलावी, फॉरेस्ट गार्ड एसआर मरावी और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी सौरभ उइके और योगेश भघाले उपस्थित थे।

दिव्यांग व्यक्ति ने सीखा मशीन से मतदान करना
इसी क्रम में एक अन्य आयोजन में ग्राम पंचायत मोहगांव रैयत में ईवीएम से वोटिंग करने के लिए दिव्यांग व्यक्ति लखन सिंह मार्को ने ईवीएम से वोट देना सीखा, सभी को बटन के सम्मुख दिखाए गए चिन्ह और बीवीपेट में वोट की पर्ची भी दिखलाई गई ताकि मतदाता आश्वास हो सके कि उन्होंने जिसे मत दिया है उसी को मत गया है।

वनांचल ग्रामों की महिलाओं ने निकाली जागरूकता रैली
मण्डला 26 अगस्त 2023
स्वीप गतिविधियों का क्रम जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में भी लगातार जारी है। इसी कड़ी में विकासखंड मवई के वनांचल ग्रामों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के साथ गांव की महिलाओं ने भी शामिल होकर मतदाता जागरूकता अभियान अंतर्गत गली-गली घूमकर लोगों को जागरूक किया। साथ ही पंचायत प्रांगण में इकट्ठा होकर स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान की शपथ ली।

मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग हेतु कंट्रोल रूम स्थापित
मण्डला 26 अगस्त 2023
विधानसभा आम निर्वाचन 2023 मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग (एमसीएमसी) हेतु जिला मण्डला के कार्यालय कक्ष में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कार्य को सुचारू रूप से संपादित करने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से दायित्वों के निर्वहन करने के लिए आदेश जारी कर दिए हैं।
जारी आदेश के तहत सहा. विकासखण्ड प्रबंधक ललित दीक्षित, प्रयोग शाला तकनीकशियन रामगोपाल पटैल, सहायक ग्रेड-3 सुख्खू लाल वरकडे, कम्प्यूटर ऑपरेटर भूपेश दुबे तथा भृत्य प्यारे लाल रजक को सोमवार को प्रातः 8 बजे से शाम 4 तक, मंगलवार को शाम 4 बजे से रात्रि 12 बजे तक, बुधवार को रात्रि 12 बजे से प्रातः 8 बजे तक, शुक्रवार को प्रातः 8 बजे से 4 बजे तक, शनिवार को शाम 4 बजे रात्रि 12 बजे तक तथा रविवार को रात्रि 12 बजे से प्रातः 8 बजे तक के लिए ड्यूटी लगाई गई है। इसी प्रकार सौरभ उपाध्याय सहा.प्रबंधक, अशोक गायकवाड़ मानचित्रकार, सहा.प्रबंधक नजमूल हक., क.ऑ. सुशील धुर्वे तथा माली पीतमलाल को सोमवार सायं 4 बजे से रात्रि 12 बजे तक, मंगलवार रात्रि 12 बजे से प्रातः 8 बजे तक, गुरूवार प्रातः 8 बजे से सायं 4 बजे तक, शुक्रवार सायं 4 बजे से रात्रि 12 बजे तक एवं शनिवार रात्रि 12 बजे से प्रातः 8 बजे तक के लिए ड्यूटी निर्धारित की गई है। सहा.प्रबं. नीरज द्विवेदी, सहा.ग्रेड रविराज मरावी, वाईपी शुभम रावत, सहा.ग्रेड-3 नयन परते, भृत्य रविन्द्र कुमार गोटिया को सोमवार रात्रि 12 बजे से प्रातः 8 बजे तक, बुधवार प्रातः 8 बजे से सायं 4 बजे तक, गुरूवार सायं 4 बजे से रात्रि 12 बजे तक, शुक्रवार रात्रि 12 बजे से प्रातः 8 बजे तक तथा रविवार प्रातः 8 बजे से सायं 4 बजे तक के लिए ड्यूटी लगाई गई है। इसी प्रकार प्रबंधक कृषि राजकुमार जाटव, आंकड़ा विशेषक नारायण चौधरी, सहा.ग्रेड-3 भंगीलाल यादव, कम्प्यू.ऑप. कुलदीप शिवहरे तथा भृत्य बुद्धूसिंह धुर्वे को मंगलवार प्रातः 8 बजे से सायं 4 बजे तक, बुधवार सायं 4 बजे से रात्रि 12 बजे तक, गुरूवार रात्रि 12 बजे से प्रातः 8 बजे तक, शनिवार प्रातः 8 बजे से सायं 4 बजे तक तथा रविवार सायं 4 बजे से रात्रि 12 बजे तक ड्यूटी निर्धारित की गई है।
लेखापाल संदीप मोदी, सहा.ग्रेड-3 जिला पंचायत देवराज सिंह ठाकुर सहयोग प्रदान करेंगे। सहायक संचालक जनसंपर्क विभाग अनादि वर्मा प्रतिदिन संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह को रिपोर्टिंग करेंगे।

खनिजों के अवैध उत्खनन परिवहन तथा भण्डारण 1 वाहन जब्त
मण्डला 26 अगस्त 2023
25 अगस्त 2023 को थाना कोतवाली मण्डला अंतर्गत जबलपुर रोड़ ग्राम तिदंनी में एक वाहन ट्रक 709 क्रमांक एमपी 20 जीए 3829 को खनिज रेत के परिवहन के दौरान नियमानुसार अभिवहन पारपत्र (ईटीपी) प्रस्तुत नहीं किये जाने के कारण अवैध परिवहन माना जाकर खनिज विभाग द्वारा जब्त किया गया। वाहन चालक द्वारा उक्त रेत को ग्राम दिवारा से लेकर आ रहा था। उक्त वाहन को जब्त कर शासकीय अभिरक्षा में संबंधित थाना कोतवाली मण्डला की सुपुर्दगी में दिया गया। वाहन के विरूद्ध म०प्र० खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के प्रावधानों के तहत् प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर न्यायालय प्रेषित किया जा रहा है।

4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत
मंडला 26 अगस्त 2023
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक लम्मूसिंह ग्राम भानपुर बिसौरा निवासी की पानी में डूबने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक रतिराम को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

