Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 4 फरवरी 2023

खेलो इंडिया यूथ गेम्स: पंजाब ने 3 और चंडीगढ़ ने 1 स्वर्ण पदक

 

मण्डला 4 फरवरी 2023

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के अंतर्गत गतका गेम्स की प्रतियोगिताएं आज संपन्न हुई जिसमें पंजाब ने 3 तथा चंडीगढ़ ने एक स्वर्णपदक हासिल किया। 2 से 4 फरवरी तक आयोजित इस प्रतियोगिता में म.प्र. को 2 कांस्यपदक प्राप्त हुए। समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, विधायक बिछिया नारायण सिंह पट्टा, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, कलेक्टर हर्षिका सिंह तथा स्पोटर््स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों द्वारा विजयी प्रतिभागियों को पुरूस्कार प्रदान किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए मंडला जैसे आदिवासी जिले का चयन होना गौरव की बात है। आयोजन के प्रथम चरण में युद्ध कौशल को प्रदर्शित करता गतका गेम्स का आयोजन किया गया, इस दौरान जिले में उत्सव जैसा माहौल परिलक्षित हुआ। उन्‍होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस तरह के आयोजन से जिले के खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा और भविष्य में वे भी इस तरह के आयोजन में सहभागिता करेंगे। विधायक बिछिया नारायण सिंह पट्टा ने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स का यह आयोजन जिले के खेल इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। इस तरह के आयोजनों से आने वाली पीढ़ियों को सीखने का अवसर प्राप्त होता है। इस अवसर पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत गतका खेल का आयोजन जिले के लिए एक नया अनुभव है। सीमित संसाधनों में आयोजन को पूरा करना एक चुनौतीपूर्ण कार्य था जिसे टीम मंडला ने एकजुट होकर पूरा किया है। इस अवसर पर पंजाब के पारंपरिक गतका का प्रदर्शन भी किया गया। खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत 8 से 10 फरवरी तक थांगता खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

इन्होंने जीते पदक

 

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के अंतर्गत गतका गेम्स के तहत व्यक्तिगत बालक वर्ग में चंडीगढ़ के जशनदीप सिंह ने स्वर्ण, दिल्ली के नवजोत सिंह ने रजत तथा चंडीगढ़ के कुलबीर सिंह ने एवं पंजाब के गुरप्रीत सिंह ने कांस्यपदक जीते। व्यक्तिगत बालिका वर्ग में पंजाब की खुशवीर कौर ने स्वर्ण, मणीपुर की नगाशेपम अंजेलिका चानू ने रजत तथा पंजाब के मेहकप्रीत कौर एवं झारखंड की पलक परमा ने कांस्यपदक हासिल किया। टीम ईवेंट बालक वर्ग में पंजाब ने स्वर्ण, दिल्ली ने रजत तथा चंडीगढ़ एवं मध्यप्रदेश ने कांस्यपदक जीते। इसी प्रकार टीम ईवेंट बालिका वर्ग में पंजाब ने स्वर्ण, दिल्ली ने रजत तथा मध्यप्रदेश एवं चंडीगढ़ ने कांस्यपदक प्राप्त किए।

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने किया ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण

 

मण्डला 4 फरवरी 2023

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने पॉलिटेक्निक कॉलेज मंडला स्थित ईवीएम एवं वीवीपेट वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाऊस की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से वेयर हाऊस के निरीक्षण के दौरान आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर मीना मसराम, निर्वाचन शाखा से अरूण कछवाहा, सीके तिवारी आदि उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

आज विकासखंड स्तर पर लगेंगे आयुष मेले

 

मण्डला 4 फरवरी 2023

जिला आयुष अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी 9 विकासखंडों में संत रविदास जयंती के उपलक्ष्य में आयुष मेला का आयोजन 5 फरवरी 2023 को किया जाएगा। मेले में स्वस्थ रहने हेतु स्वास्थ्य जागरूकता के साथ ही आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया जाएगा। जानकारी के अनुसार मंडला में नगरपालिका परिषद, नैनपुर में जीआरसी ग्राउंड, बिछिया में विनोद रंगमंच, मवई में बस स्टेंड, घुघरी में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मोहगांव में कन्या माध्यमिक शाला, निवास में बाजार सेड पिपरिया, नारायणगंज में मंगलभवन तथा बीजाडांडी में थाना ग्राउंड में आयुष मेला आयोजित किए जाएंगे।

 

 

 

 

 

 

