Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 3 सितम्बर 2022

नगरीय निकायों के शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाएं

कलेक्टर ने नोडल अधिकारियों की बैठक में दिए निर्देश

 

मण्डला 3 सितम्बर 2022

            कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकाय निर्वाचन 2022 के लिए जारी कार्यक्रम के परिपालन में नोडल अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि आयोग के निर्देशानुसार मंडला ज़िले के सभी नगरीय निकायों के लिए निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा हो चुकी है। साथ ही जिले के नगरीय निकायों में आचार संहिता प्रभावशील हो गई है। उन्होने कहा कि सभी नोडल अधिकारी नगरीय क्षेत्रों के निर्वाचन को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाएं। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को जिला प्रशासन द्वारा आवंटित दायित्वों को गंभीरता से पूरा करें। श्रीमती सिंह ने आयोग के कार्यक्रमानुसार तारीखवार जानकारी दी। उन्होंने सभी आरओ तथा एआरओ को निर्देशित किया कि नगरीय निकायों के निर्वाचन से संबंधित हैंडबुक का गंभीरता से अध्ययन करें तथा विभिन्न नियमों की जानकारी प्राप्त करें।

बैठक में कलेक्टर ने सामग्री वितरण, संकलन, परिणाम घोषणा, स्ट्राँग रूम की व्यवस्था, व्यय लेखा, प्रेक्षक की व्यवस्था, मतदाता जागरूकता गतिविधियां, ईव्हीएम मशीनों का रख रखाव, रेंडमाइज़ेशन, सम्पत्ति विरूपण की कार्यवाही, मतदान केंद्रों का चिन्हांकन एवं अन्य विषयों पर विस्तृत चर्चा की आवश्यक निर्देश दिए।

सभी नगरीय निकायों में बनाएँ कंट्रोल रूम

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सभी एसडीएम एवं नगरपालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी नगरीय निकायों में शिकायतों को प्राप्त करने कंट्रोल रूम बनाएं। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम का नंबर सार्वजनिक करें, साथ ही वॉट्सऐप नंबर भी जारी करें। विभिन्न स्तरों से प्राप्त होने वाली शिकायतों एवं फ़ोटो के आधार पर शिकायतों का गंभीरतापूर्वक निराकरण सुनिश्चित करें।

 

मतदान प्रतिशत को बढ़ाने प्रतिदिन आयोजित करें गतिविधियां

 

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्कूल शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि ज़िले के सभी नगरीय निकायों में अधिक से अधिक मतदान प्रतिशत के लिए सघन स्तर पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित करें। उन्होने कहा कि नगरीय निकायों के निर्वाचन ईव्हीएम के माध्यम से संपन्न किए जाने हैं। अतः सभी नगरीय निकायों में मॉक पोलिंग बूथ बनाएं तथा ईव्हीएम मशीन का प्रदर्शन भी सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि सोमवार से प्रतिदिन मतदाता जागरूकता गतिविधियां के संबंध में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करें।

कलेक्टर ने कहा कि जिला स्तर से ईव्हीएम प्रदाय करने की कार्यवाही के बाद आरओ अपने स्तर पर ईव्हीएम से संबंधित सभी ज़रूरी तैयारियां सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी नगरीय निकायों में मतदान पर्चियों का समय पर शतप्रतिशत ऋण वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने इस कार्य के लिए एसडीएम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया। कलेक्टर ने कहा कि 20 सितंबर तक सभी नगरीय निकायों में अनिवार्यता मतदान पर्चियों का शत प्रतिशत वितरण सुनिश्चित हो। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों के लिए शस्त्र लायसेंस के निलंबन संबंधी आवश्यक निर्देश दिए तथा संबंधित थाने से समन्वय बनाते हुए आवश्यक कार्यवाही करने की बात कही।

 

महत्वपूर्ण गतिविधियों की करें विडियोग्राफी

 

कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि नगरीय निकायों की सभी महत्वपूर्ण गतिविधियों की वीडियोग्राफी की अनिवार्यतः कराएं। उन्होने एसडीएम को निर्देशित किया कि सभी रैलियों, सभाओं एवं अन्य आयोजनों के लिए अनुमति देना सुनिश्चित करेगें। उन्होने कहा कि नॉमिनेशन सहित अन्य गतिविधियों की वीडियोग्राफी अनिवार्यतः कराएं तथा इसका रिकॉर्ड संधारित करेंगे। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि नॉमिनेशन के संबंध में ऑनलाइन कार्य भी संपादित होगा। अतः निर्धारित स्थानों पर ज़रूरी व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नॉमिनेशन फ़ॉर्म के लिए ज़रूरी प्रारूप एवं दिशा निर्देशों का भी गंभीरता से अध्ययन करें।

