मंडला, 29 अक्टूबर 2026
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बाल विवाह की रोकथाम एवं विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में मवई परियोजना में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री विनोद परस्ते ने की। इसमें परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
बैठक में श्री परस्ते ने निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। पोषण ट्रैकर पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं के सत्यापन सहित सभी आवश्यक जानकारियों की प्रविष्टि निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यों में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत निर्धारित मासिक गतिविधियों का नियमित आयोजन करने के निर्देश दिए।
बाल विवाह की रोकथाम के लिए चलाएंगे जागरूकता अभियान
बैठक में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। निर्देशित किया गया कि पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं अपने-अपने सेक्टर और आँगनवाड़ी केंद्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दें। साथ ही, समुदाय को बाल विवाह के विरुद्ध आवाज उठाने तथा भारत को बाल विवाह मुक्त बनाने में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करें और जनसामान्य को बाल विवाह के विरुद्ध शपथ दिलाएं।
श्री परस्ते ने बाल विवाह की सूचना समय पर प्रशासन तक पहुंचाने के लिए जिला एवं परियोजना स्तर पर स्थापित नियंत्रण कक्ष तथा विभागीय हेल्पलाइन नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अभियान के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए सभी अधिकारियों एवं मैदानी कार्यकर्ताओं को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
