संबंधित विभाग भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्यों को प्राप्त करें- डॉ. सिडाना
एपीसी की फॉलो बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मण्डला 9 जून 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने एपीसी द्वारा विगत दिनों में ली गई बैठक के संबंध में संबंधित अधिकारियों की फॉलो बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि एपीसी की बैठक में दिए गए विभागवार निर्देशों का संबंधित विभाग अनिवार्यतः पालन करें। उन्होंने बैठक में मार्कफेड, मत्स्य, उद्यानिकी, पशुपालन, जिला सहकारी मर्यादित एवं संबंधित विभागों की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि संबंधित विभाग शासन स्तर से प्राप्त भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्यों को प्राप्त करें। डॉ. सिडाना ने बैठक में बीज की खरीदी व्यवस्था एवं समिति स्तरीय कर्मचारियों के नियमानुसार भर्ती के संबंध में चर्चा करते हुए ज़रूरी निर्देश दिये।
कलेक्टर ने उद्यानिकी विभाग को निर्देशित किया कि पीएफएमई में प्रगति लाएँ। इसी प्रकार ड्रिप एप्लीकेशन एवं स्प्रिंक्लर के कार्यों के लिए भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्यों की पूर्ति करें। डॉ. सिडाना ने पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया कि आचार्य विद्यासागर योजना एवं केसीसी निर्माण में प्रगति लाएँ। उन्होंने मत्स्य विभाग के साथ कोल्ड स्टोरेज प्रस्ताव एवं अन्य बिन्दुओं पर चर्चा करते हुए ज़रूरी निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि किसानों को समय-समय पर अलग-अलग इकाइयों का भ्रमण कराएं। इसी प्रकार वार्षिक लक्ष्यों से संबंधित प्रकरणों को बैंकों को उपलब्ध कराएं।

दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर सूचना पटल लगाएं, जनसुरक्षा का ख्याल रखें
निर्माण विभागों की बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मण्डला 9 जून 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने सड़क निर्माण से जुड़े विभागों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने पीडब्ल्यूडी, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, एमपीआरडीसी तथा सेतु विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके कार्य क्षेत्रों में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों एवं स्थानों को चिन्हित करें। बारिश के मद्देनज़र ऐसे स्थानों पर सूचना बोर्ड लगाएं तथा जरूरी सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि इस दौरान जनसुरक्षा का समुचित रूप से ख्याल रखा जाए। उन्हांेने बैठक में सभी विभागों को निर्देशित किया कि बारिश के दौरान सड़क मरम्मत एवं संधारण संबंधी जो भी कार्य पेंडिंग हैं, आगामी 10 दिनों में कार्यों को जल्द पूरा करें। कलेक्टर ने कहा कि विभागीय अधिकारी नियमित रूप से मैदानी भ्रमण करते हुए दुर्घटना संभावित स्थानों के चिन्हांकन एवं उनमें सुधार कार्य को सतत रूप से जारी रखें। बैठक में उन्होने निर्देशित किया कि सुधार कार्यों से संबंधित बनाई जाने वाली पीपीटी में जीआई टैग के साथ कार्य के पूर्व एवं कार्य के बाद की फोटो अनिवार्यतः लगाएं। उन्होने एमपीआरडीसी से जबलपुर-मंडला, घंसौर-मंडला, पदमी-रामनगर, चिरईडोंगरी-कान्हा एवं बिछिया-समनापुर रोड के संबंध में प्रगति की स्थिति की जानी एवं जरूरी निर्देश दिये।

