मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सर्वाधिक महत्वपूर्ण, लापरवाही पर कार्यवाही तय – डॉ. सिडाना
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मण्डला 1 जून 2023
गुरूवार को कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सर्वाधिक महत्वपूर्ण विषय है। स्वास्थ्य विभाग एवं समस्त विभाग इस कार्य को अत्यंत गंभीरता से पूर्ण करें। लापरवाही की स्थिति में संबंधित अमले पर कार्यवाही तय रूप से सुनिश्चित की जाएगी। डॉ. सिडाना ने बैठक में एएनसी जाँच, एनीमिया जाँच की ब्लॉकवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जाँच एवं उनकी सुरक्षा हमारा परम कर्तव्य है। उन्होने एएनसी रजिस्ट्रेशन की लक्ष्य एवं उसके विरूद्ध पूर्ति की आंकड़ेवार समीक्षा भी की। कलेक्टर ने कहा कि सिकल सेल एनीमिया की सभी स्तरों पर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि एनीमिया चिन्हांकन ही नहीं उसका उपचार भी अत्यंत ज़रूरी है। इसी प्रकार निचले स्तर से जरूरी जाँच सैंपल नियमित रूप से जिला चिकित्सालय को भेजा जाए। बैठक में सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथसिंह, सिविल सर्जन, सभी बीएमओ एवं संबंधित उपस्थित थे।

सीएम हेल्पलाइन समस्या निराकरण का सबसे प्रभावी तरीका
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग सीएम हेल्पलाइन में आने वाली शिकायतों का गंभीरतापूर्वक निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन लोगों की समस्या के निराकरण का सबसे प्रभावी तरीक़ा है। स्वास्थ्य विभाग में आने वाली शिकायतों को संबंधित अधिकारी गंभीरता से लें तथा उनके निराकरण के लिए सकारात्मक पहल करें। उन्हांेने कहा कि निराकरण के दौरान अत्यंत संवेदनशीलता के साथ ज़रूरी जवाब फीड करें।
मवई क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने कार्ययोजना बनाएं
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि मवई क्षेत्र में कम्यूनिटी हेल्थ एवं स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को बेहतर करने के लिए कार्ययोजना बनाएं। उन्होंने सभी बीएमओ को निर्देशित किया कि एएनसी रजिस्ट्रेशन का कार्य गंभीरता से देखें। उन्होंने कहा कि हर ब्लॉक की सर्वाधिक निम्न प्रदर्शन करने वाली एएनएम को चिन्हित करें तथा उन पर समय-समय पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने बैठक में मॉडरेट एनीमिया की ब्लॉकवार समीक्षा की तथा एनीमिया जाँच के लिए सभी केंद्रों में पर्याप्त उपलब्धता के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि सभी बीएमओ अपने केन्द्र में एनीमिया की जाँच के लिए ज़रूरी किट की उपलब्धता के सर्टिफ़िकेट देंगे।
सभी सीएचसी में सर्पदंशरोधी टीके पर्याप्त रखें
कलेक्टर ने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी बारिश के मद्देनजर सभी केंद्रों पर सर्पदंशरोधी टीके अनिवार्य रूप से रखें। उन्होने कहा कि बारिश के दौरान होने वाली बीमारियों को भी दृष्टिगत रखते हुए उपलब्ध दवाईयों का आंकलन करें तथा पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय के स्टोर रूम में उपलब्ध दवाओं का युक्तियुक्त रूप से निचले स्तर पर समय-समय पर संचालन सुनिश्चित हो।

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना: स्वीकृति पत्रक पत्र हुए वितरित
मण्डला 1 जून 2023
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत 31 मई तक आपत्ति निराकरण एवं बैंक लिंकेज से संबंधित कार्य किए गए हैं। पंचायत स्तर पर पात्र महिलाओं की अंतिम सूची का प्रकाशन भी कर दिया गया है। 1 जनू को जिले के नगरीय निकायों एवं पंचायतों में लाड़ली बहना योजना के लिए अंतिम रूप से चयनित बहनों को स्वीकृति पत्र वितरण का कार्य प्रारंभ हो गया है। विधायक मंडला देवसिंह सैयाम ने ग्राम झुलपुर में योजना के लिए पात्र बहनों को स्वीकृति पत्र वितरण किया। इसी प्रकार मुंगवानी, मोहगांव सहित अलग-अलग पंचायतों में भी लाड़ली बहना के स्वीकृति पत्र वितरण का कार्य प्रारंभ किया गया।

