Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार 11 सितम्बर 2021

कलेक्टर ने किया मोहगांव विकासखण्ड के विभिन्न ग्रामों का दौरा

 

मण्डला 11 सितम्बर 2021

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मोहगांव विकासखण्ड के मोहगांव रैयत, चुभावल, दलदला सहित अन्य ग्रामों का भ्रमण कर वनग्रामों में आयोजित कोविड वैक्सीनेशन अभियान का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि कोविड वैक्सीनेशन के शतप्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति के लिए सशक्त रणनीति बनाकर कार्य करें। अधिकारी एवं कर्मचारी लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करते हुए उन्हें मोबीलाईज करें। इसी प्रकार वैक्सीनेशन से शेष बचे लोगों का मतदाता सूची से मिलान करते हुए सूची तैयार करें तथा घर-घर जाकर उनका वैक्सीनेशन सुनिश्चित करें। वैक्सीनेशन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भ्रमण के दौरान अपर कलेक्टर मीना मसराम, एसीईओ एसएस मरावी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि लोगों को कोविड वैक्सीनेशन के फायदे बताते हुए उन्हें अफवाहों से दूर रहने की सलाह दें। लोगों को जानकारी दें कि कोरोना से बचने के लिए वैक्सीनेशन ही एकमात्र एवं सुरक्षित उपाय है। उन्होंने वैक्सीनेशन के लिए मैदानी अमले के माध्यम से मुनादी तथा घर-घर संपर्क करने के निर्देश दिए।

 

वैक्सीनेशन टीम लेकर बैगा टोला पहुँची कलेक्टर

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने भ्रमण के दौरान मोहगांव रैयत के बैगा टोला में बने वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण किया। वैक्सीनेशन सेंटर पर लोगों की कम उपस्थिति के संबंध में कलेक्टर ने स्थानीय लोगों से जानकारी ली। ग्राम के अधिकांश लोगों का टीकाकरण नहीं होने की सूचना मिलने पर कलेक्टर हर्षिका सिंह वैक्सीनेशन टीम को अपने साथ लेकर बैगा टोला पहुंची तथा लोगों को समझाईश देते हुए वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित किया। इस दौरान घर-घर जाकर पात्र व्यक्तियों का टीकाकरण किया गया। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि प्रत्येक शासकीय कर्मचारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में शतप्रतिशत वैक्सीनेशन सुनिश्चित कराएं। उन्होंने वैक्सीनेशन में सहयोग नहीं करने वाले कर्मचारियों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सुअरझर तथा दलदला में बने वैक्सीनेशन सेंटर का भी निरीक्षण किया।

 

रोपे गए पौधों की देखभाल करें

 

चुभावल में भ्रमण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मेढ़बंधान, वृक्षारोपण सहित विभिन्न योजनाओं के तहत् किए गए कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देशित किया कि मनरेगा सहित अन्य योजनाओं से रोपे गए पौधों की समुचित देखभाल सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सफल माना जाएगा जब रोपे गए पौधों को बचाया जा सके। उन्होंने चुभावल में स्थल का चयन करते हुए तालाब निर्माण के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामवासियों से शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में फीडबैक भी लिया।

 

आजीविका के स्त्रोत विकसित करें

 

वनग्राम दलदला में भ्रमण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने स्व-सहायता समूह के सदस्यों से आर्थिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका परियोजना के अधिकारियों को निर्देशित किया कि समूह के सदस्यों को उनकी रूचि अनुसार प्रशिक्षण दिलाते हुए आर्थिक रूप से सक्षम बनाने का प्रयास करें। मुर्गीपालन, पशुपालन, मशरूम उत्पादन आदि को बढ़ावा दें। मनरेगा के तहत् पशुशेड आदि के भी कार्य कराएं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कोदो-कुटकी के लिए संकलन तथा प्रोसेसिंग यूनिट लगाने का प्रस्ताव तैयार करें।

