Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 27 जुलाई 2022

केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल का स्थापना दिवस कार्यक्रम हुआ संपन्न

कलेक्टर ने अधिकारियों को किया संबोधित

 

मण्डला 27 जुलाई 2022

केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल का 27 जुलाई को स्थापना दिवस था। स्थापना दिवस का आयोजन मुख्यालय स्थित 148 वाहिनी सीआरपीएफ कैम्प परिसर में किया गया। कलेक्टर हर्षिका सिंह मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुई। स्थापना दिवस के अवसर पर सीआरपीएफ जवानों ने सलामी दी। कलेक्टर ने सीआरपीएफ कैम्प परिसर में इस दौरान वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने बल के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सीआरपीएफ के जवानों द्वारा अपनी स्थापना के साथ ही कठिन परिस्थितियों एवं चुनौतियों में सेवाएं दी जा रही हैं। कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन के द्वारा जिले में सीआरपीएफ की तैनाती एवं अन्य प्रशासनिक सहयोग के लिए हरसंभव मदद की जाएगी। उन्होंने अपनी पदस्थापना के दौरान सीआरपीएफ के साथ अलग-अलग स्थानों के अनुभवों को साझा किया। उन्होंने स्थापना दिवस के अवसर पर उपस्थित अधिकारियों को शुभकामनाएं भी दी।

स्थापना दिवस के आयोजन के प्रारंभ में उपस्थित अधिकारियों द्वारा सीआरपीएफ गान की प्रस्तुति दी गई। केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के वाहिनी प्रमुख ने बल की स्थापना, उद्देश्य एवं उपलब्धियों के संबंध में जानकारी दी। कलेक्टर हर्षिका सिंह को सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कैम्प की व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर द्वितीय कमांड अधिकारी उत्तम बनर्जी एवं अमित मिश्रा, उप कमांडेंड अरूण कुमार सिंह, सूबेदार मेजर देवनारायण पटैल एवं 148 वाहिनी के समस्त कार्मिक उपस्थित रहे।

 

 

 

1 अगस्त से प्रारंभ होगा आधार डाटा संग्रहण का कार्य

राज्य निर्वाचन आयोग ने वीसी में दी जानकारी

 

मण्डला 27 जुलाई 2022

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 27 जुलाई को प्रदेश के सभी कलेक्टर्स की वीसी के माध्यम से बैठक ली गई। बैठक में राज्य निर्वाचन आयोग ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 अगस्त से मतदाता सूची में आधार नंबर संग्रहण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी जिला कलेक्टर अपने जिले में अधिक से अधिक लोगों के आधार डाटा संग्रहण का कार्य संपादित करें। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया वर्तमान में स्वेच्छिक है। आधार नंबर के अभाव में किसी का नाम मतदाता सूची से काटा नहीं जाएगा। आधार डाटा संग्रहण के लिए आयोग के निर्धारित फार्म-6बी में जानकारी दी जा सकती है। यह कार्य ऑनलाईन एवं ऑफलाईन दोनों माध्यमों से संपादित होगा। जिला एनआईसी कक्ष में कलेक्टर हर्षिका सिंह, एडीएम मीना मसराम एवं संबंधित उपस्थित थे।

राज्य निर्वाचन आयोग के पदाधिकारियों ने कहा कि सभी शासकीय कर्मचारी के भी अधिक से अधिक आधार डाटा संग्रहण किए जाएं। उन्होंने कहा कि मैदानी स्तर पर इस अभियान का व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार करें। मैदानी अमले के माध्यम से घर-घर तक इस अभियान की जानकारी प्रदान की जाए। उन्होंने आधार डाटा संग्रहण के लिए विशेष कैम्प लगाने के निर्देश भी दिए। आयोग के पदाधिकारियों ने आधार डाटा संग्रहण के लिए प्रदेश के लेकर जिला एवं पंचायत स्तर तक के लिए बनाई गई कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी।

 

मतदान आयु की गणना के लिए अब 4 तिथियाँ

 

