Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 17 अगस्त 2022

कलेक्टर ने की आदिवासी विकास विभाग की समीक्षा

 

मण्डला 17 अगस्त 2022

          कलेक्टर हर्षिका सिंह ने आदिवासी विकास विभाग की विस्तृत समीक्षा की। उन्होने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास से आदिवासी विभाग के अंतर्गत संचालित होने वाले आश्रमों, छात्रावासों तथा स्कूलों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। श्रीमति सिंह ने कहा कि पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही साफ-सफाई एवं बच्चों के सोने के लिए तकिए, बिस्तर की कमी ना हो। कलेक्टर ने छात्रावासों, महाविद्यालयीन छात्रावास, एडमिशन प्रक्रिया को पूर्ण करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने छात्रवृत्ति के बारे विस्तार से चर्चा की एवं आवश्यक निर्देश दिए। उन्होने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्त छात्रावासों में एलईडी बल्ब लगाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने आदिवासी विभाग द्वारा अनुसूचित जाति, जनजाति, अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत दी गई सहायता के बारे में पूछा। उन्होंने इस संबंध में दिए जाने वाले मुआवजे तथा अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित प्रकरणों की जानकारी भी ली। श्रीमती सिंह ने कहा कि अधिनियम के अंतर्गत दी जाने वाली सहायता के प्रकरण का तत्काल निपटारा करें। पात्र हितग्राही को तत्काल लाभ देना सुनिश्चित करें। साथ ही सामुदायिक अधिकार के लिए समुदाय का गठन  भी करें।

कलेक्टर श्रीमति सिंह ने अनुसूचित जाति प्रतिभा प्रोत्साहन योजना की विस्तृत समीक्षा की। उन्होने सभी बच्चों को लाभ देने के निर्देश भी दिए। श्रीमति सिंह ने अनुसूचित जाति छात्रावास की भी जानकारी ली। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि फलदार पोधे लगाएं एवं वृक्षारोपण की कार्यवाही भी करें। साथ ही अकुंर पोर्टल में वृक्षारोपण की फोटो भी अपलोड करने के निर्देश दिए। श्रीमति सिंह ने कहा कि घर-घर जाकर बैगा महिला का सर्वे करें। साथ ही लाभ देना सुनिश्चित करें। उन्होने आवास पटटा की विस्तृत समीक्षा की एवं आवश्यक निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने स्वीकृत हुए कम्युनिटी भवन का काम शुरू करने के निर्देश दिए। बैठक में एसी टाईबल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

राज्य निर्वाचन आयोग ने वीसी में दिए निर्देश

 

मण्डला 17 अगस्त 2022

          राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 17 अगस्त को प्रदेश के सभी कलेक्टर्स एवं कमिश्नर्स की वीसी के माध्यम से बैठक ली गई। बैठक में राज्य निर्वाचन आयोग ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 अगस्त से मतदाता सूची में आधार नंबर संग्रहण का कार्य प्रारंभ किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी जिला कलेक्टर अपने जिले में अधिक से अधिक लोगों के आधार डाटा संग्रहण का कार्य संपादित करें। आधार डाटा संग्रहण के लिए आयोग के निर्धारित फार्म-6बी में जानकारी दी जा सकती है। जिला एनआईसी कक्ष में कलेक्टर हर्षिका सिंह सहित संबंधित उपस्थित थे।

राज्य निर्वाचन आयोग के पदाधिकारियों ने कहा कि सभी शासकीय कर्मचारी के भी अधिक से अधिक आधार डाटा संग्रहण किए जाएं। उन्होंने कहा कि मैदानी स्तर पर इस अभियान का व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार करें। मैदानी अमले के माध्यम से घर-घर तक इस अभियान की जानकारी प्रदान की जाए। साथ ही कॉलेजों में शिविर आयोजित कर विद्यार्थियों को आधार डाटा संग्रहण संबंधी जानकारी प्रदान करें तथा राजनैतिक दलों से भी चर्चा करें। उन्होंने कहा कि वोटर हेल्पलाईन ऐप्स का प्रचार-प्रसार करें तथा नए तरीके से आधार डाटा संग्रहण का कार्य करें। साथ ही कलेक्टर को बीएलओ की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

सद्भावना दिवस की शपथ 18 को

 

मण्डला 17 अगस्त 2022

          कार्यालय कलेक्टर से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रतिवर्ष 20 अगस्त को सद्भावना दिवस मनाया जाता है। शासन के निर्देशानुसार इस वर्ष 20 अगस्त को शासकीय अवकाश होने के कारण 18 अगस्त 2022 को सद्भावना दिवस में शपथ दिलाई जायेगी। संयुक्त कलेक्टर ने 18 अगस्त 2022 को प्रातः 11 बजे सभी शासकीय कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सदभावना दिवस की प्रतिज्ञा दिलाने के निर्देश दिए हैं।

 

 

 

 

डी.पी.टी., टी.डी. अभियान 31 तक

 

