मंडला। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दो दिवसीय प्रवास पर मंडला पहुंचे। उन्होंने कान्हा टाइगर रिजर्व के सुपखार क्षेत्र में जंगली भैंसों की पुनर्स्थापना अभियान की शुरुआत की। करीब 100 साल के लंबे इंतजार के बाद कान्हा के जंगलों में जंगली भैंसों की प्रजाति की सफल वापसी हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुपखार पहुंचकर असम के काजीरंगा टाइगर रिजर्व से लाए गए 8 जंगली भैंसों को छोटे बाड़े से निकालकर बड़े बाड़े में सॉफ्ट रिलीज किया। इस अभियान का उद्देश्य कान्हा के प्राकृतिक वातावरण में जंगली भैंसों की आबादी को फिर से स्थापित करना है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मुक्की में रात्रि विश्राम किया। अगले दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुक्की से सफारी करते हुए कान्हा के किसली क्षेत्र पहुंचे। यहां भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री और भाजपा जिलाध्यक्ष के बीच विभिन्न स्थानीय एवं संगठनात्मक विषयों को लेकर चर्चा हुई।चर्चा के दौरान निवास और बिछिया विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विषय भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखे गए। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने मुख्यमंत्री से दोनों विधानसभा क्षेत्रों के दौरे का आग्रह किया। उन्होंने क्षेत्र की स्थानीय आवश्यकताओं और कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने दोनों विधानसभा क्षेत्रों के दौरे को लेकर सकारात्मक चर्चा की। वे आने वाले समय में मुख्यमंत्री का निवास और बिछिया विधानसभा क्षेत्र का दौरा होगा। इस दौरान भाजपा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया और विभिन्न विषयों पर संवाद भी किया।

