Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार 31 अगस्त 2021

केन्द्र सरकार की जल जीवन मिशन योजना ग्रामीण क्षेत्रों के लिए वरदान – फग्गन सिंह कुलस्ते

मोहगांव क्षेत्र के हर घर में नियमित पहुँचेगा शुद्ध पेयजल

योजना की 123.14 लाख की राशि स्वीकृत

 

मण्डला 31 अगस्त 2021

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए जल जीवन मिशन योजना बनाई है। केंद्र सरकार की यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों के लिए वरदान साबित हो रही है। योजना के तहत् मोहगांव क्षेत्र के लिए 123.14 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। जल-जीवन मिशन योजना के पूरा होते ही प्रत्येक घरों में नियमित शुद्ध पेयजल नागरिकों को मिलेगा। उक्त आशय के उद्गार केंद्रीय इस्पात ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने मोहगांव जनपद मुख्यालय में योजना की आधारशिला रखते हुए व्यक्त किया। उन्होंने आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री मोदी ने ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और ग्रामीणों की हर संभव प्राथमिक आवश्यकता को समय में पूरा करने का लक्ष्य रखा है।

केंद्रीय मंत्री श्री कुलस्ते ने कहा की जल जीवन मिशन के तहत आने वाले समय में जिले के प्रत्येक ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से समय-सीमा में कार्य पूर्ण कर नागरिकों के घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया जाएगा। योजना अंतर्गत उच्च स्तरीय पेयजल टंकी निर्माण सहित जल छानन संयंत्र, नल कनेक्शन सहित अन्य निर्माण के कार्य समय सीमा में विभाग को पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पूर्व विधायक रामप्यारे कुलस्ते, जनपद अध्यक्ष मालती मरावी, उपाध्यक्ष रूपेंद्र खड़गरे, जिला पंचायत सदस्य अनसुईया मरावी, जनपद सदस्य पूजा अग्रवाल सहित नागरिकगण उपस्थित थे।

 

 

 

 

समाधान कार्यक्रम के प्रकरण सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निराकृत करें – हर्षिका सिंह

कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में दिए निर्देश

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने समय-सीमा बैठक ली। बैठक में उन्होंने समाधान कार्यक्रम, सीएम हेल्पलाईन तथा अन्य विभागीय बिन्दुओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने समाधान प्रकरणों की विभागवार जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि सभी जिला अधिकारी अपने विभागों से संबंधित समाधान प्रकरणों का सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करेंगे। श्रीमती सिंह ने बताया कि आगामी 7 सितम्बर को समाधान कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। सभी जिला अधिकारी अपने विभागों के प्रकरणों को आगामी 3-4 दिनों में प्राथमिकता के साथ निराकृत करेंगे। उन्होंने संबंधित विभागों से विभागवार जानकारी ली। कलेक्टर ने 300 दिवस से अधिक की शिकायतों की विस्तृत समीक्षा करते हुए विभागवार जवाब मांगे।

श्रीमती सिंह ने श्रम विभाग को निर्देशित किया कि अपील लगने की प्रक्रिया जल्द पूरा करें। उन्होंने सभी सीईओ जनपद को संबल के प्रकरणों के निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के लिए पात्र व्यक्ति को लाभ देना प्रशासन की प्राथमिकता है। कलेक्टर ने स्पेशल क्लोज, फोर्स क्लोज, आंशिक बंद शिकायतों के प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विशेष एवं ठोस कारणों के आधार पर ही स्पेशल क्लोज की कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अनिराकृत शिकायतों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कलेक्टर कार्यालय से ऐसे विभागों को स्पष्टीकरण के आदेश जारी किए जाएं। इसी प्रकार जिलाधिकारी अपने अधीनस्थों को नोटिस देकर अनिराकृत शिकायतों के संबंध में जानकारी लें।

कलेक्टर ने खाद्य विभाग को निर्देशित किया कि खाद्य विभाग से संबंधित अधिक से अधिक शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करें। उन्होंने बैठक में बिना अनुमति के अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों को अवैतनिक करने के निर्देश दिए तथा बिना अनुमति के बैठकों या मुख्यालय से बाहर रहने वालों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने सीएमएचओ को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का सतत् निराकरण करने के लिए विशेष कैम्प लगाएं तथा बीएमओ को निर्देशित करें। उन्होंने जिले में खाद से संबंधित शिकायतों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिले में खाद की उपलब्धता सतत् रूप से सुनिश्चित करें। उन्होंने नैनपुर, बिछिया क्षेत्र में खाद की उपलब्धता के साथ-साथ आगामी आंकलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

