परपटसिंगारपुर विकास यात्रा: केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते हुए शामिल
पूर्ण हुए कार्यों का किया लोकार्पण, हितग्राहियों से मिले
मण्डला 15 फरवरी 2023
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते बुधवार को पटपरसिंगारपुर में आयोजित विकास यात्रा कार्यक्रम में शामिल हुए। श्री कुलस्ते विकास यात्रा के दौरान शासन की कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हुए हितग्राहियों से मिले। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित पटपरसिंगारपुर निवासी हितग्राही के घर पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दी तथा योजना से मिले लाभ का फीडबैक लिया। श्री कुलस्ते ने इस दौरान शासकीय हाईस्कूल का निरीक्षण किया एवं माध्यमिक शाला में बनाए गए पुस्तकालय का शुभारंभ किया। केन्द्रीय मंत्री ने विकास यात्रा कार्यक्रम में पूर्ण हुए पुलिया, सीसी रोड तथा प्रधानमंत्री आवास का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने शासन की विभिन्न योजनाओं के लिए पात्र हितग्राहियों को लाड़ली लक्ष्मी प्रमाण-पत्र, आयुष्मान कार्ड, केसीसी कार्ड सहित अन्य हितलाभ वितरित किए। विकास यात्रा कार्यक्रम में ग्रामीणों द्वारा स्थानीय समस्याओं से संबंधित आवेदन भी दिए गए। कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामप्यारे कुलस्ते, स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

प्रतिस्पर्धा में सफल होने तकनीक का समुचित उपयोग आवश्यक – हर्षिका सिंह
उत्कृष्ट विद्यालय मंडला में स्मार्ट क्लास का शुभारंभ
मण्डला 15 फरवरी 2023
शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मंडला में स्मार्ट क्लास का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि शिक्षा में तकनीक का बहुत महत्व है। प्रतिस्पर्धा में सफल होने के लिए तकनीक का समुचित उपयोग नितांत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों का आव्हान किया कि वे तकनीक को अपना अच्छा मित्र बनाएं। तकनीक का संयमित उपयोग आपकी सफलता में सहभागी बनेगा। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, पावरग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड रेलवे विद्युतीकरण कार्यालय सिवनी के प्रबंधक मिलिन्द्र देशपांडे, सेवानिवृत्त उपसंचालक शिक्षा अरविंद शुक्ला, जनप्रतिनिधि, विद्यालयीन स्टॉफ तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि स्मार्ट क्लास के माध्यम से विद्यालय के बच्चों को भी महानगरों जैसी गुणवत्तायुक्त शिक्षा तथा संदर्भ सामग्री उपलब्ध हो सकेगी। विकासखंड स्तर पर संचालित उत्कृष्ट विद्यालयों में भी स्मार्ट क्लास उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने क्रीडा के क्षेत्र में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया तथा उनका कैरियर मार्गदर्शन किया। अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मंडला विनोद कछवाहा ने विद्यालय के अपने पूर्व दिनों को याद करते हुए विद्यालय में मंच निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने की बात कही। उपाध्यक्ष नगरपालिका परिषद अखिलेश कुशवाहा ने अपने गुरुजनों से आशीर्वाद प्राप्त करते हुए विद्यार्थियों को विद्यालय की गरिमा के अनुरूप उपलब्धियों को हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पावरग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड रेलवे विद्युतीकरण कार्यालय सिवनी के प्रबंधक मिलिन्द्र देशपांडे ने कहा कि संस्थान द्वारा लगातार सेवाएं के कार्य किए जाते हैं, इसी क्रम में जिला प्रशासन की पहल पर विद्यालय को सीएसआर मद से स्मार्ट बोर्ड प्रदान किया गया है। सिलेबस के अतिरिक्त अन्य चीजें भी पढ़ाएं जिससे ये विद्यार्थी बड़े होकर राष्ट्र निर्माण में सहभागी बन सकें। इससे पूर्व अतिथियों द्वारा स्मार्ट क्लास का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने विद्यार्थियों से चर्चा करते हुए कोर्स मॉड्यूल के संबंध में जानकारी ली। कार्यक्रम के प्रारंभ में प्राचार्य आभा चौरसिया ने विद्यालय का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विद्यालयीन छात्र-छात्राओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर बोर्ड परीक्षा में प्रावीण्यता हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अखिलेश उपाध्याय ने किया।
कक्षा 9 से 12 में तय होती है कैरियर की दिशा
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों से कहा कि वे बेहतर अंक पाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से अध्ययन करें। प्रत्येक क्षण का सदुपयोग करें। कक्षा 9 से 12 के दौरान कैरियर की दिशा तय होती है। श्रीमती सिंह ने शिक्षकों का आव्हान किया कि वे पूरी क्षमता से अध्यापन कार्य कराएं तथा बच्चों को परीक्षा की दृष्टि आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान करें, जिससे सभी विद्यार्थी अच्छे अंकों के साथ बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण करते हुए अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकें।

