लाड़ली बहना योजना: विशेष ग्रामसभाओं में मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन
पात्र बहनों को बाँटे गए स्वीकृति पत्र
मण्डला 8 जून 2023
प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत पात्र बहनों को स्वीकृति पत्र बांटने की प्रक्रिया लगातार जारी है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के द्वारा स्वीकृति पत्र बांटे जा रहे हैं। शासन के निर्देशानुसार 8 जून को जिलेभर में लाड़ली बहना योजना पर केन्द्रित ग्रामसभाएं आयोजित की गई। इन ग्राम सभाओं में स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं पात्र बहनें शामिल हुई। ग्रामसभाओं में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत 10 जून से मिलने वाली सहायता राशि एवं प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। ग्रामसभाओं में पात्र बहनों को स्वीकृति पत्र वितरण भी किया गया। इस दौरान बहनों ने योजना के लाभ को लेकर अलग-अलग सकारात्मक प्रतिक्रियाएँ दी हैं तथा शासन एवं मुख्यमंत्री श्री चौहान के प्रति आत्मीय आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री के संदेश का हुआ वाचन
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा जिलाधिकारियों को 8 जून की ग्रामसभाओं में उपस्थित होने के लिए निर्देशित किया गया था। इस क्रम में जिलाधिकारी अपने निर्धारित क्षेत्रों की ग्रामसभाओं में शामिल हुए। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा लाड़ली बहनों के लिए जारी किए गए संदेश का वाचन हुआ। साथ ही पंचायत स्तर पर पात्र हुई महिलाओं की सूची का वाचन भी कराया गया। ग्रामसभाओं के दौरान लाड़ली बहनों ने अलग-अलग गतिविधियाँ जैसे- रंगोली, भजन, नशामुक्ति शपथ आयोजित भी की।

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना: अनेक आयोजनों से जनउत्सव जैसा वातावरण
मण्डला 8 जून 2023
10 जून से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत पात्र हुई प्रत्येक महिला के खाते में प्रतिमाह एक हजार रूपए की राशि अंतरित की जाएगी। प्रदेश के साथ-साथ मंडला जिले के बहनों में भी इस योजना को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। पात्र बहनें शासन एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त करने नए-नए नवाचार कर रही हैं। नवाचारों के अंतर्गत मेंहदी प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही हैं। इसी प्रकार अनेक आकर्षक रंगोलियों द्वारा बहनें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति कृतज्ञता जाहिर कर रही हैं। मुख्यमंत्री जनसेवा मित्रों, जन अभियान परिषद एवं महिला बाल विकास विभाग के अमले द्वारा भी योजना से लाभ को लेकर पात्र बहनों की खुशियों एवं प्रतिक्रियाओं को प्राप्त किया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ’मैं हूँ लाड़ली बहना’ सेल्फी प्वाईंट बनाया गया है जिसमें पात्र बहनें उत्साह के साथ सेल्फी एवं फोटो ले रही हैं। 8 जून को आयोजित ग्रामसभाओं के दौरान महिला भजन मंडलियों ने स्थानीय भाषाओं में गीत बनाकर संगीतमय कार्यक्रम आयोजित किया। महिला मंडलियों ने नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।

प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0: प्रशिक्षण के लिए कृषकों दल रवाना
मण्डला 8 जून 2023
प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 वाटरशेड विकास घटक के अंतर्गत परियोजना क्रमांक-2 निवास की ग्राम पंचायत मसूरघुघरी, पद्दीकोना, हिरनाछापर, मोहगांव, बम्हनी एवं जबेधामाल के कृषकों का प्रशिक्षण भ्रमण दल जारगा-जारगी स्थित नर्मदा फार्मर प्रोडक्शन कंपनी के लिए रवाना हुए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशिक्षण एवं भ्रमण कार्यक्रम का उद्देश्य भारत सरकार की गाइडलाइन अनुसार कृषक उत्पादक कंपनी का निर्माण करके स्व-रोजगार एवं दुगना लाभ प्राप्त कर अपने आर्थिक स्तर में सुधार लाना है। परियोजना क्षेत्र में वाटरशेड विकास घटक अंतर्गत जल एवं भूमि संरक्षण के कार्य जैसे- खेत तालाब, गेबियन, लघु तालाब, एससीटी, सीपीटी, बनाए गए हैं। पर्यावरणीय असंतुलन को बनाए रखने एवं कृषकों की आय, स्वास्थ्य के दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए उद्यानिकी फसलों का वृक्षारोपण किया जा रहा है। साथ ही पौधों की सिंचाई हेतु उद्यानिकी विभाग से अभिसरण द्वारा ड्रिप सिंचाई उपकरण प्रदाय किए जा रहे हैं। भूमिहीन एवं बेरोजगार कृषकों की आय वृद्धि हेतु स्व-सहायता समूह एवं व्यक्तिगत तौर पर बकरी पालन, मुर्गीपालन एवं अन्य व्यवसाय हेतु ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है। जारगा-जारगी स्थित नर्मदा फार्मर प्रोडक्शन कंपनी में प्रशिक्षण हेतु भ्रमण दल को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मंडला एवं जिला परियोजना अधिकारी द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

