प्राकृतिक खेती के लिए ब्लॉकवार कृषि भूमि चिन्हित करें – हर्षिका सिंह
कलेक्टर ने संबंधित विभागों की ली बैठक
मण्डला 5 मई 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने प्राकृतिक खेती को जिले में बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासन के द्वारा जारी निर्देशों के संबंध में बैठक ली। बैठक में कृषि, उद्यानिकी, सहकारिता, आजीविका, कृषि विज्ञान केन्द्र, नाबार्ड एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। श्रीमती सिंह ने कहा कि प्राकृतिक खेती के लिए ब्लॉकवार जमीन चिन्हित करें। इसी प्रकार ऐसे किसान जो प्राकृतिक खेती करना चाहते हैं एवं प्राकृतिक खेती के महत्व से परिचित हैं उन्हें प्राथमिक रूप से प्राकृतिक खेती से जोड़ें। उन्होंने आजीविका मिशन को निर्देशित किया कि ब्लॉकवार ऐसे सक्रिय स्व-सहायता समूहों को भी चिन्हित करें, जो प्राकृतिक खेती से जुड़ें हैं या इस संबंध में कार्य करने के इच्छुक हैं। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक ब्लॉक में लगभग एक हजार हेक्टेयर कृषि भूमि का चयन करें। उन्होंने अन्य योजनाओं के साथ प्राकृतिक खेती को समन्वित करते हुए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि प्राकृतिक खेती के लिए क्लस्टर स्तर पर किसानों का चयन करें। उन्हें प्राकृतिक खेती का महत्व बताएं तथा इससे होने वाले फायदों की जानकारी दें। श्रीमती सिंह ने कहा कि ऐसे किसान जिनके पास पशुधन पर्याप्त मात्रा में है उन्हें भी प्राकृतिक खेती के लिए चिन्हित करें। कलेक्टर ने कहा कि सक्रिय स्व-सहायता समूहों से भी संपर्क करें। इसी प्रकार कृषक समूह का गठन करते हुए उन्हें प्राकृतिक खेती की जानकारी देने एक्सपोजर विजिट कराएं। श्रीमती सिंह ने कहा कि जिले में प्राकृतिक खेती की कार्ययोजना को फलीभूत करने के लिए जिला पंचायत सीईओ की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के साथ समिति बनाएं, जो ब्लॉकवार जमीन चिन्हांकन से लेकर सभी गतिविधियों को संपन्न करें।
श्रीमती सिंह ने कहा कि ऐसे किसान जो प्राकृतिक खेती करने के लिए तैयार हो जाते हैं उनका किसान क्रेडिट कार्ड तत्काल बनाएं। उन्हें बीज, एक्सपोजर विजिट तथा अन्य सुविधाएं प्रदान करें। उन्होंने कहा कि आगामी खरीफ सीजन के पूर्व सभी जरूरी तैयारियां पूरी करते हुए प्राकृतिक खेती के लिए प्रभावी कार्य करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि नावार्ड एवं कृषि विभाग प्राकृतिक खेती की संपूर्ण जानकारी से संबंधित वीडियो बनाएं तथा वर्कशॉप एवं किसान चौपाल के दौरान वीडियो के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए प्रेरित करें। बैठक में उन्होंने उद्यानिकी विभाग को भी प्राकृतिक खेती के लिए जिम्मेदारी दी।
बीजाडांडी के बिलनगरी माल में आयोजित हुआ जन समस्या निवारण शिविर
15 मांग आवेदन पत्र प्राप्त हुए, 3 मौके पर निराकृत
मण्डला 5 मई 2022
मुख्य कार्यपालन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बिलनगरीमाल जनपद पंचायत बीजाडांडी में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास शिवाली सिंह के निर्देशन में जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बीजाडांडी, तहसीलदार निवास, एसडीओ पीएचई, खण्ड चिकित्सा अधिकारी बीजाडांडी, जेई विद्युत विभाग, उपयंत्री लोक स्वा. यांत्रिकी, कनिष्ठ खाद्य आपूर्ति अधिकारी, कृषि विभाग एवं अन्य विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान 15 मांग आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें मुख्य बिजली, पेयजल संकट, पेंशन, समग्र एवं खाद्यान्न से संबंधित मांग आवेदन प्राप्त हुए। पेंशन से संबंधित 3 मांग आवेदनों का तत्काल निराकरण कर आवेदिका लोंगाबाई, चौती बाई एवं मत्तोबाई ग्राम पंचायत बिलनगरी माल की पेंशन स्वीकृति की कार्यवाही कर पेंशन स्वीकृत कराया गया। मौके पर निराकरण योग्य आवेदनों का संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा निराकरण किया गया। शेष आवेदनों को कार्यवाही हेतु संबंधित विभागों को भेज दिया गया है। शिविर में क्षेत्रीय जन सामान्य की भारी उपस्थिति रही। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से सभी जनता को अवगत कराया गया तथा सभी को आयुष्मान कार्ड बनवाने एवं मुख्यमंत्री कन्या विवाह में गरीब बेटियों के सामूहिक विवाह में शामिल होने जानकारी दी गई।