आज से प्रारंभ होंगी विधानसभावार विकास यात्राएँ

प्रभारी मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने की तैयारियों की समीक्षा

 

मण्डला 4 फरवरी 2023

                प्रदेश सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा मंडला जिले के प्रभारी मंत्री श्री बिसाहू लाल सिंह ने विकास यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि 5 फरवरी से नैनपुर विकासखंड के ग्राम सकवाह, बिछिया विधानसभा के नकावल तथा निवास विधानसभा के थानमगांव में कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे, जहां से विकास यात्रा प्रारंभ होंगी। प्रभारी मंत्री ने निर्देशित किया कि विकास यात्रा जिले के प्रत्येक गांव तक यात्रा जाएंगी, कोई भी गांव नहीं छूटना चाहिए। यात्रा के दौरान जनसामान्य को विकास कार्यों की जानकारी दी जाए तथा उनकी समस्याओं को सुनते हुए निराकरण की पहल सुनिश्चित की जाए। यात्रा में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करें। यात्रा के दौरान जलयात्राएं भी निकाली जाएंगी। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. संजय कुशराम, पूर्व विधायक डॉ. शिवराज शाह, भीष्म द्विवेदी, इस्पात मंत्रालय भारत सरकार के हिन्दी सलाहकार समिति के सदस्य सुधीर कसार, कलेक्टर हर्षिका सिंह, सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

                प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा सभी वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन विभागीय अधिकारियों का दायित्व है। विकास यात्रा का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए प्रत्येक व्यक्ति को यात्रा से जोड़ने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी भी दी जाए। जलजीवन मिशन, सीएम राइज स्कूल, प्रधानमंत्री आवास, स्वामित्व योजना, मुख्यमंत्री भू-अधिकार योजना, किसान सम्मान निधि, एक जिला एक उत्पाद, स्ट्रीट वेंडर, स्वरोजगार योजना, अमृत सरोवर, मनरेगा, प्राकृतिक खेती, खाद बीज की उपलब्धता, केसीसी आदि योजनाओं का फीडबैक लिया जाएगा। इस दौरान विकास कार्यों का प्रदर्शन, हितलाभ वितरण सहित अन्य कार्यक्रम होंगे। विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृत कार्यों का भूमिपूजन तथा पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण भी विकास यात्रा के दौरान किया जाएगा।

 

 

 

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम

 

मंडला 4 फरवरी 2023

                केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गनसिंह कुलस्ते के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 5 फरवरी को श्री कुलस्ते प्रातः 9 बजे जेवरा से सकवाह के लिए रवाना होंगे एवं प्रातः 10 बजे सकवाह पहुंचकर विकास यात्रा में शामिल होंगे। श्री कुलस्ते प्रातः 11 बजे सकवाह से नकावल के लिए रवाना होकर दोपहर 12 बजे नकावल में विकास यात्रा में भाग लेंगे, दोपहर 1 बजे नकावल से थानमगांव के लिए प्रस्थान करेंगे तथा दोपहर 3 बजे थानमगांव पहुंचकर विकास यात्रा में सम्मिलित होंगे, तत्पश्चात वे सायं 4:30 बजे जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

इंजीनियर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बनें तीरेन्द्र

 

 

 