बी.एल.ओ. का प्रशिक्षण एवं बैठक आयोजित
मण्डला 1 जून 2023
फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2023 के अंतर्गत तहसील कार्यालय मण्डला सभागृह में नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र के बी.एल.ओ. का प्रशिक्षण एवं बैठक आयोजित की गई। बैठक में 31 अगस्त 2023 तक नवीन पात्र सभी मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र व्यक्तियों के नाम निरसन करने एवं वांछित संशोधन करने के निर्देश दिए गए हैं।

निवास परिषद में 105 महिलाओं को स्वीकृति पत्र वितरित
मण्डला 1 जून 2023
नगर परिषद निवास के वार्ड क्रमांक 1 खडदेवरी वार्ड में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत 105 पात्र महिलाओं को स्वीकृति पत्र का वितरण किया गया। कार्यक्रम में नगर परिषद निवास अध्यक्ष हेमलता परस्ते, उपाध्यक्ष बसंत चौधरी सहित जनप्रतिनिधिगण, पार्षदगण, गणमान्य नागरिक, निकाय के कर्मचारी तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बीजाडांडी ब्लॉक में जनसेवा मित्रों ने की साफ-सफाई
मण्डला 1 जून 2023
1 जून 2023 को बीजाडांडी ब्लॉक में सभी जनसेवा मित्रों ने राधाकृष्णन मंदिर पहुँचकर साफ-सफाई का कार्य किया। जनसेवा मित्रों ने स्वास्थ्य केंद्र में भी साफ-सफाई कार्य किया। मुख्यमंत्री जनसेवा मित्रों ने डांड की राधा कृष्ण मंदिर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बीजाडांडी हाट बाजार की दुकानों एवं जनपद पंचायत बीजाडांडी मे स्वच्छ भारत मिशन के तहत सफाई अभियान का कार्य किया। यह कार्य जनसेवा मित्रों के निर्देशक सीएम फेलो सुप्रिया पाठक नेतृत्व में यह कार्य संपन्न हुआ। ब्लॉक बीजाडांडी जनपद सीईओ प्रमोद ओझा एवं स्वच्छ भारत मिशन ब्लॉक कोऑर्डिनेटर किरण सोलंकी भी उपस्थित रहे तथा कार्य में सहयोग किए।

कान्हा से 4 गौर की पहली खेप संजय टाईगर रिजर्व सीधी के लिए रवाना
मण्डला 1 जून 2023
प्राप्त जानकारी के अनुसार वन्यप्राणी संरक्षण एवं प्रबंधन में अग्रणी टाईगर स्टेट मध्यप्रदेश द्वारा विभिन्न संकटापन्न प्रजातियों की अलग-अलग स्थानीय आबादी विकसित करने हेतु अनेक नवाचार किये जाते रहे हैं। विलुुप्तप्राय बारासिंघा प्रजाति पूर्व में कान्हा से सतपुड़ा टाईगर रिजर्व एवं बांधवगढ टाईगर रिजर्व में स्थापित किये जा चुके हैं, जिससे इस प्रजाति को नया जीवन प्राप्त हुआ। इसी प्रकार संजय टाईगर रिजर्व, सीधी में गौर की आबादी विकसित करने की परियोजना तैयार की गई।
कान्हा टाईगर रिजर्व मण्डला से संजय टाईगर रिजर्व, सीधी में गौर के प्रत्यास्थापन की योजना वर्ष 2021 में भारत सरकार वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से स्वीकृत की गई थी। यह योजना म.प्र. शासन वन विभाग के पहल पर भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून द्वारा तैयार की गई, जिसके अंतर्गत कान्हा टाईगर रिजर्व से 35 एवं सतपुड़ा टाईगर रिजर्व से 15 गौर वन्यप्राणियों का स्थानान्तरण प्रस्तावित हैं। इसी कड़ी में कान्हा टाईगर रिजर्व से 1 जून 2023 को 2 नर एवं 2 मादा कुल 4 गौर की पहली खेप संजय टाईगर रिजर्व हेतु रवाना की गई। इस कार्यवाही के लिए प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) मध्यप्रदेश जसवीर सिंह चौहान, भा.व.से. विशेष रूप से कान्हा में उपस्थित थे। उनके मार्गदर्शन में कान्हा परिक्षेत्र के रानी तालाब क्षेत्र से गौर को पकड़कर विशेष रूप से तैयार किये गये परिवहन ट्रक से रवाना किया गया। इस कार्यवाही में मध्यप्रदेश वन विभाग के सुनील कुमार सिंह, भा.व.से., क्षेत्र संचालक एवं पुनीत गोयल, भा.व.से. उपसंचालक कान्हा टाईगर रिजर्व एवं संजय टाईगर रिजर्व के अधिकारी, कर्मचारियों के अतिरिक्त भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून के प्रोजेक्ट इन्चार्ज डॉ. पराग निगम तथा उनके सहयोगी तथा मघ्यप्रदेश वन्यप्राणी स्वास्थ्य एवं फॉरेंसिक संस्थान, जबलपुर की शोभा जावरे के नेतृत्व में टीम संलग्न थी। गौर पकड़ने की कार्यवाही प्रातः 5 बजे से आरम्भ कर प्रातः 9 बजे तक संपन्न की गई।
इसके पूर्व वर्ष 2011-12 में कान्हा टाईगर रिजर्व से 50 गौर का प्रत्यास्थापन बांधवगढ टाईगर रिजर्व, उमरिया में सफलतापूर्वक किया गया। वहाँ लगभग 150 गौर की संख्या है। वर्तमान प्रक्रिया पूर्णतः भारतीय विशेषज्ञों की देखरेख में संपन्न की जा रही है। इस प्रक्रिया के अध्ययन के लिये छत्तीसगढ़ एवं कर्नाटक राज्य के वन्यप्राणी प्रबंधन अधिकारी भी उपस्थित रहे। आगामी 1 सप्ताह में कान्हा टायगर रिजर्व से 35 गौर का विस्थापन किया जाना प्रस्तावित है।

