Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 2 सितम्बर 2022

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में व्यवस्थाओं संबंधी वीसी संपन्न

 

मण्डला 2 सितम्बर 2022

मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग के एसीएस श्री राजेश राजोरा ने मंडला एवं बालाघाट की वीसी के माध्यम से बैठक ली। बैठक में उन्होंने बालाघाट एवं मंडला के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में निर्माण कार्यों की जानकारी ली। श्री राजोरा ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़क निर्माण, पुल-पुलियों के निर्माण के बारे में जानकारी लेते हुए जरूरी निर्देश दिए। जिला एनआईसी कक्ष में कलेक्टर हर्षिका सिंह, एसपी यशपाल सिंह राजपूत, एडीएम मीना मसराम, सहायक कलेक्टर अर्थ जैन, महाप्रबंधक पीएमजीएसवाई श्री गोटिया उपस्थित थे।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मंडला जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में निर्माणाधीन कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में निर्माणाधीन सड़कों एवं पुल-पुलियों के कार्यों का ब्यौरा दिया। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा भेजे गए प्रस्तावों के बारे में भी जानकारी दी। एसीएस श्री राजोरा ने वीसी में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण बिन्दु, मोबाईल टावर निर्माण, वन विभाग के साथ समन्वय सहित अन्य विषयों पर आवश्यक निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

नगरीय निकायों के अपूर्ण आवासों को जल्द पूरा करें – हर्षिका सिंह

पीएम आवास एवं स्वामित्व योजना की हुई समीक्षा

 

मण्डला 2 सितम्बर 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले के सभी नगरीय निकायों में संचालित प्रधानमंत्री आवास (शहरी) की समीक्षा की। उन्होंने निकायवार समीक्षा करते हुए कहा कि सभी सीएमओ नगरपालिका अपने क्षेत्र के स्वीकृत एवं अपूर्ण प्रधानमंत्री आवासों को जल्द पूरा करें। उन्होंने सभी सीएमओ को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि आवासों को पूरा करने में अनावश्यक देरी न करें। श्रीमती सिंह ने स्वीकृत कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय किस्त की स्थिति जानी। उन्होंने कहा कि अंतिम स्तर पर अपूर्ण प्रधानमंत्री आवासों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम, सहायक कलेक्टर अर्थ जैन, एसीईओ श्री मरावी, नगरीय निकायों के सीएमओ, निकायों का तकनीकि अमला एवं संबंधित उपस्थित थे।

कलेक्टर ने कहा कि नगरीय निकायों के अधिकारी प्रधानमंत्री आवास के लिए पात्र हितग्राहियों एवं शेष हितग्राहियों को चिन्हित करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कहा कि आवास निर्माण का कार्य अत्यंत गंभीरता से लें। उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रतिदिन पीओ डूडा रिपोर्ट देंगे। श्रीमती सिंह ने बैठक में अनुपस्थित सीएमओ निवास का निलंबन प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास के लिए शासन स्तर से प्राप्त राशि, लक्ष्य आदि की विस्तृत जानकारी भी ली।

 

स्वनिधि योजना का लक्ष्य पूर्ण करें

 

बैठक में कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वनिधि योजना के तहत मिले निकायवार लक्ष्य को पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि नगरपालिका अधिकारी अपने क्षेत्रों में आगामी दिनों में सघन स्तर पर कैम्प लगाएं। स्वनिधि योजना के लिए पात्र हितग्राहियों से आवेदन लें, उन्हें योजना की जानकारी दें तथा पात्रता सुनिश्चित करते हुए योजना का लाभ दें। उन्होंने कहा कि योजना का प्रथम स्तर पर लाभ पूर्ण करने वाले इच्छुक हितग्राहियों को द्वितीय स्तर का लाभ देना भी सुनिश्चित करें।

 

नगरीय निकायों के निर्वाचन की तैयारियाँ प्रारंभ करें

 