बैठक में कलेक्टर ने नगरीय निकायों के निर्वाचन के लिए आवश्यक प्रशिक्षण के संबंध में ज़रूरी निर्देश दिए। उन्होंने सभी सीएमओ को निर्देशित किया कि प्रेक्षक के लिए जरूरी व्यवस्था बनाएं। मतदान कर्मियों के सामग्री वितरण, रात्रि विश्राम तथा सामग्री संकलन के लिए स्थान एवं सभी ज़रूरी व्यवस्था सुनिशित करें। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि मोबाइल मेडिकल टीम की तैनाती रखें। इसी प्रकार मेडिकल किट का वितरण भी सुनिश्चित करें। उन्होने परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी एसडीएम के साथ समन्वय करते हुए वाहन प्लान तैयार रखें तथा गाड़ियों का आंकलन कर सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित महत्वपूर्ण अधिकारियों को वाहन प्रदान करें। बैठक में पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने व्हीआईपी विजिट की संभावना के मद्देनजर मंडला एवं नैनपुर में हेलीपैड के लिए स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिये।

 

 

 

 

लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण के लिए शिविर 6 से 8 तक

 

मण्डला 3 सितम्बर 2022

            जिला कोषालय अधिकारी ने बताया कि पेंशन कार्यालय मण्डला में लंबित पेंशन प्रकरणों की जाँच तथा अनुमोदन हेतु 6 सितम्बर 2022 से 8 सितम्बर 2022 तक विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने सभी कार्यालय प्रमुखों से अनुरोध किया है कि लंबित पेंशन प्रकरणों को शिविर में लाकर उनकी जाँच तथा अनुमोदन कराएं। समस्त जिलाधिकारी उनके कार्यालय में अनुमोदन हेतु प्रकरण लंबित न होने की स्थिति में उक्त आशय का प्रमाण पत्र प्रेषित करना सुनिश्चित करेंगे।

 

 

 

 

 

नगरीय निकाय निर्वाचन से संबंधित प्रेस कॉन्फ्रेंस संपन्न

 

मण्डला 3 सितम्बर 2022

            नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2022 के तहत निर्वाचन कार्यक्रमों एवं तैयारियों की जानकारी देने के उद्देश्य से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने जिले के इलेक्ट्रॉनिक एवं प्र्रिंट मीडिया के प्रतिनिधियों को संबोधित किया। उन्होंने नगरीय निकाय निर्वाचन के लिए निर्वाचन प्रक्रिया तथा आदर्श आचरण संहिता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, एडीएम मीना मसराम, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, सहायक कलेक्टर अर्थ जैन तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

कलेक्टर श्रीमती सिंह ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों से नगरीय निकाय निर्वाचन के क्षेत्र एवं वार्डों की आंकड़ेवार जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगरीय निकायों के निर्वाचन ईव्हीएम से संपन्न होंगे तथा ईव्हीएम से निर्वाचन हेतु मतपत्र मुद्रण में अब निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों के फोटो मुद्रण कराए जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नाम-निर्देशन पत्र ऑनलाईन एवं ऑफलाईन भी भरे जा सकेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में श्रीमती सिंह ने निर्वाचन व्यय की विस्तृत जानकारी भी दी तथा प्रेक्षक भी नियुक्त किए जाएंगे। अभ्यर्थी द्वारा जमा किए गए शपथ पत्र की प्रति सभी पोलिंग बूथों में चस्पा की जाएगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने निर्वाचन से संबंधित सवाल किए। साथ ही अलग-अलग सुझावों पर चर्चा भी की गई।

 

 

 

 

 

नगरीय निकायों के आम निर्वाचन के लिए कार्यक्रम जारी

27 सितम्बर को प्रातः 7 बजे से अपरान्ह 5 बजे तक होगा मतदान

30 सितम्बर को होगी मतगणना एवं परिणाम घोषणा

 

मण्डला 3 सितम्बर 2022

            मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकायों के आम निर्वाचन की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो गई है जो निर्वाचन परिणाम की घोषणा की तिथि तक प्रभावशील रहेगी। नगरीय निकायों के लिए मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन से कराये जाएंगे।

