Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 18 अगस्त 2022

राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

 

मण्डला 18 अगस्त 2022

            कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले के सभी राजस्व अधिकारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक ली। बैठक में उन्होंने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन के प्रकरणों की ब्लॉकवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रकरणों के निराकरण के साथ-साथ अपलोड करने की कार्यवाही प्राथमिकता से पूरा करें। कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि लक्ष्य के अनुरूप राजस्व की वसूली करें। राजस्व प्रकरणों के निराकरण के साथ-साथ सीएम हेल्पलाइन के 300 दिवस से अधिक के लंबित प्रकरण तथा समाधान के प्रकरणों का नियमित रुप से निराकरण सुनिश्चित करें। श्रीमति सिंह ने बैठक में मुख्यमंत्री भू-आवासीय अधिकार योजना की तहसीलवार समीक्षा की। उन्होंने तहसीलवार प्रगति की समीक्षा करते हुए भू-अधिकार योजना में विशेष प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की ई-केवाईसी पूर्ण करने के लिए विशेष शिविर आयोजित करें। ऑनलाईन डाटा अपलोड करें। श्रीमति सिंह ने कहा कि साक्षरता अभियान की कक्षाएं पूर्ववत जारी रखें। उन्होने स्वामित योजना की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में समस्त एसडीएम, समस्त तहसीलदार सहित संबंधित उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने दिलाई सद्भावना की शपथ

 

मण्डला 18 अगस्त 2022

            कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सद्भावना की शपथ दिलाई। उन्होंने सद्भावना शपथ के अंतर्गत शासकीय कर्मचारियों को जाति, सम्प्रदाय, क्षेत्र, धर्म अथवा भाषा का भेदभाव किए बिना सभी भारतवासियों की भावनात्मक एकता और सद्भावना के लिए कार्य करने एवं हिंसा का सहारा लिए बिना, सभी प्रकार के मतभेद, बातचीत और संवैधानिक माध्यमों से सुलझाने की शपथ दिलाई।

 

 

 

 

अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों बालक-बालिकाओं के लिए प्रोत्साहन योजना

 

मण्डला 18 अगस्त 2022

            राज्य शासन द्वारा प्रदेश में सभी विद्यालयों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों जो किसी भी विद्यालय में कक्षा बारहवी उत्तीर्ण होकर राष्ट्रीय प्रतियोगी परीक्षा आई.आई.टी., एम्स, एन.डी.ए. नीट मेडिकल, एन.आई.टी. क्लेट के माध्यम से एन.एल.आई.यू. एवं नीट से मान्यता चिकित्सा महाविद्यालयों में प्रवेश लेने पर अनुसूचित जनजाति हेतु प्रतिभा योजना एवं अनुसूचित जाति हेतु महर्षि वाल्मिकी प्रोत्साहन योजना की स्वीकृति प्रदान की गई है। उक्त योजनान्तर्गत अनुसूचित जाति, जनजाति वर्ग के होनहार बालक, बालिकाओं के लिये पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति निर्धारित आय सीमा पर राशि रूपये 50 हजार एवं रूपये 3 लाख से अधिक आय सीमा होने पर रूपये 25 हजार प्रोत्साहन राशि की पात्रता होगी। नीट से मेडिकल कॉलेज एवं जे.ई.ई. से एन.आई.टी. में प्रवेश लेने पर आय सीमा का बंधन नही है।

 

 

 

 

 

 

जनजातीय कला एवं संस्कृति को संजोए रखने कार्यशाला आयोजित

 

मण्डला 18 अगस्त 2022

            जिला पंचायत मण्डला के सभाकक्ष में संकल्प योजनान्तर्गत महात्मागांधी नेशनल फेलो कृति सिंघई के माध्यम से जिले के विभिन्न कलाकारों के लिये कार्यशाला आयोजित की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, उपाध्यक्ष कमलेश तेकाम, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड मण्डला के प्रबंधक एस.के. डेकाटे, संत रविदास म.प्र. हस्तशिल्प तथा हाथकरघा विकास निगम के प्रभारी अधिकारी आर.के. परस्ते, कलादीर्घा प्रबंधक सुधीर कांसकार, जिला पंचायत मण्डला से एस.एल. वरकडे एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

