Reva India News
कोरोना वायरसब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

मॉस्क और सोशल डिस्टेंसिंग को सख्ती से पालन करायें – हर्षिका सिंह समय सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर के निर्देश

मण्डला, 22 मार्च 2021

समय सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि कोरोना के संक्रमण से बचने के लिये शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का सख्ती से पालन करायें। मॉस्क नहीं लगाने तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध न केवल चालानी कार्यवाही करें बल्कि उनके विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही भी करें। कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है अतः सभी को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है। राजस्व, पुलिस तथा स्थानीय प्रशासन का अमला व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर नजर रखें। गाइड लाइन का उल्लंधन करने वाले दुकानदारों पर भी सख्त कार्यवाही करें। जिला योजना भवन में सम्पन्न हुई बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सभी जोनल अधिकारी आवंटित क्षेत्र का सतत भ्रमण करें तथा जनसामान्य को कोरोना संक्रमण से बचने शासन द्वारा जारी गाइड लाईन का पालन करने के लिये प्रेरित करें। बाहर से आने वाले व्यक्तियों को होम आइसोलेट करते हुये उनकी जानकारी ग्राम पंचायत में संधारित की जाये। जोनल अधिकारी भ्रमण के दौरान इसका सत्यापन करेंगे। जिनको लक्षण दिखते हैं उनकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को देते हुये तत्काल जॉच करायें। कलेक्टर ने परियोजना अधिकारी मनरेगा को बाहर से आने वाले व्यक्तियों की दैनिक जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा तहसीलदार हाट बाजारों का संयुक्त भ्रमण करते हुये आवश्यक कार्यवाही करें। हाट बाजारों में पुलिस तथा पटवारी एनाउंस करते हुये लोगों को मॉस्क लगाने तथा भीड़ से बचने संबंधी सूचना देंगे तथा आवश्यकतानुसार मॉस्क का वितरण करेंगे। सार्वजनिक आयोजन न किये जायें। स्व सहायता समूहों के माध्यम से मॉस्क बनवायें। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि कोरोना संबंधी गाइडलाइन का पालन कराने के लिये एनसीसी, एनएसएस,  नेहरू युवा केन्द्र तथा स्वयं सेवी संगठनों की सहायता ली जाये।

प्रधानमंत्री आवास की प्रगति की समीक्षा करते हुये कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि स्वीकृत सभी कार्ये  को जल्द पूर्ण कराया जाये। अप्रारंभ कार्य जल्द प्रारंभ करायें, उन्होंने स्थलवार योजना तैयार क्रियान्वित करने के निर्देश दिये। मनरेगा के कार्यों में शासन द्वारा निर्धारित अनुपात का पालन करें। जल संरचनाओं के कार्यों को प्राथमिकता दें। उन्होंने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को बैगा बस्तिओं में जन समस्या निवारण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि कला दीर्धा सहित अन्य स्थानों में स्व सहायता समूहों के उत्पादों को रोस्टर बनाकर जगह प्रदान करें। वित्तीय अनुशासन का पालन करते हुये लक्ष्य की पूर्ति करें। बैठक में निर्माण कार्य, वन धन सेंटर, निर्वाचन सहित अन्य विषयों पर चर्चा करते हुये आवश्यक निर्देश दिये गये।

बिना मॉस्क नहीं दें कार्यालयों में प्रवेश

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि किसी भी कार्यालय में मॉस्क नहीं लगाने वाले व्यक्तियों को प्रवेश नहीं दिया जाये। इस संबंध में सभी शासकीय, अर्द्ध शासकीय तथा अशासकीय कार्यालयों में स्पष्ट निर्देश अंकित करते हुये गंभीरता से पालन सुनिश्चित करें। उल्लंधन की दशा में कार्यालय प्रमुख जिम्मेदार माने जायेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में यथासंभव थर्मल स्केनर तथा पल्स ऑक्सीमीटर रखा जाये।

बस स्टेंड तथा रेल्वे स्टेशन में स्क्रीनिंग करायें

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा परियोजना अधिकारी नगरीय विकास को निर्देशित किया कि बाहर से आने वाले व्यक्तियों की बस स्टेंड तथा रेल्वे स्टेशन में स्क्रीनिंग कराई जाये तथा आवश्यकतानुसार उन्हें होम अथवा संस्थागत आईसोलेट करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों पर सचिव, रोजगार सहायक, पंच-सरपंच तथा नगरीय क्षेत्रों में पार्षदों का भी सहयोग प्राप्त किया जाये।

घर में होली मनाऐं, कोरोना दूर भगायें

होली पर्व की चर्चा करते हुये कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि होली में रंग खेलने, फाग जैसी परम्पराओं से संक्रमण बढ़ने का खतरा रहता है। उन्होंने कहा कि जनसामान्य को घर में रहकर परिवारजनों के साथ होली मनाने के लिये प्रेरित करें। कलेक्टर ने कहा कि फूलों की होली खेलकर भी हम त्यौहार मना सकते हैं।

तहसीलदारों का रूकेगा वेतन, निलम्बित होंगे पीसीओ तथा पटवारी

समाधान ऑन लाईन, सीएम हेल्प लाईन तथा जनसनुवाई में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुये कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि सभी अधिकारी इन मंचों पर प्राप्त होने वाली शिकायतों को पूरी गंभीरता से लें। प्राप्त आवेदनों का सकारात्मक रूख अपनाते हुये समयसीमा में समुचित निराकरण करें। उन्होंने सीएम हेल्प लाईन के प्रकरणों पर पर्याप्त रूचि नहीं दिखाने पर सभी तहसीलदारों का मार्च माह का वेतन रोकने के निर्देश दिये। इसी प्रकार आवेदनों के समयसीमा में निराकरण नहीं करने पर संबंधित पंचायत समन्वयक अधिकारी तथा पटवारियों को निलम्बित करने के निर्देश दिये।

Related posts

मध्य प्रदेश आदिवासी विकास परिषद जिला शाखा मंडला नई कार्यकारिणी का गठन 26 सितम्बर को

Reva India News

बाल विवाह रोकथाम के लिए कंट्रोल रूम स्थापित जिला स्तरीय दूरभाष नंबर 07642-252699

Reva India News

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तिरंगा यात्रा की बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

Reva India News

Leave a Comment