सभी विभाग बारिश के पूर्व की अपनी जिम्मेदारियाँ पूरी करें – डॉ. सिडाना
आपदा प्रबंधन की बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मण्डला 2 जून 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने आपदा प्रबंधन एवं आगामी बारिश के पूर्व की तैयारियों के संबंध में जरूरी बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि सभी विभाग बारिश के पूर्व के अपने दायित्वों को पूरा करें। उन्होंने नगरपालिका, जल संसाधन विभाग, होमगार्डस, पीएचई, बिजली एवं अन्य विभागों को उनके दायित्वों के संबंध में जरूरी निर्देश दिए। डॉ. सिडाना ने कहा कि जिले में बारिश के दौरान संवेदनशील स्थानों को चिन्हित करें। इन स्थलों पर शासन के निर्देशानुसार सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के पूर्व नालियों की सफाई, अनावश्यक गड्ढे भराव आदि की कार्यवाही पूरी करें। इसी प्रकार बारिश के दौरान साफ पानी एवं अन्य जरूरी इंतजाम पुख्ता करें। बैठक में पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम सहित संबंधित उपस्थित थे।
डॉ. सिडाना ने जल संसाधन विभाग को निर्देशित किया कि जिले की सभी बांधों का परीक्षण करें। उनमें आवश्यक मरम्मत एवं मेंन्टेनेन्स का कार्य तत्काल पूरा करें। कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग को निर्देशित किया कि बांधों के निचले क्षेत्रों में पानी छोड़ने के पूर्व सूचना देने की प्रभावी व्यवस्था बनाएं। उन्होंने मटियारी बांध के निचले क्षेत्रों में अनाउंसमेंट एवं मुनादी आदि के लिए समन्वय बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि बारिश के पूर्व के मैंन्टेनेन्स कार्य पूरा करें।

कलेक्टर ने होमगाडर््स को निर्देशित किया कि संवेदनशील क्षेत्रों में बारिश के दौरान अपने अमले की तैनाती करें। उन्होंने कहा कि होमगाडर््स आपदा प्रबंधन से संबंधित मॉकड्रिल करें। इसी प्रकार बोर्ड्स, रस्सियाँ एवं राहत संबंधी जरूरी सामग्री की व्यवस्था पुख्ता रखें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित गोताखोरों की सूची संधारित की जाए तथा संबंधित विभागों से इनको साझा करें। डॉ. सिडाना ने स्वास्थ्य विभाग को बारिश के दौरान सर्पदंशरोधी दवाएँ, इमरजेंसी दवाओं की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मैदानी अमला बारिश के दौरान फील्ड में रहे। कलेक्टर ने उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं को भी बारिश के दौरान पशु हानि से बचाव एवं पशु चिकित्सा के लिए जरूरी दवाएं रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. सिडाना ने पीएचई विभाग को निर्देशित किया कि बारिश के दौरान पेयजल की टेस्टिंग करें। जल स्त्रोतों का क्लोरीनेशन करें। क्लोरीन एवं ब्लीचिंग बाउडर जैसी आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में रखें। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान पेयजल की समस्या न रहे। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर भी बाढ़ नियंत्रण एवं वर्षा की जानकारी के लिए कंट्रोल रूम बनाएं एवं उसमें ड्यूटी लगाएं। कलेक्टर ने संवेदनशील स्थानों, घाटों एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक अमले की तैनाती के साथ-साथ संकेतक लगाने के भी निर्देश दिए।

जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनीटरिंग समिति की बैठक आयोजित
मण्डला 2 जून 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति तथा जनजाति (अत्याचार-निवारण) अधिनियम अंतर्गत जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनीटरिंग समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के त्रैमासिक कार्यों की समीक्षा की गई। विधि व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देशित किया कि प्रकरणों के समय पर चालान प्रस्तुत करें तथा विवेचना गंभीरता से पूर्ण करें। डॉ. सिडाना ने निर्देशित किया कि एससी-एसटी से जुड़े प्रकरणों पर आवश्यकतानुसार अपील की कार्यवाही भी करें। उन्होंने कहा कि राहत संबंधी प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करें।
कलेक्टर ने जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनीटरिंग समिति की बैठक में निर्देशित किया कि एससी-एसटी के प्रकरणों पर सकारात्मक एवं प्रभावी कार्यवाही के लिए सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग, पुलिस विभाग से लगातार समन्वय करें। उन्होंने एसी ट्राईबल को निर्देशित किया कि पीड़ितों को दी जाने वाली राहत, प्रकरणों की स्वीकृति तथा मुआवजा वितरण की कार्यवाही निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराएं। कलेक्टर ने बैठक में कहा कि जिन्हें न्यायालय द्वारा दंड दिया गया है उनके बच्चों के पुर्नवास की व्यवस्था सुनिश्चित करें। बैठक में विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले, विधायक बिछिया नारायण पट्टा, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने लिया एफएलसी की तैयारियों का जायजा
मण्डला 2 जून 2023
विधानसभा निर्वाचन के दृष्टिगत ईव्हीएम की प्रथम स्तरीय जाँच (एफएलसी) 7 जून 2023 से प्रारंभ हो रही है। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने ईव्हीएम गोदाम का निरीक्षण करते हुए एफएलसी कार्य की तैयारियों का जायजा लिया। उन्हांेने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, अपर कलेक्टर मीना मसराम, निर्वाचन शाखा से अरूण कछवाहा, सीके तिवारी सहित संबंधित उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने किया ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण
मण्डला 2 जून 2023
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने पॉलिटेक्निक कॉलेज मंडला स्थित ईवीएम एवं वीवीपेट वेयरहाऊस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाऊस की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से वेयरहाऊस के निरीक्षण के दौरान आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, निर्वाचन शाखा से अरूण कछवाहा, सीके तिवारी आदि उपस्थित रहे।

नशामुक्ति एवं अन्य नशीली दवाईयों की रोकथाम के संबंध में बैठक संपन्न
मण्डला 2 जून 2023
नशामुक्ति एवं अन्य नशीली दवाईयों की रोकथाम के संबंध में आयोजित बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने संबंधित विभागांे को सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों के चलन को रोकने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग, ट्रायबल तथा नगरीय निकायों से समन्वय कर सीईओ जिला पंचायत विस्तृत योजना तैयार करें। इस संबंध में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं का भी सहयोग प्राप्त करें।
डॉ. सिडाना ने निर्देशित किया कि हॉटस्पॉट का चिन्हांकन करते हुए आवश्यक कार्यवाही करें। स्कूल तथा कॉलेज के आसपास सतत नजर रखें। सुनिश्चित करें शैक्षणिक संस्थाओं के आसपास तम्बाखू सहित किसी भी प्रकार की नशीले पदार्थों का विक्रय नहीं होना चाहिए। कलेक्टर ने दवा दुकानों के भी आकस्मिक जांच करने के निर्देश दिए। बैठक में विधायक बिछिया नारायण पट्टा, विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम, सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह सहित संबंधित उपस्थित रहे।

प्राचार्यों का वित्तीय प्रशासनिक एवं अकादमिक जिला स्तरीय प्रशिक्षण सम्पन्न
मण्डला 2 जून 2023
समग्र शिक्षा अभियान (सेकेंडरी एजुकेशन) लोक शिक्षण मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार हेतु शिक्षा विभाग एवं जनजाति कार्य विभाग के तथा जिले के समस्त हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्ड्री प्राचार्य, प्रभारी प्राचार्य को वित्तीय प्रशासनिक एवं अकादमिक विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के द्वितीय चरण में 70 प्राचार्य (शिक्षा विभाग एवं जनजातीय कार्यविभाग) को राज्य स्तर से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर से एस.सी. चतुर्वेदी प्राचार्य घाघा, ए.के. जैन प्राचार्य बिनैका, एस.एस. पांडे प्राचार्य खुर्शीपार एवं एस.के. डागोरिया प्राचार्य नर्मदा पोण्डीलिंगा द्वारा विभिन्न विषय-नियुक्ति पश्चात की जाने वाली कार्यवाही एवं सेवा पुस्तिका संधारण, नई शिक्षा नीति 2020, 21वीं सदी के विद्यार्थी और शिक्षक की भूमिका, आरटीई, मूलभूत नियम, शैक्षणिक प्रशासन में प्राचार्य की भूमिका, अनिवार्य शिक्षा अधिकार, सिविल सेवा की मूलभूत नियम, सीसीएलई, विद्यालय का अधोसंरचना विकास एवं संसाधनों का अनुकूलतम प्रयोग, आहरण संवितरण अधिकारी भूमिका, टीडीएस, जीएसटी प्रभावी बैठकों का आयोजन, भंडार क्रय नियम, अपलेखन, यात्रा देयक, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, महिला एवं बालिकाओं का संरक्षण, सिविल सेवा आचरण नियम, सूचना का अधिकार, अवकाश नियम, यात्रा दिवस एवं चिकित्सा प्रतिपूर्ति, न्यू पेंशन स्कीम, जीईएम पोर्टल एवं डिजी गवर्नमेंट, शिक्षण कार्य संबंधित पोर्टल, वित्त संहिता, गोपनीय चरित्रावली, आईएफएमएस और सीएम हेल्पलाईन, लेखा एवं पंजियों का संधारण, कौशल विकास, समावेशी शिक्षा, परीक्षा, मूल्यांकन सहित शाला स्तर पर संचालित समस्त गतिविधियों से प्राचार्य को प्रशिक्षित किया गया। प्राचार्यों का 5 दिवसीय प्रशिक्षण का तृतीय बैच 7 जून से 11 जून 2023 तक महिष्मती सीटीसी ट्रेनिंग सेन्टर बीआरसी भवन में आयोजित होगा।