बच्चों को पढ़ाने-लिखाने में करूँगी पैसों का उपयोग – रेखा
मण्डला 9 जून 2023
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से लाभांवित होने वाली महिलाओं को हर माह एक हजार रुपये की राशि मिलेगी। निवास की रेखा साहू बताती हैं कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की जानकारी मिलने पर मैंने तत्काल नजदीकी पंजीयन केन्द्र में जाकर अपना पंजीयन कराया। मुझे शुभकामनाओं सहित इस योजना का स्वीकृति पत्र मिल गया है। रेखा बताती हैं कि 10 जून से मिलने वाली एक हजार रुपये की राशि का उपयोग मैं अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में करुंगी। मैं अपने भैया मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को धन्यवाद देती हूं।

लाड़ली बहना योजना के पैसों से बचत करूँगी – रूचि
मण्डला 9 जून 2023
निवास विकासखंड के वार्ड क्रंमाक-7 निवासी रूचि साहू को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत स्वीकृति पत्र प्राप्त हुआ है। योजना के तहत पात्र होने पर रूचि बहुत खुश है। रूचि कहती है कि मुझे 10 जून 2023 से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत मेरे बैंक खाते में एक हजार रूपए की राशि प्राप्त होगी। इस योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाले एक हजार रूपए से मैं अपने बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ भविष्य के लिए बचत भी कर सकूंगी। इस योजन का लाभ देने के लिए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को धन्यवाद करती हूँ।

वनवासी आदिवासी कार्यक्रम 10 तक
मण्डला 9 जून 2023
संचालक संस्कृति से प्राप्त जानकारी के अनुसार वनवासी लीलाओं के समारोह का आयोजन 8 से 10 जून 2023 तक नगरपालिका परिसर मंडला में किया जा रहा है।
मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग द्वारा ’भक्तिमती शबरी’, ’निषादराज गुह्य’ और ’लछमन चरित’ लीलाएँ विशेष रूप से परिकल्पित कर तैयार कराई गई हैं। इसके साथ ही इन लीलाओं की पटकथा आधारित चित्रांकन भी कराया गया है, जिनका प्रदर्शन लीला प्रस्तुति के दौरान किया जाता है। मुख्यमंत्री की घोषणा के परिपालन में इन लीला प्रस्तुतियों का मंचन प्रदेश के 89 जनजातीय बहुल विकासखण्डों में किया जा चुका है। लीलाओं की अभिव्यक्ति के तरीके के कारण इन्हें भारी लोकप्रियता मिली है।

जनपद पंचायत एवं सरपंच का निर्वाचन 13 जून को
मण्डला 9 जून 2023
अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार पंचायत उपनिर्वाचन 2023 (पूर्वाद्ध) हेतु जनपद पंचायतों के पंच का निर्वाचन मतपेटी एवं सरपंच का ईव्हीएम से निर्वाचन 13 जून 2023 को रिक्त पदों पर कराया जाएगा।
जनपद पंचायत मंडला के अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहगांवचक के सरपंच के पद के लिए न.मा.शा. भवन मोहगांवचक एवं शा.प्रा.शा. भवन मानोट में मतदान केन्द्र स्थापित किया गया है। इसी प्रकार बिछिया जनपद के अंतर्गत जनपद सदस्य के लिए ग्राम पंचायत मांद में उ.मा.शा. भवन मांद क्रं.-1 एवं 2, प्राथमिक शाला भवन मांद एवं अतरिया मांद में, प्रा.शा. भवन बटवार, धमनगांव एवं सिमैया में, प्रा.शा. भवन कांसखेड़ा कक्ष क्रं.-1 में, माध्यमिक शाला भवन कांसखेड़ा, प्राथमिक शाला भवन मानिकपुर एवं माध्यमिक शाला भवन मानिकपुर में मतदान केन्द्र स्थापित किया गया है। मवई जनपद के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोलमगहन के सरपंच पद के लिए प्रा.शा. भवन कोलमगहन, ग्राम पंचायत भवन कोलमगहन, प्राथमिक शाला कूम्हा एवं मैनपुरी में मतदान केन्द्र स्थापित किया गया है। मोहगांव जनपद के अंतर्गत जनपद सदस्य के लिए ग्राम देवगांव में क.मा.शाला भवन देवगांव, मा.शा. भवन अतिरिक्त कक्ष देवगांव में, जन.शि. केन्द्र भवन देवगांव, प्रा.शा. भवन अतिरिक्त कक्ष रयगांव, प्रा.शा. भवन सालीवाड़ा, बनियातारा, अति. कक्ष मुनू, उरी एवं कसौटा में मतदान केन्द्र स्थापित किया गया है।
अपर कलेक्टर ने बताया कि जनपद पंचायतों के रिक्त पदों के निर्वाचन के लिए 12 जून 2023 को संबंधित जनपद पंचायतों से प्रातः 10 बजे प्रशिक्षण प्राप्त कर मतदान दल मतदान केन्द्रों के लिए निर्वाचन सामग्री प्राप्त कर रवाना होंगे।