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने सभी सीएमओ नगरपालिका को निर्देशित किया कि आगामी दिनों में जिले के नगरीय निकायों में निर्वाचन कार्य संपन्न होना प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि सभी नगरपालिका अधिकारी अपने क्षेत्र में निर्वाचन के लिए आवश्यक तैयारियां प्रारंभ करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि नगरपालिका अधिकारी अपने क्षेत्र के एसडीएम के साथ समन्वय करते हुए निर्वाचन तैयारियों को अंतिम रूप देंगे। उन्होंने कहा कि सभी सीएमओ निर्वाचन कार्यालय द्वारा निर्धारित तैयारियों की चैकलिस्ट के अनुसार निर्वाचन तैयारियों को पूर्ण करें। नगरीय निकायों के निर्वाचन के दौरान पोलिंग बूथ का भ्रमण करें, क्रिटिकल मतदान केन्द्रों को चिन्हित करें तथा इस संबंध में समय-सीमा बैठक में रिपोर्ट दें।

 

 

 

 

 

सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का सघन स्तर पर लाभ दें

सीईओ एवं सीएमओ को कलेक्टर के निर्देश

 

मण्डला 2 सितम्बर 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सभी सीईओ जनपद एवं सीएमओ की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार 17 सितम्बर से 31 अक्टूबर तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सघन रूप से लाभ दिया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने सीईओ जनपद एवं सीएमओ नगरपालिका को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र में घर-घर सर्वे कराएं। श्रीमती सिंह ने कहा कि सर्वे के दौरान लोगों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दें। आमजनों को उनकी पात्रतानुसार योजनाओं की जानकारी देते हुए उनसे आवेदन लें तथा संबंधित विभागों से समन्वय करते हुए लाभ देना सुनिश्चित करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम, सहायक कलेक्टर अर्थ जैन, एसीईओ श्री मरावी, सीईओ जनपद, नगरीय निकायों के सीएमओ एवं संबंधित उपस्थित थे।

कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक हितग्राही को अनेक योजनाओं की जानकारी देते हुए लाभ दें। उन्होंने कहा कि मैदानी अमले से सहयोग लेते हुए घर-घर सर्वे कराने की कार्यवाही करें। सर्वे की जानकारी निर्धारित प्रारूप में प्राप्त करें। पंचायत एवं नगरीय निकायों के स्तर पर रजिस्टर संधारित करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि जिला, जनपद, एसडीएम तथा पंचायत स्तर की समस्त शिकायतों का गंभीरता से संकलन करें। इस संकलन को विभागवार बांटे तथा हितग्राहियों को लाभ दें। उन्होंने कहा कि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक व्यक्ति तक शासन की अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने सीईओ जनपद एवं सीएमओ नगरपालिका को निर्देशित किया कि इस कार्य के लिए अमले की ड्यूटी लगाएं।

 

 

 

 

 

 

शिक्षा से ही विकास के मार्ग प्रशस्त होते है-राज्यमंत्री श्री कुलस्ते

मनेरी स्कूल में प्रयोगशाला कक्ष का लोकार्पण तथा कन्या छात्रावास का हुआ शुभारंभ

 

मण्डला 2 सितम्बर 2022

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने शुक्रवार को निवास क्षेत्र के अंतर्गत मनेरी, निवास एवं बम्हनी में अनेक विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। मनेरी में उन्होंने शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में प्रयोगशाला कक्ष का लोकार्पण तथा अनुसूचित जाति प्री-मेट्रिक कन्या छात्रावास का शुभारंभ किया। इस अवसर पर श्री कुलस्ते ने कहा कि शिक्षा से ही विकास के मार्ग प्रशस्त होते हैं। शिक्षा के उत्थान के लिए केन्द्र एवं राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है और अनेक योजनाओं का भी संचालन किया जा रहा है। राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने अधिकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन एवं जनता तक लाभ पहुंचाने के कार्य में पारदर्शिता रखें। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि रोजगार मूलक कार्यों के लिए मनरेगा सहित अन्य कार्यों के रोस्टर बनाकर श्रमिकों को कार्य उपलब्ध कराएं। मजदूरी का भुगतान समय पर करें ताकि श्रमिकों को मजदूरी पाने के लिए भटकना न पड़े।

