Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार 10 सितम्बर 2021

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री कुलस्ते ने किया वृक्षारोपण

सिद्धबाबा टेकरी में नीम वन पौधारोपण का शुभारंभ

 

मण्डला 10 सितम्बर 2021

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने सिद्धबाबा टेकरी में नीम के पौधों का वृक्षारोपण किया। जिला पंचायत द्वारा जिले की समस्त पंचायतों में इस वर्ष मनरेगा योजना अंतर्गत 40 हेक्टेयर सामुदायिक भूमि में 25 हजार पौधों का रोपण किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद पंचायत मंडला के ग्राम पंचायत लिमरूआ में 2 हेक्टेयर सामुदायिक भूमि पर 1225 नीम के पौधे लगाए जाने की कार्ययोजना तैयार की गई है जिसका शुभारंभ श्री कुलस्ते द्वारा वृक्षारोपण कर किया गया। वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद श्रीमती संपतिया उईके, विधायक मंडला देवसिंह सैयाम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शैलेष मिश्रा, जनपद अध्यक्ष मंडला, समाजसेवी भीष्म द्विवेदी, जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे, जयदत्त झा तथा संबंधित उपस्थित रहे।

नीम वन में नीम के पौधों का रोपण किया जा रहा है। नीम के वृक्ष से अन्य वृक्षों की तुलना में अधिक ऑक्सीजन प्राप्त होने के साथ-साथ वायुमण्डल भी शुद्ध बना रहता है। नीम पौधरोपण की देखभाल दो पौधरक्षकों की सहायता से की जायेंगी। साथ ही स्थानीय आजीविका मिशन के महिला स्वसहायता समूहों को भी शामिल किया जायेगा जिससे 4-5 वर्ष पश्चात जब पौधों से फल (निम्बोली) प्राप्त होने लगेगी तब निम्बोली से तेल तैयार करने हेतु लघु संयंत्र स्थापित करने की कार्ययोजना पर विचार किया जायेगा जिससे उक्त कार्य में संलग्न स्व-सहायता समूह की महिलाओं को अतिरिक्त लाभ प्राप्त होगा।

 

 

 

 

 

 

मंगलवार तक सभी पंचायतों में 75 प्रतिशत वैक्सीनेशन सुनिश्चित करें – हर्षिका सिंह

कलेक्टर ने कोविड वैक्सीनेशन की ली समीक्षा बैठक

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले में संचालित कोविड वैक्सीनेशन की ब्लॉकवार एवं पंचायतवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ऐसी पंचायतें जो अब तक 75 प्रतिशत से कम वैक्सीनेट हैं उनमें मंगलवार तक 75 प्रतिशत वैक्सीनेशन सुनिश्चित कराएं। इसी प्रकार 75 प्रतिशत से अधिक वैक्सीनेशन वाली पंचायतों को शतप्रतिशत वैक्सीनेट कराएं। श्रीमती सिंह ने कहा कि अगले सप्ताह तक सभी जनपदों में प्रथम डोज वैक्सीनेशन का शतप्रतिशत कराया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आगामी 2 दिनों में जनपद एवं पंचायत स्तरीय अमला मतदाता सूची के अनुसार वैक्सीनेशन के लिए शेष बचे व्यक्तियों का चिन्हांकन करें तथा उन्हें वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करते हुए उनका टीकाकरण कराएं।

कलेक्टर ने कहा कि पंचायतों को उनके वैक्सीनेशन के आधार पर 4 श्रेणियों में वर्गीकृत करें। इन श्रेणियों में 0 से 25, 25 से 50, 50 से 75 तथा 75 से अधिक प्रतिशत की वैक्सीनेशन वाली पंचायतें शामिल रहेगी। कलेक्टर ने कहा कि मंगलवार तक प्रत्येक पंचायतों में प्रथम डोज का शतप्रतिशत वैक्सीनेशन करने मिशन मोड पर प्रयास करें। उन्होंने कहा कि युवा, पेंशनधारी तथा अन्य पात्र व्यक्तियों का शतप्रतिशत वैक्सीनेशन सुनिश्चित करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि स्व-सहायता समूह की महिलाओं का रविवार तक वैक्सीनेशन कराएं। उन्होंने सहकारिता एवं खाद्य विभाग को निर्देशित किया कि सेल्समैन एवं पीडीएस हितग्राहियों का प्रथम डोज वैक्सीनेशन अनिवार्य रूप से पूर्ण कराएं।