इस संबंध में जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार नगरीय निकायों के आम निर्वाचन के लिए 5 सितम्बर को निर्वाचन की सूचना, सीटों के आरक्षण के संबंध में सूचना तथा मतदान केन्द्रों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। नाम-निर्देशन 5 सितम्बर से 12 सितम्बर की दोपहर 3 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। नाम-निर्देशन पत्रों की समीक्षा 13 सितम्बर को प्रातः 10:30 बजे से होगी। 15 सितम्बर को अपरान्ह 3 बजे तक अभ्यर्थिता से नाम वापिस लिए जा सकेंगे। निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन 15 सितम्बर को अभ्यर्थिता से नाम वापसी के तुरंत बाद किया जाएगा। मतदान 27 सितम्बर को प्रातः 7 बजे से अपरान्ह 5 बजे तक किया जाएगा। मतगणना और निर्वाचन परिणामों की घोषणा 30 सितम्बर को प्रातः 9 बजे से की जाएगी।

 

 

 

 

 

जिला स्तरीय स्टेडिंग कमेटी गठित

 

मण्डला 3 सितम्बर 2022

            नगरीय निकायों के आम निर्वाचन 2022 में पारदर्शिता और निष्पक्षता के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तर पर स्टेंडिग कमेटी गठित की गई है। कमेटी में पुलिस अधीक्षक, अपर कलेक्टर, समस्त एसडीएम (घुघरी को छोड़कर), जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग, सहायक संचालक सूचना एवं प्रकाशन अधिकारी तथा सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय दल के जिला अध्यक्ष सदस्य होंगे।

 

 

 

 

संयुक्त परामर्शदात्री समिति की बैठक 27 सितम्बर

 

मण्डला 3 सितम्बर 2022

            जिला स्तरीय संयुक्त परामर्शदात्री समिति की आगामी बैठक जिला योजना भवन के सभा कक्ष में 22 सितम्बर 2022 को दोपहर 12 बजे से आयोजित की गई है। अपर कलेक्टर ने सभी विभाग, कार्यालय के कर्मचारियों के कल्याणकारी कार्यों, सेवा निवृति, उनके स्वत्वों के भुगतान संबंधी एवं अन्य अद्यतन जानकारी सहित उक्त बैठक में अनिवार्यतः उपस्थित होना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

 

 

 

 

 

पॉलीटेक्निक कॉलेज की छात्राओं ने लिखी कामयाबी की इबारत

 

मण्डला 3 सितम्बर 2022

            राज्य शासन द्वारा चलाई जा रही योजना कारगर साबित हो रही है। मण्डला जिले के शासकीय महिला पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में वर्तमान में जिसका नामकरण कर रानी फूल कुंवर शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय मण्डला कर दिया गया है। इस महाविद्यालय में अति गरीब अनुसूचित जनजाति की छात्राओं के लिए निःशुल्क आवासीय एकलव्य योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत् महाविद्यालय में अध्ययन करने वाली छात्राएं कामयाबी की नई इबारत लिख रही हैं।

प्राचार्य पॉलीटेक्निक कॉलेज ने बताया कि हाल ही में आए परीक्षा परिणामों में संचालित तीन डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में 122 बच्चों ने परीक्षा दी थी जिसमें से 111 बच्चों ने इंजीनियरिंग डिप्लोमा प्राप्त किया है जिसमें 35 छात्राओं ने ऑनर्स के साथ परीक्षा पास किया है। यह एक बड़ी उपलब्धि है, 69 बच्चों ने प्रथम श्रेणी और 7 बच्चों ने द्वितीय श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण किया। इस संस्था में दूरदराज से आने वाली छात्राएं कमजोर एवं आर्थिक परिवार से संबंधित होती है। इसके बावजूद भी तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रही हैं। संस्था में यह योजना सन् 2006 से संचालित है। वहां के प्राचार्य के अनुसार जानकारी दी गयी है, कि डिप्लोमा परीक्षा राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय द्वारा संचालित की जाती है जो कि पूरे म0प्र0 में समस्त पॉलीटेक्निक संस्थाओं के लिए एक सी होती है। उनके तुलना में इस संस्था में अध्ययनरत् छात्राओं का परीक्षा परिणाम बहुत अच्छा होता है और 40 से 50 प्रतिशत छात्राएं उच्च अध्ययन हेतु बीई में लेटरल ऐन्ट्री से द्वितीय वर्ष में प्रवेश प्राप्त करती हैं। संस्था प्रबंधन एकलव्य योजना के तहत् अध्ययनरत छात्राओं को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धात्मक शिक्षा आर्थिक एवं नैतिक मूल्यों को ध्यान में रखकर इस योग्य तैयार कर रहा है कि ये वंचित वर्ग की छात्राएं स्वावलंबी बन सकंे और अपने क्षेत्र में सफल हो सकें। इसके लिए इनकी क्षमताओं को परखकर उनका विकास विभिन्न विशेषज्ञों द्वारा कराया जाता है। उनके विकास के लिए बहुआयामी तरीके अपनाये जाते हैं। उनके रहने के लिए संस्था प्रांगड में ही निःशुल्क छात्रावास निःशुल्क भोजन, पाठ्य पुस्तकें, स्टेशनरी के साथ एक हजार रूपए प्रतिमाह छात्रवृत्ति प्रदाय की जाती है। इन छात्राओं के सर्वांगीण विकास हेतु विशेष कक्षायें भी संचालित की जाती हैं।

