मंडला, 20 नवम्बर 2026
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत घुटास में वृहद जनसंवाद शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और शासकीय योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की समीक्षा की। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित ग्रामीणों के आवेदन प्राप्त किए गए, जिन पर कलेक्टर ने अधिकारियों को संवेदनशीलता और समय-सीमा के भीतर निराकरण करने के सख्त निर्देश दिए।

उद्यमी और कृषक संवाद से आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर
शिविर के दौरान विशेष रूप से ’उद्यम संवाद’ और ’कृषक संवाद’ आयोजित किए गए। उद्यम संवाद में स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग और स्वरोजगार की संभावनाओं पर चर्चा कर युवाओं व ग्रामीणों को आजीविका गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, कृषक संवाद में किसानों की कृषि संबंधी समस्याओं को सुनकर उन्हें शासन की कल्याणकारी कृषि योजनाओं का लाभ उठाने की जानकारी दी गई। विभागीय अधिकारियों ने भी प्रस्तुतिकरण के माध्यम से योजनाओं की रूपरेखा रखी।

28 नवंबर को लगेगा रोजगार मेला, 3 हजार युवाओं को मिलेगा अवसर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम ने शासन की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आगामी 28 नवंबर को आरडी कॉलेज में ’युवा संगम रोजगार मेला’ आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 3 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। उन्होंने इच्छुक युवाओं से 26 नवंबर तक अपना पंजीयन सुनिश्चित करने की अपील की।
कलेक्टर श्री धोटे ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रशासन को आमजन के करीब लाना है, ताकि पात्र हितग्राहियों को अपने काम के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े। इस अवसर पर बिछिया विधायक श्री नारायण सिंह पट्टा, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा मरकाम, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी, जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम श्री कुलदीप पटेल, जनपद सीईओ श्री भागचंद टिमरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