 

11 को सभी वनग्रामों में होगा टीकाकरण

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बैठक में बताया कि 11 सितम्बर को सभी वनग्रामों में कोविड वैक्सीनेशन का कार्य सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित क्षेत्रों के सीईओ जनपद, बीएमओ तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र के वनग्रामों में वैक्सीनेशन के लिए व्यवस्था बनाएं तथा इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग से समन्वय करते हुए वैक्सीनेशन के आवश्यक डोज प्राप्त कर लें। वनग्रामों में वैक्सीनेशन की जानकारी स्थानीय अमले द्वारा प्रसारित करना सुनिश्चित करें।

श्रीमती सिंह ने घुघरी एवं मवई में वैक्सीनेशन की गति को बढ़ाने के लिए गंभीर प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन पंचायतों में वैक्सीनेशन के लिए कम व्यक्ति शेष रह गए हैं वहां कैम्प लगाकर या आवश्यकता होने पर घर-घर जाकर टीकाकरण सुनिश्चित कराएं। इसी प्रकार डाटा एंट्री का कार्य भी गंभीरता से करें। उन्होंने सभी सीईओ जनपद को निर्देशित किया कि वैक्सीनेशन सेंटर में वेरीफायर का कार्य करने वाले व्यक्ति गंभीरता से कार्य करें। वेरीफिकेशन के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि पंचायतों में वैक्सीनेशन की गति को बढ़ाने के लिए ब्लॉक तथा पंचायत स्तर पर अधिकारियों की ड्यूटी लगाएं। आगामी दिनों में कम वैक्सीनेशन प्रतिशत वाली पंचायतों में एसडीएम, सीडीपीओ तथा अन्य विभागों के अधिकारी दौरे पर रहेंगे। उन्होंने सहायक आयुक्त को निर्देशित किया कि शिक्षा विभाग का अमला वैक्सीनेशन कार्य में सक्रिय होकर सहयोग करें।

 

 

 

 

 

 

 

किसान पंजीयन के लिए कंट्रोल रूम स्थापित

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मध्यप्रदेश शासन खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण भोपाल के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन हेतु किसान पंजीयन व्यवस्थाओं की मॉनिटिरिंग एवं कार्य में आने वाली कठिनाईयों की शीघ्रता से निराकरण हेतु जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष सहायक आयुक्त सहकारिता मण्डला के कार्यालय में स्थापित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। नियंत्रण कक्ष में सहकारिता निरीक्षक रितुराज भवेदी एवं उप अंकेक्षक प्रार्थना गजभिये की ड्यूटी उपार्जन कार्य पूर्ण होने तक के लिए लगाई गई है।

कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी लता बरखड़े को नियंत्रण कक्ष का प्रभारी नियुक्त किया गया है। नियंत्रण कक्ष में नियुक्त कर्मचारी, अधिकारी प्रतिदिन उपार्जन से संबंधित प्राप्त होने वाली शिकायतों का संबंधित सहायक, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से निराकरण कराकर विवरण यथा सरल क्रमांक, दिनांक, शिकायतकर्ता का नाम, किसान कोड, पता, दूरभाष नं., शिकायत का विवरण, अधिकारी जिसे निराकरण हेतु शिकायत भेजी गई एवं निराकरण एक पंजी में संधारित करेंगे। प्राप्त शिकायतों एवं निराकरण की दैनिक जानकारी खाद्य शाखा में प्रस्तुत करेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

जिला स्तरीय तकनीकी ग्रुप का गठन

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए किसान पंजीयन किया जाना है। पंजीयन कार्य में आने वाली तकनीकि समस्याओं के निराकरण के लिए जिला स्तर तकनीकी ग्रुप में जिला सूचना अधिकारी चंदन ताम्रकार, जिला प्रबंधन ई-गवर्नेंस विपिन पाण्डेय, डाटा एंट्री ऑपरेटर प्रशांत सैनी, मनीष सेन एवं नितेश कुमार झारिया का गठन किया गया है। इस दल द्वारा खरीफ पंजीयन के समय आने वाली तकनीकी समस्याओं का समुचित निराकरण समय से सुनिश्चित किया जायेगा।