राज्य निर्वाचन आयोग ने वीसी में बताया कि पूर्व में 1 जनवरी को मतदान के लिए आयु की गणना के लिए निर्धारित किया गया था, किन्तु अब भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई तथा 1 अक्टूबर को मतदान के लिए आयु की गणना की जाएगी। उन्होंने बताया कि मतदान आयु की गणना के लिए एक वर्ष में 4 तिथियों के निर्धारण से विशेषकर युवा मतदाताओं को लाभ होगा। कोई भी युवा मतदाता उक्त 4 तिथियों से पूर्व में यदि 18 वर्ष पूर्ण करने वाला है तो वह मतदाता सूची में शामिल होने के लिए अग्रिम रूप से आवेदन भी कर सकता है।

 

 

 

 

कलेक्टर ने की प्रीकॉशन डोज लगवाने की अपील

 

मण्डला 27 जुलाई 2022

कोविड के बढ़ते प्रकरणों को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी हर्षिका सिंह ने सभी पात्र आयुवर्ग के व्यक्तियों से कोविड वैक्सीनेशन कराने के लिए एक अपील वीडियो संदेश जारी किया है। वीडियो संदेश में श्रीमती सिंह ने कहा है कि कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रहने के लिए हम सभी को टीका लगवाना आवश्यक है। कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि ऐसे सभी लोग जिन्होंने 6 माह पहले कोविड के द्वितीय डोज लगाया हैं वे प्रीकॉशन डोज हेतु नजदीकी सेंटर पर जाकर प्रिकॉशन डोज लें। यदि कोई वृद्धजन है तो हेल्प सेंटर में जानकारी देकर वहां से घर पर ही वैक्सीनेशन करवा सकते हैं।

 

 

 

 

आज से 15 अगस्त तक चलेगा सघन वृक्षारोपण अभियान

कलेक्टर ने की जिलेवासियों से पेड़ लगाने की अपील

 

मण्डला 27 जुलाई 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार 28 जुलाई से 15 अगस्त तक प्रदेश के साथ-साथ मण्डला जिले में भी वृक्षारोपण के लिए सघन अभियान चलाया जायेगा। कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि मंडला जिले को हरा-भरा बनाए रखने के लिए इस बारिश के मौसम में अपने घर, आसपास या माँ नर्मदा के तट पर कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाएं। साथ ही वृक्षारोपण की फोटो अंकुर पोर्टल पर जरूर अपलोड करें। कलेक्टर ने कहा कि हम सब मिलकर जिले को हरा-भरा बनाने में अपना पूर्ण सहयोग दें।

 

 

 

कोविड वैक्सीनेशन महाभियान

कलेक्टर ने जीएनएम ट्रेनिंग सेंटर में लिया व्यवस्थाओं का जायजा

 

मण्डला 27 जुलाई 2022

प्रदेश के साथ-साथ जिले में भी कोविड वैक्सीनेशन का महाभियान 27 जुलाई 2022 से प्रारंभ हुआ। सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों एवं निर्धारित टीकाकरण केन्द्रों में कोविड के टीके लगाए गए। साथ ही ऐसे व्यक्ति जिन्होंने 6 माह पूर्व अपना द्वितीय डोज लगाया है उन्हें भी कोविड प्रीकॉशन डोज लगाया गया। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिला मुख्यालय के जीएनएम ट्रेनिंग सेंटर में कोविड वैक्सीनेशन महाभियान के तहत की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने उपलब्ध डोज एवं स्टॉफ के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने कोविड टीकाकरण एवं प्रीकॉशन डोज के लिए ट्रेनिंग सेंटर पहुंचे लोगों से चर्चा करते हुए उन्हें अपने आसपास के व्यक्तियों को भी टीकाकरण के लिए प्रेरित करने की बात कही।

 

 

 

आज नैनपुर में उज्ज्वल भारत-उज्ज्वल भविष्य कार्यक्रम

30 को झंकार भवन मंडला में

 