मण्डला 17 अगस्त 2022

          मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि 16 अगस्त से डी.पी.टी., टी.डी. अभियान प्रारंभ हो गया है, यह अभियान 31 अगस्त तक चलेगा। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की टीम मंगलवार शुक्रवार एवं अवकाश के दिनों को छोड़कर कार्ययोजना अनुसार स्कूलों में जाकर बच्चों को डी.पी.टी., टी.डी. का वैक्सीनेशन करेंगे। 5 वर्ष, 10 वर्ष, 16 वर्ष के बालक-बालिकाओं को अडल्ट डिप्थीरिया की बीमारी से बचाव हेतु टीकाकरण किया जायेगा। स्कूल के बच्चों का टीकाकरण होने के बाद शाला त्यागी बच्चों का टीकाकरण किया जायेगा। उन्होंने बताया कि ये टीके सुरक्षित, लाभकारी एवं दर्द रहित हैं। टीके लाइलाज बीमारियों के विरूद्ध लगाये जाते हैं। पालकगण निश्चित दिन, समय एवं स्थान पर अपने 5, 10 एवं 16 साल के बच्चों को निर्धारित टीकाकरण सत्र स्थल पर भिजवायें एवं टीका लगवाकर बीमारियों से बचायें। विभागीय अधिकारी, कर्मचारियों को सत्र स्थल पर पहुंचकर एसएस ऐप के माध्यम से मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए गए। 16 अगस्त 2022 को जिले में 5 वर्ष के बालक-बालिकाओं को डी.पी.टी. के 1383 बालक एवं 1448 बालिकाएं इस प्रकार कुल 2831 टीके लगाए गए। इसी प्रकार 10 वर्ष के बालक-बालिकाओं को टी.डी. के बालक 1186 तथा बालिकाएं 1310 इस प्रकार कुल 2496 टीके तथा 16 वर्ष के 879 बालक एवं 1090 बालिकाओं कुल 1969 टीके लगाए गए हैं।

 

 

 

 

 

1 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुआ

 

मण्डला 17 अगस्त 2022

          जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 16 अगस्त की शाम 3 बजे से 17 अगस्त की शाम 3 बजे तक जिले में 1 कोरोना मरीज ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

 

 

 

 

 

2 कोरोना केस मिले

 

मण्डला 17 अगस्त 2022

           16 अगस्त 2022 की शाम 3 बजे से 17 अगस्त 2022 की शाम 3 बजे तक जिले में 2 नये कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार मेढा निवासी 40 वर्षीय महिला तथा मवई निवासी 15 वर्षीय बालक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। संक्रमित को आईसोलेशन में रखा गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने का आव्हान किया है।

 

 

 

पात्र परिवार नवीन पात्रता पर्ची के लिए कराएं सत्यापन

 

मण्डला 17 अगस्त 2022

          जिला आपूर्ति अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार ’आजादी का अमृत महोत्सव’ अंतर्गत खाद्य सुरक्षा के लाभ से छूटे पात्र परिवारों के सदस्यों को स्थानीय निकायों के अमले के माध्यम से विशेष अभियान चलाकर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 अंतर्गत अधिसूचित 27 प्राथमिकता परिवार श्रेणी में लाभान्वित करने हेतु निर्धारित प्रक्रिया अनुसार सम्मिलित किया जाना है। सभी पात्र परिवार नवीन पात्रता पर्ची जारी कराने हेतु परिवार के पात्रता संबंधी आवश्यक दस्तावेज लेकर अपने ग्राम पंचायत, नगरपालिका, नगरपरिषद् कार्यालय में जाकर अपने परिवार का सत्यापन करा सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

निःशुल्क गैस कनेक्शन के लिए आवेदन 31 अगस्त तक

 

मण्डला 17 अगस्त 2022

          शासन के निर्देशानुसार सर्वसाधारण को सूचित किया जाता है कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना-2 अंतर्गत निःशुल्क नवीन गैस कनेक्शन जारी किए जाएंगे। पात्र परिवार आवश्यक दस्तावेज जैसे- राशन कार्ड, परिवार के सभी सदस्य के आधार कार्ड, समग्र आईडी, मोबाईल नंबर आदि के साथ प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना-2 अंतर्गत निःशुल्क नवीन गैस कनेक्शन प्राप्त करने के लिए 31 अगस्त 2022 तक अपने समीपस्थ गैस एजेंसी में जाकर आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 17 अगस्त 2022

जिले में इस वर्ष एक जून से 17 अगस्त के दौरान 940.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 608.8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 331.6 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 अगस्त को नैनपुर में 1 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 17 अगस्त को 0.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

आर्थिक सहायता स्वीकृत

 

मण्डला 17 अगस्त 2022

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम देवगाँव माल निवासी उमराव पिता कलेसिंह के मकान में आग लगने के कारण 80 प्रतिशत जलकर नष्ट हो गया है जिसकी क्षति का आंकलन लगभग 88 हजार 200 रूपए दर्शाया गया है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा पीड़ित आवेदक को कुल 88 हजार 200 रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

कलेक्टर ने ली राजस्व अधिकारियों की बैठक

 

मण्डला 17 अगस्त 2022

            कलेक्टर हर्षिका सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से राजस्व अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने भूमि आवंटन की ब्लॉकवार समीक्षा की एवं आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्वामित्व योजना की समीक्षा के दौरान रविवार तक शतप्रतिशत भौतिक सत्यापन गंभीरतापूर्वक करने के निर्देश दिए। उन्होंने एआरओ फीडिंग की भी विस्तृत समीक्षा की एवं जरूरी निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि ड्रोन फ्लाई सर्वे को 5 सितम्बर 2022 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करें। आधार डाटा संग्रहण की भी समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में समस्त एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित संबंधित उपस्थित थे।

Related posts

जनसुनवाई में सुनी गई 31 आवेदकों की समस्याएँ

Reva India News

सीताराम महिला आजीविका ग्राम संगठन की महिलाओं ने किया प्लास्टिक कचरा संग्रहण स्वच्छता ही सेवा अभियान में महिलाओं ने बताया स्‍वच्‍छता का महत्‍व

Reva India News

जल जीवन मिशन अंतर्गत जल आपूर्ति योजना के संचालन और रख-रखाव पर दिल्ली में आयोजित हुई राष्ट्रीय कार्यशाला जिला पंचायत सीईओ श्री श्रेयांश कूमट हुए शामिल

Reva India News

Leave a Comment