कलेक्टर ने विद्यार्थियों को दिए परीक्षा में सफल होने के टिप्स
भीमडोंगरी हायर सेकेंडरी स्कूल का किया निरीक्षण
मण्डला 16 फरवरी 2023
कलेक्टर हर्षिका सिंह गुरुवार को मवई क्षेत्र के दौरे पर थी। इस दौरान उन्होंने भीमडोंगरी शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल निरीक्षण के दौरान प्राचार्य से स्कूल में सभी कक्षाओं के परीक्षाओं के पूर्व आयोजित किए जाने वाले टेस्ट एवं परिणामों के संबंध में विस्तृत चर्चा की। श्रीमती सिंह ने स्कूल में जारी टेस्ट परीक्षा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षा 9वी तथा 12वीं का निरीक्षण करते हुए सभी विद्यार्थियों को बेहतर परीक्षा परिणाम लाने के टिप्स दिए। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से कहा कि अपने कॉपी के पहले पन्ने में अपने सपने के बारे में लिखें, हर दिन उसे देखें तथा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित रहें। उन्होंने नवमीं तथा बारहवी के विद्यार्थियों को अंग्रेजी में बातचीत करने के लिए प्रेरित किया तथा उनके अंग्रेज़ी भाषा के स्तर का वार्तालाप कर परीक्षण भी किया। उन्हांेने विद्यार्थियों को अंग्रेजी ग्रामर की जानकारी दी। साथ ही करियर के संबंध में सलाह भी दी।

अर्थशास्त्र की ली क्लास
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने हायर सेकेंडरी स्कूल भीमडोंगरी के निरीक्षण के दौरान कक्षा बारहवी की अर्थशास्त्र विषय की क्लास ली। उन्होंने विद्यार्थियों को अर्थशास्त्र विषय की शब्दावली के बारे में पढ़ाया तथा जानकारी दी। उन्होंने बजट, मुद्रा, सीआरआर सहित अन्य शब्दावलियों पर बात की। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को अच्छा पढ़ने तथा आगामी परीक्षाओं में अच्छा परीक्षा परिणाम प्राप्त करने के लिए मोटीवेट किया।

मवई क्षेत्र के लालपुर में आयोजित हुई विकास यात्रा
जल कलश यात्रा निकाली गई
मण्डला 16 फरवरी 2023
मवई जनपद के अंतर्गत ग्राम पंचायत लालपुर में विकास यात्रा का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर हर्षिका सिंह, एसपी यशपाल सिंह राजपूत, पूर्व विधायक पंडित सिंह धुर्वे, जनपद अध्यक्ष मनीषा मरावी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभाग के अधिकारी तथा ग्रामीणजन उपस्थित थे। कार्यक्रम का प्रारंभ अतिथियों द्वारा सरस्वती पूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया। विकास यात्रा कार्यक्रम में लालपुर गाँव के इतिहास एवं विशेषता के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्थानीय जनप्रतिनियों ने विकास यात्रा कार्यक्रम के उद्देश्य बताये। इस दौरान अतिथियों ने विकास पुस्तिका का विमोचन किया। विकास कार्यों का लोकार्पण तथा भूमिपूजन किया गया। अतिथियों ने ग्राम लालपुर के प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थी का गृहप्रवेश भी कराया।
कलेक्टर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि विगत 2 सप्ताह से विकास यात्राएं जारी हैं। हर गाँव तक यात्रा पहुँच रही है। उन्होंने स्थानीय अमले को निर्देशित किया कि विकास यात्राओं के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं का चिन्हांकन गंभीरता से करें। उन्होंने पात्रता का परीक्षण करते हुए जनपद मवई की टीम को निराकरण के निर्देश दिये। श्रीमती सिंह ने कहा कि प्रत्येक गाँव एवं घर तक प्रशासन द्वारा पुनः सर्वे कराया जाएगा तथा पात्रतानुसार योजना का लाभ दिया जाएगा। कलेक्टर ने प्रभारी सीईओ जनपद को सर्वे और चिन्हांकन के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि मवई क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर करना है। उन्होंने उपस्थित अभिभावकों से आग्रह किया कि अपने बच्चों को स्कूल भेजें, परीक्षाएं नजदीक हैं। कलेक्टर ने विकास यात्रा कार्यक्रम में मवई क्षेत्र में आगामी दिनों में स्वरोजगार शुरू करने की योजना के बारे में बताया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मनरेगा के तहत अधिक से अधिक लोगों को काम दें। उन्होंने इस दौरान लाड़ली बहना योजना की जानकारी दी तथा कहा कि कोई भी पात्र महिला लाभ से ना छूटे। कलेक्टर ने कहा कि फेन नदी पर पुल की मांग का जिला प्रशासन द्वारा प्रस्ताव बनाकर जल्द शासन को भेजा जाएगा।
एसपी यशपाल सिंह राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीणजन यात्राओं में ज्यादा से ज्यादा भाग लें। विकास यात्रा के दौरान अपनी समस्याओं के आवेदन दें। उन्हांेने पुलिस विभाग द्वारा नक्सल क्षेत्र में चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। एसपी श्री राजपूत ने ग्रामीणों को पुलिस विभाग द्वारा संचालित विशेष सहयोगी दस्ता अभियान भर्ती के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि भीमडोंगरी में पुलिस सहयोग केंद्र स्थापना करने की योजना है। इस केन्द्र के माध्यम से स्थानीय ग्रामीणों एवं बच्चों को पढ़ाई, ड्राइविंग स्कूल और अन्य सहायता निःशुल्क प्रदान की जाएंगी। कार्यक्रम के अंत में हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किया गया। अतिथियों द्वारा ग्राम पंचायत लालपुर में पुस्तकालय का फीता काटकर शुभारंभ किया गया।
पूर्व विधायक पंडितसिंह धुर्वे ने कहा कि लोगों की समस्या का समाधान करना नितांत आवश्यक है, विकास यात्रा का यही उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि विकास यात्रा के दौरान पूर्ण कार्य का लोकार्पण एवं नए कार्यों का भूमिपूजन किया जा रहा है। साथ ही कल्याणकारी योजनाओं से अब तक वंचित हितग्राहियों को उनकी पात्रता अनुसार लाभ दिया जा रहा है। श्री धुर्वे ने कहा कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को लाभान्वित करना सरकार का उद्देश्य है। सांसद प्रतिनिधि नितिन राय ने कहा कि विकास यात्रा में ग्रामीणों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित रोटी, कपड़ा, मकान एवं स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाएँ सराहनीय हैं।