लाड़ली बहना योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग मैं अपने व्यवसाय में करूँगी – रश्मि
मण्डला 8 जून 2023
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के स्वीकृति पत्र मिलने से जिले की महिलाओं में खुशी की लहर है। पात्र हुई महिलायें चर्चा के दौरान बताती हैं कि एक हजार रुपये कमाने के लिए भी बहुत मेहनत करना पड़ती है। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से मिलने वाली राशि हम बहनों के लिए बहुत लाभदायक होगी, जिससे हम अपनी जरूरतों को पूरा कर पाएंगे।
लाड़ली बहना योजना का स्वीकृति पत्र मिलने पर नारायणगंज निवासी रश्मि बताती हैं कि 10 जून 2023 से सरकार द्वारा उनके बैंक खाते में एक हजार रुपये की राशि भेजी जाएगी। मैं एक छोटा सा स्वरोजगार करती हूँ। लाड़ली बहना योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग मैं अपने व्यवसाय में करूंगी। इस योजन का लाभ देने के लिए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को धन्यवाद।

बहनों को कुछ नया सीखने का मौका देगी लाड़ली बहना योजना – मीना पंद्रो
मण्डला 8 जून 2023
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से महिलाओं तथा उनके परिजनों के जीवन में नया बदलाव परिलक्षित होगा। योजना के तहत स्वीकृति पत्र मिलने से महिलाओं में बेहद खुशी है। वे अपने जीवन में नए बदलाव की उम्मीद के साथ मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को विशेष रूप से धन्यवाद दे रही हैं।
मण्डला जिले की ग्राम पंचायत घुरवाड़ा की निवासी मीना पंद्रो भी लाड़ली बहना योजना से लाभांवित होगी। मीना कहती है कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का स्वीकृति पत्र मिल चुका है। स्वीकृति पत्र मिलने से मैं बेहद खुश हूं। मीना का कहना है लाड़ली बहना योजना महिलाओं के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है क्योंकि प्रदेश की बहनों को कुछ नया करने एवं नया सीखने का मौका देगी। मीना आगे कहती है कि मैं ग्राम पंचायत में मोबिलाइजर का काम करती हूं और इस योजना के फॉर्म को भरते समय मुझे शुरूआत में कुछ दिक्कतें आई, मगर अधिकारियों तथा मैदानी अमले के सहयोग से लाड़ली बहना योजना फॉर्म मैंने भर लिया। योजना के सौगात के लिए मीना ने मुख्यमंत्री श्री चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया है।

पेंशन प्रकरणों के निराकरण हेतु शिविर 19 से 23 तक
मंडला 8 जून 2023
19 जून से 23 जून 2023 तक लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण के लिए जिला पेंशन कार्यालय मण्डला में पेंशन शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर में पेंशन प्रकरणों में लगाई गई पूर्व आपत्ति प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक लम्बित पेंशन प्रकरण प्रस्तुत कर सकते हैं।