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री ने कहा कि स्व-सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को विकास कार्यों से जोड़ा जा रहा है। सरकार द्वारा स्व-सहायता समूह की गतिविधियों को बढ़ाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने जल जीवन मिशन के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि जल-जीवन मिशन से शत-प्रतिशत घरों में पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। कार्यक्रम में उपस्थित निवास विधायक डॉ. अशोक मर्सकोले ने कहा कि प्रयोगशाला एवं छात्रावास से क्षेत्र का शैक्षणिक स्तर बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने की आवश्यकता है। मनेरी की औद्योगिक इकाइयों में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता से रोजगार प्रदान किया जाए। इस अवसर पर स्व-सहायता समूह की महिलाओं को ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष मंजू कुलस्ते, उपाध्यक्ष घनश्याम सूर्यवंशी, एसडीएम निवास शिवाली सिंह, एसी ट्राईबल सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

विकास कार्यों से निवास क्षेत्र की बदलेगी तस्वीर – श्री कुलस्ते

निवास में हुए भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम को राज्यमंत्री ने किया सम्बोधित

 

मण्डला 2 सितम्बर 2022

शुक्रवार 2 सितम्बर को निवास क्षेत्र में अनेक भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्य संपन्न हुए। केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने निवास क्षेत्र की जनता को विकास कार्यों की सौगात दी। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को राज्यमंत्री ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि निवास क्षेत्र में विकास के लिए अनेक कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। इन कार्यों से निवास क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी। राज्यमंत्री श्री कुलस्ते ने जल जीवन मिशन के बारे में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस मिशन से हर घर तक पेयजल पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि बरगी से नर्मदा जल लाकर निवास क्षेत्र की जल संबंधी समस्या के स्थाई समाधान के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में उपस्थित विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले ने भी उपस्थितजनों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि निवास क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए हम सभी के सम्मिलित प्रयासों की आवश्यकता है। डॉ. मर्सकोले ने बताया कि निवास के लिए एक एंबुलेंस की व्यवस्था जल्द ही की जा रही है। कार्यक्रम में निवास नगर परिषद अध्यक्ष चैन सिंह वरकड़े सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, संबंधित अधिकारी तथा नगरवासी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

नगरपालिका परिषद नैनपुर के लिए आरक्षण संबंधी कार्यवाही संपन्न

 

मण्डला 2 सितम्बर 2022

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह की उपस्थिति में नगरपालिका परिषद नैनपुर के लिए आरक्षण संबंधी कार्यवाही संपन्न हुई। जिला योजना भवन मंडला में संपन्न हुई इस कार्यवाही में एडीएम एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी मीना मसराम, एसडीएम नैनपुर प्रियंका वर्मा एवं संबंधित उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

ईव्हीएम वेयरहाउस का किया गया निरीक्षण

 

मण्डला 2 सितम्बर 2022

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह द्वारा पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर स्थित ईव्हीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी मीना मसराम सहित संबंधित उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

नगरीय निकायों के निर्वाचन के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी किए आदेश

 

मण्डला 2 सितम्बर 2022

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नं.पा. हर्षिका सिंह ने नगरीय निकायों के आगामी आम निर्वाचन 2022 को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं।