कोलोनियों की लिखित सूचना 5 जून तक देने के निर्देश
मण्डला 1 जून 2023
मुख्य नगरपालिका अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री द्वारा 31 दिसम्बर 2022 तक की अनाधिकृत कॉलोनियों में नागरिक अधोसंरचना एवं भवन निर्माण अनुज्ञा प्रदान करने की घोषणा की गई है। नगरपालिका सीमाक्षेत्रांतर्गत निवासरत समस्त नागरिकों एवं कोलोनाईजर को सूचित किया गया है कि 31 दिसम्बर 2022 तक अस्तित्व में आई अनाधिकृत कॉलोनियों में नागरिक अधोसंरचना एवं भवन निर्माण अनुज्ञा प्रदान किये जाने हेतु सर्वेक्षण किया जाना है। तत्संबंध में नगरपालिका सीमा क्षेत्रांतर्गत 31 दिसम्बर 2022 तक अस्तित्व में आई कॉलोनियों की लिखित सूचना 5 जून 2023 तक कार्यालय में दी जा सकती है। 5 जून 2023 के पश्चात् दावा आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।

आज निवास एवं भुआबिछिया में आयुष स्वास्थ्य शिविर
मण्डला 1 जून 2023
जिला आयुष अधिकारी ने बताया कि शासकीय आयुर्वेद औषधालय परिसर निवास तथा नगर परिसर विनोद रंगमंच भुआबिछिया में 2 जून 2023 को आयुष मेला स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के लिए अधिकारी, कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है।

सभी डीडीओ का प्रशिक्षण आज
मण्डला 1 जून 2023
आईएफएमआईएस सॉफ्टवेयर में आ रही कठिनाईयों (माड्यूल ओटीसी चालान वेब पोर्टल, पेय फिक्सेशन, पेंशन प्रकरण, एनपीएस, हेररकी बनाना) के समाधान हेतु प्रशिक्षण का आयोजन किया गया है। समस्त आहरण एवं संवितरण अधिकारियों का प्रशिक्षण का आयोजन जिला योजना भवन सभाकक्ष मण्डला में 2 जून 2023 (शुक्रवार) को दोपहर 2 बजे से 5 तक किया जाएगा।

कन्या शिक्षा परिसर चटुआमार में प्रवेश 3 जून तक
मण्डला 1 जून 2023
विशिष्ट आवासीय विद्यालय में कन्या शिक्षा परिसर चटुआमार में एसटी विकलांग संवर्ग की 5वी उत्तीर्ण 2 छात्राओं को वर्तमान सत्र की कक्षा 6वी में प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश की अंतिम तिथि 3 जून 2023 निर्धारित की गई है।