कलेक्टर ने ग्रामीणों से खाद्यान्न वितरण, गिरदावरी, पेयजल, बिजली आपूर्ति, जॉबकार्ड, पेंशन भुगतान, केसीसी आदि के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। ग्रामवासियों द्वारा दलदला तथा धमनपानी में पानी की समस्या बताए जाने पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि इन ग्रामों को प्राथमिकता से जल जीवन मिशन में सम्मिलित करें। इसी प्रकार धमनपानी के लोगों द्वारा खाद्यान्न के लिए अधिक दूरी तय करने की समस्या बताए जाने पर कलेक्टर ने प्रतिमाह दिन निर्धारित कर धमनपानी ग्राम में ही खाद्यान्न भेजकर वितरित कराने के निर्देश दिए। ग्रामवासियों द्वारा स्टॉपडेम की मांग किए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्थल परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

 

हर बच्चे को शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ें

 

वनग्राम दलदला में प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने शैक्षणिक गतिविधियों से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में शिक्षकों का दायित्व और अधिक महत्वपूर्ण हो जाता है। वे बच्चों को निर्देशानुसार ऑनलाईन अथवा ऑफलाईन गतिविधियों के माध्यम से शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़कर रखें। कोई भी पात्र बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने मध्यान्ह भोजन, गणवेश वितरण, पुस्तक वितरण आदि के संबंध में भी जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

 

लोकसेवा केन्द्र में रेटलिस्ट चस्पा करें

 

भ्रमण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मोहगांव के लोकसेवा केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केन्द्र के सभी कर्मचारियों तथा आने वाले लोगों से मॉस्क का उपयोग तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि लोकसेवा केन्द्र में दी जाने वाली सेवाओं के लिए आवश्यक दस्तावेज तथा निर्धारित राशि की जानकारी चस्पा की जाए। उन्होंने हितग्राहियों के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

 

कर्मचारियों के दायित्वों की जानकारी प्रदर्शित करें

 

जनपद पंचायत मोहगांव के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि प्रत्येक अधिकारी कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों की जानकारी नाम सहित परिसर में चस्पा करें। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्व की जानकारी उनके टेबिल पर भी प्रदर्शित करें। उन्होंने इस संबंध में सहायक यंत्री को निर्देशित किया कि फ्लोर प्लान बनाकर प्रदर्शित करें। कलेक्टर ने स्वास्थ्य, पानी, बिजली, सीएम हेल्पलाईन, जनसुनवाई आदि के संबंध में प्राप्त आवेदनों की पृथक से पंजी संधारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न शाखाओं में लंबित आवेदनों के संबंध में जानकारी भी ली।

 

गंदगी फैलाने वालों से जुर्माना वसूलें

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने भ्रमण के दौरान उपतहसील मोहगांव का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कार्यालय में बैठक की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि उपतहसील कार्यालय की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें। परिसर में गंदगी फैलाने वालों से जुर्माना वसूलें। उन्होंने उपतहसील में लंबित प्रकरणों के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि राजस्व अमला गिरदावरी का सत्यापन गंभीरता से कराएं। लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी।

 

 

 

 

 

 

लोक अदालत में राहुल एवं बबीता का हुआ विवाह

 

अपर कलेक्टर तथा विवाह अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 सितम्बर को आयोजित लोक अदालत में खलौड़ी निवासी राहुल दास बघेल तथा खक्साडांड निवासी बबीता धुर्वे का विशेष विवाह अधिनियम 1954 के तहत् विवाह संपन्न हुआ। अपर कलेक्टर ने बताया कि वर तथा वधु ने 3 साक्षियों की उपस्थिति में विवाह कार्य अनुष्ठापित किया।

 

 

 

 

 

 

 

जिले में अब तक 793.6 मिमी. औसत वर्षा दर्ज

 

जिले में इस वर्ष एक जून से 11 सितम्बर के दौरान 793.6 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 1263.9 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 470.3 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 सितम्बर को मंडला में 34.4, नैनपुर में 4.4, बिछिया में 1.4, निवास में 15.8, घुघरी में 13.6 एवं नारायणगंज में 9.5 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 11 सितम्बर को 13.7 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई।

 

 

 

 

 

 

 

आर्थिक सहायता स्वीकृत

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक बसोरी लाल नंदा निवासी ग्राम बक्छेरादौना की पानी में डूबने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मंडला द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक तारा बाई को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

13 से 23 सितंबर 2021 तक चलेगा राष्ट्रीय कृमी मुक्ति अभियान

1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को खिलाई जाएगी कृमिनाशक दवाई