जारी आदेशानुसार कानून व्यवस्था, आदर्श आचरण संहिता के क्रियान्वयन, मतगणना प्रबंधन एवं वीडियोग्राफी के लिए अपर कलेक्टर मीना मसराम को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसी प्रकार शिकायतों की मॉनीटरिंग एवं निराकरण, रूटचार्ट के लिए सहायक अधीक्षक हीरालाल तिवारी, ईव्हीएम प्रबंधन के लिए कार्यपालन यंत्री मनोज धुर्वे एवं अल्प बचत अधिकारी आरके बागड़े, कार्मिक प्रबंधन, प्रशिक्षण, निर्वाचन कर्तव्य मतपत्र प्रबंधन के लिए सहायक आयुक्त विजय तेकाम एवं जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी मधु मिश्रा, सामग्री प्रबंधन, मतदाता सूची, विक्रय के लिए आवश्यक पुस्तकें के लिए कार्यपालन यंत्री डीएस आर्मो तथा सहायक संचालक डीएस उद्दे, परिवहन व्यवस्था के लिए जिला परिवहन अधिकारी विमलेश गुप्ता, मतपत्रों का प्रबंधन के लिए लेखाधिकारी दिलीप मरकाम को, मीडिया मैनेजमेंट एवं पेडन्यूज के लिए सहायक संचालक आशीष कोटांगले को, आईटी प्रबंधन एवं कम्प्यूटर उपकरण की व्यवस्था के लिए प्रबंधक विपिन पांडे एवं सहायक प्रबंधक पुष्पा तेकाम को, कम्यूनिकेशन प्लान प्रबंधन, सेन्स एवं कंट्रोल रूम के लिए प्रभारी उपसंचालक मधुअली एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्वेता तड़वे को, सामग्री का प्रदाय एवं वापसी, मतदान केन्द्रों पर व्यवस्था के लिए मुख्य नगरपालिका अधिकारी गजानन नफाड़े को, आय-व्यय प्रबंधन एवं वित्तीय प्रबंधन के लिए जिला कोषालय अधिकारी अखिलेश नेटी एवं लेखाधिकारी दीपक मरावी को, सहायता केन्द्र ओलिन के लिए प्रबंधक कविता गुप्ता को, मतगणना स्थल एवं स्ट्राँग रूम के लिए कार्यपालन यंत्री जीपी पटले एवं मनोज धुर्वे तथा शारदा सिंह को, मद्य निषेध के लिए जिला आबकारी सविता कश्यप को, विद्युत व्यवस्था के लिए अधीक्षण यंत्री के.के. सोनवाने तथा प्रभारी कार्यपालन यंत्री शरद बिसेन को, प्रेक्षक व्यवस्था के लिए प्रबंधक यूके गोटिया एवं सहायक प्रबंधक एमके अग्रवाल को, पीओएल व्यवस्था एवं भोजन व्यवस्था के लिए सहायक आपूर्ति अधिकारी मनोज पुराविया को एवं चिकित्सा व्यवस्था के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी श्रीनाथ सिंह को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

आबकारी विभाग द्वारा देशी एवं विदेशी मदिरा की गई जब्त

संलिप्त व्यक्तियों पर मामला दर्ज

 

मण्डला 2 सितम्बर 2022

जिला आबकारी अधिकारी के आदेशानुसार मण्डला शहरी क्षेत्र में विशाल ढाबा, बिंझिया, बस स्टेंड, फूलवाड़ी चौक एवं अन्य संदिग्ध स्थानों में छापामार कार्यवाही कर अवैध शराब विक्रय एवं निर्माण में संलिप्त 5 व्यक्तियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) (क) के अन्तर्गत न्यायालयीन मामला दर्ज किया गया है। इस कार्यवाही में विभिन्न ब्रांडों के 102 नग विदेशी मदिरा एवं 8 पाव देशी मदिरा प्लेन जब्त किए गए। इसके अतिरिक्त 35 लीटर हाथ से निर्मित महुआ शराब जब्त की गई। इसी तरह ग्रामीण क्षेत्र के अंतर्गत घुघरी, डोंगरमण्डला एवं कुसमी भानपुर में 11 पाव देशी मदिरा प्लेन एवं 25 लीटर हाथ से निर्मित महुआ शराब जब्त की गई।