जिला स्तरीय सर्तकता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक आज
मण्डला 1 जून 2023
सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग ने बताया कि जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनीटरिंग समिति की बैठक कलेक्टर की अध्यक्षता में 2 जून 2023 को दोपहर 3:30 बजे जिला योजना भवन मंडला में आयोजित की गई है।

बाढ़, अतिवृष्टि से निपटने बैठक आज
मण्डला 1 जून 2023
मानसून वर्ष 2023 में बाढ़, अतिवृष्टि की संभावित स्थिति से निपटने हेतु पूर्व तैयारियों हेतु सर्व विभाग प्रमुखों की जिला स्तरीय बैठक 2 जून 2023 दिन शुक्रवार को सायं 3:30 बजे योजना भवन के मीटिंग हॉल में आयोजित होगी। सभी उपरोक्त बैठक में विभागीय जानकारी के साथ एवं अपने सुझाव सहित अनिवार्यतः उपस्थित होना सुनिश्चित करेंगे।

3 दिवस में पूर्ण करें डीबीटी लिंकेज कार्य – डॉ. सिडाना
समीक्षा बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मण्डला 1 जून 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने लाड़ली बहना योजना तथा सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्हांेने कहा कि लाड़ली बहना योजना के तहत पात्र महिलाओं के डीबीटी लिंकेज का कार्य अगले 3 दिवस में पूर्ण करें। संबंधित अधिकारी बैंकों से समन्वय करें तथा जिन महिलाओं के डीबीटी प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं सूची तैयार कर तत्काल आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।
डॉ. सिडाना ने बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि लाड़ली बहना योजना के तहत डीबीटी लिंकेज के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। अगले 3 दिवस लाड़ली बहना योजना पर फोकस करते हुए शतप्रतिशत महिलाओं का डीबीटी लिंकेज करें। उन्होंने इस संबंध में शनिवार एवं रविवार को भी बैंक में कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे बैंक से समन्वय कर प्रत्येक महिलाओं की जानकारी एकत्र कर निदानात्मक कार्यवाही करें। सेक्टर अधिकारी कम से कम 2 बैंक शाखाओं का भ्रमण करते हुए डीबीटी लिंकेज कार्य की मॉनिटरिंग करें।
मई माह के प्रकरणों पर करें फोकस
सीएम हेल्पलाईन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने मई माह में प्राप्त प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी प्रत्येक प्रकरणों का गंभीरतापूर्वक अध्ययन करते हुए सकारात्मक निराकरण की पहल करें। जिलाधिकारी अपने अधीनस्थ खंड स्तर के अधिकारियों को भी सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों के निराकरण के लिए समुचित मार्गदर्शन प्रदान करें। बैठक में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित सभी विभागों के अधिकारी तथा बैंकर्स उपस्थित रहे।

रोजगार प्रदाता फर्म के संचालकों को दी गई मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना की जानकारी
मण्डला 1 जून 2023
जिला योजना भवन में मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना के तहत परिचर्चा आयोजित की गई जिसमें कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने रोजगार प्रदाता फर्म के संचालकों को योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि युवाओं को प्रशिक्षण प्राप्त करते हुए एक निर्धारित राशि मिलेगी जिसके आधार पर विद्यार्थी आगे प्रशिक्षण एवं पढ़ाई साथ-साथ कर सकते हैं। ट्रेनिंग के अभाव में वंचित रहने वाले विद्यार्थियों के लिए यह योजना महत्वपूर्ण है।
कलेक्टर डॉ. सिडाना ने कहा कि पंजीकृत प्रतिष्ठान अपने कुल कार्यबल के 15 प्रतिशत की संख्या तक युवाओं को प्रशिक्षण दे सकते हैं। योजना के तहत प्रशिक्षण के निर्धारित अवधि तक स्टाईपेंड दिया जाएगा। पंजीयन कराने वाले औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के पास जीएसटी नंबर होना आवश्यक है। यह योजना निजी संस्थानों जैसे- प्रोपराईटर, एचयूएफ, कंपनी, पार्टनरशिप, ट्रस्ट, समिति आदि पर भी लागू होगी। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 18 से 29 वर्ष होनी चाहिए। आवेदक मध्यप्रदेश का स्थानीय निवासी होना चाहिए तथा 12वी/आईटीआई उत्तीर्ण या उससे उच्च शिक्षित होना चाहिए। ट्रेनिंग में 12वी उत्तीर्ण युवाओं को 8 हजार रू., आईटीआई उत्तीर्ण को 8 हजार 500 रू., डिप्लोमा उत्तीर्ण को 9 हजार रू. एवं स्नातक उत्तीर्ण या उच्च शैक्षणिक योग्यता को 10 हजार रू. प्रतिमाह स्टाईपेंड दिया जाएगा।
परिचर्चा में बताया गया कि मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना के अंतर्गत प्रतिष्ठानों के लिए 7 जून से ऑनलाईन पोर्टल पर पंजीयन प्रारंभ हो रहे हैं। इसी प्रकार युवाओं के लिए 15 जून 2023 से पंजीयन प्रारंभ हो रहे हैं। अधिक जानकारी के लिए https://mmsky.mp.gov.in/ पर संपर्क किया जा सकता है। परिचर्चा में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना, जीएमडीआईसी श्री वास्कले, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं रोजगार प्रदाता फर्म के संचालक उपस्थित थे।