मण्डला 27 जुलाई 2022

’आजादी के अमृत महोत्सव’ के अंतर्गत 28 जुलाई को नैनपुर में ’उज्ज्वल भारत-उज्ज्वल भविष्य’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम प्रातः 11 बजे से नैनपुर के सामुदायिक भवन में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में देश एवं प्रदेश के विद्युत की उत्पादन क्षमता में बढ़ोतरी संचारण लाईनों का निर्माण घर-घर बिजली पहुँचाने, विद्युतीकरण को सुदृढ़ बनाने 24 घंटे विद्युत प्रदाय गैर पारंपरिक ऊर्जा क्षेत्र में रिकार्ड बढ़ोतरी ऐसे कई कार्यों के बारे में विडियो फिल्म के माध्यम से बताया जाएगा। नैनपुर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक देवसिंह सैयाम मुख्य अतिथि होंगे एवं नगर परिषद नैनपुर के जनप्रतिनिधि एवं समस्तगण विशिष्ट अतिथि शामिल होगें।

30 जुलाई को झंकार भवन मण्डला में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में देश एवं प्रदेश में विद्युत साथ ही नुक्कड़-नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उपभोक्ता अधिकारों के बारे में बताया जाएगा। मण्डला में आयोजित कार्यक्रम में सांसद एवं केन्द्रीय मंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम का आयोजन एन.टी.पी.सी. गाडरवाड़ा द्वारा म.प्र.वि.म. एवं स्थानीय जिला प्रशासन के सहयोग से किया जा रहा है।

 

 

पशुपालकों को दिलाई गई शपथ

 

मण्डला 27 जुलाई 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार पशुपालकों की मीटिंग आयोजित की गई। उप संचालक पशु चिकित्सा एवं नगर पालिका मंडला की उपस्थिति में नगरपालिका सभागार में मीटिंग आयोजित की गई। मीटिंग में पशुपालकों को अपने पशुओं को बाहर न छोड़ने की हिदायत दी गई। पशुपालकों को नियमों की जानकारी प्रदान की गई तथा उल्लंघन करने पर सीआरपीसी की धारा 133 के तहत दंडात्मक कार्यवाही एवम अन्य कानूनी प्रावधानों पर समुचित कार्यवाही की जाने के बारे में बताया गया। टाऊनहॉल में उपस्थित पशुपालकों को गौमाता एवं जन सामान्य की जीवन की सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई।

 

 

 

 

रामनगर एवं चंदवारा में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना पंजीकरण कैंप आयोजित

 

मण्डला 27 जुलाई 2022

अधीक्षक डाकघर से प्राप्त जानकारी के अनुसार रामनगर एवं चंदवारा ग्राम पंचायत भवन में भारतीय डाक विभाग द्वारा 27 जुलाई 2022 को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत पंजीकरण कैंप आयोजित कर 30 से ज्यादा किसानों के पंजीयन किए गए। अधीक्षक डाकघर मंडला संभाग मंडला ने बताया कि 31 जुलाई 2022 तक मंडला एवं डिंडोरी जिले के सभी डाकघरों, पंचायतों में सीएससी के माध्यम से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत पंजीकरण का कार्य किया जायेगा। किसानों को बीमा कराने के लिए अनिवार्य दस्तावेज में आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, बैंक पासबुक, खसरा बी1, खसरा वाइज बोई गई फसल का प्रमाणित बुआई प्रमाण पत्र, किरायेदार किसान के लिए किरायेनामा का शपथ पत्र है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं के कारण किसानों और उनके परिवारों को फसल के नुकसान का मुआवजा और साथ ही सुरक्षा प्रदान करना है। इसके तहत बुआई से पहले से लेकर कटाई के बाद तक फसल को सुरक्षा प्रदान की जाती है। अधीक्षक डाकघर मंडला ने मंडला व डिंडोरी जिले के सभी पात्र किसानों से अपील की है कि 31 जुलाई 2022 से पूर्व प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत पंजीकरण करवाकर शासन की इस सुविधा का लाभ लें।

 

 

 

 

 

आधार डाटा संग्रहण के संबंध में बैठक 1 को

 

मण्डला 27 जुलाई 2022

अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त अध्यक्ष सर्व मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को सूचित किया है कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी भोपाल के निर्देशानुसार मतदाता सूची में आधार संग्रहण 1 अगस्त से प्रारंभ किया जा रहा है। इस संबंध में जिला योजना भवन में 1 अगस्त को शाम 4 बजे बैठक का आयोजन किया गया है। उन्होंने सभी संबंधितों को बैठक में उपस्थित रहने का आग्रह किया है।

 

 

 

 

 

पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में एकलव्य योजनांतर्गत निःशुल्क प्रवेश

 

मण्डला 27 जुलाई 2022

प्राचार्य शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय मण्डला में म0प्र0 शासन की अनुसूचित जनजाति की छात्राओं के लिए अति महत्वाकांक्षी एकलव्य योजना संचालित है। इसके अंतर्गत तीन वर्षीय नियमित डिप्लोमा पाठ्यक्रम कम्प्यूटर साइंस इंजी, इलेक्ट्रॉनिक्स एण्ड टेलीकम्यूनिकेशन इंजी तथा इलेक्ट्रिकल इंजी में निःशुल्क प्रवेश प्रारंभ है। शासन द्वारा प्रवेश के लिए विस्तृत समय-सारणी जारी की जा चुकी है। प्रथम चरण की ऑनलाईन काउन्सलिंग के लिए 5 अगस्त से 16 अगस्त 2022 तक का समय निर्धारित किया है। किसी भी एमपीऑनलाईन क्यिोस्क में जाकर अपना पंजीयन करा सकती हैं। अतः ऐसे अनुसूचित जनजाति परिवार की छात्राएं जिनकी वार्षिक आय रू. 1.80 लाख से कम हो वे इस योजना का लाभ ले सकती हैं तथा जिनके परिवार की आय इससे अधिक है उन्हे प्रवेश हेतु शासन द्वारा निर्धारित फीस देय होगी। प्रवेश के लिए गणित एवं विज्ञान विषय में दसवीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।

 

 

 

 

 

जिला चिकित्सालय में 29 को श्रवण बाधित दिव्यांग शिविर

 

मण्डला 27 जुलाई 2022

सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक ने बताया कि जिला चिकित्सालय में 29 जुलाई 2022 को श्रवण बाधित दिव्यांगजनों की जांच एवं प्रमाण पत्र के लिए शिविर का आयोजन किया जायेगा। शिविर में डॉ. अमित अग्रवाल, ईएनटी विशेषज्ञ, जिला चिकित्सालय विक्टोरिया अस्पताल जबलपुर के द्वारा सेवायें प्रदाय की जायेंगी। शिविर में ऐसे दिव्यांगजन जिनके नवीन श्रवण बाधित दिव्यांगजन बनना है, पुराने प्रमाण पत्रों का नवीनीकरण होना है, वे आधार कार्ड, समग्र आई.डी. की छायाप्रति, दो पासपोर्ट साईज फोटो, पुराना दिव्यांग प्रमाण पत्र यदि उपलब्ध हो तो जिला चिकित्सालय मण्डला में 29 जुलाई 2022 को उपस्थित हों ताकि जांच उपरांत दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी की कार्यवाही की जा सके।

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 27 जुलाई 2022

जिले में इस वर्ष एक जून से 27 जुलाई के दौरान 542.8 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 467.9 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 74.9 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 जुलाई को मंडला में 52.2 मि.मी., नैनपुर में 51.5 मि.मी., बिछिया में 4 मि.मी., निवास में 56 मि.मी., घुघरी में 40 मि.मी. तथा नारायणगंज में 51.7 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 27 जुलाई को 42.5 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

मूंग एवं उड़द उपार्जन के लिए आज अंतिम तिथि

 

मण्डला 27 जुलाई 2022

म.प्र. शासन किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग मंत्रालय भोपाल के निर्देशानुसार वर्ष 2022 प्राईस सपोर्ट स्कीम योजनांतर्गत ई-उपार्जन पोर्टल पर ग्रीष्म कालीन फसल मूंग एवं उड़द के लिए जिले में 21 पंजीयन केन्द्र निर्धारित किए गए हैं जिनमें 18 जुलाई से 28 जुलाई 2022 तक पंजीयन की कार्यवाही की जाएगी। जानकारी के अनुसार लेम्स मानादेई, मानेगाँव, नारायणगंज, निवास, जामगांव, पिंडरई, बम्हनी, ककैया, डिठौरी, चिरईडोंगरी रेलवे, मोहगांव, मुनू, मलारा, अंजनिया, घुघरी, घुटास, बीजाडांडी एवं मवई तथा विपणन केन्द्र पड़ाव, नैनपुर मंडी एवं बिछिया मंडी में पंजीयन केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। साथ ही कृषकों की सुविधा की दृष्टि से समितियों के अतिरिक्त एमपी ऑनलाईन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर कियोस्क, लोकसेवा केन्द्र तथा निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साईबर कैफे पर भी पंजीयन की व्यवस्था की गई है। कृषक इन केन्द्रों पर जाकर समग्र सदस्य आईडी, आधार नंबर, आधार कार्ड में मोबाईल नंबर दर्ज के साथ, भू-अभिलेख में दर्ज खाते एवं खसरे में दर्ज नाम का मिलान आधार कार्ड में दर्ज नाम से अपना पंजीयन करा सकते हैं। शेष पंजीयन से संबंधित जानकारी पंजीयन केन्द्र में जाकर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