सघन मिशन इंद्रधनुष 4.0 के तीसरे चरण की शुरूआत 7 मई से
मण्डला 5 मई 2022
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 मई 2022 से सघन मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम का तीसरे चरण की शुरूआत की जायेगी। अभियान में 0-2 वर्ष के बच्चों को जानलेवा बीमारी से बचाने के लिए टीकाकृत किया जायेगा। यह कार्यक्रम मिशन मोड पर होना है जिसमें एक भी बच्चा न छूटे, हाई रिस्क ऐरिया जहां विगत दो वर्षों से टीके की कम उपलब्धि, नियमित टीकाकरण छूटा है। झुग्गी-झोपड़ी स्लिम ऐरिया, मीजल्स, डिप्थीरिया, रूबेला के प्रभाव वाले क्षेत्रों को विशेष ध्यान में रखा जायेगा। ईंट-भट्टा, कछार, घुमक्कड़ ऐसे बच्चे जो टीके से वंचित हो जाते हैं, वहां मोबाइल टीम के द्वारा टीकाकृत किया जायेगा। जिले में मार्च, अप्रैल, मई तीन चक्रों में अभियान चलाया जा रहा है।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ0 यतीन्द्र झारिया ने जानकारी दी कि नियमित टीकाकरण के सुदृढ़ीकरण हेतु अभियान चलाया जायेगा। नियमित टीकाकरण के साथ 7 दिवसीय कार्यक्रम 7, 9, 11, 12, 14, 18 एवं 19 मई तक तीसरा चरण होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु भारत सरकार ने स्वास्थ्य विभाग के साथ महिला बाल विकास विभाग, आयुष विभाग, नगरपालिका, पंचायत, एन.आर.एल.एम. के अधिकारी कर्मचारी सहयोग करेंगे। फरवरी 2020 के जन्मे बच्चे न्यू बोर्न बेबी इन्ही बच्चों को टीकाकृत करने का लक्ष्य है। टीकाकरण कार्यक्रम कोरोना के सभी प्रोटोकॉल का पालन करते हुये आयोजित होगा।
डाक विभाग के मंडला और डिंडोरी जिले में ग्रामीण डाक सेवक संवर्ग के लिए ऑनलाइन आवेदन 5 जून तक
मण्डला 5 मई 2022
अधीक्षक डाकघर ने बताया कि भारतीय डाक विभाग द्वारा पूरे भारत में ग्रामीण डाक सेवक संवर्ग के कुल 38926 रिक्त पदों पर नियोजन हेतु ऑनलाइन चयन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। म.प्र. परिमंडल अंतर्गत मंडला डाक संभाग में कुल 598 रिक्त पदों में भर्ती की जानी है। ग्रामीण डाक सेवक संवर्ग में 295 शाखा डाकपाल एवं 303 सहायक शाखा डाकपाल एवं डाक सेवक के लिए सम्मिलित हैं। सामान्य वर्ग में- 269, अन्य पिछड़ा वर्ग- 57, अनुसूचित जाति वर्ग- 94, अनुसूचित जनजाति- 111, आर्थिक कमजोर वर्ग- 67 के लिए आरक्षित किया गया है। आवेदन भरने की निर्धारित तारीख 5 जून 2022 निर्धारित है।
उन्होंने जानकारी दी कि इन पदों पर आवेदन करने के लिए आवेदक की उम्र आवेदन की आखिरी तारीख को 18 वर्ष से कम एवं 40 वर्ष से अधिक नहीं होना चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में भारत सरकार के नियमों के अनुसार छूट दी जायेगी। साथ ही कोई भी आवेदक किसी एक ही संभाग के लिए आवेदन कर सकता है। हायर सेकेंडरी स्कूल में 10वीं के प्राप्तांक के आधार पर मेरिट सूची बनाई जाएगी। आवेदक को 10वीं में गणित, हिंदी और अंग्रेजी विषय के रूप में एक विषय अथवा वैकल्पिक विषय के रूप में अध्ययन किया जाना अनिवार्य है। आवेदक को कम से कम 60 दिवस का किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान से बेसिक कंप्यूटर का प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है। यदि आवेदक ने किसी भी उच्च शिक्षा में कंप्यूटर को विषय के रूप में पढ़ा हो तो यह प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है। एक आवेदक किसी भी एक संभाग में ही अपने वर्ग से सभी रिक्त पदों पर आवेदन कर सकता है। यदि आवेदक द्वारा एक अन्य संभाग में आवेदन किया जाता है तो आवेदक का आवेदन निरस्त कर दिया जायेगा। आवेदन के लिए 100 रूपए की शुल्क निर्धारित है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिला एवं विकलांग आवेदक को निर्धारित शुल्क में छूट रहेगी। शाखा डाकपाल के लिए वेतनमान 12 हजार रूपए एवं सहायक शाखा डाकपाल, डाक सेवक के पद हेतु 10 हजार रूपए एवं अन्य भत्ते समय-समय पर निर्धारण अनुसार देय होगा। अधिक जानकारी के लिए आवेदक भारतीय डाक विभाग की साईट https://indiapostgdsonline.gov.in पर जाकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