रिक्त अनुसूचित जनजाति सीटों के पर प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित
मण्डला 8 जून 2023
प्राचार्य एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सिझौरा से प्राप्त जानकारी के अनुसार एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सिझौरा में कक्षा 7 से 8वीं तथा कक्षा 11वीं में बालक-बालिकाओं की रिक्त अनुसूचित जनजाति सीटों के विरूद्ध प्रवेश हेतु आवेदन पत्र आमंत्रित किये गए हैं। कक्षा 7वीं एवं 8वीं में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा आयोजित की जाएगी तथा कक्षा 11वीं कला संकाय हेतु पूर्व कक्षा में प्राप्तांक के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार कर प्रवेश दिया जाएगा। इसी प्रकार 11वीं वाणिज्य संकाय हेतु पूर्व कक्षा में प्राप्तांक के साथ ही सामाजिक विज्ञान तथा गणित में प्राप्तांक का योग के आधार पर मेरिट सूची तैयार कर प्रवेश दिया जाएगा। आवेदन 12 जून से 28 जून 2023 तक 5 बजे दिन बुधवार तक होगी। आवेदन फॉर्म कार्यालय एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सिझौरा से प्राप्त किया जा सकेगा। आवेदन करने की अंतिम तिथि 28 जून 2023 के पश्चात किसी भी आवेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा। आवेदन फॉर्म के साथ पूर्व कक्षा की अंकसूची जाति प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य है। अंतिम चयन सूची का प्रकाशन 30 जून 2023 दिन शुक्रवार को विद्यालय में किया जाएगा। फॉर्म प्राप्त एवं जमा करने हेतु सहायक ग्रेड 3 मालती मरावी के मोबाईल नं. 6267147831 से संपर्क किया जा सकता है। साथ ही स्कूल की वेबसाईट www.emrssijhora.in से भी फॉर्म डाउनलोड किया जा सकता है। फॉर्म पंजीकृत डाक के माध्यम से भी स्वीकार किये जाएंगे। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सिझौरा, समिति द्वारा तिथियों तथा रिक्तियों की संख्या में परिवर्तन किया जा सकता है।
कक्षा 11वी के कला संकाय में एसटी वर्ग के 6 बालक, 7 बालिका हेतु तथा वाणिज्य संकाय के 6 बालक एवं 8 बालिका के लिए रिक्त है। इसी प्रकार कक्षा 7वी में 2 एसटी वर्ग के 2 बालक एवं 1 बालिका एवं 8वी में 2 बालक के लिए रिक्तयाँ हैं।

विश्व सिकिल सेल दिवस 19 जून को होंगे स्क्रीनिंग जाँच
मण्डला 8 जून 2023
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि 19 जून विश्व सिकिल सेल दिवस के रूप में मनाया जायेगा। जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक सिकिल सेल स्क्रीनिंग की जाएंगी। जांच, उपचार शिविर लगाकर सिकलिन के मरीजों का प्रबंधन किया जाएगा। जिला चिकित्सालय तथा स्वास्थ्य संस्थाओं की ओपीडी में आने वाले समस्त एनीमिया के मरीजों की सिकिल सेल स्क्रीनिंग जांच में पॉजीटिव आने पर एचपीएलसी जांच जिला चिकित्सालय लेब से कराया जाएगा। स्क्रीनिंग जांच के अंतर्गत प्रत्येक बुधवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में शिविर लगाये जा रहे हैं। सिकिल सेल स्क्रीनिंग जांच के अंतर्गत आयोजित शिविरों एवं स्वास्थ्य संस्थाओं में की गई स्क्रीनिंग जांच की जानकारी राष्ट्रीय सिकिल सेल पोर्टल में इन्द्राज किया जाएगा। जिला स्तर पर होने वाले स्क्रीनिंग जांच शिविर में आदिमजाति कल्याण विभाग एवं आयुष विभाग से समन्वय कर स्कूलों, छात्रावासों एवं हाट बाजारों में स्क्रीनिंग की जाएगी। जनजागरूकता कार्यक्रम होंगें, ग्रामीण स्तर में आशा कार्यकर्ता के माध्यम से मेगा माइक के द्वारा एनाउसमेंट, दीवार लेखन, ग्रुप बैठक, महिला बैठक के माध्यम से जागरूक किया जायेगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु जिला चिकित्सालय मण्डला के डॉ० मानसिंह कुम्हरे एवं विकासखण्ड नैनपुर के डॉ० राजीव चावला को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

फोटो निर्वाचक नामावली संबंधी वीसी आज
मण्डला 8 जून 2023
अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार विधानसभा आम निर्वाचन 2023 एवं फोटो निर्वाचक नामावली का द्वितीय संक्षिप्त पुनरीक्षण के संबंध में 9 जून 2023 को प्रातः 11 बजे से वीडियो कॉन्फ्रेस के माध्यम से कलेक्टर द्वारा चर्चा की जायेगी।

इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री ने किया मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के स्वीकृति पत्र का वितरण
मण्डला 8 जून 2023
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने मंडला विकासखंड के ग्राम लावरमाल सहित अन्य ग्रामों का भ्रमण करते हुए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के हितग्राहियों से चर्चा करते हुए उन्हें योजना के तहत मिलने वाली राशि के उपयोग के संबंध में समझाईश दी। इस दौरान श्री कुलस्ते ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र का वितरण किया। इस अवसर पर श्री कुलस्ते ने ग्रामीणजनों को सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