कार्यशाला में जनजातीय कला एवं संस्कृति को संजोए रखने के लिये एवं गोंडी आर्ट को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न सुझाव शिल्पियों द्वारा दिये गए ताकि गोंडी कलाओं के माध्यम से हमारी संस्कृति को जीवन्त रखा जा सके। आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुये पोस्ट कार्ड एवं ग्रीटिंग कार्ड के माध्यम से जनजातीय संस्कृति की कलाओं को शासकीय कार्यालयों एवं आमजनों तक पहुँचने का प्रयास किये जाये। गोंडी कलाकृति को शर्ट, रूमाल, कप, पोस्टकार्ड, फ्रिज मेगनेट, मटका इत्यादि के माध्यम से आम जनमानस तक पहुँचने के लिये कलाकारों को प्रोत्साहित किया गया। अनुपयोगी वस्तुओं का कलात्मक क्षेत्र में उपयोग पर चर्चा की गई। मेकरम कला को अधुनिक टच देने के लिये महिला कलाकारों को प्रोत्साहित किया गया एवं उन्हें शहरी चलन के हिसाब से डिजाईन के बारे में अवगत कराया गया। मार्केटिंग के संबध में चर्चा की गई एवं मार्केट चलन के अनुसार कलाकृति बनाने को प्रोत्साहित किया गया। इस कार्यशाला में आर्ट स्टार्टप फाउंडर्ज, सौम्या गुप्ता, मिमांशा बहादुर, प्राची वाधवानी एवं प्रियंका द्वारा भी ऑनलाइन कलाकारों से चर्चा की गई तथा अपने अनुभव साझा किये गये।

 

 

 

 

विशेष अभियान चलाकर बनाए जाएंगे पात्रता पर्ची

 

मण्डला 18 अगस्त 2022

            कार्यालय कलेक्टर से प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम अंतर्गत म.प्र. में कुल 5.46 करोड़ लोगों को पात्रता की सीमा रखी गई थी जिसमें से वर्तमान में 5.08 करोड़ हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है। इस प्रकार राज्य में वर्तमान में 38 लाख नवीन हितग्राहियों को जोड़कर लाभान्वित किया जा सकता है। इस तारतम्य में मण्डला जिले में कुल 237653 परिवारों के कुल 903539 हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है जो कि वर्तमान आबादी का लगभग 80 प्रतिशत है।

’आजादी का अमृत महोत्सव’ अंतर्गत जिन पात्र परिवारों को खाद्य सुरक्षा का लाभ प्राप्त नहीं हो रहा है, ऐसे छूटे हुए पात्र परिवारों के सदस्यों को स्थानीय निकायों के अमले के माध्यम से विशेष अभियान चलाकर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 अंतर्गत अधिसूचित 27 प्राथमिकता परिवार श्रेणी में लाभान्वित करने हेतु निर्धारित प्रक्रिया अनुसार सम्मिलित किये जाने की कार्यवाही अंतर्गत ग्राम पंचायत एवं वार्ड कार्यालय द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 अंतर्गत अधिसूचित 27 प्राथमिकता परिवार श्रेणियों के सदस्यों से संपर्क कर उन लाभार्थियों को चिन्हांकित करना, जो वर्तमान में एनएफएसए अंतर्गत किसी श्रेणी में लाभान्वित नहीं हो रहे हैं। स्थानीय निकाय के अमले द्वारा एम राशनमित्र पोर्टल पर नवीन पात्रता पर्ची जारी करने, सदस्यों को जोड़ने हेतु निर्धारित आवेदन में पोर्टल पर आधार नंबर, मोबाइल नंबर, पात्रता श्रेणी, वर्तमान पते तथा पात्रता श्रेणी संबंधी दस्तावेज अपलोड किए जाने। पंजीकृत लाभार्थी का आवेदन www.rationmitra.nic.in पोर्टल पर दर्ज कर स्थानीय निकाय के सक्षम अधिकारी को अग्रेषित करना। स्थानीय निकाय के अधिकारी द्वारा आवेदन का परीक्षण कर अनुशंसा कर खाद्य विभाग को अग्रेषित किया जाना। पोर्टल पर स्थानीय निकाय द्वारा अनुशंसित पंजीकृत लाभार्थियों की एएसओ, जेएसओ द्वारा स्वीकृति तथा उचित मूल्य दुकान से मैपिंग। एनआईसी भोपाल द्वारा जिले से प्राप्त डेटा को एनआईसी हैदराबाद के साथ शेयर कर पात्रता पर्ची जारी करना। पात्र परिवारों को जारी पात्रता पर्चियों को स्थानीय निकाय के माध्यम से जन प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वितरण कराया जाना। उक्त सम्पूर्ण कार्यक्रम समय-सीमा में किया जाना है। इस हेतु शासन के द्वारा समय-सारणी उपलब्ध कराई गई है। प्रत्येक सोमवार को होने वाली टी.एल. में उक्त कार्य की समीक्षा की जाएगी।