श्रीमती सिंह ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि 15 सितम्बर से नए सीजन का गिरदावरी रजिस्ट्रेशन प्रारंभ किया जा रहा है। राजस्व अमला पुरानी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को पूर्ण करते हुए नए रजिस्ट्रेशन के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। इसी प्रकार गिरदावरी एन्ट्री भी सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि चिकित्सकों एवं अन्य स्टॉफ की बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज करना प्रारंभ करें। उन्होंने कहा कि सभी डॉक्टर एवं अन्य स्वास्थ्य अमला समय पर चिकित्सालय पहुंचे। श्रीमती सिंह ने कोविड कल्याण योजना के तहत् लाभान्वित हुए बच्चों का एडमिशन, स्कॉलरशिप, खाद्यान्न उपलब्धता तथा अन्य पात्रता के अनुसार लाभ देने के निर्देश दिए। उन्होंने अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ निराकृत करने की बात कही।

बैठक में कलेक्टर ने आगामी 13 सितम्बर को आयोजित होने वाली कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में चर्चा के लिए निर्धारित किए गए बिन्दु तथा संबंधित विभागों से बिन्दुवार विस्तृत चर्चा की। उन्होंने जल-जीवन मिशन, आजीविका मिशन, ऑक्सीजन प्लांट की प्रगति, एक जिला-एक उत्पाद, मनरेगा, वृक्षारोपण के संबंध में जानकारी ली। श्रीमती सिंह ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में कोविड वैक्सीनेशन की गति को लगातार बढ़ाना है। सभी अपने स्तर पर जागरूकता, वैक्सीनेशन के लिए मोबेलाईजेशन करें। इसी प्रकार द्वितीय डोज के लिए पात्र व्यक्तियों का वैक्सीनेशन पूर्ण कराएं। कलेक्टर ने किसान क्रेडिट कार्ड, मत्स्य बीज वितरण, बैगा हेबीटेट योजना, वनाधिकार हितग्राहियों के संबंध में जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैगा क्षेत्र में संबंधित विभाग अपने विभागों से संबंधित पात्रतानुसार लाभ देना सुनिश्चित करेंगे।

 

 

 

 

आज से 6वी से 12वी कक्षाएं 50 प्रतिशत क्षमता के साथ होगी प्रारंभ

 

उपसचिव म.प्र. शासन स्कूल शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार कोविड-19 महामारी के परिप्रेक्ष्य में प्रदेश के समस्त शासकीय, अशासकीय स्कूलों को खोलने संबंधी समसंख्यक निर्देश 23 जुलाई 2021 के द्वारा कक्षा 9 से 12वीं तक की कक्षाओं को प्रति कक्षा अधिकतम सप्ताह में 2 दिवस (50 प्रतिशत क्षमता के साथ) संचालन की अनुमति प्रदान की गई थी। उन्होंने बताया कि इस निर्देश के अनुक्रम में राज्य शासन एतद द्वारा 1 सितंबर 2021 से सप्ताह के समस्त कार्य दिवसों में कक्षा 6 से 12 वीं तक सभी कक्षाओं के लिए 50 प्रतिशत क्षमता के साथ विद्यालय संचालन हेतु अनुमति प्रदान करता है।

शालाओं के संचालन हेतु निर्धारित शर्तों का पालन होगा अनिवार्य

 

