मण्डला 24 दिसम्बर 2020
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत 25 दिसम्बर को हितलाभ वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है जिसमें प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश के 9 करोड़ किसान परिवारों को 18 हजार करोड़ रूपये की राशि का वितरण किया जायेगा। यह कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से जिला, विकासखंड तथा पंचायत स्तर पर आयोजित किए जाएंगे।
इस संबंध में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित कर हितलाभ वितरण कार्यक्रम के तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिले के साथ-साथ विकासखंड एवं पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कार्यक्रम का आयोजन सुनिश्चित करें। उन्होंने कार्यक्रम के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ समय पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर कोविड-19 के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए बैठक व्यवस्था बनाई जाए। कार्यक्रम के संबंध में प्रत्येक गांव टोला तक मुनादी कराई जाए। सभी विभाग आपस में समन्वय कर अधिक से अधिक हितग्राहियों की कार्यक्रम में सहभागिता कराएं। पंचायत स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों के लिए विकासखंड स्तर से प्रभारी नियुक्त किए जाएं। उन्होंने कार्यक्रम की लिंक पंचायत स्तर तक भेजने के लिए प्रबंधक ई-गवर्नेंस को निर्देशित किया। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि कार्यक्रम के दौरान नवीन पात्रता पर्चियों का वितरण सुनिश्चित किया जाए साथ ही उचित मूल्य दुकान स्तर पर अन्न उत्सव मनाते हुए हितग्राहियों को पात्रतानुसार खाद्यान्न वितरित कराया जाए। बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम, एसडीएम प्रथम कौशिक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
