जनजातीय संस्कृति को बचाए रखना हमारी प्राथमिकता – श्री अनंत नायक
राष्ट्रीय अनुसूचित ज.जा. आयोग ने ली जिला स्तरीय समीक्षा बैठक
मण्डला 14 फरवरी 2023
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री अनंत नायक 2 दिवसीय मंडला दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने योजना भवन में 14 फरवरी को जिला स्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने अनुसूचित जनजाति के लिए बनाई गई नीतियों एवं कार्यक्रमों तथा उसके क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। श्री नायक ने जनजातीय कार्य विभाग की विभागीय संरचना के बारे में जानकारी ली। उन्होंने जनजाति कल्याण के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों पर चर्चा करते हुए कहा कि जनजातीय संस्कृति को बचाए रखना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने वनाधिकार अधिनियम के तहत जनजातीय वर्ग को दिए जा रहे पट्टे के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि उन्हें पट्टे के साथ-साथ शासन की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का भी प्राथमिकता से लाभ देना सुनिश्चित करें। ग्रामीणों से चर्चा करते हुए उनकी समस्या सुनें तथा उसका निराकरण भी करें। बैठक में केन्द्र सरकार के ज्वाईंट सेक्रेटरी के. थाउजेंग, म.प्र. शासन के उपनिदेशक आर.के. दुबे, कलेक्टर हर्षिका सिंह, एसपी यशपाल सिंह राजपूत, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम तथा जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में आयोग के सदस्य श्री नायक ने जनजातीय कार्यविभाग के माध्यम से संचालित म.प्र. आवास भत्ता सहायता योजना, बस्ती विकास योजना तथा आहार अनुदान योजना के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्हांेने वनधन केन्द्र की गतिविधियों पर चर्चा करते हुए कहा कि वन विभाग वनधन केन्द्रों की गतिविधियों से संबंधित समग्र रिपोर्ट कलेक्टर के माध्यम से भेजें। उन्होंने कहा कि आदिवासियों के जीवन स्तर को बेहतर करने वनधन केन्द्रों का व्यापक रूप से उपयोग करें। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बैठक में पीपीटी के माध्यम से हेबीटेट राईट, छात्रावास, आश्रम योजना, एससी-एसटी निवारण अधिनियम, कृषि, जल-जीवन मिशन, सिकल सेल एनिमिया, प्रोजेक्ट उड़ान, मनरेगा, महिला बाल विकास विभाग, कौशल विकास सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर बिन्दुवार प्रेजेन्टेशन दिया।
’प्रोजेक्ट उड़ान’ कार्यक्रम की हुई सराहना
बैठक में आयोग के सदस्य श्री नायक ने जिला प्रशासन द्वारा स्कूल एजुकेशन की बेहतरी के लिए चलाए गए ’प्रोजेक्ट उड़ान’ अभियान कार्यक्रम की प्रशंसा की। उन्हांेने अभियान के माध्यम से चलित लायब्रेरी, ऑनलाईन पाठ्यक्रम सामग्री की उपलब्धता, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए करियर काउंसलिंग के बारे में विस्तार से जाना। श्री नायक ने नीट परीक्षा में चयनित हुए गरीब परिवार के बच्चों के चयन के बारे में जानकर प्रसन्नता व्यक्ति की। आयोग ने जिले में चिकित्सा व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने बैंकिंग क्षेत्र की चर्चा करते हुए एलडीएम को निर्देशित किया कि दूरस्थ जनजातीय इलाकों में बैंक की शाखाएं खोलें ताकि ग्रामीणों की बैंक संबंधी परेशानियाँ दूर हो।

खटिया के आमानाला में की बैगा ज.जा. से चर्चा
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री अनंत नायक एवं वरिष्ठ अधिकारी जिला प्रशासन के संबंधित अधिकारियों के साथ खटिया के आमानाला पहुंचे। यहाँ श्री नायक ने बैगा समुदाय के लोगों से चर्चा की तथा उनकी परेशानियों के बारे में बात की। ग्रामीणों द्वारा चर्चा के दौरान की गई मांग को श्री नायक ने प्रशासन के समक्ष रखा तथा आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में आए 75 आवेदन
मंडला 14 फरवरी 2023
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में आमजनों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में अलग-अलग अनुविभागों से आए कुल 75 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किये। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवेदकों की समस्याआंे के निराकरण करनेे निर्देश दिये। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम, एसडीएम आशाराम मेश्राम सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर के समक्ष जनसुनवाई में ग्राम पौंड़ी निवासी रामकुमार ने होमलोन के संबंध में, ग्राम मुगदरा निवासी छन्नूलाल ने किसान सम्मान निधि के संबंध में, ग्राम आमानाला के समस्त ग्रामवासियों ने विद्युत कनेक्शन, ग्राम रमपुरी निवासी राजू वंदेवार ने गरीबी रेखा राशन कार्ड के संबंध आवेदन दिए। साथ ही जनसुनवाई में अतिक्रमण, पेंशन, दिव्यांग सहायता सहित अलग-अलग विषयों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए।