 

 

 

 

उद्यानिकी योजनाओं से कृषकों को जोड़ने पंजीयन अभियान

 

मण्डला 27 जुलाई 2022

सहायक संचालक उद्यान से प्राप्त जानकारी के अनुसार उद्यानिकी विभाग जिला मण्डला के अंतर्गत वर्ष 2022-23 में उद्यानिकी योजनाओं से कृषकों को जोड़ने हेतु उद्यानिकी पंजीयन अभियान चलाया जा रहा है। जो भी कृषक विभाग में संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ लेना चाहते हैं, वे विभागीय ऑनलाईन पोर्टल http://mpfsts.mp.gov.in पर जाकर पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन उपरांत लक्ष्य प्राप्त होने पर योजना जोड़कर लाभ प्राप्त कर सकते हैं। पंजीयन कराने के लिए आवश्यक दस्तावेजों में पासपोर्ट साईज फोटो, किश्तबंदी, बैंक पासबुक, आधार कार्ड, मोबाईल नंबर, जाति प्रमाण पत्र अधिक जानकारी के लिए विकासखण्ड स्तरीय वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी एवं जिला स्तर पर सहायक संचालक उद्यान मण्डला से कार्यालयीन समय पर संपर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

आर्थिक सहायता स्वीकृत

 

मण्डला 27 जुलाई 2022

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रामपायली निवासी सेजल श्याम की पानी में डूबने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मंडला द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

1 कोरोना केस मिला

 

मण्डला 27 जुलाई 2022

26 जुलाई 2022 की शाम 3 बजे से 27 जुलाई 2022 की शाम 3 बजे तक जिले में 1 नया कोरोना पॉजिटिव केस मिला है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार ज्वालाजी वार्ड महाराजपुर निवासी 50 वर्षीय पुरूष की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। संक्रमित को आईसोलेशन में रखा गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने का आव्हान किया है।

 

 

 

 

 

1 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुआ

 

मण्डला 27 जुलाई 2022

जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 26 जुलाई की शाम 3 बजे से 27 जुलाई की शाम 3 बजे तक जिले में 1 कोरोना मरीज ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

 

 

 

 

 

 

 

शालाओं में शतप्रतिशत उपस्थिति और गुणवत्तायुक्त शिक्षण सुनिश्चित करें – बी. चंद्रशेखर

वीडियो कॉन्फ्रेसिंग से संभाग आयुक्त ने ली समीक्षा बैठक

 

मण्डला 27 जुलाई 2022

जबलपुर संभाग आयुक्त बी. चंद्रशेखर ने संभाग के सभी जिलों की नियमित समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। कमिश्नर श्री चंद्रशेखर ने निर्देशित किया कि शालाओं में बच्चों की शतप्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए गुणवत्तायुक्त शिक्षण कराएं। शिक्षक समय पर शाला पहंुचकर अपनी क्षमता का बेहतर उपयोग करें। विभागीय अधिकारी शालाओं की सतत मॉनीटरिंग करें। शैक्षणिक कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाह अधिकारी कर्मचारियों को निलंबित करने के बजाय उनकी वेतनवृद्धि रोकें। उन्होंने कहा कि शाला भवनों का समुचित रख-रखाव करें। जर्जर भवनों में शाला संचालित न की जाएं। एनआईसी कक्ष में कलेक्टर हर्षिका सिंह, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड तथा एडीएम मीना मसराम सहित संबंधित उपस्थित थे।

