भुआ-बिछिया (मंडला)। आदिवासी बालिकाओं को बेहतर शिक्षा और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित शासकीय माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर बिछिया की भोजन व्यवस्था सवालों के घेरे में है। यहां अध्ययनरत आदिवासी छात्राओं को समय पर पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण भोजन नहीं मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। भोजन की गुणवत्ता से लेकर वितरण व्यवस्था और शासन द्वारा निर्धारित मेनू के पालन तक में कथित अनियमितताओं के आरोप लग रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि परिसर में पदस्थ जिम्मेदार अधिकारी आखिर किस बात की निगरानी कर रहे हैं, जब छात्राओं को ही अपनी भोजन व्यवस्था को लेकर शिकायत करनी पड़ रही है?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिसर में भोजन तैयार करने की जिम्मेदारी निविदा के माध्यम से नियुक्त ठेकेदार को सौंपी गई है। बताया जाता है कि भोजन एक ही स्थान पर तैयार किया जाता है, जबकि दूसरे छात्रावास भवन में रहने वाली छात्राओं को वहां से भोजन लाकर करना पड़ता है। इस व्यवस्था के चलते छात्राओं को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। सवाल यह भी है कि जब परिसर में दो अलग-अलग भवनों में छात्राएं निवासरत हैं, तो उनके लिए सुविधाजनक और व्यवस्थित भोजन वितरण की व्यवस्था क्यों नहीं की गई?
छात्राओं की शिकायतें इससे भी गंभीर हैं। उनका आरोप है कि निर्धारित समय पर उन्हें पर्याप्त भोजन नहीं मिलता। भोजन वितरण के दौरान पहले अन्य लोगों को भोजन कराया जाता है और इसके बाद बचा हुआ भोजन छात्राओं को दिया जाता है। यदि यह आरोप सही हैं, तो यह केवल भोजन व्यवस्था की लापरवाही नहीं, बल्कि आदिवासी बालिकाओं के सम्मान, अधिकार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ा गंभीर मामला है।

शासन द्वारा छात्रावासों एवं शिक्षा परिसरों में छात्राओं के लिए भोजन का निर्धारित मेनू तय किया गया है, ताकि उन्हें संतुलित और पौष्टिक आहार मिल सके। लेकिन छात्राओं का कहना है कि परिसर में मेनू का नियमित पालन नहीं किया जाता और निर्धारित भोजन कभी-कभार ही तैयार किया जाता है। ऐसे में सवाल उठता है कि भोजन की गुणवत्ता, मात्रा और मेनू की नियमित जांच करने की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों पर है, वे अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किस तरह कर रहे हैं?
ठेकेदार की जिम्मेदारी तय होगी या अधिकारियों की जवाबदेही भी सामने आएगी? छात्रावास में भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी केवल ठेकेदार को सौंप देने से विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही समाप्त नहीं हो जाती। परिसर में पदस्थ अधीक्षक एवं संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों का दायित्व है कि वे प्रतिदिन भोजन की गुणवत्ता, निर्धारित मेनू, समय पर वितरण और छात्राओं को मिलने वाली सुविधाओं की निगरानी करें। यदि छात्राओं को भोजन के लिए परेशान होना पड़ रहा है, तो यह विभागीय निगरानी व्यवस्था की प्रभावशीलता पर भी सवाल खड़े करता है

आदिवासी अंचल की बेटियां बेहतर भविष्य का सपना लेकर इस परिसर में शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। उनके अभिभावक इस भरोसे के साथ उन्हें छात्रावास में भेजते हैं कि शासन की ओर से उन्हें शिक्षा के साथ भोजन, आवास और सुरक्षित वातावरण जैसी मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी। लेकिन यदि उन्हें अपने भोजन के लिए ही परेशानी उठानी पड़े, तो यह व्यवस्था के उद्देश्य पर गंभीर प्रश्नचिह्न है।

अब जिला प्रशासन और जनजातीय कार्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से अपेक्षा है कि वे मामले को गंभीरता से लेते हुए परिसर का औचक निरीक्षण करें, छात्राओं से बिना दबाव के अलग से चर्चा करें, भोजन की गुणवत्ता और निर्धारित मेनू के पालन की जांच कराएं तथा ठेकेदार के साथ-साथ निगरानी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका भी तय करें। आखिर आदिवासी बेटियों के नाम पर संचालित शिक्षा परिसर में उनकी थाली तक शासन की सुविधाएं व्यवस्थित रूप से क्यों नहीं पहुंच पा रहीं? इस सवाल का जवाब अब संबंधित अधिकारियों को देना चाहिए।