दिव्यांगों के लिए सहारा बन रही जनसुनवाई
मण्डला 14 फरवरी 2023
जिले के जिला योजना भवन में प्रत्येक मंगलवार को जनसुनवाई का आयोजन किया जाता है। कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा जनसुनवाई में सैकड़ों नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जा रहा है। जनसुनवाई में जरूरतमंदों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप तत्काल सहायता भी उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पिंडरई निवासी बसंत जैन ने जनसुनवाई में पहुंचकर कलेक्टर हर्षिका सिंह के समक्ष श्रवण यंत्र दिलाने से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सामाजिक न्याय विभाग को आवेदक की पात्रता का परीक्षण कर तत्काल श्रवण यंत्र प्रदान करने के निर्देश दिए। मौके पर ही श्रवण यंत्र पाकर बसंत जैन कहते हैं कि प्रथम प्रयास में ही मेरी समस्या का निराकरण हो गया। जनसुनवाई में आकर मैंने तुरंत ही श्रवण यंत्र प्राप्त कर लिया तथा अब मुझे सुनने में आसानी होगी एवं मैं अपने दैनिक कार्य भी बड़ी आसानी से कर पाऊंगा।

विकास यात्रा: विकास कार्यों का निरीक्षण, दीवार लेखन
मण्डला 14 फरवरी 2023
14 फरवरी को विकास यात्रा के क्रम में ग्राम पंचायत नारा, ग्राम पंचायत दिवारा , ग्राम पंचायत बोकर , ग्राम पंचायत पौड़ी और ग्राम पंचायत झिघराघाट में कार्यक्रम आयोजित हुए। यात्रा में ग्रामीणों को विकास यात्रा के उद्देश्यों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में पूर्व विधायक डॉ शिवराज शाह, जप सदस्य, स्थानीय सरपंच एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। विकास यात्रा कार्यक्रम में उपस्थितजनों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही लाभार्थी योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों को चिन्हाकित किया गया। विकास यात्रा में लोगों द्वारा स्थानीय समस्याओं के संबंध में भी बात की गई। मप्र जनअभियान परिषद् द्वारा विकास यात्रा की जानकारी एवं जागरूकता के लिए गांव-गांव दीवार लेखन किया जा रहा है। इसी प्रकार नारायणगंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत चंदेहरा, चिरईडोंगरी, फड़की माल, उमरिया, पड़ादर, उमरडीह, दलदला में विकास यात्रा आयोजित हुई। अतिथियों ने ग्राम पंचायत बोकर में विकास यात्रा के दौरान उपस्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया।
13 फरवरी को विकास यात्रा का आयोजन ग्राम पंचायत बरबसपुर, आमाडोंगरी, ककैया, लफरा और मांगा पहुंची। यात्रा के दौरान लोगों से संवाद किया गया, लोगों ने अपने-अपने गांव की समस्याएं बताई। कार्यक्रम में अतिथियोँ द्वारा विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया जिसमें नाडेप, पेयजल नल, सीसी रोड शामिल हैं। इसी प्रकार पूर्ण हो चुके कार्यों का भूमिपूजन किया गया जिसमें सार्वजनिक नल कूप, खेल मैदान, नाली निर्माण शामिल हैं।
15 को यहाँ होंगी विकास यात्राएँ
प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 फरवरी को जनपद पंचायत निवास के अंतर्गत मेहरासिवनी एवं कटंगासिवनी में विकास यात्राएं आयोजित होंगी। इसी प्रकार जनपद पंचायत बीजाडांडी के अंतर्गत ग्राम पंचायत पिंडरई, ढुढवा एवं भैंसवाही में विकास यात्रा कार्यक्रम आयोजित हैं।