शालाओं में कार्यरत् समस्त स्टॉफ को टीके का कम से कम 1 डोज लगा हो। यदि किसी स्टॉफ द्वारा 1 भी डोज का टीकाकरण नही करवाया गया हो तो संबंधित को तत्काल टीकाकरण कराना होगा। अभिभावकों की सहमति से विद्यार्थी उपस्थित हो सकेंगे। प्राचार्य, प्रधानाध्यापक, शाला प्रमुख अपने स्तर से विद्यार्थी संख्या एवं उपलब्ध अधोसंरचना के आधार पर कोविङ-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए कक्षावार शालाएं संचालन के संबंध में निर्णय ले सकेंगे। शालाओं में कक्षावार नियत दिवसों के अतिरिक्त अन्य दिवसों में ऑनलाईन कक्षाएं पूर्ववत संचालित की जा सकेंगी। दूरदर्शन एवं व्हाटसऐप ग्रुप पर शैक्षिक सामग्री का प्रसारण पूर्ववत जारी रहेगा। स्कलों में भारत सरकार, राज्य स्तर से जारी समय-समय पर जारी एसओपी एवं कोविड प्रोटोकॉल का पालन किया जाना अनिवार्य होगा।

 

 

 

 

रोजगार मेले में 206 आवेदकों का प्रारंभिक चयन

 

जिला रोजगार कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिये 31 अगस्त को जिला रोजगार कार्यालय मण्डला के परिसर में कैंपस ड्राइव का आयोजन किया गया जिसमें विभिन्न शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता के कुल 485 युवाओं ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन पंजीयन कराया। जिसमें कुल 5 निजी क्षेत्र की कम्पनियों द्वारा साक्षात्कार लेते हुए 206 आवेदकों का प्रारंभिक चयन किया गया। रोजगार मेले में जॉब्स लाइन गु्रप में 50, वर्धमान फेब्रिक्स बुधनी में 39, वर्धमान यार्न्स मण्डीदीप में 28, वेस्टेज मार्केटिंग सेल में 62, शिवशक्ति बायोटेक प्रा.लि. जबलपुर में 27 एवं कुल 191 आवेदकों को ऑफर लेटर कम्पनी द्वारा वितरित किया गया। कैम्पस ड्राइव आयोजन में जिला रोजगार अधिकारी एल.एस.सैयाम, डी.के.साहू, वर्षा गायकवाड़, रेखा चौरसिया, प्रशांत निखारे एवं आवेदक उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह का मंडला आगमन 3 सितम्बर को

 

प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा मंडला जिले के प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह का 3 सितम्बर को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री बिसाहूलाल सिंह 3 सितम्बर को प्रातः 11 बजे अनूपपुर से मंडला के लिए प्रस्थान कर सायं 4 बजे मंडला पहुंचेंगे एवं पार्टी पदाधिकारियों एवं समस्त मोर्चाओं के अध्यक्ष तथा पदाधिकारियों के साथ बैठक लेंगे एवं रात्रि विश्राम करेंगे। प्रभारी मंत्री 4 सितम्बर को प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय में विभिन्न विभागों के विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। वे दोपहर 3 बजे मंडला से अनूपपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

 

 

 

 

वन मंत्री डॉ. कुँवर विजय शाह का मंडला आगमन 3 सितम्बर को

 

मध्यप्रदेश शासन के वन मंत्री डॉ. कुँवर विजय शाह का 3 सितम्बर को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डॉ. शाह 3 सितम्बर को 5 बजे जबलपुर से कान्हा के लिए रवाना होंगे एवं 8 बजे कान्हा पहुँचकर रात्रि विश्राम करेंगे। इसके पश्चात वन मंत्री 4 सितम्बर को स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। डॉ. शाह 5 सितम्बर को 9 बजे कान्हा से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

 

 

 

 

 

किसान समृद्धि अभियान 4 सितम्बर से

 

देश के अन्नदाता किसानों के सम्मान में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की सभी शाखाओं में 4 सितंबर से 20 सितंबर 2021 तक किसान समृद्धि अभियान चलाया जा रहा है। किसानोन्मुख इस अभियान में जिले की सभी शाखाओं द्वारा अलग-अलग तिथि में शाखा स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमे बैंक से जुड़े कृषक ग्राहकों को विभिन्न प्रकार के ऋण की सुविधा उपलब्ध करवायी जाएगी। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के विभिन्न शाखाओं द्वारा इस कृषक उन्मुख अभियान के दौरान कृषकों के आर्थिक सहयोग हेतु किसान क्रेडिट कार्ड, पशुपालन ऋण, ट्रैक्टर ऋण, थ्रेसर ऋण, वेयर हाउस, कोल्ड स्टोर, एग्रिकल्चर इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड के तहत ऋण, पीएमएफ़एमई के तहत ऋण, कृषक उत्पादक संगठन ऋण एवं अन्य कृषि उपकरण हेतु ऋण के साथ साथ स्व-सहायता समूह ऋण की सुविधाएं भी उपलब्ध कराया जाएगा। जिले के किसान इस विशेष अभियान में नजदीकी शाखाओं से संपर्क कर कृषि उन्नति के अपने सपने को साकार कर सकते हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक महावीर प्रसाद मीना ने बताया कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा किसानों के उन्नति की यह अनोखी पहल खासकर ग्रामीण व अर्धशहरी शाखाओं में विशेष रूप से अभियान चलाकर की जा रही है जहां किसानों के लिए कृषि ऋण के अतिरिक्त गृह ऋण व वाहन ऋण भी सस्ते दर पर उपलब्ध कराया जाएगा।