 

 

 

 

 

 

 

खनिजों के अवैध परिवहन, उत्खनन पर संयुक्त कार्यवाही, वाहन जब्त

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह के आदेशानुसार खनिज विभाग, परिवहन विभाग, पलिस विभाग के सहयोग से जांच खनिजों के अवैध परिवहन, उत्खनन की जांच बिना 7 सितम्बर 2021 को जांच कर ठरका मण्डला एवं डिठौरी नैनपुर में 3 वाहन डम्फर क्रमांक एमपी20एचबी6629 वाहन मालिक रविशंकर जायसवाल वाहन डम्फर क्रमांक एमपी20एचबी6630 वाहन मालिक रविशंकर जायसवाल, वाहन डम्फर क्रमांक एमपी20एचबी6629 वाहन मालिका रविशंकर जायसवाल को खनिज गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुये पाये जाने पर जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया एवं 9 सितम्बर 2021 को जांच कर बगली, बिछिया में 5 वाहन ट्रेक्टर क्रमांक एमपी51एए7563 वाहन चालक सचिन नंदा, वाहन ट्रेक्टर क्रमांक एमपी51जी0869 वाहन चालक बंसत कुमार तेकाम, वाहन ट्रेक्टर क्रमांक एमपी51एए8918 वाहन चालक मनीष पटेल, वाहन ट्रेक्टर क्रमांक एमपी51एए2537 वाहन चालक पूरन रोस्ता, वाहन ट्रेक्टर इंजन क्रमांक ई3523903 को खनिज रेत एवं गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुये पाये जाने पर जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया। उक्त समस्त मामलों में प्रकरण पंजीबद्ध कर म0प्र0 रेत नियम 2019 एवं म0प्र0 गौण खनिज नियम 1996 के प्रावधानों के तहत् प्रकरण दर्ज कर वाहनों में 176000/- अधिरोपित किया गया है। कार्यवाही दौरान खनिज अधिकारी देवेश मरकाम, जिला परिवहन अधिकारी, खनि. निरीक्षक बसंत कुमार पाटिल, खनि. सिपाही मनीष वैष्णव उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

आईटीआई में प्लेसमेन्ट ड्राइव 16 को

 

शास0 आई0टी0आई0 मंडला में ऑफलाइन प्लेसमेन्ट ड्राइव 16 सितम्बर 2021 आयोजित किया गया है। जिसमें भारत की प्रतिष्ठित कम्पनी सुजुकी मोटर्स गुजरात के द्वारा आई0टी0आई0 के विभिन्न व्यवसाय (टर्नर, फिटर, मषीनिष्ट, इलैक्ट्रिीषियन, मोटर मैकेनिक, डीजल मैकेनिक, वेल्डर, पेन्टर जनरल, सीओई-आटोमोबाइल, टैक्टर मैकेनिक) के केवल पुरूष प्रषिक्षणार्थी जिनकी आयु 18 से 23 वर्ष के मध्य हो एवं दसवी की परीक्षा 50 प्रतिषत अंको के साथ उत्तीर्ण हो एवं आई0टी0आई0 60 प्रतिषत के साथ उत्तीर्ण किये हो। इस प्लेसमेंट ड्राइव में सम्मलित हो सकते हैं। प्रशिक्षणार्थियों का चयन कम्पनी द्वारा लिखित एवं मौखिक परीक्षा आयोजित कर मैरिट के अनुसार किया जायेगा।  प्रषिक्षणार्थी अपने समस्त मूल दस्तावेजों सहित 16 सितम्बर 2021 को प्रातः 9ः30 बजे संस्था में उपस्थित हों। उपस्थित प्रषिक्षणार्थियों के द्वारा कोविड-19 के गाइड लाइन का पालन करना अनिवार्य होगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

प्राचार्यों की राज्य स्तरीय कार्यशाला संपन्न

 