 

 

 

 

 

 

नवीन सहकारी समितियों के गठन के लिए कार्यशाला आयोजित

 

मण्डला 2 सितम्बर 2022

सहकारिता के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत की दिशा में म.प्र. में मुख्यमंत्री म.प्र. शासन द्वारा की गई घोषणा के अनुपालन में ग्राम पंचायत स्तर पर ग्रामीण परिवहन, खनिज, पर्यटन, श्रम, सर्विस सेक्टर, स्वास्थ्य, कृषि प्रसंस्करण एवं ग्रामीण औद्योगिक आदि नए क्षेत्रों में सहकारिता को प्रोत्साहन देने एवं जिले में स्वरोजगार निर्माण के अवसर हेतु नवीन समितियों का गठन किया जाना है। इसी तारतम्य में जिले के विभिन्न विकासखण्डों में कार्यशाला आयोजन किया गया जिसमें 30 अगस्त 2022 को मोचा में, 31 अगस्त 2022 को नारायणगंज में एवं 2 सितम्बर 2022 को बिछिया में कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसी क्रम में 3 सितम्बर 2022 को जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित मण्डला के सभागार में समय दोपहर 1 बजे से कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है जिसमें इच्छुक व्यक्ति सम्मिलित होकर इस कार्यशाला से लाभ प्राप्त करें।

 

 

 

 

 

बुनकर मुद्रा योजना का लाभ लेने जानकारी

 

मण्डला 2 सितम्बर 2022

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार वस्त्र मंत्रालय द्वारा हाथकरघा बुनकरों के लिये बुनकर मुद्रा योजना का संचालन वर्ष 2021-22 से किया जा रहा है। इस योजनान्तर्गत प्री एवं पोस्टलूम फेसिलिटी से जुड़े सभी बुनकर पात्रता रखते हैं। इस योजनान्तर्गत 50 हजार रूपए से 5 लाख रूपए तक के ऋण स्वीकृत किये जा सकते हैं। योजनान्तर्गत प्रोजेक्ट काष्ट का 20 प्रतिशत मार्जिनमनी अनुदान शासन द्वारा दिया जाता है जो अधिकतम राशि रू 10 हजार तक सीमित होता है तथा मार्जिनमनी की शेष राशि हितग्राही द्वारा वहन की जाती है।

बुनकर मुद्रा योजनान्तर्गत स्वीकृत राशि से करघा, धागा, एवं सहायक उपकरण क्रय कर अपने व्यवसाय को बढ़ाया जा सकता है। इस योजनान्तर्गत पंजाब नेशनल बैंक को भारत सरकार द्वारा नोडल ऐजेंसी घोषित किया गया है। योजना का लाभ लेने के लिये पात्र हितग्राही निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र (आधार कार्ड, पेन कार्ड, समग्र आईडी, बैक पास बुक की छाया प्रति एवं 1 फोटो) जिला ग्रामोद्योग एवं माटीकला कार्यालय के माध्यम से कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिये ग्रामोद्योग विस्तार अधिकारी एस.के. डेकाटे के मोबाईल नं. 8989723206 एवं एस.एल. वरकडे के मोबाईल नं. 9424361125 से सम्पर्क किया जा सकता है।

 

 

 

 

 

अब 15 सितम्बर तक होगा गिरदावरी कार्य

 

मण्डला 2 सितम्बर 2022

आयुक्त भू-अभिलेख म.प्र. ने समस्त जिला कलेक्टर्स को निर्देशित किया है कि मौसम खरीफ 2022 हेतु फसल गिरदावरी कार्य पूर्ण करें। नियत व्यवस्था के तहत सैटेलाईट इमेज, एआई आधारित संभावित फसल की जानकारी ऐप के माध्यम से उपलब्ध कराकर किसानों को गिरदावरी हेतु अवसर दिया गया। तदोपरांत पटवारी द्वारा गिरदावरी कार्य 31 अगस्त 2022 तक पूर्ण किया जाना था। परंतु अतिवर्षा आदि के कारणों से मौसम खरीफ 2022 फसल गिरदावरी कार्य नियत समय-सीमा में पूर्ण नहीं किया जा सका। उक्त परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए पटवारियों के माध्यम से फसल गिरदावरी कार्य पूर्ण करने हेतु समय-सीमा 15 सितम्बर 2022 तक बढ़ाई गई है।