केहरपुर में आयोजित हुआ श्रमिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर
मण्डला 5 मई 2022
श्रमिक विधिक सप्ताह के अन्तर्गत ग्राम पंचायत केहरपुर में विशेष स्वास्थ्य एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में डॉक्टर सुनिल भंवरे एवं डॉ. रश्मि जैन के द्वारा उपस्थित श्रमिकों एवं ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया एवं दवाईयाँ वितरित की गई। इसके बाद श्रम अधिकारी उज्जवला करचाम के द्वारा ई-श्रमिक कार्ड एवं निर्माण कार्ड की जानकारी दी गई। साथ ही विधिक सहायता अधिकारी विजय खेब्रागढे ने न्यूनतम मजदूरी दर समान कार्य के लिए समान वेतन, श्रमिक कानून, मनरेगा कानून मीडिएशन, लोक अदालत और निःशुल्क विधिक सहायता योजना की जानकारी दी। शिविर में ग्राम सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक उपस्थित रहे।
11 मई तक मनाया जा रहा लाड़ली लक्ष्मी उत्सव
मण्डला 5 मई 2022
संचालक महिला एवं बाल विकास म.प्र. शासन के निर्देशानुसार 11 मई 2022 तक लाड़ली लक्ष्मी उत्सव के अंतर्गत विभिन्न स्तरों पर गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इस उत्सव में 2 मई 2022 से 11 मई 2022 तक लाड़ली लक्ष्मी उत्सव के दौरान प्रत्येक आंगनवाड़ी केन्द्र पर विशेष स्वरूचि भोज का आयोजन किया जा रहा है। आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियाँ में जिला स्तर एवं ग्राम पंचायत स्तर पर लाडली लक्ष्मी उत्सव के तहत् विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिसमें स्थानीय लाडली बालिकाएं भाग लेंगी। माह मार्च एवं अप्रैल 2022 में जन्मी बालिकाओं के जन्म का उत्सव पंचायत स्तर पर मनाया जाएगा। लाडली बालिकाओं का स्थानीय स्तर पर प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। 5 वर्ष तक की लाडली बालिकाओं के माता-पिता के साथ संवाद और उनको बालिका शिक्षा एवं अन्य जानकारियां दी जाएंगी। शिक्षा, साहित्य, संस्कृति, खेलकूद के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि प्राप्त करने वाली लाडली बालिका का सम्मान भी किया जाएगा। लाडली बालिकाओं के लिए रूचि अनुसार खेल-कूद प्रतियोगिता, रंगोली, स्लोगन, वाद-विवाद, गायन, नृत्य, चित्रकला आदि प्रतियोगिता का आयोजन होगा।
पशुपालन एवं डेयरी, सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग मंत्री श्री प्रेमसिंह पटेल का 7 मई को रामनगर आएंगे
मण्डला 5 मई 2022
पशुपालन एवं डेयरी, सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग म.प्र. शासन भोपाल मंत्री प्रेमसिंह पटेल का 7 मई 2022 को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री प्रेमसिंह पटेल 7 मई को प्रातः 8 बजे जबलपुर से रामनगर के लिए प्रस्थान करेंगे तथा 10:30 बजे रामनगर पहुंचकर आदि उत्सव कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम के पश्चात पशुपालन एवं डेयरी, सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण मंत्री प्रेमसिंह पटेल कान्हा नेशनल पार्क के लिए प्रस्थान करेंगे तथा सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे।
पशुपालन एवं डेयरी, सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग मंत्री श्री प्रेमसिंह पटेल 8 मई को प्रातः 10 बजे कान्हा नेशनल पार्क से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
अब तक 15521 कृषकों ने कराया स्लॉट बुकिंग, 5264 को भेजे गए एसएमएस
मण्डला 5 मई 2022
रबी विपणन वर्ष 2022-23 के लिए जिले में गेहूं विक्रय के लिए 53 केन्द्र बनाये गए हैं। इन केन्द्रों पर 15521 कृषकों द्वारा स्लॉट बुकिंग कराया गया है एवं जिन कृषकों के द्वारा स्लॉट बुकिंग नहीं कराया गया था, इन कृषकों में से शासन स्तर से 5264 कृषकों को गेहूं विक्रय हेतु एस.एम.एस. भेजे गए हैं। इनमें से 7358 कृषकों के द्वारा जिले के उपार्जन केन्द्रों में 301549.49 क्विंटल गेहूं की उपज का विक्रय किया गया है। जिला आपूर्ति अधिकारी ने सभी कृषकों से अनुरोध किया है कि कृषक उपार्जन केन्द्र में उपार्जन साफ-सुथरी एवं एफ.ए.क्यू. मापदण्ड के अनुरूप तैयार करके ही लाएं।
