Reva India News
Otherब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

वनाधिकार पट्टों के हितग्राहियों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दें – हर्षिका सिंह समय सीमा बैठक में कलेक्टर के निर्देश

मण्डला 9 नवम्बर 2020

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने योजना भवन में समय सीमा बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों के अलग-अलग मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जिले के वन अधिकार पट्टा प्राप्त करने वाले हितग्राहियों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने संबंधित क्षेत्र के सीईओ जनपद एवं अन्य विभागों को निर्देशित किया कि वनाधिकार पट्टा प्राप्त करने वाले हितग्राहियों को पात्रता अनुसार लाभ सुनिश्चित कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने बैगा विकास समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की बात कही। श्रीमती सिंह ने मवई जनपद की 23 पंचायतों का भ्रमण करने वाले जिला अधिकारियों से जरूरी जानकारी ली। उन्होंने इन पंचायतों में कृषि, खाद्य, पानी एवं अन्य विषयों की जानकारी लेते हुए पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने उपसंचालक कृषि को नरवाई जलाने वाले किसानों को समझाईश देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे किसान जिन्होंने शासन प्रशासन के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन किया है उनके विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करें। श्रीमती सिंह ने डीडीए कृषि को संबंधित क्षेत्र के एसडीएम के माध्यम से नरवाई से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान की जानकारी के संबंध में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने जैविक खेती करने वाले किसानों को चिन्हित कर उन्हें सर्टीफाई करने संबंधी जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने एग्रीकल्चर इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड के प्रकरणों पर चर्चा करते हुए हितग्राहियों के चयन को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।

श्रीमती सिंह ने उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं को मिशन मोड पर किसान क्रेडिट कार्ड बनाने संबंधी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपसंचालक कृषि को इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही। कलेक्टर ने उपसंचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं को जिले में मिल्क रूट का चिन्हांकन पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मिल्क रूट के चिन्हांकन के लिए दुग्ध संघ और पशु चिकित्सा विभाग सामंजस्य के साथ कार्य करें। उन्होंने कान्हा क्षेत्र में ऑर्गेनिक फार्म प्लांटेशन एवं वेटनरी हब को विकसित करने कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पशु चिकित्सा विभाग से कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण तथा डाटा एन्ट्री की प्रगति के बारे में पूछा। श्रीमती सिंह ने मत्स्य विभाग को तालाबों की जीओ टैगिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य विभाग से खाद्यान्न का मासिक वितरण एवं उठाव की स्थिति से संबंधित रिपोर्ट ली।

बैठक में कलेक्टर ने सामाजिक न्याय विभाग के अंतर्गत यूडीआईडी कार्ड की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी सीईओ जनपद को निर्देशित किया कि उनके क्षेत्र में पूर्व के वर्षों में बनाए गए दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्रों को अपडेट करें एवं यूडीआईडी के कार्य में प्रगति दिखाएं। उन्होंने कहा कि लोक सेवा केन्द्रांे से आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं, सभी फील्ड अधिकारी इस संबंध में जानकारी प्रसारित करें। श्रीमती सिंह ने जिले में निर्माणाधीन सड़कों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने ग्रामीण यांत्रिकी विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क तथा लोक निर्माण विभाग को सड़कों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

श्रीमती सिंह ने बैठक में जल जीवन मिशन एवं नलजल योजनाओं की विकासखंडवार जानकारी ली। उन्होंने घरेलू तथा शासकीय कनेक्शन तथा विभिन्न परियोजनाओं के तहत लागत राशि की आंकड़ेवार समीक्षा की। कलेक्टर ने महिला बाल विकास विभाग से सेम-फ्री मंडला अभियान की प्रगति जानी। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस सप्ताह अधिक से अधिक राजस्व प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करते हुए इसे पोर्टल पर अपडेट कराएं। उन्होंने सभी एसडीएम को अपने क्षेत्र के तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों के कोर्ट का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। बैठक में सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने 100, 300 तथा 700 दिवस से अधिक की शिकायतों वाले विभागों से लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। बैठक में एडीएम मीना मसराम, एसडीएम प्रथम कौशिक सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे।

 

आनंदम वाहन को दिखाई गई हरी झंडी

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने नगरपालिका के तत्वाधान में आनंदम वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शीत ऋतु को देखते हुए कोई भी व्यक्ति स्वेटर, दवा, गरम कपड़े एवं अन्य जरूरी सामान इस वाहन को प्रदान कर सकता है। नगरपालिका एवं आनंदम विभाग द्वारा ऐसी सामग्रियों को जरूरतमंदों तक वितरित कराया जाएगा। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला, एसडीएम प्रथम कौशिक एवं संबंधित उपस्थित थे।

Related posts

जिले में मिले 42 नए कोरोना पॉजीटिव केस

Reva India News

मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से बदली दिनेश की किस्मत टेंट हाउस से आत्मनिर्भरता तक: दिनेश मसराम की प्रेरणादायक सफलता कहानी

Reva India News

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने नवीन रोलर स्केटिंग रिंक निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया

Reva India News

Leave a Comment