जिले के ओआईसी रविकांत जैन राज्य सहायक समन्वयक निर्माण समग्र शिक्षा सेकेंडरी एजुकेशन भोपाल द्वारा चयनित 20 प्राचार्यों से वर्चुअल मीटिंग की। जिसमें वर्तमान परिस्थितियों में विद्यालय में पठन-पाठन को लेकर उनकी प्रस्तावित रणनीतियां एवं कठिनाइयों के बारे में जानकारी प्राप्त करने के संबंध में जिले के चयनित प्राचार्यों से संवाद किया। परीक्षा परिणाम में वृद्धि हेतु रणनीति के संबंध में वर्चुअल मीटिंग में ओआईसी रविकांत जैन राज्य सहायक समन्वयक निर्माण समग्र शिक्षा सेकेंडरी एजुकेशन भोपाल, डीपीआई भोपाल से सुरेश त्रिपाठी, डॉ. राम मोहन तिवारी संयुक्त संचालक जबलपुर, सुनीता बर्वे जिला शिक्षा अधिकारी मंडला, एम.एस. सिन्द्राम सहायक संचालक मंडला, मदन झारिया सहायक संचालक मंडला, एलएस मसराम योजना अधिकारी मंडला, मुकेश पांडे एपीसी समग्र शिक्षा (सेकेंडरी एजुकेशन) मंडला एवं जिले की चयनित 20 प्राचार्यों ने उक्त कार्यशाला में अपनी वर्चुअल उपस्थिति दी। बैठक के मुख्य बिंदु कोरोना काल में शिक्षा के क्षेत्र में किए गए नवाचार, विद्यालय की परीक्षा परिणाम में वृद्धि हेतु रणनीति, विद्यार्थियों के पालकों से संवाद एवं प्रतिक्रिया, करोना काल के समय पठन-पाठन संबंधित कठिनाइयां एवं वैकल्पिक समाधान निम्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक में मंडला जिले के साथ डिंडौरी एवं कटनी जिलों के प्राचार्य से भी संवाद किया गया। मण्डला जिले से चयनित समस्त प्राचार्य उपस्थित रहे।

मुकेश पांडे एपीसी मंडला द्वारा जिले के नवाचार प्रोजेक्ट नई उड़ान के अंतर्गत चलित प्रयोगशाला, साप्ताहिक ऑनलाइन क्विज, जेईई एवं नीट की निःशुल्क ऑनलाइन कक्षा, मॉड्यूल निर्माण, ऑनलाइन शिक्षक प्रशिक्षण संबंध में संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। मंडला जिले से प्राचार्य उत्कृष्ट मण्डला आभा चौरसिया, प्राचार्य हाई स्कूल बिंझिंया कल्पना नामदेव, प्राचार्य मॉडल स्कूल नारायणगंज आरके भाण्डेे, प्राचार्य कन्या निवास शोभा अय्यर, प्राचार्य उत्कृष्ट मोहगांव नारायण भवेदी से उक्त विषय ओआईसी रविकांत जैन द्वारा ऑनलाईन चर्चा की गई। ऑनलाइन कार्यशाला में योगेश श्रीवास्तव, देवेंद्र दुबे की भी सहभागिता रही।

 

 

 

 

 

 

पॉलीटेक्निक कॉलेज में एकलव्य योजना के तहत् निःशुल्क प्रवेश प्रारंभ

 

