किसानों के लिए समयपूर्व बीज उपलब्धता सुनिश्चित करें – हर्षिका सिंह
कलेक्टर ने कृषि आदान की बैठक में की समीक्षा
मण्डला 4 मई 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कृषि, सहकारिता एवं संबंधित विभागों की कृषि आदान से संबंधित विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने खरीफ के लिए बीज उपलब्धता, अग्रिम भंडारण, फसलवार, क्षेत्र उर्वरक भंडारण एवं अन्य विषयों की समीक्षा करते हुए जरूरी निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए किसानों के लिए बीज की उपलब्धता समयपूर्व सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि प्रभावी समन्वय बनाते हुए किसानों के लिए बीज की मांग तथा विगत वर्ष के आंकड़ों का अध्ययन करते हुए प्रस्ताव बनाएं तथा भंडारण सुनिश्चित करें। श्रीमती सिंह ने विकासखंडवार बीज की डिमांड प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने बीज निगम, बीज संघ, सहकारी समितियों में उपलब्ध बीज की विस्तृत जानकारी लेते हुए जरूरी निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि बीज की डिमांड का वास्तविक रूप से आंकलन करें एवं प्लानिंग करें। श्रीमती सिंह ने सहकारी समितियों को निर्देशित किया कि किसानों को सहकारी समितियों से अधिक से अधिक बीज उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। बीज उपलब्धता की जानकारी देने के लिए किसानों तक सूचनाएं पहुंचाएं। साथ ही बीज का उपचार एवं वैज्ञानिक ढंग से बीजों का उपयोग करने के लिए किसानों की संगोष्ठी, चौपाल तथा कार्यशालाओं का लगातार आयोजन करें।
श्रीमती सिंह ने कहा कि किसानों को प्राकृतिक खेती एवं बहुउद्देश्यीय खेती करने के लिए प्रेरित करें। कलेक्टर ने सभी किसानों से आग्रह किया है कि आगामी खरीफ सीजन में धान के अलावा मक्का, अरहर, रामतिल एवं अन्य खरीफ सीजन की फसलों का भी उत्पादन करें तथा कृषि विविधिकरण को अपनाएं एवं लाभ कमाएं। कलेक्टर ने जिले में धान, अरहर, उड़द, रामतिल एवं कोदो-कुटकी के विगत वर्षों के क्षेत्राच्छादन एवं उत्पादन की आंकड़ेवार समीक्षा की। उन्होंने कोदो-कुटकी के बीजों के विकास पर विशेष रूप से काम करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि पीओ मनरेगा से विकासखंडों में हुए मेढ़-बंधान के कार्यों की जानकारी प्राप्त करें तथा इन क्षेत्रों में अरहर उत्पादन के लिए बीज उपलब्ध कराएं। उन्होंने अगले सप्ताह किसानों के लिए संगोष्ठी, चौपाल तथा कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश दिए।
रासायनिक उर्वरकों के नुकसान के प्रति जागरूक करें
कलेक्टर ने बैठक में उर्वरकों के अग्रिम भंडारण की समीक्षा की। उन्होंने विकासखंडवार उर्वरक की डिमांड सहित विगत वर्षों में उपयोग किए गए उर्वरक की आंकड़ेवार जानकारी ली। श्रीमती सिंह ने कहा कि खाद की कालाबाजारी न होने पाए। उन्होंने कृषि सहित अन्य विभागों को निर्देशित किया कि बिछिया, मंडला एवं नैनपुर क्षेत्र में खाद के विक्रय एवं वास्तविक मांग पर नजर रखें। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग किसानों को रासायनिक उर्वरकों के उपयोग से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि सहकारी सोसायटियों में भी खाद-बीज के सही उपयोग एवं रासायनिक उर्वरकों से फसल एवं उत्पादन को होने वाले नुकसान की जानकारी देने से संबंधित फ्लैक्स-बैनर लगाएं। बैठक में कृषि, सहकारिता, मार्कफेड एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
आँगनवाड़ी केन्द्र राजीव कॉलोनी को बनाएं स्मार्ट आँगनवाड़ी
कलेक्टर ने दिए निर्देश
मण्डला 4 मई 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने राजीव कॉलोनी स्थित आंगनवाड़ी केन्द्र का दौरा किया। उन्होंने कहा कि इस आंगनवाड़ी केन्द्र को स्मार्ट आंगनवाड़ी केन्द्र के रूप में विकसित करें। उन्होंने आंगनवाड़ी केन्द्र को प्री-एजुकेशन सेंटर के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि केन्द्र में बच्चों की रूचि के अनुसार प्लेंईग जोन, रीडिंग जोन, स्मार्ट एलईडी एवं अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि इस आंगनवाड़ी केन्द्र में तकनीक का बेहतर उपयोग करते हुए बच्चों के लिए मनोरंजनपूर्ण शैक्षणिक गतिविधियों की व्यवस्था करें। कलेक्टर ने कहा कि केन्द्र के परिसर में भी आकर्षक रूप से साज-सज्जा का कार्य सुनिश्चित करें। इसी प्रकार दीवारों पर बच्चों की रूचि एवं सीखने के लिए आकर्षक चित्र बनाएं। उन्होंने परिसर में रंगाई-पुताई, बिजली, पानी एवं अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी श्वेता तड़वे, ईईपीआईयू श्री पटले, परियोजना अधिकारी अनूप नामदेव एवं संबंधित उपस्थित थे।