स्क्रब टायफस बीमारी से बचाव व नियंत्रण

 

मण्डला 3 सितम्बर 2022

            स्क्रब टायफस बीमारी से बचाव व नियंत्रण हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी दी है कि स्वास्थ्य चिकित्सा दल द्वारा स्क्रब टायफस का केस मिलने पर चिकित्सा दल द्वारा नियंत्रण की कार्यवाही की गई है। ग्राम बरौची विकासखण्ड नारायणगंज में चिकित्सा दल द्वारा डोर-टू-डोर फीवर सर्वे किया गया जिसमें पॉंजिटिव मरीज के घर पर कोई भी अन्य फीवर का केस नही मिला। चिकित्सा दल द्वारा लगातार ग्राम बरौंची में निगरानी की जा रही है। एहतियात हेतु पॉंजिटिव मरीज के सम्पर्क से 6 सीरम सैम्पल संग्रहित कर एनआईआरटीएच जबलपुर भेजा गया है। स्क्रब टायफस पॉंजिटिव मरीज के घर के भीतर व घर के बाहर आस-पास की घास फूंस एवं झाड़ियों पर कीट नाशक का छिड़काव किया गया है।

स्क्रब टायफस बीमारी Orientia tsutsugamushi नामक जीवाणु से होती है। यह जीवाणु चूहे के ऊपर रहने वाले घुन के संक्रमित लर्वा में पाया जाता है। चिग्गर लार्वा के कांटने के उपरांत मनुष्य में स्क्रब टायफस बीमारी के प्रमुख लक्षण बुखार, सिरदर्द, जोड़ एवं मांस पेशियों में दर्द, प्रकाश से असहनीयता, सूखी खांसी, एक सप्ताह उपरान्त शरीर (पेट एवं हाथ पैरों) पर दानें कुछ प्रकरणों में निमोनियां, मस्तिक ज्वर एवं हृदय संबंधी बीमारी प्रकट होते हैं। शरीर के जिन स्थानों पर संक्रमित लर्वा कटता है। उस स्थान पर दाना उठता है, जो बाद में जख्म बनकर सूखने पर काला धब्बे के समान दिखने लगता है।

स्क्रब टायफस बीमारी केवल चूहे के उपर रहने वाले घुन के संक्रमित लर्वा के काँटने से फैलता है। यह बीमारी मनुष्य से मनुष्य के सम्पर्क में आने से नही फैलती है। अतः आम जन को घबराने की जरूरत नही है। केवल जागरूक रहना ही इसका समाधान है। स्क्रब टायफस से बचाव हेतु खेत जंगल झाड़ियों में जब भी जाएं तो पूरे कपड़े पहनकर जायें। घांस फुस एवं झाड़ियों पर बैठे या सोएं नहीं तथा घर के आस-पास की घास-फूस एवं झाड़ियों को कॉंटकर जला देवें। शरीर को साबुन से धोयें और मोटे कपडे से रगड़कर साफ करें। शरीर पर सिगरेट के जले जैसे दिखने वाले चिन्ह, सिर दर्द, शरीर दर्द, जोड़ों एवं मांस-पेशियों में दर्द, तेज बुखार एवं उल्टी-दस्त के लक्षण होने पर तत्काल चिकित्सक को दिखायें। जूनोटिक बीमारी स्क्रब टायफस एवं लेप्टोस्पाईरोसिस बीमारी चूहों द्वारा फैलती है। अतः बीमारियों के रोकथाम व उपचार हेतु तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र से सम्पर्क करें।

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 3 सितम्बर 2022

            जिले में इस वर्ष एक जून से 3 सितम्बर के दौरान 1129.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 720.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 409 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 3 सितम्बर को घुघरी में 3.5 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। इस प्रकार जिले में 3 सितम्बर को 0.5 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

1 कोरोना मरीज स्वस्थ

 

मण्डला 3 सितम्बर 2022

            जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 2 सितम्बर की शाम 3 बजे से 3 सितम्बर 2022 की शाम 3 बजे तक जिले में 1 कोरोना मरीज स्वस्थ हुआ है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीज को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

 

Related posts

जिले में 8 कोरोना केस मिले

Reva India News

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि लोकल फॉर वोकल की तर्ज पर स्थानीय उत्पादों को खरीदें

Reva India News

राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल का हैलीपैड में किया गया भव्य स्वागत

Reva India News

Leave a Comment