प्राचार्य पॉलीटेक्निक कॉलेज मंडला से प्राप्त जानकारी के अनुसार म0प्र0 शासन द्वारा शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय मण्डला में अनुसूचित जनजाति की छात्राओं के लिए जिनके अभिभावकों की वार्षिक आय 1.80 लाख से कम है। निःशुल्क एकलव्य आवासीय योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत् त्रि-वर्षीय डिप्लोमा क्रमशः कम्प्यूटर साइंस इंजी., इलेक्ट्रिॉनिक्स एण्ड टेलीकम्यूनिकेशन इंजी. एवं इलेक्ट्रिकल इंजी0 पाठ्यक्रमों में प्रवेश पाने हेतु ऑनलाईन द्वितीय चरण का पंजीयन 11 सितम्बर 2021 से प्रारंभ होगा। इच्छुक अजजा. की दसवीं परीक्षा पास छात्राएं जिन्होंने गणित तथा विज्ञान विषयों में पृथक-पृथक उत्तीर्ण होने के साथ 35 प्रतिशत और इससे अधिक अंक प्राप्त किए हों, वे 11 सितम्बर 2021 से 19 सितम्बर 2021 सायं 5 बजे तक किसी भी एमपी ऑनलाईन कियोस्क में जाकर एकलव्य योजना के अंतर्गत पॉलीटेक्निक मण्डला के लिए पंजीयन करा सकते हैं। तदोपरांत आवेदक को उनके द्वारा दिए गए मोबाईल नं0 पर प्राथमिकता क्रम दर्ज करने के लिए पासवर्ड दिया जायेगा। अध्यक्ष काउन्सलिंग डीटीई भोपाल द्वारा 24 सितम्बर 2021 को प्रवेश मेरिट सूची जारी की जायेगी। चयनित उम्मीदवार संस्था में समस्त मूल दस्तावेजों के साथ प्रवेश के लिए उपस्थित होंगे। अन्य जानकारी के लिए https://dte.mponline.gov.in या अन्य समस्या के लिए पॉलीटेक्निक मण्डला में सम्पर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

जिले में अब तक 780.5 मिमी. औसत वर्षा दर्ज

 

जिले में इस वर्ष एक जून से 10 सितम्बर के दौरान 780.5 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 1253.8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 473.3 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 सितम्बर को मंडला में 2.6, नैनपुर में 1.2, बिछिया में 12.8, निवास में 25.4, घुघरी में 1 एवं नारायणगंज में 33.2 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 10 सितम्बर को 12.7 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई।

 

 

 

 

 

 

 

आर्थिक सहायता स्वीकृत

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक रामसखी निवासी ग्राम लालपुर की आकाशीय बिजली गिरने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक रतन सिंह को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

आगामी त्यौहारों में मूर्ति निर्माण के लिए दिशा-निर्देश जारी

जिला मजिस्ट्रेट ने जारी किए आदेश

 

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट हर्षिका सिंह ने त्यौहारों के मद्देनजर आदेश जारी कर दिए हैं जारी आदेश के तहत् क्षेत्रीय अधिकारी म0प्र0 प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, विजय नगर जबलपुर से प्राप्त प्रतिवेदन 31 अगस्त 2021 के अनुक्रम में गणेश जी, दुर्गाजी की मूर्तियाँ स्थापित कर पूजा की जाती है एवं पूजा के उपरांत मूर्तियों का विसर्जन किया जाता है। मूर्तियों का विसर्जन प्राकृतिक जल स्त्रोतों में किये जाने से जल की गुणवत्ता प्रभावित होती है एवं जलीय जीवन पर भी विपरीत प्रभाव पड़ता है। मूर्ति विसर्जन से प्राकृतिक जल स्त्रोतों जैसे नदी, तालाब, झील आदि की गुणवत्ता प्रभावित न हो इसके लिये केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड नई दिल्ली द्वारा मूर्ति विसर्जन के संबंध में गाईड लाइन जारी की गयी है तथा राष्ट्रीय हरित अधिकरण, सेन्ट्रल जोनल बैच भोपाल 19 दिसम्बर 2013 जारी गाईड लाईन में मूर्ति निर्माण एवं मूर्तियों व ताजियों के विसर्जन हेतु निर्देश जारी किये गये हैं। उपरोक्त प्रतिवेदन के आधार पर मण्डला जिले में मूर्ति निर्माण एवं विसर्जन से होने वाले प्रदूषण की रोकथाम हेतु प्रतिबंधात्मक कार्यवाही व प्रचार-प्रसार आवश्यक है।