लिपिक वर्गीय कर्मचारियों का लेखा प्रशिक्षण 19 जून से
मण्डला 9 जून 2023
प्राभारी प्राचार्य शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला जबलपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला लबलपुर में 19 जून से 21 जुलाई 2023 तक संभाग के समस्त शासकीय कार्यालयों के लिपिक वर्गीय कर्मचारियों के लिए अल्पकालीन लेखा प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण में पूर्व में लेखा प्रशिक्षण प्राप्त कर्मचारी भी भाग ले सकते हैं। यह प्रशिक्षण सशुल्क है, जिसकी राशि विभाग द्वारा प्रवेश के समय चालान के माध्यम से जमा की जाएगी। 19 जून से 23 जून तक अंकेक्षण के लिए 1 हजार रूपए, 26 जून से 28 जून तक पेंशन के लिए 500 रूपए, 3 जुलाई से 7 जुलाई 2023 तक भंडार प्रबंधन के लिए 1 हजार रूपए तथा 10 जुलाई से 21 जुलाई तक कैशियर एवं अकाउंटेंट संबंधी कार्य के लिए 2 हजार रूपए प्रशिक्षण शुल्क निर्धारित है।

जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक 16 जून को
मण्डला 9 जून 2023
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला पंचायत मण्डला की सामान्य सभा की बैठक 16 जून 2023 दिन शुक्रवार को 3 बजे से आयोजित की गई है। बैठक में वन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग की चल रही योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। सभी संबंधितों को उक्त बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

एक सप्ताह में निराकृत करें मई माह के सीएम हेल्पलाईन प्रकरण – डॉ. सिडाना
समीक्षा बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मण्डला 9 जून 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि मई माह में प्राप्त शिकायतों का आगामी एक सप्ताह में निराकृत करें। साथ ही 50 दिन से अधिक समय से लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए भी समुचित कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों को संतुष्टिपूर्वक निराकृत करने का प्रयास करें। कलेक्टर ने पिछले 2 दिनों में निराकृत प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर ने लिया ग्रामसभाओं का फीडबैक
बैठक में कलेक्टर डॉ. सिडाना ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के संबंध में 8 जून को आयोजित ग्रामसभाओं की कार्यवाही के संबंध में सेक्टर अधिकारियों से फीडबैक लिया। उन्होंने सभी अधिकारी 10 जून को भी आवंटित क्षेत्रों में भ्रमण करने के निर्देश दिए। डॉ. सिडाना ने समस्त एसडीएम, सीईओ जनपद तथा परियोजना अधिकारी महिला बाल विकास को निर्देशित किया कि 10 जून 2023 को आयोजित होने वाले कार्यक्रम के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार करें। कार्यक्रम में प्रत्येक पात्र महिलाओं की सहभागिता का प्रयास करें। कलेक्टर ने नेहरू पार्क में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। जिला योजना भवन में संपन्न हुई बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम, सहायक कलेक्टर अर्थ जैन, संयुक्त कलेक्टर हुरेन्द्र घोरमारे सहित संबंधित उपस्थित रहे।