अंतर्राष्ट्रीय मिलेट वर्ष के अंतर्गत महिलाओं को दिया गया प्रशिक्षण
मण्डला 14 फरवरी 2023
कृषि विज्ञान केन्द्र मण्डला के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. के.व्ही. सहारे के मार्गदर्शन में ग्राम गाजीपुर मंे अंतर्राष्ट्रीय मिलेट वर्ष के अंतर्गत कोदो एवं कुटकी के मूल्य संवर्धित उत्पादों का प्रशिक्षण दिया गया जिसमें ग्राम की 20 महिलायें उपस्थित रही। कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक डॉ. आर.पी. अहिरवार एवं डॉ. प्रणय भारती, केतकी धूमकेती उपस्थित रहे। कार्यक्रम सहायक केतकी धूमकेती द्वारा महिलाओं को लघु धान्यों की उपयोगिता एवं पोषकीय महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही प्रशिक्षण में कोदो-कुटकी के लड्डू, खीर एवं चकली, सेव आदि तैयार कराई गई जिससे कोदो एवं कुटकी को दैनिक आहार में शामिल करने हेतु बढ़ावा मिले। उन्होने बताया कि कोदो एवं कुटकी में चावल और गेहू की तुलना में रेशा, प्रोटीन, मैग्नीशियम, कैल्शियम, आयरन, फास्फोरस अधिक मात्रा में उपस्थित होते हैं, जो शरीर को सुचारू रूप से चलाने हेतु आवश्यक हैं। लघु धान्य कोलेस्ट्रोल कम करने, मोटापा घटाने, एनीमिया निवारण में सहायक हैं। इसका कम ग्लाइसेमिक सूचकांक होता है, जिससे यह मधुमेह रोगियों द्वारा अपने आहार में शामिल किया जाता है। लघु धान्यों के प्रसंस्करण उपरांत इसका बाजार मूल्य अधिक मिलता है, जिससे किसान अपनी आमदानी बढ़ा सकते हैं। इस प्रकार लघु धान्य सेहत बनाने के साथ-साथ आय बढ़ाने मे भी सहायक हैं।

गोंझी में विधिक जागरुकता शिविर सम्पन्न
मण्डला 14 फरवरी 2023
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार प्रधान जिला न्यायाधीश माननीय श्रीमती विधि सक्सेना के निर्देशन में एवं श्री डी0आर0 कुमरे जिला न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डला द्वारा ग्राम पंचायत गोंझी में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री विजय कुमार खोब्रागड़े, पैरालीगल वालेंटियर श्रीमती ग्यारसी कुशराम एवं ग्रामवासी उपस्थित थे।
श्री विजय कुमार खोब्रागड़े जिला विधिक सहायता अधिकारी ने मौलिक अधिकार एवं कर्तव्योें, यातायात कानून, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम की जानकारी दी। साथ ही बताया कि हम अपने या अपने अधिकारों के प्रति एवं जो कानून हमारे देश में चल रहे हैं उनके बारे में जानकार बनिये, सुरक्षित रहिये और अपना और अपने परिवार एवं अपने साथ रह रहे लोगों का विकास करिये। साथ ही महिलाओं के अधिकार विषय पर जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक महिला को भरण-पोषण का अधिकार, घरेलु हिंसा से संबंधित अधिकार, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न से संरक्षण का अधिकार, समान वेतन मजदूरी पाने का अधिकार, विधिक सहायता एवं सलाह योजना एवं राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं म0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

नवोदय प्रवेश परीक्षा: अंतिम तिथि आज
मण्डला 14 फरवरी 2023
जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 2023 के आवेदन करने की अंतिम तिथि 8 फरवरी से बढ़कर 15 फरवरी कर दी गई है। सभी अभिभावकों से अपील की गई है कि कक्षा 5वी में पढ़ रहे बच्चों का पंजीयन अवश्य करायें तथा अपने आसपास के लोगों को भी अवगत करायें ताकि अधिक से अधिक छात्र लाभ ले सकें।

14 मार्च तक प्रतिबंधित रहेगा बबैहा पुल पर भारी वाहनों का आवागमन
कलेक्टर ने जारी किया आदेश
मण्डला 14 फरवरी 2023
बरेला-मंडला मार्ग पर बबैहा के निकट पुल पर मध्यम मालयान, भारी मालयान एवं बसों के आवागमन, यातायात के लिए लगाए गए प्रतिबंध को कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट हर्षिका सिंह द्वारा 14 मार्च 2023 तक के लिए विस्तारित किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार बबैहा पुल पर सुरक्षा जांच का कार्य प्रारंभ होने व तदुपरांत आवश्यकतानुसार सुधार, मरम्मत, सुदृढ़ीकरण का कार्य संभावित होने के कारण पुल से दो पहिया, तीन पहिया, चार पहिया (कार, जीप, ट्रेक्टर एवं पिकअप) को छोड़कर मध्यम मालयान, भारी मालयान एवं बसों के आवागमन, यातायात पर लगाया गया प्रतिबंध 14 मार्च 2023 तक यथावत जारी रहेगा। प्रतिबंधित किए गए मध्यम मालयान एवं भारी मालयानों हेतु मंडला- फूलसागर- बबलिया- निवास- बरेला मार्ग का उपयोग करने हेतु निर्देशित किया है। इसी प्रकार बसों तथा ज्वलनशील पदार्थों के टेंकर (पेट्रोल, डीजल, केरोसीन) के लिए मंडला- फूलसागर- बबलिया- नारायणगंज- बीजाडांडी – बरेला मार्ग का उपयोग किया जाएगा।