कलेक्टर ने किया महिला ज्ञानालय नरेन्द्रगढ़ का अवलोकन
नवसाक्षरों को किया पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित
मण्डला 15 फरवरी 2023
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मंडला विकासखंड के ग्राम नरेन्द्रगढ में संचालित महिला ज्ञानालय का अवलोकन किया। उन्होंने नवसाक्षरों से आत्मीय चर्चा करते हुए उन्हें आगे भी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया। श्रीमती सिंह ने कहा कि शिक्षा से व्यक्तित्व के विकास के साथ-साथ जीवनस्तर में भी सुधार होता है। इस दौरान उन्होंने ’निरक्षरता से आजादी अभियान’ के तहत साक्षर हुई महिलाओं से उनके अनुभव पूछे। महिलाओं ने बताया कि वे पहले पढ़ना-लिखना नहीं जानती थी, किन्तु महिला ज्ञानालय के माध्यम से उन्होंने लिखना-पढ़ना सीख लिया है जिससे अब उनका आत्मविश्वास बढ़ा है, वे निरंतर अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहती हैं। कलेक्टर ने कहा कि नवसाक्षर महिलाओं को शब्दों से वाक्यों का भी ज्ञान कराएं। साथ ही वित्तीय साक्षरता पर भी ध्यान दें। कलेक्टर ने अक्षरसाथी ममता कुड़ापे द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। अवलोकन के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास श्वेता तड़वे, जिला शिक्षा केन्द्र के सहायक परियोजना समन्वयक हीरेन्द्र वर्मा एवं के.के. उपाध्याय सहित संबंधित उपस्थित रहे।

तत्काल प्रारंभ करें नहर की सफाई
ग्राम नरेन्द्रगढ़ में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ग्रामीणों से शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने मध्यान्ह भोजन, पोषण आहार, किसान क्रेडिट कार्ड, उपार्जन पंजीयन, खाद्यान्न वितरण आदि के संबंध में जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा नहर का विषय संज्ञान में लाए जाने पर कलेक्टर ने निर्देशित किया कि तत्काल नहर की सफाई कार्य प्रारंभ करें। इसी प्रकार उन्होंने ग्राम में पेयजल की उपलब्धता तथा पहुंचमार्ग के संबंध में भी आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
विकास यात्रा: ग्रामीण क्षेत्रों में लोकार्पण, भूमिपूजन एवं हितलाभ वितरण
मण्डला 15 फरवरी 2023
15 फरवरी को जिले के सभी अनुविभागों की पंचायतांे में विकास यात्राएं निकाली गई। घुघरी अनुविभाग के अंतर्गत विकास यात्रा इमलीटोला से लाफन पंचायत तक निकाली गई। इसी प्रकार ग्राम पंचायत कोंड्रा माल ब्लॉक नारायणगंज, मवई ग्राम मंगलगंज एवं अलग-अलग गांवों में विकास यात्राएं निकाली गई। कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्राम पंचायत बिनैका में पूर्व राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, विधायक मंडला देवसिंह सैयाम, एसडीएम मंडला, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन विकास यात्रा में शामिल हुए। इसी प्रकार ग्राम देहला नैनपुर में भी विकास यात्रा कार्यक्रम आयोजित हुआ।
14 फरवरी को विधायक मंडला देवसिंह सैयाम द्वारा विभागीय योजना से स्थापित जंतीपुर बायोफ्लॉक इकाई का अवलोकन किया गया। इसी क्रम में ग्राम पंचायत नारा से विकास यात्रा प्रारंभ हुई। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड बिछिया के द्वारा सहभागिता करते हुए विकास यात्रा के उद्देश्यों की जानकारी दी गई। विकास यात्रा कार्यक्रम में लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया। आयुष्मान कार्ड, गरीबी रेखा के पात्र हितग्राहियों के नाम जोड़ने, संबल योजना व विभिन्न योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक शिवराज शाह, जनपद सदस्य, स्थानीय सरपंच एवं आमजन उपस्थित थे। इसी क्रम में कोहरी विकासखंड निवास में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को जाति प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। 14 फरवरी को ग्राम पंचायत जमठार में सभी विभागों के संबंधित अधिकारियों द्वारा शासन की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।

