Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

कान्हा टाइगर रिजर्व की ईको विकास समिति अध्यक्षों का पेंच टाइगर रिजर्व में दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण

मंडला, 12 अक्टूबर 2026। कान्हा टाइगर रिजर्व मंडला के बफर क्षेत्र अंतर्गत सहायक संचालक, सिंझौरा उपवनमंडल के अधीन मोतीनाला, सिंझौरा एवं खटिया परिक्षेत्रों की ईको विकास समितियों के कुल 34 अध्यक्षों ने दिनांक 10 एवं 11 अक्टूबर 2026 को पेंच टाइगर रिजर्व के खवासा रेंज का दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण में तीनों परिक्षेत्रों से 34 ईको विकास समिति अध्यक्षों ने सहभागिता की।

भ्रमण का प्रमुख उद्देश्य ईको विकास समितियों (EDC) के माध्यम से संचालित गतिविधियों, उनके प्रबंधन एवं कार्यप्रणाली को समझना तथा वन विभाग और स्थानीय ग्रामीण समुदाय के आपसी समन्वय से वन एवं वन्यजीव संरक्षण, ग्रामीण विकास और आजीविका संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करना था।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों को पेंच टाइगर रिजर्व के खवासा रेंज में ईको विकास समितियों द्वारा संचालित विभिन्न विकास एवं संरक्षण गतिविधियों की जानकारी दी गई। इनमें बाल उद्यान का निर्माण, मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के उद्देश्य से ग्रामीणों को झटका मशीन उपलब्ध कराने जैसे प्रयास, ग्रामीणों की आवश्यकताओं के अनुरूप सहयोग तथा स्थानीय समुदाय की सहभागिता से संचालित अन्य विकास कार्य शामिल रहे।

इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने जाना कि ईको विकास समितियां किस प्रकार वन विभाग और ग्रामीण समुदाय के बीच समन्वय स्थापित कर वन एवं वन्यजीव संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। साथ ही, स्थानीय लोगों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों एवं आजीविका संवर्धन के प्रयासों से मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने तथा संरक्षण के प्रति ग्रामीणों की सहभागिता बढ़ाने में सहायता मिलती है।

इस शैक्षणिक भ्रमण से प्राप्त अनुभवों एवं जानकारियों का उपयोग कान्हा टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र की ईको विकास समितियों के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा वन संरक्षण एवं सामुदायिक विकास के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में उपयोगी होगा।

Related posts

1 लाख 18 हजार की अवैध मदिरा जब्त

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 2 मई 2023

Reva India News

कृषक कल्याण वर्ष 2026: किसानों को दी गई योजनाओं की जानकारी

Reva India News

Leave a Comment