कोरोना संक्रमण की रोकथाम एवं बचाव के लिए नवीन दिशा-निर्देश जारी
जिला दण्डाधिकारी ने जारी किए आदेश
मण्डला 25 दिसम्बर 2021
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी हर्षिका सिंह ने म.प्र. शासन गृह विभाग से प्राप्त निर्देशों के परिपालन में दण्ड प्रकिया संहिता 1973 की धारा 144 में प्रदत्त शक्तियों को प्रयोग में लाते हुए नवीन दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जो अग्रिम आदेश पर्यंन्त तत्काल प्रभाव से प्रभावशील होंगे। जारी आदेश के तहत सम्पूर्ण मण्डला जिले में रात्रि 11 से प्रातः 5 बजे तक नाईट कर्फ्यू रहेगा। किन्तु अन्य राज्यों एवं जिलों से तथा जिले के भीतर माल तथा सेवाओं एवं यात्रियों का आवागमन बाधित नहीं होगा। औद्योगिक गतिविधियों का संचालन नाईट कर्फ्यू के प्रतिबंधों से मुक्त रहेगा। समस्त सिनेमा हॉल, मल्टीप्लैक्स, थियेटर, जिम, कोचिंग क्लासेस, स्वीमिंग पूल, क्लब, स्टेडियम में 18 वर्ष से अधिक आयु के केवल उन लोगों को ही प्रवेश की अनुमति रहेगी जिन्होंने कोविड-19 के दोनों टीके लगवाये हैं। समस्त शासकीय सेवकों से अपेक्षा है कि वह कोविड-19 टीके की दोनों डोज लें। समस्त विभागाध्यक्ष, कार्यालय प्रमुख ऐसे शासकीय सेवकों के नाम सूचीबद्ध करेंगे जिनके द्वारा दोनों टीके नहीं लगाये गये हैं तथा उन्हें दोनो टीके लगवाना सुनिश्चित करें। समस्त स्कूलों, कॉलेजों, होस्टलों में कार्यरत प्राचार्य, शिक्षक, संचालक, स्टॉफ तथा अध्ययनरत 18 वर्ष से अधिक आयु के छात्र-छात्राओं से अपेक्षा है कि वे कोविड-19 के टीके की दोनो डोज लें। ऐसे स्टॉफ, कर्मियों, छात्र-छात्राओं जिनके द्वारा दोनों टीके नहीं लगाए गए हैं उन्हें दोनों टीके लगवाना प्राचार्य, संचालक सुनिश्चित करें। समस्त मार्केट प्लेस एवं मॉल के दुकानदारों तथा मेलों में दुकान लगाने वाले दुकानदारों से अपेक्षा है कि वे कोविड-19 टीके की दोनों डोज लें। जिन दुकानदारों द्वारा दोनों टीके नहीं लगाए गये हैं उन्हें दोनो टीके लगवाना मार्केट एसोसियेशन, मॉल प्रबन्धन, मेला आयोजक सुनिश्चित करें। समस्त सिनेमाहाल, मल्टीप्लैक्स, थिएटर, जिम, कोचिंग क्लासेस, स्वीमिंग पूल स्टाफ को दोनों टीके लगवाना आवश्यक होगा। हॉस्पिटल, नर्सिंग होम्स, मेडिकल दुकानें नाईट कर्फ्यू के दौरान खुली रहेंगी। कोविड उपयुक्त व्यवहार जैसे मॉस्क का उपयोग, सोशल डिस्टेंसिंग आदि का पालन सुनिश्चित कराया जाये। जिले के समस्त अनुविभागीय दण्डाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार (कार्यपालिक दण्डाधिकारी), मुख्य नगरपालिका अधिकारी नगरपालिका परिषद, नगर पंचायत को आदेशित किया गया है कि मॉस्क नहीं लगाने वाले व्यक्तियों पर नियमानुसार जुर्माना वसूली की कार्यवाही की जाये।
आदेश के उल्लंघन पर भारतीय दण्ड संहिता 1860 की धारा 188 व अन्य प्रासंगिक धाराओं तथा आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 51 से 60 के प्रावधानों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम
मण्डला 25 दिसम्बर 2021
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते का 26 दिसम्बर को नारायणगंज, बीजाडांडी एवं निवास क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 26 दिसम्बर को 10 बजे जेवरा से रवाना होंगे तथा 10:40 बजे नारायणगंज पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। श्री कुलस्ते 11:55 बजे नारायणगंज से बीजाडांडी के लिए प्रस्थान करेंगे तथा 12:35 बजे बीजाडांडी पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री श्री कुलस्ते 1:40 बजे बीजाडांडी से निवास के लिए रवाना होंगे एवं 2:40 में निवास पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री कुलस्ते सायं 5 बजे निवास से जबलपुर के रवाना होंगे।