कृषि विज्ञान केन्द्र मण्डला: प्रदेश के किसानों के भ्रमण की मुख्य पसंद
मण्डला 15 फरवरी 2023
जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर अंतर्गत संचालित कृषि विज्ञान केन्द्र मण्डला जिले के किसानों के साथ-साथ प्रदेश के अन्य जिले के किसान जैसे- उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, सिवनी, बालाघाट एवं जबलपुर जिले के लगभग 800 किसान भ्रमण कर चुके हैं। कृषि विज्ञान केन्द्र मण्डला के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. के.व्ही. सहारे के मार्गदर्शन में केन्द्र के मृदा वैज्ञानिक डॉ. आर.पी. अहिरवार द्वारा विभिन्न प्रदर्शन इकाईयों का भ्रमण कराते हुए विस्तारपर्वूक जानकारी दी जा रही है। केन्द्र की प्रदर्शन इकाईयां किसानों के लिये आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है। प्रदर्शन इकाईयों में प्रमुख रूप से प्राकृतिक खेती अंतर्गत प्राकृतिक खेती फसल प्रदर्शन इकाई किसानों को आकर्षित कर रही हैं।
प्राकृतिक खेती अंतर्गत चना एवं गेहू की फसल लगाई गई है। चना एवं गेहू की फसल में किसी भी प्रकार के रासायनिक, उर्वरकों, कीटनाशकों, कवकनाशकों तथा खरपतवारनाशकों का प्रयोग नहीं किया गया है। केन्द्र के वैज्ञानिक डॉ. आर.पी. अहिरवार ने जानकारी देते हुए बताया कि रसायनिकों के स्थान पर घर व प्रक्षेत्र पर उपलब्ध प्राकृतिक आदानों का उपयोग करके प्राकृतिक खेती के मूल स्तम्भ जैसे- बीजामृत, जीवामृत, अच्छादन, व्हापसा, का प्रयोग किया जाता है। बीजामृत का प्रयोग बीज उपचार के लिये किया जाता है, इससे बीज व मृदा जनित रोगों से छुटकारा मिल जाता है। जीवामृत का प्रयोग पोषक तत्व प्रबंधन के लिये किया जाता है। जीवामृत दो तरह से तैयार कर सकते हैं तरल एवं घन जीवामृत बनाकर सिचाई जल के साथ या फसल पर छिड़काव कर सकते हैं। एक एकड़ क्षेत्रफल के लिये 200 लीटर जीवामृत पर्याप्त है। अच्छादन का प्रयोग खरपतवार नियंत्रण ताप संरक्षण एवं मृदा नमी संरक्षण के लिये किया जाता है। अच्छादन के रूप में धान व किसी भी फसल अवशेष खेत में बुवाई के बाद अंकुरण के उपरांत बिछा दिया जाता है जिससे मृदा में सूक्ष्मजीवी की क्रियाशीलता में वृद्धि एवं केचुओं की गतिविधि बढ़ जाती है। साथ ही मृदा में कार्बन का स्तर बढ़़ जाता है। मृदा में 50 प्रतिशत नमी एवं 50 प्रतिशत हवा की स्थिति को व्हापसा कहते हैं। व्हापसा में सिचाई को महत्व न देकर मृदा नमी को महत्व दिया जाता है। कीट व रोगों से फसल सुरक्षा के लिये नीमास्त्र, अग्निअस्त्र एवं दसपर्णी अर्क, पंचगब्य अमृत जल एवं फफूंदनाशक काढ़ा बनाकर प्रयोग करते हैं। इनको बनाने के लिये विभिन्न पौधों की पत्तियां जैसे- नीम, करंज, बेल, सीताफल, धतूरा, अकोना, बेसरम का प्रयोग करते हुए गौमूत्र एवं गौबर का प्रयोग करके तैयार किया जाता है। इनका प्रयोग करने से फसलों में रोग व कीट का नियंत्रण हो जाता है अगर इनके काढ़ों का प्रयोग कीट व रोग लगने से पूर्व किया जाये तो अधिक फायदा मिलता है और हमारी फसल सुरक्षित रहती है। अंतर्राष्ट्रीय मिलेट वर्ष 2023 अंतर्गत केन्द्र की कार्यक्रम सहायक केतकी धूमकेती द्वारा कोदो कुटकी के महत्व पर जागरूकता के लिये जानकारी दी जा रही है। केन्द्र के पशुपालन वैज्ञानिक डॉ. प्रणय भारती द्वारा पशुपालन अंतर्गत पशुओं की बिमारियांे के नियंत्रण पर जानकारी दी गई। साथ ही संतुलित आहार प्रबंधन पर जानकारी दी जा रही है ताकि आय में वृद्धि हो सके। साथ ही पशुधन की प्राकृतिक खेती में भूमिका पर जानकारी दी गई।

