Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक संपन्न कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाईन सहित महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर दिए निर्देश  

मण्डला 23 मई 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने नियमित समय-सीमा बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों को प्रतिदिन प्राथमिकता से निराकरण करें। उन्होंने जिले की रैंकिंग से नाराजगी जाहिर करते हुए इसको बेहतर बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने समाधान कार्यक्रम के संबंध में चर्चा करते हुए इससे संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि समाधान के प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने समाधान से संबंधित विभागों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सभी नगरीय निकायों के समाधान प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि बारिश के पूर्व नाले आदि की साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई से संबंधित सीएम हेल्पलाइन एवं समाधान के प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने संबंधित विभागों की शिकायतवार समीक्षा की। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि शत-प्रतिशत जायद फसल गिरदावरी का कार्य पूरा करें। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों में राजस्व विभाग के निराशाजनक प्रदर्शन पर गंभीर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण के साथ-साथ आमजनों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बरतें। उन्होंने कहा कि आमजनों की शिकायतों को सम्मानपूर्वक सुनें एवं उनका प्राथमिकता से निराकरण करें। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि मैदानी भ्रमण के दौरान जल जीवन मिशन के कार्यों का निराकरण सुनिश्चित करें। श्रीमती सिंह ने प्रधानमंत्री आवास के संबंध में चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास के अपात्र लोगों को तत्काल हटाएं। ऐसे व्यक्ति जिन्होंने अपात्र लोगों को लाभ दिया है उन पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने बैठक में अनुपस्थित रोजगार अधिकारी तथा तहसीलदार बिछिया को अवैतनिक करने के निर्देश दिए।

कल जनसुनवाई में करें सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का निराकरण

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बैठक में कहा कि कल जनसुनवाई में राजस्व अधिकारी अपने मैदानी अमले के साथ सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को प्राथमिकता से निराकरण करने के उद्देश्य से जनसुनवाई आयोजित करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सुनते हुए उनका प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करेंगे। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि उनके क्षेत्र में अवैध माइनिंग पर नजर रखें। उन्होंने माईनिंग अधिकारी को निर्देशित किया कि नदियों में अवैध उत्खनन की कार्यवाही को सख्ती से रोकें। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बताया कि संबल योजना के तहत विगत वर्ष किये गये आवेदनों को पुनः करें। उन्होंने कहा कि यह आवेदन लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से किए जा सकते हैं।

 

शत प्रतिशत दिव्यांगजनों को जारी करें पात्रतापर्ची

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सभी सीईओ जनपद, सीएमओ नगरपालिका तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ’दिव्यांग उत्कर्ष’ अभियान के तहत घर-घर में दिव्यांगजनों का उनकी पात्रता अनुसार सर्वे कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शत प्रतिशत दिव्यांगजनों को पात्रतापर्ची का वितरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि 28 मई को दिव्यांगजनों को लाभ वितरण करने के लिए जनपद एवं निकाय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करें। इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को भी बुलाया जाए। उन्होंने बताया कि 1 जून को जिले के दिव्यांगों को निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण देने के लिए कार्यक्रम प्रारंभ हो रहा है। इसी प्रकार दिव्यांगजनों के लिए वोकेशनल ट्रेनिंग, स्पोकन इंग्लिश तथा ब्यूटी पार्लर से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम भी होंगे।

 

5 जून को होगा वृक्षारोपण कार्यक्रम

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने समय-सीमा बैठक में संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिलेभर में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण का कार्यक्रम किया जाएगा। उन्होंने सीईओ जिला पंचायत को निर्देशित किया कि आजादी के अमृत महोत्सव की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर 75 स्थानों को चिन्हित करते हुए वृक्षारोपण का कार्य सुनिश्चित करें। इसी प्रकार सभी जनपद तथा नगरीय निकायों में वृक्षारोपण संबंधी कार्यक्रम आयोजित करें। उन्होंने कहा कि जिलेवासी भी इस वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लें तथा अंकुर योजना के तहत पोर्टल में वृक्षारोपण की अपनी फोटो अपलोड कराएं।

 

सभी घाटों में करें चैंजिंग रूम की व्यवस्था

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बैठक में निर्देशित किया कि नर्मदा जी के सभी घाटों में चैंजिंग रूम की व्यवस्था बनाएं। उन्होंने कहा कि घाटों पर वृक्षारोपण के लिए भी स्थान चिह्नित करें। बैठक में उन्होंने नाबार्ड के तहत कोदो-कुटकी के संवर्धन, प्रसंस्करण और मार्केटिंग से संबंधित जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को कोदो-कुटकी के प्रोत्साहन, कलेक्शन, प्रमोशन, मार्केटिंग तथा ब्रांडिंग के संबंध में जरूरी निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने अमृत सरोवर के कार्यों की भी समीक्षा की। इसी प्रकार पीडीएस वितरण, एनआरसी, मातृ स्वास्थ्य, वैक्सीनेशन, उद्यम क्रांति योजना तथा विभागीय समन्वय के विषय पर चर्चा की गई।

 

पट्टा वितरण के लिए लगाएं विशेष कैम्प

 

कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि पट्टा वितरण के लिए विशेष कैंप आयोजित करें। उन्होंने कहा कि इस कैंप में पट्टा के लिए जरूरतमंद आवेदकों से आवेदन प्राप्त करें तथा उनका परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करें। श्रीमती सिंह ने प्रारूप ख से संबंधित सर्वे कराने के भी निर्देश दिए। इसी प्रकार इस विशेष कैंप में पीएम किसान के तहत एफआरए के संबंध में भी जरूरी कार्यवाही करें। कलेक्टर ने कहा कि विशेष कैंप के संबंध में मुनादी कराएं तथा स्थानीय स्तर पर प्रचार प्रसार करते हुए जरूरी कार्यवाही करें।

 

खिलौना संग्रहण के लिए वार्डवार गाड़ी लगाएँ

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए खिलौना एकत्रीकरण के संबंध में 25 मई से अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी सीईओ जनपद तथा नगरीय निकाय के सीएमओ को निर्देशित किया कि वार्डवार खिलौना एकत्र करने गाड़ी लगाएं। कलेक्टर ने जिलेवासियों से भी अपील की है कि खिलौना एकत्र करने संबंधी अभियान में अपने घर के खिलौने बच्चों के लिए भेंट करें। उन्होंने कहा कि आनंदम में भी खिलौना एकत्रीकरण के लिए व्यवस्था बनाएं।

Related posts

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 6 अप्रैल 2022

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज मुखय समाचार मंडला 27 मई 2024

Reva India News

104 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुए

Reva India News

Leave a Comment