मतदान अधिकारियों का प्रशिक्षण 30 दिसम्बर को
मण्डला 25 दिसम्बर 2021
त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2021-22 के अंतर्गत विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में भारत ज्योति उ.मा.वि. मंडला एवं निर्मला कन्या उ.मा.वि. मंडला में 30 दिसम्बर को 2 पालियों में मंडला, नैनपुर, बिछिया, मवई, घुघरी, मोहगांव जनपद क्षेत्र से मतदान दल अधिकारियों का द्वितीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया है जिसमें समस्त पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी-1, 2, 3, एवं 4 सम्मिलित होंगे। प्रथम पाली का प्रशिक्षण प्रातः 11 बजे से 1ः30 बजे तक एवं द्वितीय पाली का प्रशिक्षण 2 बजे से 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
मतदाताओं को जागरूक करने निकली रैली, दिलाई गई शपथ
मण्डला 25 दिसम्बर 2021
त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के लिए जिले भर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मतदाता जागरूकता के तहत अनेक नवाचारों के माध्यम से मतदाताओं को मताधिकार का प्रयोग करने तथा अपने वोट के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसी क्रम में निवास क्षेत्र में मतदान तथा मतदाता जागरूकता से संबंधित रैली निकालकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया। रैली के उपरांत उपस्थित लोगों को नैतिक मतदान की शपथ दिलाई गई। क्षेत्र में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए हस्ताक्षर अभियान भी संचालित किया गया।

शासकीय हाई एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में कैरियर सप्ताह संपन्न
मण्डला 25 दिसम्बर 2021
समग्र शिक्षा अभियान (सेकेण्डंरी एजुकेशन) जिला मण्डला अंतर्गत जिले की शासकीय विद्यालयों में आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर हर्षिका सिंह की अनूठी पहल ‘‘कैरियर की बात आपके साथ’’ कार्यक्रम अनुसार कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों के लिए कैरियर काउंसलिंग करने मार्गदर्शन हेतु जिले की समस्त शासकीय हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में 20 दिसंबर से चलाए गए कैरियर सप्ताह का समापन किया गया।
कैरियर सप्ताह अंतर्गत की गई गतिविधियां
प्रथम दिवस 20 दिसम्बर को कैरियर क्या होता है इसके बारे में जानकारी एवं कैरियर मार्गदर्शन के महत्व को समझाया गया। एमपी एस्पायर पोर्टल की जानकारी तथा विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन कराया गया। स्थानीय सफल व्यक्ति को आमंत्रित कर 30 मिनट का व्याख्यान कराया गया, यूट्यूब से डाउनलोड कर वीडियो दिखाए गए।
द्वितीय दिवस 21 दिसम्बर को विद्यार्थियों की रुचि एवं क्षमता के अनुसार चयन, सुविधाओं एवं संसाधनों पर चर्चा, विद्यार्थियों की खुशी के लिए कैरियर, माता-पिता की अपेक्षाओं पर कैरियर का निर्धारण, विषयों पर परामर्शदाता के द्वारा चर्चा की गई। स्वयं को पहचाने गतिविधि अंतर्गत मैं कौन हूं, अपनी दो कमियां जिन्हें आप सुधारना चाहते हो, अपनी दो खूबियां कैरियर में सफल होने के लिए जो आवश्यक है, चर्चा की गई। विद्यार्थियों से विचार-विमर्श गतिविधि अंतर्गत विभिन्न प्रकार के कैरियर में व्यक्तित्व का महत्व, व्यक्तित्व को संवारने के लिए आवश्यक चर्चा, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट संबंधित चर्चा।
तृतीय दिवस 22 दिसम्बर विभिन्न क्षेत्रों में करियर के अवसर विषय पर प्रेजेंटेशन कराया गए। कृषि, ललित कला, वाणिज्य, कला, विज्ञान, तकनीकी, सैन्य एवं अन्य क्षेत्रों में संबंधित योग्यता एवं इसमें कैरियर के अवसर की जानकारी प्रदान किए गए उक्त जानकारी एमपी एस्पायर पोर्टल के सहयोग से दी गई। कक्षा बारहवीं के बाद- नीट, जेईई, क्लैट, एग्रीकल्चर, एसएससी, रेलवे, इंडियन आर्मी, नेशनल डिफेंस एकेडमी आदि के संबंध में जानकारी दी गई। स्नातक के बाद यूपीएससी, पीएससी, आईबीपीएस, बैंक पीओ, आरबीआई आदि की जानकारी दी गई।
