हितग्राहियों के घर जाकर देखी बैठक में दी गई जानकारियों की जमीनी हकीकत
कलेक्टर ने किया नैनपुर विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण
ईईपीएचई, सहायक यंत्री, उपयंत्री सहित 8 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस
मण्डला 3 मई 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने नैनपुर विकासखंड के तिलई, इन्द्री, चिरईडोंगरी रेलवे तथा ईश्वरपुर आदि ग्रामों का भ्रमण करते हुए जल-जीवन मिशन के कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने ग्राम में भ्रमण कर समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी की हकीकत जानी। बैठक में दी गई जानकारी और जमीनी हकीकत में अंतर पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए पीएचई के कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री एवं उपयंत्री तथा ग्रामीण विकास विभाग के सहायक यंत्री तथा उपयंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि डीपीआर में स्वीकृत ग्रामों के प्रत्येक घरों तक पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करें। भ्रमण के दौरान एसीईओ जिला पंचायत एसएस मरावी, एसडीएम नैनपुर लालशाह जगत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
ग्राम तिलई तथा ईश्वरपुर में अनेक हितग्राहियों के घर जाकर जल-जीवन मिशन के कार्यों का अवलोकन करते हुए कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि हर घर तक पानी पहुंचाएं। मानक के अनुरूप लेम्प पोस्ट बनाएं, प्रत्येक कनेक्शन में अनिवार्य रूप से टोंटी लगाएं। योजना के रख-रखाव पर विशेष ध्यान दें। ग्राम तिलई में बिजली के कारण जल आपूर्ति बाधित होने तथा जल स्त्रोत की सफाई नहीं होने पर कलेक्टर ने अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए पीएचई के सहायक यंत्री तथा उपयंत्री, सरपंच, सचिव तथा जीआरएस को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग आपस में समन्वय करें। बिजली के कारण कोई भी योजना बंद नहीं होनी चाहिए। उन्होंने 3 दिवस में बिजली की समस्या का समाधान तथा जल स्त्रोत की सफाई कर प्रतिवेदन भेजने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्रामीणजनों से आव्हान किया कि वे जल कर की राशि का समय पर भुगतान करें। उन्होंने ग्राम की सड़कों की मरम्मत के लिए संबंधितों को निर्देशित किया। डॉ. सलोनी सिडाना ने भ्रमण के दौरान खाद्यान्न वितरण, पात्रता पर्ची, स्कूल एवं आंगनवाड़ी की स्थिति, मध्यान्ह भोजन सहित अन्य योजनाओं के संबंध में ग्रामीणों से फीडबैक लिया।

उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण
भ्रमण के दौरान कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने उपार्जन केन्द्र इन्द्री तथा चिरईडोंगरी रेलवे का निरीक्षण करते हुए खरीदी प्रक्रिया तथा भंडारण के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि खरीदी की अवधि तथा स्लॉट बुकिंग के संबंध में किसानों को अवगत कराएं। मौसम को ध्यान में रखते हुए खाद्यान्न की सुरक्षा के समुचित प्रबंध सुनिश्चित करें। बारदानों में स्टेन्सिल अच्छे से प्रिंट कराएं। उन्होंने परिवहन तथा श्रमिकों को भुगतान के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
समय पर पूर्ण करें सीएम राईज स्कूल भवन
भ्रमण के दौरान कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने चिरईडोंगरी रेलवे में बन रहे सीएम राईज स्कूल के बनने वाले भवन के स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रस्तावित भवन के नक्शे के माध्यम से निर्माण कार्य तथा लागत आदि के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि कार्य को समुचित गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण करना सुनिश्चित करें। कार्य की गुणवत्ता तथा समयावधि में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डॉ. सलोनी सिडाना ने एसडीएम तथा सीईओ जनपद को निर्माण कार्य की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

पेंटिंग निर्माण में व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा का ध्यान रखना आवश्यक – डॉ. सलोनी सिडाना
कलेक्टर ने की गोंड़ी चित्रकारों से चर्चा
मण्डला 3 मई 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने नैनपुर विकासखंड के ग्राम तिलई भ्रमण के दौरान क्लस्टर स्तर पर काम कर रहे गोंडी चित्रकारों से चर्चा करते हुए प्रशिक्षण, आवश्यक सामग्री की उपलब्धता, विक्रय तथा होने वाले फायदे आदि के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि पेंटिंग निर्माण में व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा का ध्यान रखना आवश्यक है। इस संबंध में विशेषज्ञ डिजाईनर्स से संवाद बढ़ाएं तथा बाजार की मांग को समझते हुए कार्य को आगे बढ़ाएं। कलेक्टर ने पेंटिंग कार्य में आने वाली कठिनाईयों, प्रशासन से अपेक्षाएं के संबंध में जानकारी ली तथा उन्हें समुचित सहयोग प्रदान करने की बात कही। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण, सामग्री की उपलब्धता तथा मार्केटिंग आदि के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन तथा सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि प्रशासन द्वारा गोंड़ी पेंटिंग के नवाचार को आगे बढ़ाने हेतु एक प्रोजेक्ट प्रस्तावित है, जिसके अंतर्गत गुणवत्ता सुधार हेतु डिज़ाइनर के साथ कार्यशाला करवायी जायेगी। इंद्री संकुल में इकट्ठे काम करने के लिए आवश्यक व्यवस्था की जाएगी। कच्चे माल की व्यवस्था की जाएगी एवं मार्केटिंग में सहायता की जाएगी। उन्होंने कलाकारों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें लगन से आगे बढ़ने के किए प्रोत्साहित किया। भ्रमण के दौरान एसीईओ जिला पंचायत एसएस मरावी, प्रबंधक नाबार्ड देवव्रत पाल तथा सीएम फेलो कृति सिंघई सहित संबंधित उपस्थित रहे।

