Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

मनेरी शिविर में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सुनी जनसमस्याएँ

मण्डला 16 मार्च 2022

आमजनों की समस्याओं को दूर करने के उद्देश्य से कलेक्टर हर्षिका सिंह द्वारा दूरस्थ ग्रामों में क्लस्टर स्तरीय समाधान दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 16 मार्च को निवास अनुविभाग के मनेरी में क्लस्टर स्तरीय समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस आयोजन में आसपास की पंचायतों के ग्रामीणजन भी अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए पहुँचे। इस दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए विभिन्न विषयों से संबंधित उनकी समस्याओं को विस्तार से जानते हुए संबंधित अधिकारी से तत्काल जवाब मांगते हुए निराकरण के निर्देश दिए। क्लस्टर स्तरीय समाधान दिवस में डीएफओ श्री अरोरा, सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, एसीईओ श्री मरावी, एसडीएम निवास शिवाली सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सीमांकन, फौती, अविवादित बटवारा, डायवर्सन सहित अन्य राजस्व मामलों के निराकरण के लिए विशेष शिविर आयोजित करें। आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालय तक न बुलाएं। मनेरी एवं आसपास के क्षेत्रों में जल-जीवन मिशन की संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित ठेकेदार को ब्लेक लिस्टेड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करें। बिलनगरी माल के ग्रामीणों द्वारा ग्राम के हेंडपंप खराब होने की बात बताए जाने पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित विभाग को तत्काल सुधार कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी हेंडपंपों की जांच करें तथा आवश्यकतानुसार उनकी मरम्मत कराएँ। श्रीमती सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्कूल तथा आंगनवाड़ी केन्द्रों में सभी जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। इनके भवनों में आवश्यक सुधार कार्य कराएं। प्राथमिक शाला मेढी में राशि उपलब्ध होने के बाद भी सुधार कार्य नहीं कराए जाने की बात ग्रामीणों द्वारा बतलाई गई जिस पर कलेक्टर ने डीपीसी एवं संबंधित उपयंत्री को तत्काल कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने एडॉप्ट-एन-आंगनवाड़ी के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक कृषक को पात्रतानुसार किसान सम्मान निधि दिलाने की कार्यवाही की जाए। शिविर के प्रारंभ में जिला स्तर से नियुक्त नोडल अधिकारियों द्वारा किए गए भ्रमण का प्रतिवेदन तथा योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में प्राप्त फीडबैक प्रस्तुत किया गया।

 

शाला समय में न करें बैठकों का आयोजन

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी तथा जिला परियोजना समन्वयक सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शाला समय में शिक्षकों की बैठकें आयोजित न की जाए। गुणवत्तायुक्त शिक्षा के लिए शिक्षकों को अध्यापन कार्य के लिए पर्याप्त समय मिलना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शाला समय में बैठक आयोजित करने वाले अधिकारियों के विरूद्ध भी कार्यवाही की जाएगी।

 

मीनू का पालन नहीं करने पर स्व-सहायता समूह को कारण बताओ नोटिस

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मनेरी में वार्ड क्रमांक-3 एवं 6 में संचालित आँगनवाड़ी केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पोषण आहार तथा दूध वितरण के संबंध में जानकारी ली। मीनू के अनुसार पोषण आहार का वितरण नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए संबंधित स्व-सहायता समूह को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना अधिकारी तथा पर्यवेक्षक सभी केन्द्रों का भ्रमण कर मीनू का सख्ती से पालन कराना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि केन्द्रों को प्रदाय की गई खेल सामग्री का समुचित उपयोग करें। बच्चों का उपलब्धि स्तर बढ़ाने का प्रयास करें। कलेक्टर ने बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कुपोषित तथा कम बच्चों के संबंध में भी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से जानकारी ली।

 

शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाएँ

 

भ्रमण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मनेरी, कन्या प्राथमिक शाला मनेरी तथा प्राथमिक शाला मनेरी टोला का आकस्मिक निरीक्षण किया। उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मनेरी के निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में दर्ज संख्या, शिक्षक संख्या, उपलब्ध सुविधाओं, प्रयोगशाला तथा कोविड वैक्सीनेशन के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि 15 से 17 वर्ष के जिन बच्चों का कोविड वैक्सीनेशन शेष है, उनके लिए विशेष सेशन आयोजित करें। कन्या प्राथमिक शाला मनेरी के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों से पाठ्यक्रम संबंधी प्रश्न किए। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों को निर्देशित किया कि पूरी क्षमता से अध्यापन कार्य कराते हुए बच्चों की उपलब्धि स्तर को बेहतर बनाने का प्रयास करें। कलेक्टर ने प्राथमिक शाला मनेरी टोला को नजदीक की शाला के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।

 

बालिकाओं को रोज शाला जाने की समझाईश

 

ग्राम मनेरी में भ्रमण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने खेत पर घूम रहीं सुषमा वरकड़े तथा रागिनी मरकाम से चर्चा करते हुए शाला न जाने का कारण पूछा। छात्राओं ने बताया कि सुषमा कक्षा 6 तथा रागिनी कक्षा 7 में पढ़ती है। पारिवारिक कारणों से आज दोनों शाला नहीं जा पाई हैं। कलेक्टर ने दोनों छात्राओं को शिक्षा का महत्व बतलाते हुए उन्हें नियमित शाला जाने की समझाईश दी। इसी प्रकार भ्रमण के दौरान कक्षा ग्यारहवी की छात्रा रंजना वरकड़े अपने घर के सामने मिली। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने उससे भी अध्ययन संबंधी जानकारी ली। रंजना ने कलेक्टर को बताया कि वह नर्स बनकर लोगों की सेवा करना चाहती है।

 

निर्माण कार्यों का निरीक्षण

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मनेरी में प्रधानमंत्री आवास तथा स्टॉप डेम सहित अन्य निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास के हितग्राहियों से बात करते हुए कार्य को जल्द पूर्ण करने की बात कही। स्टॉप डेम के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मिट्टी हटवाने तथा गहरीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जल संरचना के कार्यों को प्राथमिकता से स्वीकृत करें।

Related posts

सभी विभाग बारिश के पूर्व की अपनी जिम्मेदारियाँ पूरी करें – हर्षिका सिंह आपदा प्रबंधन की बैठक में कलेक्टर के निर्देश

Reva India News

उत्तरवाहिनी परिक्रमा में निकले नर्मदा प्रेमी

Reva India News

टीबी उन्मूलन कार्यक्रम अभियान अंतर्गत कार्यशाला संपन्न

Reva India News

Leave a Comment