संभाग आयुक्त बी. चंद्रशेखर ने जिलेवार अमृत सरोवरों के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवरों का कार्य जल्द पूरा करें। कमिश्नर श्री चंद्रशेखर ने बारिश के दौरान वृक्षारोपण के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सभी कलेक्टर्स से वृक्षारोपण के लिए चिन्हित स्थलों के बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि बारिश में सघन एवं प्रभावी वृक्षारोपण के लिए रणनीति बनाएं। वृक्षारोपण के लिए 2 फुट लम्बा, 2 चौंड़ा तथा 2 फुट गहरा गड्ढा करें। उन्होंने अब तक किए गए वृक्षारोपण कार्य की आंकड़ेवार जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि रौपे गए पौधों की सुरक्षा एवं देखभाल की व्यवस्था भी करें। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जानकारी दी कि जिले में वृक्षों के रोपण तथा संरक्षण के लिए स्व-सहायता समूह के सदस्यों का भी सहयोग लिया जा रहा है। वृक्षारोपण के लिए संबंधित अमले को प्रशिक्षित किया जा रहा है। श्रीमती सिंह ने वृक्षारोपण के महाभियान के तैयारियों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी। संभाग आयुक्त ने विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र बनाए जाने के अभियान की प्रगति की समीक्षा के दौरान मंडला जिले में किए गए कार्यों की सराहना की।

बैठक में कमिश्नर ने बाढ़ आपदा नियंत्रण की तैयारियों, स्वामित्व योजना की प्रगति, शालाओं एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में विद्युत तथा जल कनेक्शन की जानकारी ली एवं आवश्यक निर्देश दिए।

 

 

 

 

मोहगाँव, घुघरी एवं मवई के ग्रामों में आयोजित किए जा रहे मलेरिया कैम्प

 

मण्डला 27 जुलाई 2022

जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि संचालनालय स्वास्थ्य सेवाऐं मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत प्रत्येक मलेरिया संभावित रोगियों, अलाक्षणिक, एसिप्टोमेटिक, छूटे, छुपे हुए संभावित रोगियों की खोज, जाँच एवं जाँच उपरांत पॉजिटिव पाये गये रोगी को पूर्ण उपचार सुनिश्चित कराकर मलेरिया के संक्रमण को समाप्त करने तथा मलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मलेरिया मास सर्वेलेंस कार्य, केम्प आयोजित किए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार जिले के मलेरिया प्रभावित चयनित विकासखण्ड मोहगाँव के उप स्वास्थ्य केन्द्र ठेभा के समस्त ग्राम, विकासखण्ड घुघरी के उप स्वाथ्य केन्द्र गोरखपुर के समस्त ग्राम एवं विकासखण्ड मवई के उप स्वास्थ्य केन्द्र चंदगांव, छपरतला के समस्त ग्रामों में 23 जुलाई 2022 से 2 अगस्त 2022 तक मलेरिया मास सर्वेलेंस कार्य, केम्प आयोजित किया जा रहा है। 26 जुलाई 2022 तक मास सर्वेलेंस कार्य, केम्प में कुल 1560 लोगों की मलेरिया जांच की गई, जिसमें मलेरिया रोगी की संख्या निरंक पाई गई। कोई भी बुखार मलेरिया हो सकता है। अतः बुखार आने पर तुरंत खून की जांच कराएं और अगर जांच में मलेरिया पॉजीटिव निकलता है तो चिकित्सक, आशा, हेल्थ वर्कर द्वारा दिये गए पूर्ण उपचार लें। उक्त ग्रामवासियों से अपील की जाती है कि मास सर्वेलेंस कार्य, केम्प में खून की जांच कराएं एवं मलेरिया नियंत्रण, उन्मूलन में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

 

 

Related posts

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 4 अगस्त 2023

Reva India News

जल गंगा संवर्धन अभियान – जिलहरी घाट में की गई साफ-सफाई मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम अंतर्गत अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने किया श्रमदान

Reva India News

मंडला में फसल विविधीकरण को मिल रहा बढ़ावा, किसानों को वितरित किए गए मूंगफली व तिल के बीज

Reva India News

Leave a Comment