स्लॉट बुकिंग करते समय एक बार ही उपार्जन केन्द्रों का चयन करें
मण्डला 3 मई 2023
रबी विपणन वर्ष 2023-24 अन्तर्गत समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी 15 मई 2023 तक नियत है। शासन द्वारा समर्थन मूल्य 2125/- प्रति क्विंटल नियत किया गया है। स्लॉट बुक करने की सुविधा 15 मई 2023 के 10 दिन पूर्व तक शासन द्वारा नियत है। जिले में 53 उपार्जन केन्द्रों में से 10920 किसानों ने ही स्लॉट बुक कराया है, जिसके विरूद्ध 4894 किसानों ने 291743.16 क्विंटल गेहूं उपार्जन केन्द्र में विक्रय किया गया है। गेहूं विक्रय हेतु जिले की सहकारी संस्थाओं के उपार्जन केन्द्रों पर स्लॉट बुकिंग निःशुल्क किया जा रहा है, जो किसान अपनी उपज उपार्जन केन्द्रों पर विक्रय करना चाहते हैं, वे अपने नजदीकी उपार्जन केन्द्र का चयन कर सकते हैं। चयन की सुविधा उपार्जन पोर्टल के वेबसाईट www.mpeuparjan.nic.in पर या स्वयं के मोबाईल से भी स्लॉट बुक कर सकते हैं। किसानों से आग्रह है कि स्लॉट बुकिंग करते समय एक बार ही उपार्जन केन्द्रों का चयन करें ताकि बार-बार निरस्त कराने की आवश्यकता न हो अन्यथा बार-बार निरस्त करने पर पात्रता नहीं रहेगी। जिले में 29 गोदाम स्तरीय केन्द्र बनाये गए हैं ताकि केन्द्रों से कम से कम परिवहन करना पड़े। जिले के किसान भाईयों से आग्रह है कि एफ.ए.क्यू. क्वालिटी की उपज लेकर ही उपार्जन केन्द्र पर आएं ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न रहे।

रज़ा फाउंडेशन ने आयोजित किया कथक नृत्य एवं चित्रकला कार्यशाला
रज़ा कला वीथिका में 30 जुलाई 23 तक चलेगी कार्यशाला
मंडला – स्थानीय जिला न्यायालय के सामने स्थित रज़ा कला वीथिका में रज़ा फाउंडेशन नई दिल्ली द्वारा कथक नृत्य एवं चित्रकला कार्यशाला का आयोजन किया गया है। इस कार्यशाला की शरुआत 1 मई 23 को हो चुकी है जो 30 जुलाई 23 तक चलेगी। सुबह 8:30 से सुबह 10:30 बजे तक कथक नृत्य की कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इसमें भारतीय शास्त्रीय नृत्य “कथक” की ट्रेनिंग रानू चंद्रौल दे रही है। रानू चंद्रौल ने नृत्य व संगीत की विधिवत शिक्षा प्राप्त। उन्होंने संगीत से बी. ए. ऑनर्स व एम. ए. इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ से करने के बाद दिल्ली कथक केंद्र (संगीत नाट्य अकादमी) से पोस्ट डिप्लोमा प्राप्त किया। उनकी गुरु श्रीमती मालती श्याम व डाॅ. नीता गहरवार है। भारतीय संस्कृति को बनाए रखने के लिए जिले में ही बच्चों को और बड़ों को कथक जैसे विषय पर पारंगत कर रही है। प्रसिद्ध स्थानीय चित्रकार अशोक सोनवानी चित्रकला कार्यशाला में प्रतिभागियों को चित्रकारी के हुनर सिखा रहे है। यह कार्यशाला शाम 4:30 से शाम 6:30 बजे तक चल रही है। इसी महीने चित्रकला कार्यशाला के अलावा चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया जायेगा। जून माह में पत्थरों की मूर्ति (स्टोन कार्विंग) की कार्यशाला भी आयोजित की जाएगी। रज़ा फाउंडेशन के सदस्य सचिव ने कला प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक संख्या में कार्यशाला में पहुंचकर चित्रकारी व कथक नृत्य की बारीकियों को सीखे। इस कार्यशाला में शामिल होने के लिए दीपमानी खैरवार से कार्यशाला के समय रज़ा कला वीथिका में और अन्य समय उनके मोबाइल नंबर 8518856384 पर संपर्क किया जा सकता है।