प्रभारी मंत्री श्री सिंह का मंडला आगमन आज
मण्डला 4 मई 2022
प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा मंडला जिले के प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह का 5 मई 2022 को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री बिसाहूलाल सिंह 5 मई को प्रातः 8 बजे भोपाल से मंडला के लिए प्रस्थान करेंगे तथा शाम 4:30 बजे मंडला पहुंचेंगे एवं रात्रि विश्राम करेंगे। प्रभारी मंत्री 6 मई को प्रातः 11 बजे आदि उत्सव की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह 7 मई को रामनगर में आयोजित आदिवासी उत्सव में सम्मिलित होंगे एवं मंडला में रात्रि विश्राम करेंगे। जिले के प्रभारी मंत्री श्री सिंह 8 मई को प्रातः 8 बजे मंडला से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
नारायणगंज में आज लगेगा रोजगार मेला
मण्डला 4 मई 2022
जिला परियोजना प्रबंधक म.प्र. डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 मई को विकासखण्ड स्तरीय रोजगार मेला नारायणगंज कार्यालय में आजीविका मिशन एवं प्रदान संस्था के समन्वित प्रयास से आयोजित किया जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार रोजगार के इच्छुक बेरोजगार युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विकासखण्ड स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जा रहा है। इस मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कम्पनियों के द्वारा रोजगार के अवसर प्रदान किये जायेंगे। इच्छुक आवेदक रोजगार मेले में अपनी शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, दो फोटोग्राफ एवं अन्य दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर रोजगार प्राप्त कर सकते हैं।
सघन मिशन इंद्रधनुष 4.0 के तीसरे चरण की शुरूआत 7 से
मण्डला 4 मई 2022
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 मई 2022 से सघन मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम का तीसरे चरण की शुरूआत की जायेगी। अभियान में 0-2 वर्ष के बच्चों को जानलेवा बीमारी से बचाने के लिए टीकाकृत किया जायेगा। यह कार्यक्रम मिशन मोड पर होना है जिसमें एक भी बच्चा न छूटे, हाई रिस्क ऐरिया जहां विगत दो वर्षों से टीके की कम उपलब्धि, नियमित टीकाकरण छूटा है। झुग्गी-झोपड़ी स्लिम ऐरिया, मीजल्स, डिप्थीरिया, रूबेला के प्रभाव वाले क्षेत्रों को विशेष ध्यान में रखा जायेगा। ईंट-भट्टा, कछार, घुमक्कड़ ऐसे बच्चे जो टीके से वंचित हो जाते हैं, वहां मोबाइल टीम के द्वारा टीकाकृत किया जायेगा। जिले में मार्च, अप्रैल, मई तीन चक्रों में अभियान चलाया जा रहा है।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ0 यतीन्द्र झारिया ने जानकारी दी कि नियमित टीकाकरण के सुदृढ़ीकरण हेतु अभियान चलाया जायेगा। नियमित टीकाकरण के साथ 7 दिवसीय कार्यक्रम 7, 9, 11, 12, 14, 18 एवं 19 मई तक तीसरा चरण होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु भारत सरकार ने स्वास्थ्य विभाग के साथ महिला बाल विकास विभाग, आयुष विभाग, नगरपालिका, पंचायत, एन.आर.एल.एम. के अधिकारी कर्मचारी सहयोग करेंगे। फरवरी 2020 के जन्मे बच्चे न्यू बोर्न बेबी इन्ही बच्चों को टीकाकृत करने का लक्ष्य है। टीकाकरण कार्यक्रम कोरोना के सभी प्रोटोकॉल का पालन करते हुये आयोजित होगा।
अब तक 15514 कृषकों ने कराई स्लॉट बुकिंग, 1954 को भेजे गए एसएमएस
मण्डला 4 मई 2022
रबी विपणन वर्ष 2022-23 के लिए जिले में गेहूं विक्रय के लिए 53 केन्द्र बनाये गए हैं। इन केन्द्रों पर 15514 कृषकों द्वारा स्लॉट बुकिंग कराई है एवं जिन कृषकों के द्वारा स्लॉट बुकिंग नहीं कराई थी, इन कृषकों में से शासन स्तर से 1954 कृषकों को गेहूं विक्रय हेतु एस.एम.एस. भेजे गए हैं। इनमें से 6852 कृषकों के द्वारा जिले के उपार्जन केन्द्रों में 279508.99 क्विंटल गेहूं की उपज का विक्रय किया गया है। कृषक उपार्जन केन्द्र में साफ-सुथरी एवं एफ.ए.क्यू. मापदण्ड के अनुरूप तैयार करके ही उपार्जन लाएं।