इन क्षेत्रों में दिया जा सकेगा प्रशिक्षण
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने बताया कि मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना के तहत इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल, सिविल, होटल मैनेजमेंट, टूरिज्म और ट्रेवल, अस्पताल, रेलवे, आईटी और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, बैंकिंग, बीमा, लेखा, चार्टड एकाउंटेंट और अन्य वित्तीय सेवाएं, मीडिया, कला, कानूनी एवं विधि सेवाएं, शिक्षा व प्रशिक्षण, मैनेजमेंट एवं मार्केटिंग के क्षेत्र में प्रशिक्षण दिया जा सकेगा साथ ही ऐसे क्षेत्र जिनमें प्रशिक्षण उपरांत छात्र प्रशिक्षणार्थी के लिए गिग इकोनॉमी एवं ब्लू कॉलर जॉब्स हेतु उपयुक्त होंगे।

जिला स्तरीय सीसीएलई प्रशिक्षण का हुआ समापन
मण्डला 1 जून 2023
जिला शिक्षा अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 दिवसीय सीसीएलई प्रशिक्षण कन्या शिक्षा परिसर चटुआमार मंडला में समापन किया गया। 29 मई 2023 से 1 जून 2023 तक आयोजित प्रशिक्षण के अंतिम दिवस शासकीय कन्या शिक्षा परिसर के प्राचार्य एसके तंतुवाय द्वारा प्रशिक्षणर्थियों को प्रमाण पत्र वितरण किया गया। प्रशिक्षण में शिक्षक के माध्यम 4 सदन का गठन किया गया जिसमें महाराणा प्रताप, सदन, रानी लक्ष्मीबाई सदन, रानी दुर्गावती सदन और छत्रपति शिवाजी सदन ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विजेता रानी दुर्गावती सदन एवं उपविजेता छत्रपति शिवाजी सदन रहा। प्रतिभागियों ने हर विधा में आनंदमयी, रूचि पूर्ण एवं कलात्मकता के साथ सहभागिता प्रस्तुत की। सम्पूर्ण कार्यक्रम के सफल संचालन में सहायक संचालन एमएस सेन्द्राम, जिला सीसीएलई नोडल अधिकारी एलएस मसराम एवं कार्यक्रम नोडल अधिकारी शासकीय मॉडल उमावि के प्राचार्य आरके भांडे, समस्त सीसीएल, जिला स्त्रोत समूह की भूमिका महत्वपूर्ण थी।

बिजली उपभोक्ताओं के लिए 6 जून तक शिकायत निवारण शिविर
मण्डला 1 जून 2023
न.प्र. शासन ऊर्जा विभाग एवं म.प्र.पू.क्षे.वि.वि.कं.लि. जबलपुर के निर्देशानुसार मण्डला वृत्त के क्षेत्रान्तर्गत मण्डला एवं बिछिया सम्भाग में वितरण केन्द्र में 1 जून से 6 जून 2023 तक शिकायत निवारण शिविरों का आयोजन किया गया है। यदि विद्युत उपभोक्ता के मासिक विद्युत देयकों में किसी प्रकार की विसंगति अथवा कोई समस्या हो तो अपने क्षेत्र के वितरण केन्द्र कार्यालय में निर्धारित तिथि में उपस्थित होकर समस्या का निदान करा सकते हैं।