म.प्र. विमुक्त घुमक्कड़ एवं अर्द्धघुमक्कड़ जाति विकास अभिकरण के अध्यक्ष का आगमन आज
मण्डला 2 जून 2023
म.प्र. विमुक्त घुमक्कड़ एवं अर्द्धघुमक्कड़ जाति विकास अभिकरण के अध्यक्ष बाबूलाल बंजारा (केबिनेट मंत्री दर्जा) का 3 जून 2023 को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री बंजारा 3 जून की शाम 4 बजे मंडला पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेंगे। वे रात्रि विश्राम सर्किटहाउस मंडला में करेंगे। श्री बंजारा 4 जून को मंडला से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।

निवास में आयुष मेले में 678 लोगों ने लिया लाभ
मण्डला 2 जून 2023
शासकीय आयुर्वेद औषधालय निवास में आयुष मेले का आयोजन किया गया। मेले का प्रारंभ जनप्रतिनिधियों द्वारा भगवान धन्वंतरी की पूजन-अर्चन के साथ किया गया। शिविर में विभिन्न प्रकार के अनाजों, हर घर आयुर्वेद के अंतर्गत घर में प्रयोग होने वाले घरेलू उपचार संबंधी औषधियों का स्टॉल, देवारण्य योजना अंतर्गत पौधों का वितरण एवं औषधीय पौधों की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। योग प्रशिक्षक राजेंद्र सिंगौर द्वारा शिविर में आए लोगों को योग का अभ्यास कराया गया। शिविर में लगभग 678 लोग लाभान्वित हुए। इस अवसर पर प्रभारी डॉ. नारायण कुररिया, डॉ. प्रत्युष हर्मिट, डॉ. मनीषा बोरकर, डॉ. सीमा भवेदी, डॉ. जितेंद्र एवं आयुर्वेद व होम्योपैथ के पैरामेडिकल स्टॉफ व महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पंचायत उपनिर्वाचन 2023: एफएलसी रेंडमाईजेशन आज
मण्डला 2 जून 2023
पंचायत उप निर्वाचन 2023 हेतु ईव्हीएम मशीनों के एफएलसी एवं ईव्हीएम मशीनों के रेंडमाईजेशन की तिथि निर्धारित कर दी गई है। प्राप्त जानकारी अनुसार एफएलसी रेंडमाईशेजन 3 जून 2023 को प्रातः 11 बजे से पॉलीटेक्निक कॉलेज मंडला छात्रावास क्रं.-5 में होगा। डीईओ रेंडमाईजेशन 6 जून को प्रातः 11 बजे से कार्यालय कलेक्टर में होगा। इसी प्रकार आरओ रेंडमाईजेशन 7 जून को प्रातः 11 बजे से कार्यालय कलेक्टर में होगा। कमिशनिंग 8 जून 2023 को प्रातः 11 बजे से कार्यालय जनपद पंचायत मंडला के अतिरिक्त कक्ष प्रथम तल, मोहगांव कक्ष क्रं.-7 में, बिछिया सभाकक्ष क्रं.-1 में तथा जनपद पंचायत मवई सभाकक्ष क्रं.-1 में होगा। अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधितों को उपरोक्त तिथियों को निर्धारित समय एवं स्थान पर ईव्हीएम मशीनों एफएलसी एवं रेंडमाईजेशन के दौरान उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।

मवई में आयुष मेला स्वास्थ्य शिविर 5 जून को
मण्डला 2 जून 2023
जिला आयुष अधिकारी ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मवई में 5 जून 2023 को आयुष मेला स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। क्षेत्रवासियों से शिविर में उपस्थित होकर स्वास्थ्य लाभ लेने का आग्रह किया गया है।