हर गांव, हर पंचायत में आयोजित हो रहीं विकास यात्राएं
मण्डला 16 फरवरी 2023
प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार प्रदेश के साथ-साथ जिले में भी विकास यात्राएं आयोजित हो रही हैं। 5 से 25 फरवरी तक आयोजित होने वाली विकास यात्राओं के क्रम में 16 फरवरी को मंडला जनपद के ग्राम पौंड़ी महाराजपुर, केहरपुर, पेटेगांव, मिलरूआ, भंवरदा सहित अलग-अलग गावों में विकास यात्रा कार्यक्रम आयोजित हुए। इस दौरान विधायक मंडला देवसिंह सैयाम सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। श्री सैयाम ने पात्र हितग्राहियों को हितलाभ बांटे।
इसी प्रकार गुरूवार को ग्राम पंचायत मझगांव में विकास यात्रा का आयोजन किया गया। विकास यात्रा के दौरान जल कलश यात्रा भी निकाली गई। बुधवार को ग्राम पंचायत भैंसवाही, ग्राम पंचायत ढुढवा, ग्राम पंचायत समनापुर, ग्राम पंचायत कटंगसिवनी, पोषक ग्राम पडरपानी, भरद्वार, मवई रैयत में विकास यात्रा का आयोजन किया गया। साथ ही साथ लोगों को जागरूक करने के लिए दीवार लेखन का कार्य भी किया जा रहा है।

72 दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण वितरित
मण्डला 16 फरवरी 2023
जिला कलेक्टर हर्षिका सिंह के मार्गदर्शन में एल्मिको के सहयोग से शाला में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण वितरित किया गया। जनपद शिक्षा केन्द्र मण्डला में उपकरण वितरण शिविर का आयोजन कर 72 बच्चों को सहायक उपकरण वितरित किये गये। कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, नगरपालिका उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा उपस्थित थे।
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा दिव्यांग बच्चों को व्हीलचेयर, एमएसआईडी किट, हियरिंग मशीन, ट्रायसाइकिल तथा क्रचेश इत्यादि का वितरण किया गया। एल्मिको से आये सहयोगियों ने उपकरण का उपयोग एवं रख-रखाव के विषय में पालकों को आवश्यक जानकारी दी एवं उपकरणों के सतत उपयोग हेतु प्रेरित किया। इस दौरान अल्पदृष्टिबाधित बच्चों की जाँच भी की गई।