गिरदावरी कार्य के लिए दावा, आपत्ति प्रस्तुत करने हेतु 20 सितम्बर 2022 एवं प्राप्त दावा आपतियों के निराकरण हेतु 25 सितम्बर 2022 अद्यतन की गई है। फसल गिरदावरी एक महत्वपूर्ण कार्य है, जिसके आधार पर नीति निर्धारण एवं अन्य योजनाओं का संचालन किया जाता है। फसल गिरदावरी कार्य समय-सीमा में पूर्ण न होने पर उपार्जन आदि अति महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित होंगे।

 

 

 

 

 

मलेरिया की रोकथाम के लिए अभियान 2 चरणों में

 

मण्डला 2 सितम्बर 2022

आयुष विभाग म.प्र. शासन द्वारा मलेरिया रोग नियंत्रण कार्यक्रम 2022 के तहत प्रदेश में मलेरिया हाईरिस्क ऐरिया में मलेरिया रोग की रोकथाम हेतु प्रभावित क्षेत्र के सभी नागरिक को होम्योपैथी औषधि मलेरिया ऑफ 200 का सेवन हेतु अभियान चलाया जा रहा है। जिला आयुष अधिकारी ने बताया कि जिले में भी मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में औषधि का सेवन कराने हेतु आशा कार्यकर्ता एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा अन्य कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदाय किया जा चुका है। मण्डला जिले में 80 ग्राम हाईरिस्क ऐरिया के अंतर्गत चिन्हित किए गए हैं। कार्यक्रम क्रियान्वयन हेतु महिला एवं बाल विकास की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा स्वास्थ्य विभाग की आशा कार्यकर्ता के माध्यम से दवाईयों का वितरण व अनुवर्ती कार्यवाही की जानी है। मलेरिया रोग नियंत्रण कार्यक्रम 2022 का यह अभियान दो चरणों में सम्पन्न किया जायेगा। प्रथम चरण माह सितम्बर में 10 सितम्बर 2022, 17 सितम्बर 2022 एवं 24 सितम्बर 2022 को तथा द्वितीय चरण माह अक्टबर में 6 अक्टूबर, 13 अक्टूबर 2022 एवं 20 अक्टूबर 2022 में करें। रोग प्रभावित क्षेत्र के प्रत्येक परिवार के प्रति सदस्य को होम्योपैथी रोग प्रतिरोधक औषधि मलेरिया ऑफ-200 की एक-एक खुरांक गोलियाँ खिलाई जायेगी।

 

 

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 2 सितम्बर 2022

जिले में इस वर्ष एक जून से 2 सितम्बर के दौरान 1128.6 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 720.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 408.5 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 सितम्बर को मंडला में 1.2 मि.मी., नैनपुर में 9 मि.मी., बिछिया में 6.1 मि.मी. तथा नारायणगंज में 10.5 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। इस प्रकार जिले में 2 सितम्बर को 4.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

आर्थिक सहायता स्वीकृत

 

मण्डला 2 सितम्बर 2022

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम जंगलिया रैयत निवासी बिरिया बाई की आकाशीय बिजली से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक बुधना परस्ते को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

Related posts

कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों की ली बैठक

Reva India News

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं हाईस्कूलों की समीक्षा बैठक 6 को

Reva India News

मास सर्वेलेंस केम्प में जाकर मलेरिया जाँच कराने की अपील

Reva India News

Leave a Comment