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट हर्षिका सिंह ने दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के अंतर्गत आदेशित किया है कि मण्डला जिले की राजस्व सीमाओं के अंतर्गत मूर्तियों, प्रतिमाओं के निर्माण हेतु केवल प्राकृतिक सामग्रियों का इस्तेमाल किया जाये। मूर्तियों के निर्माण में परम्परागत मिट्टी का ही उपयोग किया जाये, पकी हुई मिट्टी, पी.ओ.पी. (प्लास्टर ऑफ पेरिस) या किसी प्रकार के केमिकल एवं रासायनिक वस्तुओं का उपयोग मूर्ति निर्माण में किया जाना प्रतिबंधित रहेगा। मूर्तियों, प्रतिमाओं पर कलर हेतु केवल प्राकृतिक रंगों व गैर विशाक्त रंगों का इस्तेमाल किया जायेगा। किसी भी प्रकार के रासायनिक व विशाक्त रंगों का पूर्णतयाः इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा।

जिले में केवल परम्परागत मिट्टी से निर्मित प्रतिमाओं का ही उत्पादन व विक्रय किया जा सकेगा। परम्परागत मिट्टी छोड़कर अन्य पदार्थ जैसे पी.ओ.पी. व अन्य रासायनिक पदाथों से बनायी जाने वाली प्रतिमाओं के उत्पादन तथा विक्रय, बाहर ले जाने या बाहर से लाने को प्रतिबंधित किया जाता है। परम्परागत मिट्टी छोड़कर अन्य पदार्थ जैसे पी.ओ.पी. व अन्य रासायनिक पदार्थों से मूर्ति, प्रतिमाओं के निर्माण को प्रतिबंधित किया जाता है। स्थानीय निकाय द्वारा इस संबंध में सत्यापन किया जायेगा, यदि परम्परागत मिट्टी छोड़कर अन्य पदार्थ जैसे पी.ओ.पी. व अन्य रासायनिक पदार्थों से प्रतिमाओं के निर्माण का मामला प्रकाश में आता है तो तत्काल स्थानीय निकाय द्वारा इस निर्मित प्रतिमाओं को अपने कब्जे में लेकर उनका निपटान ठोस अपशिष्ठ प्रबंधन नियम-2016 के प्रावधानों के अनुरूप करेगा।

पूजन सामग्री जैसे फल-फूल, नारियल, वस्त्र-आभूषण, सजावट के सामान जिनमें कागज एवं प्लास्टिक से निर्मित वस्तुएं शामिल हैं, को मूर्ति, प्रतिमाओं विसर्जन के पूर्व निकालकर उन्हें अलग-अलग एकत्रित किया जायेगा तथा उक्त एकत्रित सामग्री का निपटान ठोस अपशिष्ठ प्रबंधन नियम-2016 के प्रावधानों के परिप्रेक्ष्य में स्थानीय निकायों द्वारा किया जायेगा। मूर्ति, प्रतिमाओं के विसर्जन के 24 घंटे के भीतर विसर्जित मूर्ति, प्रतिमाओं से उत्पन्न ठोस अपशिष्ठ जैसे बांस, रस्सी, मिट्टी, पी.ओ.पी., प्रतिमा के हिस्सों आदि को एकत्रित कर उनका निपटान नगरीय ठोस अपशिष्ठ प्रबंधन नियम-2016 के प्रावधानों के परिप्रेक्ष में स्थानीय निकायों द्वारा किया जायेगा। उक्त आदेश जारी दिनांक से 15 अक्टूबर 2021 तक प्रभावशील होगा तथा उक्त अवधि में उक्त आदेश का उल्लंघन धारा 188 भारतीय दण्ड विधान अंतर्गत दण्डनीय अपराध की श्रेणी में आयेगा।

 

 

 

 

 

 

 

आगामी नेशनल लोक अदालत 11 सितम्बर को

 

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं म0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा आर0एस0 शर्मा के मार्गदर्शन में 11 सितम्बर को जिला न्यायालय मण्डला एवं तहसील न्यायालय निवास, नैनपुर, भुआ बिछिया में नेशनल लोक अदालत आयोजित की जायेगी। नेशनल लोक अदालत में पूर्व की ही भांति न्यायालय में लंबित समझौता योग्य आपराधिक प्रकरण, धारा 138 चैक बाउन्स, मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति दावा, श्रम और रोजगार विभाग के प्रकरण विद्युत की बकाया वसूली, जलकर, पारिवारिक विवाद, भू-अर्जन, व्यवहार न्यायालयों में लंबित राजस्व प्रकरण एवं अन्य दीवानी प्रकृति के मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निराकरण किया जायेगा। इसी प्रकार ऐसे प्रकरण जो न्यायालय में प्रस्तुत नहीं किये गये हैं, लेकिन प्रस्तुत किये जाने योग्य है, धारा 138 चैक बाउन्स, श्रम और रोजगार विभाग, विद्युत की बकाया वसूली, जलकर, व अन्य समझौता योग्य आपराधिक तथा दीवानी प्रकृति के प्रकरणों का भी आपसी समझौते के आधार पर निराकरण किया जायेगा।