19 फरवरी को वृहद पौधरोपण
कलेक्टर ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग में दिए निर्देश
मण्डला 16 फरवरी 2023
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रतिदिन पौधरोपण के कार्य के 2 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 19 फरवरी 2023 को वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेसिंग में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने 19 फरवरी को विकास यात्रा के दौरान चिन्हित स्थलों, अन्य सार्वजनिक स्थलों के साथ-साथ जिले के सभी शैक्षणिक संस्थाओं में भी पौधरोपण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि विकास यात्राओं के दौरान सामुदायिक रूप से पौधरोपण करें। इसी प्रकार प्रत्येक ग्राम पंचायत में सार्वजनिक स्थल का चयन कर उनमें 5-5 पौधे लगाएं। आमनागरिक भी अपनी सुविधा अनुसार पौधरोपण करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि 19 फरवरी को जिले की समस्त शासकीय, अशासकीय विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में भी पौधे लगाएं। आईटीआई, डिग्री कॉलेज, पॉलीटेक्निक सहित निजी कॉलेजों में भी पौधरोपण करें। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रधानमंत्री आवास परिसर तथा नर्मदा तटों पर भी पौधरोपण के लिए कार्ययोजना तैयार कर समुचित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करें। 19 फरवरी को लगाए गए पौधों की फोटो सहित जानकारी अंकुर पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करें। बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने पौधों की उपलब्धता तथा जिला स्तरीय कार्यक्रम के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड सहित संबंधित उपस्थित रहे।

भारतीय उन्नत नस्ल की दुधारू गाय हेतु पुरस्कार प्रतियोगिता
हर्ष वाजपेयी की गाय ने जीता 51 हजार रूपए का प्रथम पुरूस्कार
मण्डला 16 फरवरी 2023
मुख्यमंत्री पशुपालन विकास योजना अंतर्गत भारतीय उन्नत नस्ल की दुधारू गाय हेतु जिला स्तरीय पुरस्कार प्रतियोगिता का 15 फरवरी को आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जिले के चयनित पशुपालकों द्वारा भाग लिया गया। 3 समय के दुग्ध उत्पादन का आंकलन एवं गणना उपरांत प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पशुपालकों को कार्यक्रम में पुरूस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में हर्ष बाजपेयी पिता सतेन्द्र बाजपेयी ग्राम भवरदा वि.ख.-मण्डला की हरियाणा नस्ल की गाय ने 12.082 ली. प्रतिदिन दुग्ध उत्पादन देकर प्रथम स्थान 51 हजार रूपये का पुरस्कार प्राप्त किया। निलेश कुमार झारिया पिता डालचंद्र झारिया ग्राम देवरी वि.ख. नारायणगंज की गिर नस्ल की गाय ने 10.560 ली. प्रतिदिन दुग्ध उत्पादन देकर द्वितीय स्थान 21 हजार रूपये का इनाम जीता एवं अमृतलाल धनगर पिता स्व. चौबाराम धनगर ग्राम बम्हनी बंजर वि.खं. मण्डला की साहीवाल नस्ल की गाय ने 7.533 ली. प्रतिदिन दुग्ध उत्पादन देकर तृतीय स्थान 11 हजार रूपये का इनाम जीता।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, जिला गौपालन एवं गौसंवर्धन समिति उपाध्यक्ष दिलीप चंद्रौल द्वारा प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर पुरूस्कृत किया गया। उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग मण्डला एवं अधीनस्थ अमला पुरूस्कार प्रतियोगिता समारोह में उपस्थित रहा। जिला स्तरीय पुरस्कार उपरांत राज्य स्तरीय पुरस्कार का चयन राज्य स्तर पर संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा गठित समिति के द्वारा किया जायेगा। प्रत्येक जिले के परिणाम के आधार पर राज्य स्तरीय समिति द्वारा परीक्षण उपरांत भारतीय उन्नत नस्ल की दुधारू गायों की प्रतियोगिता के अंतर्गत अधिकतम दूध देने वाली गायों को क्रमशः प्रथम द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे। राज्य स्तरीय पुरस्कार के अंतर्गत प्रथम पुरस्कार- 2 लाख रूपए, द्वितीय पुरस्कार- 1 लाख रूपए तथा तृतीय पुरस्कार – 50 हजार रूपए है।