अग्रणी जिला प्रबंधक अमित कुमार केशरी ने बताया कि किसानों के सम्मान व आर्थिक सहयोग हेतु जिले के सभी बैंक शाखाओ में चौपाल के आयोजन के साथ साथ 9 सितम्बर 2021 को घुघरी में एवं 10 सितम्बर 2021 को मंडला में मेगा कैम्प का आयोजन किया जाएगा जिसमे किसानों को समाज में उनके अहम योगदान हेतु जिला प्रशासन, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, नाबार्ड, कृषि विकास से जुड़े विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों व गणमान्य व्यक्ति द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

 

 

 

 

 

 

कीटनाशक छिड़काव का द्वितीय चक्र 1 सितम्बर 2021 से

 

जिला मलेरिया अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार कीटनाशक छिड़काव का द्वितीय चक्र 1 सितम्बर से प्रारंभ किया जा रहा है। जो कि 7 अक्टूबर 2021 तक किया जायेगा। शासन से निर्धारित गाईडलाइन अनुसार 1 सितम्बर से 3 सितम्बर तक ब्लॉक बिछिया के ग्राम हर्राभाट माल, 5 सितम्बर से 10 सितम्बर तक ब्लॉक नैनपुर के ग्राम भड़िया, 11 सितम्बर से 12 सितम्बर तक ग्राम अमझर रैयत में कीटनाशक छिड़काव कार्य किया जा रहा है। वाहक जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले केे मलेरिया प्रभावित हाई रिस्क 10 चयनित ग्रामों में विकासखण्ड नैनपुर के ग्राम भड़िया, अमझर रैयत, बिछिया के हर्राभाटमाल, नारायणगंज के कोंडरा, सिघनपुरी, भालीवाड़ा, बीजाडांडी के मुइयानाला, पौंड़ी रैयत, देहना, निवास के करौंदी में कीटनाशक छिड़काव कार्य संपन्न किया जायेगा। प्रथम चक्र कीटनाशक छिड़काव 16 जून 2021 से 22 जुलाई 2021 तक संपन्न किया गया है। उन्होंने ग्रामवासियों से अपील की है कि अपने घरों के समस्त कमरों में छिड़काव कार्य कराकर वाहक जनित रोंगों के नियंत्रण में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करें।

 

 

 

 

कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पद हेतु आवेदन आमंत्रित

 

 

महिला एवं बाल विकास परियोजना मवई अंतर्गत संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पद के लिए 14 सितम्बर तक पात्र महिला अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार आंगनवाड़ी केन्द्र खुदराही एवं गोरखपुर में कार्यकर्ता पद के लिए तथा सहजपुरी, नवगवां माल, देवगांव एवं मझगांव में सहायिका के रिक्त पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। विस्तृत जानकारी परियोजना मवई परियोजना कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।

 

 

 

 

 

जिले में अब तक 716.3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज

 

जिले में इस वर्ष एक जून से 31 अगस्त के दौरान 716.3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 1112.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 396.1 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 31 अगस्त को बिछिया में 0.6, मिमी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार 31 अगस्त को जिले में 0.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

Related posts

अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना पर 25 हजार रूपये नगद पुरूस्कार

Reva India News

आनंद उत्सव 14 से 28 जनवरी तक

Reva India News

केंद्रीय विद्यालय नैनपुर के लिए चिन्हित भूमि एवं भवन का संयुक्त निरीक्षण

Reva India News

Leave a Comment