पूर्व में 10 जुलाई को भी नेशनल लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय मण्डला, तहसील न्यायालय निवास, नैनपुर, बिछिया में किया गया था जिसमें न्यायालयों में लंबित सभी प्रकृति के लगभग 219 प्रकरण व विभिन्न विभागों के प्रीलिटिगेशन प्रकृति के 215 प्रकरणों का आपसी राजीनामा के आधार पर निराकरण किया गया था, जिससे 638 लोग लाभांवित हुये थे। इस लोक अदालत में भी विद्युत की बकाया वसूली, नगरपालिका के जलकर के बकाया की वसूली तथा बैंक ऋणों की वसूली के प्रकरणों में संबंधित विभाग द्वारा नियमानुसार छूट दिये जाने की संभावना है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डला की सचिव, जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ0 प्रीति श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसे लोग जिनके मुकदमे न्यायालय में लंबित है या न्यायालय में प्रस्तुत किये जाने की पूर्व की स्थिति में हैं, वे 11 सितम्बर को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत में आपसी सामन्जस्य बनाकर प्रकरणों का निराकरण करा सकते हैं। मुकदमे बाजी से छुटकारा पा सकते हैं एवं संबंधित विभागों द्वारा दी जा रही छूटों का लाभ ले सकते हैं। साथ ही आमजन से अपेक्षा की गई है कि आयोजित नेशनल लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठायें और अपने प्रकरणों का निराकरण बिना खर्च, कम समय में करायें।

 

 

 

 

 

कोदो-कुटकी प्रोसेसिंग इकाई के लिए आवेदन आमंत्रित

 

महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार भारत सरकार की प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना संचालित की जा रही है। इकाई लगाने के इच्छुक युवक, युवतियाँ कोदो-कुटकी प्रोसेसिंग इकाई के लिए ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं जिसमें प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति एवं वितरण की कार्यवाही की जायेगी। इच्छुक व्यक्ति जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र कार्यालय में उपस्थित होकर भी मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

शासकीय आईटीआई केंपस में मनाया गया आजादी का अमृत महोत्सव

 

शासकीय आई.टी.आई. रसैयादोना में 9 सितम्बर को आजादी का अमृत महोत्सव मनाया गया एवं शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा के जन्मदिन पर उनके नाम से संस्था परिसर में कैप्टन विक्रम बत्रा पार्क का उद्घाटन भी किया गया। इस अवसर पर संस्था प्राचार्य आर.एस. वरकड़े ने देश के शहीदों को याद किया एवं उन्हें श्रद्धांजलि दी। संस्था के प्रशिक्षणार्थिंयो द्वारा देश भक्ति गीत, भाषण, पेंटिंग आदि कार्यक्रम किए गए। कार्यक्रम का संचालन कु. वैशाली कामडे द्वारा किया गया। इस समारोह में संस्था के एनसीसी लेफ्टिनेंट नितेंद्र उइके एवं अन्य प्रशिक्षण अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संस्था कि प्रशिक्षण अधिकारियों द्वारा पार्क में वृक्षारोपण किया गया।

Related posts

जल संरक्षण और भू-जल संवर्धन को जन अभियान बनाएं – हर्षिका सिंह बैठक में कलेक्टर के निर्देश

Reva India News

युवा पीढ़ी को महापुरूषों के संघर्ष की गाथा से परिचित कराना आवश्यक – फग्गन सिंह कुलस्ते आजादी का अमृत महोत्सव एवं मिशन नगरोदय कार्यक्रम सम्पन्न

Reva India News

चुटका परमाणु विद्युत परियोजना की समीक्षा बैठक संपन्न

Reva India News

Leave a Comment