चतुर्थ दिवस 24 दिसम्बर परंपरागत एवं नवनिर्मित कैरियर गतिविधि के अंतर्गत कैरियर से अलग कुछ नवनिर्मित कैरियर के विकल्पों पर चर्चा की गई। डिजिटल मार्केटिंग, सोशल मीडिया, ग्राफिक डिजाइनर, वेब डेवलपर, काउंसलर, फिजिकल ट्रेनर यूट्यूब, डीजे ऑपरेटर फोटोग्राफर, ड्रोन ऑपरेटर, वीडियो एडिटर आदि विकल्पों पर चर्चा की गई। उद्यम एवं उद्यमशीलता का परिचय दिया गया। स्वयं के व्यवसाय एवं उनके महत्व पर चर्चा की गई। बिजनेस स्टार्टअप के बारे में विद्यार्थियों को विस्तृत जानकारी दी गई। अर्न मनी एट होम की जानकारी दी गई। बैंक लोन, मार्केटिंग, डॉक्यूमेंटेशन, टैक्स आदि की जानकारी प्रदान की गई। किसी स्थानी सफल उद्यमी को बुलाएं एवं विद्यार्थियों से इंटरएक्टिव सेशन कराया गया।
पांचवा दिवस 24 दिसम्बर समस्या निवारण एवं फीडबैक के संबंध में गतिविधियां विद्यार्थियों एवं उनके परिजनों को आमंत्रित किया जाए अर्धवार्षिक परीक्षा के परिणाम से अवगत कराया गया। उनके कैरियर संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान किया। यह सप्ताह कितना उपयोगी रहा और किस प्रकार के इस कार्यक्रम को और बेहतर बनाया जा सकता है इस विषय पर विद्यार्थियों अभिभावकों शिक्षकों से फीडबैक लिया गया। एमपी एस्पायर पोर्टल पर सभी विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन किया गया।
जिले के समस्त हाई एवं उच्च. माध्य. विद्यालयों में कार्यक्रम का संचालन जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता बर्वे, एपीसी मुकेश पांडे, जिला केरियर काउंसलर अखिलेश उपाध्याय उत्कृष्ट विद्यालय मण्डला, शक्ति पटेल हाईस्कूल मांद बिछिया एवं गायत्री शुक्ला शास. हाईस्कूल बिंझिया के दिशा निर्देशन में किया गया।

चिकित्सा, दिव्यांगता के आधार पर निर्वाचन कार्य से मुक्त रखने का आवेदन देने वाले शासकीय सेवकों का स्वास्थ्य परीक्षण 26 दिसम्बर को
मण्डला 25 दिसम्बर 2021
त्रि-स्तरीय आम निर्वाचन 2021-22 में चिकित्सा, दिव्यांगता के आधार पर जिन शासकीय सेवकों ने निर्वाचन कार्य से मुक्त रखने का आवेदन जिला कार्यालय में प्रस्तुत किया है ऐसे सभी शासकीय सेवकों का 26 दिसम्बर को प्रातः 9 बजे से जिला चिकित्सालय मंडला में स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।
इस संबंध में सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग ने निर्देशित किया है कि त्रि-स्तरीय आम निर्वाचन 2021-22 में चिकित्सा, दिव्यांगता के आधार पर जिन शासकीय सेवकों ने निर्वाचन कार्य से मुक्त रखने का आवेदन जिला कार्यालय में प्रस्तुत किया है ऐसे शासकीय सेवक 26 दिसम्बर 2021 को 9 बजे से जिला चिकित्सालय मंडला में मेडिकल बोर्ड के समक्ष उपस्थित होकर अपना परीक्षण कराएं तथा चुनाव कार्य के लिए फिट, अनफिट का प्रमाण पत्र सत्यापन कराकर एक प्रति कार्यालय सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग मंडला एवं एक प्रति जिला निर्वाचन कार्यालय मंडला में प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। अनफिट शासकीय सेवकों के प्रकरण जिला निर्वाचन कार्यालय में प्रस्तुत किये जायेंगे, जिसके उपरांत निर्वाचन कार्य से मुक्त किया जा सकेगा। सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग समस्त विभाग प्रमुखों से आग्रह किया गया है कि चिकित्सा, दिव्यांगता के आधार पर शासकीय सेवकों द्वारा निर्वाचन कार्य से मुक्त करने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया है, उन्हें अपने स्तर से जिला मेडिकल बोर्ड में 26 दिसम्बर 2021 को सत्यापन हेतु उपस्थित होने हेतु निर्देशित करें।