 

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह ने जन समुदाय को जानकारी देते हुए अपील की है कि जिले में 13 से 23 सितंबर 2021 तक राष्ट्रीय कृमी मुक्ति अभियान स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग एवं महिला बाल विकास, विभाग के माध्यम से संचालित होना है, जिसमें 1 से 19 वर्ष के बच्चे एवं किशोर किशोरियों को कीड़े मारने की दवाई एल्बेंडाजोल खिलाई जायेगी। इस कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु उपरोक्त विभागों के साथ समन्वय किया गया एवं वर्चुवल मीटिंग करके इस अभियान में होने वाली गतिविधि की जानकारी दी गई है एवं विभागों का इस अभियान में कौन-कौन से उत्तरदायित्व है, विस्तार से जानकारी दी जा चुकी है जिला स्तर एवं विकासखंड स्तर तथा ग्राम स्तर तक के अधिकारी कर्मचारियों को अभियान के दौरान होने वाली गतिविधि की जानकारी प्रशिक्षण के दौरान दी जा चुकी है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जन समुदाय से अपील की है कि अपने 1 वर्ष से 19 वर्ष के बच्चों एवं किशोर किशोरियों को कृमिनाशक की दवाई एल्बेंडाजोल जरूर खिलाएं।

डॉ. वाई.के. झारिया जिला टीकाकरण अधिकारी ने कृमि मुक्ति के लिए क्रियान्वयन रणनीति बताया एवं एल्बेंडाजोल गोली 1 वर्ष में दो बार बच्चों एवं किशोरियों को खिलाई जाती है दवाइयों का सेवन करने से पेट के कीड़े मर जाते हैं बच्चों एवं किशोर मैं मानसिक विकास शारीरिक विकास एवं बौद्धिक विकास होता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम का आयोजन समुदाय आधारित रणनीति के अंतर्गत 13 से 23 सितंबर तक किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास के समस्त मैदानी कार्यकर्ता के द्वारा समुदाय में घर-घर जाकर 1 से 19 वर्ष के समस्त हितग्राहियों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जायेगी। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन हो रहा है शिक्षकों के सहयोग से उपलब्ध समस्त हितग्राहियों को एल्बेंडाजोल की गोली का सेवन कराया जाएगा। 13 से 23 सितंबर 2021 तक जिन गांव या वार्डों में पूर्व निर्धारित व्हीएचएनडी दिवसों के आधार पर मैदानी कार्यकर्ता कोरोना के प्रोटोकॉल का पालन करते हुए कृमि की दवाई अपनी निगरानी में खिलाई जायेगी।

 

’’किसे कितनी दवाइयों की खुराक’’

 

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वाई.के. झारिया ने बताया कि 1 से 2 वर्ष के बच्चों को अल्बेंडाजोल 400 मिलीग्राम गोली पीसकर पीने के साफ पानी के साथ दी जाएगी। 2 से 3 वर्ष एल्बेंडाजोल 400 मिलीग्राम की पूरी गोली पीसकर पीने के साफ पानी के साथ। इसी तरह 3 से 19 वर्ष एल्बेंडाजोल 400 मिलीग्राम की पूरी गोली चबाकर पीने के साफ पानी के साथ दी जाएगी। समाचार क्रमांक/111/

 

 

 

 

 

 

 

 

 

बालिकाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने में सहायक है सुकन्या समृद्धि योजना

 

डाक विभाग द्वारा जिले की बालिकाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशन में मंडला डाक संभाग द्वारा बालिका शक्ति अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के तहत् 10 वर्ष तक की समस्त बालिकाओं के डाकघरों में सुकन्या समृद्धि योजना के खाते खोलकर जिले को संपूर्ण सुकन्या समृद्धि जिला बनाने का संकल्प लिया गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सभी अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे 0 से 10 वर्ष तक की बालिकाओं के सुकन्या समृद्धि योजना के तहत् खाते खोलकर बालिका को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने में सहयोग करें।