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 18 अगस्त 2022

            जिले में इस वर्ष एक जून से 18 अगस्त के दौरान 941.2 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 634.5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 306.7 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 अगस्त को निवास में 4 मि.मी. एवं नारायणगंज में 1.2 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 18 अगस्त को 0.8 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

आर्थिक सहायता स्वीकृत

 

मण्डला 18 अगस्त 2022

            प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम लावरमुड़िया निवासी अमर सिंह तेकाम पिता स्व. बलदेव तेकाम के मकान में आग लगने के कारण 90 प्रतिशत की क्षति का आंकलन किया गया है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा पीड़ित व्यक्ति को कुल 1 लाख 100 रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

6 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुए

 

मण्डला 18 अगस्त 2022

            जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 17 अगस्त की शाम 3 बजे से 18 अगस्त की शाम 3 बजे तक जिले में 6 कोरोना मरीज ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

 

 

 

 

प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रप्रारंभ करने योजना लागू

 

मण्डला 18 अगस्त 2022

            भारत सरकार के द्वारा देश में ’प्रधानमन्त्री भारतीय जन औषधि केंद्र’ प्रारम्भ किये जाने की योजना लागू की गई है ताकि देश के नागरिकों को सस्ती दवाएं सुलभता से उपलब्ध हो सके। यह योजना ब्यूरो ऑफ रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय भारत सरकार द्वारा लागू की गई है। जन औषधि योजना का प्रमुख उद्देश्य उच्च गुणवत्ता युक्त जेनेरिक औषधियां सस्ते मूल्य पर जनसामान्य को उपलब्ध कराना है एवं इस योजना के अंतर्गत प्रदेश के जो फार्मासिस्ट रोजगार विहीन हैं उन्हें भी रोजगार मिल रहा है। प्रधानमन्त्री भारतीय जन औषधि परियोजना के माध्यम से वर्तमान में लगभग 1400 दवाएं एवं 240 सर्जिकल आइटम्स बेहद सस्ते दामों में उपलब्ध कराये जा रहे हैं ताकि देश की मुख्यतः गरीब जनता को आसानी से उपलब्ध हो सके। इसी क्रम में मंडला जिले के विभिन्न ब्लॉकों में भी जन औषधि केंद्र खोला जाना है।

औषधि निरीक्षक शरद कुमार जैन मुख्यालय जबलपुर के द्वारा बताया गया है कि वर्तमान में मंडला जिले में दो ’प्रधानमन्त्री भारतीय जन औषधि केंद्र’ सुमित कुमार साहू के द्वारा बिंझिया तिराहा मंडला में तथा सुजान सिंह पटेल के द्वारा सिविल लाइन अंजनिया में संचालित किये जा रहे हैं जिनका लाभ लेकर आम जनता सस्ती जेनेरिक दवायें प्राप्त कर सकता है। जो भी व्यक्ति प्रधानमन्त्री भारतीय जन औषधि परियोजना के अंतर्गत केंद्र खोलना चाहता है वह इसकी विस्तृत जानकारी प्रधानमन्त्री भारतीय जन औषधि परियोजना की वेबसाइट http://janaushadhi.gov.in से प्राप्त कर सकता है। इस परियोजना की जानकारी टोल फ्री फ़ोन नं 18001808080; फ़ोन नं. 0124-4223074; मार्केटिंग ऑफिसर विवेक शर्मा के माध्यम से तथा कार्यालय उपसंचालक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन जिला मंडला से प्राप्त की जा सकती है।

 

 

 

 

राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग की बेंच का आयोजन

 

मण्डला 18 अगस्त 2022

            आजादी की 75वीं वर्षगांठ व अमृत महोत्सव के अवसर पर राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा बच्चों के अधिकारों के हनन संबंधित समस्याओं व शिकायत निवारण हेतु मण्डला जिले में 27 अगस्त 2022 दिन-शनिवार को योजना भवन में बैंच, कैम्प का आयोजन किया गया है। बच्चों के अधिकारों के हनन संबंधी समस्याओं, शिकायतों व मुद्दों को राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के समक्ष रख सकते हैं। इन समस्याओं का निराकरण संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा किया जायेगा। अधिक जानकारी के लिए 1098 या मोबाइल नं. 989305043 में संपर्क किया जा सकता है।

 

 

 

 

आपके द्वारा आयुष्मान 4.0 विशेष अभियान 31 अक्टूबर तक

 