मेरी पॉलिसी-मेरे हाथ’ बीमा पॉलिसी वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ
मण्डला 15 फरवरी 2023
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत ’मेरी पॉलिसी-मेरे हाथ’ रबी 2022 की फसल बीमा पॉलिसी का वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। 15 फरवरी 2023 को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनान्तार्गत एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ़ इंडिया लिमिटेड द्वारा सीजन रबी 2022-23 की पॉलिसी वितरण कार्यक्रम में बीमित कृषकों को पॉलिसी वितरित की गई। इस दौरान किसानों को फसल बीमा का लाभ लेने के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कृषि विज्ञान केंद्र मंडला में आयोजित इस कार्यक्रम में कृषि विभाग से माया हिरकने (सहायक संचालक कृषि) ज़िला प्रबंधक पारस कुमार जिला प्रतिनिधि, वत्सल कृष्ण वैष्णव आदि रहे उपस्थित रहे।

पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ का दौरा कार्यक्रम
मण्डला 15 फरवरी 2023
कार्यालय कलेक्टर (प्रोटोकॉल) से प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश श्री कमलनाथ का 19 फरवरी को मंडला आगमन हो रहा है। जारी कार्यक्रम के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री 19 फरवरी को प्रातः 11:45 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा घुघरी पहुंचेंगे एवं बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा के पारिवारिक समारोह में शामिल होंगे। श्री कमलनाथ दोपहर 12:30 बजे घुघरी से छिंदवाड़ा के लिए प्रस्थान करेंगे।

शिल्पी, कारीगरों के प्रशिक्षण के लिए आवेदन 20 तक
मण्डला 15 फरवरी 2023
कौशल विकास योजनांतर्गत कुम्हारी में संलग्न शिल्पी, कारीगरों को जिला, संभाग तथा राज्य स्तर पर प्रशिक्षण दिया जाना है। प्रशिक्षण के लिए पात्रता शिल्पी की 18 से 45 वर्ष के बीच आयु होनी चाहिए तथा कम से कम 5वी कक्षा उत्तीर्ण होना चाहिए। प्रशिक्षणार्थियों का चयन जिला स्तरीय छानबीन समिति द्वारा किया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए हितग्राही अपना आवेदन 20 फरवरी 2023 को शाम 5 बजे तक जिला पंचायत मंडला ग्रामोद्योग एवं माटीकला में प्रस्तुत कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय में पदेन जिला माटीकला बोर्ड जिला पंचायत मंडला में कार्यालयीन समय पर मो.नं. 8959500194 में संपर्क कर सकते हैं।