अधीक्षक डाकघर ने बताया कि सुकन्या समृद्धि योजना के तहत् 0 से 10 वर्ष तक की समस्त बालिकाओं का खाता न्यूनतम 250 रूपए की राशि से खोला जा सकता है। खाता खोलने पर 21 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर परिपक्वयता व बालिका की आयु 18 वर्ष पूर्ण होने के बाद 50 प्रतिशत राशि निकाली जा सकती है। योजना के तहत् वर्तमान में 7.6 प्रतिशत का आकर्षक ब्याज प्रदान किया जाता है। इस योजना के तहत् खुलने वाले खातों को आयकर कानून की धारा 80 सी के तहत् छूट प्रदान की जाती है। खाता खोलने के लिए बालिका का जन्म प्रमाण पत्र, माता-पिता का फोटो पहचान पत्र, एड्रेस प्रूफ तथा बच्चे और माता-पिता की 2 फोटो आवश्यक है।

 

 

 

 

 

 

जिले में हुआ नेशनल लोक अदालत का आयोजन

जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री आर.एस. शर्मा ने किया शुभारंभ

 

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली, म०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार नेशनल लोक अदालत का आयोजन 11 सितम्बर 2021 को सम्पूर्ण देश में किया गया। इसी तारतम्य में जिला मण्डला में जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री आर0एस0 शर्मा के मार्गदर्शन में एवं जिला न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डॉ० श्रीमति प्रीति श्रीवास्तव के निर्देशन में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत का शुभारंभ जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री आरएस शर्मा द्वारा सरस्वती पूजन कर किया गया। श्री शर्मा ने अपने शुभारंभ उद्बोधन में लोक अदालत के तहत् निराकरण किए जाने वाले प्रकरण तथा लोक अदालत के आयोजन के उद्देश्य के बारे में जानकारी दी। लोक अदालत में सभी प्रकार के राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरण, सिविल प्रकरण विद्युत प्रकरण, मोटर दुर्घटना, भरण-पोषण, चैक बाउन्स, श्रम, राजस्व (जिला न्यायालय एवं मान० उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरण) पारिवारिक वैवाहिक मामले न्यायालय के प्रकरणों के साथ-साथ, बैंक, नगरपालिका, विद्युत के प्रीलिटिगेशन प्रकरणों का निराकरण किया गया।

जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डॉ० श्रीमति प्रीति श्रीवास्तव ने बताया कि नेशनल लोक अदालत जिला न्यायालय मण्डला एवं तहसील न्यायालय नैनपुर, निवास एवं भुआ-बिछिया में नेशनल लोक अदालत हेतु सभी समझौते योग्य प्रकरणों के निराकरण हेतु 18 खंडपीठों का गठन किया गया है जिसमें आपसी सुलह के आधार पर राजीनामा किया गया। उन्होंने बताया कि 11 सितम्बर को आयोजित नेशनल लोक अदालत में प्रीलिटिगेशन प्रकरणों में बैंक के 2485 प्रकरणों में से 110 प्रकरण निराकृत हुये जिसमें 3917117 रूपये की वसूली राशि प्राप्त हुई। विद्युत विभाग के 388 प्रकरणों में से 90 प्रकरण निराकृत हुये जिसमें 553606 रूपये की वसूली राशि प्राप्त हुई। इसी प्रकार नगरपालिका के 107 प्रकरणों में से 27 प्रकरण निराकृत हुये, जिसमें 37961 रूपये की वसूली राशि प्राप्त हुई। न्यायालय के लंबित मामलों में समझौता योग्य आपराधिक/सिविल प्रकृति के 317 प्रकरण निराकृत हुए जिसमें 138 एन०आई०एक्ट के प्रकरणों में 8751609 राशि रूपये वसूल की गई तथा क्लेम प्रकरणों में 18583779 राशि का अवार्ड पारित किया गया।

इस लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु सचिव श्रीमति डॉ० प्रीति श्रीवास्तव द्वारा सभी न्यायाधीशगणों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों के प्रति आभार प्रकट किया गया।

 

Related posts

गुणवत्तापूर्ण फसलों की खरीदी कर परिवहन करें – हर्षिका सिंह कलेक्टर ने की उपार्जन समीक्षा  

Reva India News

जिले में 11 कोरोना केस मिले

Reva India News

बस स्टेण्ड मण्डला में जागरूकता कार्यक्रम

Reva India News

Leave a Comment