मण्डला। मप्र डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन जिला समिति मण्डला का अधिवेशन एवं चुनाव कराए गए जिसमें इंजी. तीरेन्द्र धुर्वे अध्यक्ष, इंजी. विशाल उईके सचिव एवं इंजी. संजना मरकाम कोषाध्यक्ष चुने गए हैं। शनिवार को सिंचाई विभाग के रेस्टहाऊस में इंजीनियर सूरज सिंह कुशवाहा, प्रांताध्यक्ष के मुख्य अतिथि एवं इंजीनियर देव दोनिया क्षेत्रीय अध्यक्ष की अध्यक्षता में एवं इंजी प्रवीण शर्मा, अशोक रावत निर्वाचन अधिकारी की उपस्थिति में अधिवेशन एवं चुनाव सम्पन्न कराए गए। जिला समिति मण्डला ने सर्वप्रथम सेवानिवृत्त उपयंत्रियों को शॉल श्रीफल से सम्मानित किया। कार्यक्रम में प्रांतीय पदाधिकारी एवं क्षेत्रीय पदाधिकारी के साथ इंजी. गजेन्द्र सिंह कंवर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, इंजी. अश्वनी मरकाम अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, इंजी. डीएसपी राहुल कटारे, इंजी. कमलेश तेकाम जिला पंचायत उपाध्यक्ष मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की व्यवस्था जिला समिति अध्यक्ष इंजी संजय सिंह द्विवेदी, तीरेन्द्र धुर्वे, रमाकांत मसराम ने सम्पन्न कराई। वहीं सेवानिवृत्त उपंयत्री जीपी विश्वकर्मा, जेके नामदेव, सतीश राय, असीम मिश्रा, विमल शिवहरे, श्री वर्मा, का स्वागत एवं सम्मान किया गया। प्रांतीय अध्यक्ष श्री कुशवाहा ने अपने उद्बोधन में कहा कि व्यक्ति उम्र से बुजुर्ग नही होता है वह अपनी सोच से बुजुर्ग होता है उन्होंने कहा कि प्रांत स्तर के हर समस्या के लिए हम आपके साथ हैं प्रांतीय अध्यक्ष ने इंजीनियर संजय द्विवेदी को जिला समिति का संरक्षक मनोनित किया है। क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं अन्य साथियों ने भी अपने उद्बोधन में मण्डला डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन की तारीफ की है। इस दौरान प्रदीप जैन, अजय क्षत्री, रामसिंह रघुवंशी, विनय जैन, पीके जैन, मनीष बाजपेयी, संदीप जैन, रामसिंह ठाकुर, डीके कुशराम कार्यपालन यंत्री, आरके दुबे, अजुर्न धुर्वे, एसआर बारिकर, चन्द्रशेखर धुर्वे, नपेन्द्र सिंह, केवल सिंह मरावी, ओमप्रकाश वरकड़े, राजीव खोपड़ागढ़े, राजेन्द्र तेकाम, भूपेन्द्र तेकाम, प्रतिभा तेकाम, जानकी कुशराम, मीनल विकास हरदहा, विमल कुशराम, विजय सैयाम, आरके साहू, व्हीके कोरी, केशव पांडे, एके डेहरिया, केएल धुर्वे,  हीरा सिंह मसराम, सम्पत्त सिंह मरकाम, गोविंद सोलंकी, रश्मि बघेल, एलपी कोरी,एचआर मेहरा, एमएल पटैल, ओपी राय, कोमल सिंह बघेल, आरएस अहिरवार, गोकुल बट्टी, शरद कोकडिय़ा, नरेश वरकड़े, सतेन्द्र मरकाम, मुकुल पाठक, नीतेन्द्र उईके, विवेक तेकाम, राजेश गुप्ता सहित अन्य इंजीनियर मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

 

 

आदिवासी बैगा विकास समिति ने कराई महिलाओं की प्रतियोगिता

मण्डला। आदिवासी बैगा विकास समिति के तत्वाधान में 1 फरवरी को ईडन गार्डन कॉलोनी में महिलाओं के लिए क्रिकेट, पिट्टू एवं कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें खेलो इंडिया खेलो के तहत महिलाओं ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम के अध्यक्ष गंगोत्री बडग़ैया एवं कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती संपतिया उइके, विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा रहे। कार्यक्रम को रोमांचित बनाने हेतु घुघरी टीम, सेमरखापा टीम, महाराजपुर टीम और राधाकृष्णन वार्ड से  महिलाओं ने भाग लिया एवं सभी महिलाओं को पुरस्कृत किया गया एवं प्रमाण पत्र बांटे गए कार्यक्रम में आदिवासी बैगा विकास समिति की पदाधिकारी रागिनी तिवारी, अनीता पांडे, पुष्पा ज्योतिषी, शिखा श्रीवास्तव, आशा झारिया, अनंता कोरी, प्रतिमा बाजपेयी, सुनीता नागेश्वर, सीमा पाराशर, अनीता तिवारी, नीलिमा बाजपेयी, अप्पू यादव, समिता बडगैंया रही वहीं खेल मैदान में रेफरी की भूमिका अमित बडग़ैंया, आलोक उपाध्याय एवं संदीप कछवाहा ने की। कार्यक्रम का  संचालन डॉ स्वल्पा बडगैंया द्वारा किया गया।

 

Related posts

28 अगस्त को ग्वालियर में होगा रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव – मुख्यमंत्री डॉ. यादव नीति आयोग की बैठक में प्रभावी रहा मध्यप्रदेश का प्रस्तुतिकरण

Reva India News

समर्थन मूल्य पर आप का ज्ञापन

Reva India News

फ्रंटलाइन वर्कर को लगाया गया कोविड टीका

Reva India News

Leave a Comment