मण्डला 18 अगस्त 2022

            मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार आयुष्मान भारत निरामयम योजनांतर्गत पात्र हितग्राहियों के परिवारों को 5 लाख रूपये प्रतिवर्ष निःशुल्क उपचार प्राप्त करने के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा कवच है। आयुष्मान कार्डधारक योजना के संबंध में शासकीय, निजी चिकित्सालयों में निःशुल्क उपचार का लाभ प्राप्त कर सकता है। आपके द्वारा आयुष्मान कार्ड 4.0 विशेष अभियान 15 अगस्त से 31 अक्टूबर 2022 तक चलेगा। आयुष्मान कार्ड के पात्र हितग्राही कॉमन सर्विस सेन्टर, ग्राम रोजगार सहायक सचिव, लोक स्वा. केन्द्र, जिला अस्पताल में भर्ती होने पर कार्ड बनाकर पी.व्ही.सी आयुष्मान कार्ड निःशुल्क प्राप्त करें।

 

 

 

 

 

 

ई-गवर्नेंस समिति की बैठक संपन्न

 

मण्डला 18 अगस्त 2022

            कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में ई-गवर्नेंस समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में उन्होंने जिले में इंटरनेट स्वाईन कनेक्टीविटी की समीक्षा के दौरान विभागों में अनावश्यक कनेक्शन हटाने के निर्देश दिए। साथ ही मवई में जनपद पंचायत तथा नायब तहसीलदार कार्यालय को मैनेज्ड इंटरनेट लीज्ड लाईन के माध्यम से कनेक्टिविटी प्रदान किए जाने एवं कार्यवाही का फॉलोअप लिए जाने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने बीएसएनएल के प्रतिनिधि को निर्देश दिए कि मवई-बिछिया क्षेत्र में स्वान कनेक्टिविटी निर्बाद्ध रूप से प्रदान करें। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि ड्रोन का जिला स्तर में विभिन्न कार्यों जैसे- कृषि, आपदा प्रबंधन तथा सुरक्षा आदि जैसे कार्यों में इस्तेमाल किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कलेक्ट्रेट के नकल शाखा एवं नजूल शाखा तथा जनसुनवाई के लिए मोबाईल एप्लीकेशन बनाने के निर्देश दिए ताकि हितग्राहियों को समय-सीमा में जानकारी उपलब्ध हो सके। श्रीमती सिंह ने आधार पंजीयन केन्द्रों की समीक्षा के दौरान जनपद स्तर एवं तहसील कार्यालयों में भी आधार पंजीयन केन्द्र चालू करने के निर्देश दिए। ई-गवर्नेंस सोसायटी के माध्यम से ई-दक्ष केन्द्र के माध्यम से जिले के युवाओं को कम्प्यूटर की बेसिक ट्रेनिंग देने के दिए निर्देश। उन्होंने कहा कि छोटे विभाग जिनमें पेपर वर्क कम है उन्हें ई-ऑफिस में संचालित करें तथा पायलेट प्रोजेक्ट के रूप में कार्य करें। बैठक में विपिन पांडे सहित संबंधित उपस्थित थे।

 

 

 

 

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री कुलस्ते का दौरा कार्यक्रम

 

मण्डला 18 अगस्त 2022

            केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते का 19 अगस्त 2022 को जिला मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 19 अगस्त 2022 को दोपहर 2 बजे घंसौर से मंडला के लिए प्रस्थान करेंगे तथा सायं 5 बजे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। श्री कुलस्ते दोपहर 3:30 बजे मंडला से प्रस्थान करेंगे तथा सायं 4 बजे नारायणगंज पहुंचकर जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर शौभायात्रा में सम्मिलित होंगे। वे सायं 7 बजे नारायणगंज से जेवरा के लिए प्रस्थान करेंगे एवं सायं 7:35 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।  केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते 20 अगस्त को प्रातः 10:45 बजे जेवरा से निवास के लिए रवाना होंगे तथा 11 बजे निवास पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। श्री कुलस्ते दोपहर 12 बजे जनपद पंचायत निवास में समीक्षा बैठक लेंगे तथा दोपहर 1 बजे निवास से प्रस्थान कर दोपहर 2 बजे मंडला पहुंचेंगे एवं संसदीय क्षेत्र के बुथ सशक्तिकरण संबंधी बैठक लेंगे। इसके बाद श्री कुलस्ते सायं 5 बजे मंडला से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

Related posts

एनसीसी स्थापना दिवस पर कला और जागरूकता का संगम चित्रकला, नुक्कड़ नाटक और व्याख्यान माला संपन्न

Reva India News

तीसरे दिन नामांकन की स्थिति रही निरंक  

Reva India News

मुख्य कार्यपालन अधिकारी घुघरी को सीएम हेल्पलाईन के निराकरण में 93.68 वेटेज स्कोर के लिए मिला प्रशस्ति पत्र  

Reva India News

Leave a Comment