तकनीकि अमला निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करे – हर्षिका सिंह
कलेक्टर ने किया मनरेगा सहित अन्य निर्माण कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण
मण्डला 27 नवम्बर 2021
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मंडला विकासखण्ड के चटुआमार तथा पड़रिया फूलसागर ग्राम में चल रहे मनरेगा सहित अन्य निर्माण कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि तकनीकि अमला निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करते हुए समुचित तकनीकि मार्गदर्शन प्रदान करे। भ्रमण के दौरान सीईओ जिला पंचायत सुनील कुमार दुबे, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एसएस मरावी, कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा मनोज धुर्वे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
ग्राम चटुआमार में मनरेगा के तहत बनाए जा रहे खेततालाब का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने तालाब में जल संग्रहण की क्षमता तथा उसकी उपयोगिता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों में योजना का नाम, कार्य का नाम, स्वीकृति वर्ष, लागत तथा नियोजित श्रमिकों की संख्या आदि से संबंधित सूचना पटल अनिवार्य रूप से लगाएं। कार्यरत श्रमिकों को उनके पारिश्रमिक का भुगतान समय सीमा पर सुनिश्चित करें। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से जॉबकार्डधारी श्रमिकों के संबंध मंे भी जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। ग्राम चटुआमार में ही सार्वजनिक कुआं तथा हेंडपंप के निकट बन रहे सोकपिट का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सोख्ता गड्ढा के निर्माण के संबंध में तकनीकि जानकारी ली तथा कार्य को जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।

गौशाला की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाएँ
भ्रमण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ग्राम पड़रिया फूलसागर में संचालित गौशाला सेवा आश्रम का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने गायों की संख्या के बारे मंे जानकारी लेते हुए लक्ष्य के अनुरूप संख्या सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने गायों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गायों का नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण कराते हुए उनका अभिलेख भी संधारित करें। उन्होंने ग्राम पड़रिया फूलसागर में किए गए वृक्षारोपण तथा बोल्डरवॉल के कार्यों का भी अवलोकन किया।

भुगतान की असुविधा से बचने
पंजीयन में आधार कार्ड में लिंक मोबाईल नंबर दर्ज कराएं
मण्डला 27 नवम्बर 2021
खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में उपार्जित होने वाली धान के भुगतान के संबंध में कृषकों का भुगतान उनके आधार लिंक खाते में किए जाने हैं। इस संबंध में जिन कृषकों को एसएमएस प्राप्त हो रहा है वे अपने पंजीयन में मोबाईल नम्बर का अपने उर्पाजन/पंजीयन केन्द्र पर जाकर आवश्यक संशोधन कराएं।
इस संबंध में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि उचित मूल्य पर उपार्जित स्कंध का भुगतान संबंधित कृषक को उसके आधार लिंक खातों में ही किया जाना है और यदि किसी अन्य खाते में भुगतान किया जाता है इसके लिये यह आवश्यक है कि सभी किसान जिन्होंने फसल विक्रय के लिये पंजीयन कराया है उनको उनके आधार नंबर से कम से कम एक खाता लिंक होना चाहिये जिस पर विक्रय फसल की राशि का भुगतान किया जा सके। इस संबंध में विभाग द्वारा दो स्तर पर कार्यवाही की जा रही है। प्रथम स्तर पर हितग्राही द्वारा दिये गये मोबाईल नंबर एवं आधार नंबर का मिलान किया जा रहा है, जिससे आधार नंबर का सत्यापन ओटीपी के माध्यम से किया जा सके और दूसरे स्तर पर उक्त आधार नंबर में दर्ज खाते का सत्यापन भी किया जायेगा। इस संबंध में सभी पंजीकृत किसानों को एसएमएस भेजा गया है। इस वर्ष समर्थन मूल्य का भुगतान किसान के आधार नंबर से लिंक बैंक खाते में ही किया जाएगा। अतः संबंधित किसान नजदीक के आधार पंजीयन केन्द्र पर जाकर अपने आधार नंबर में पंजीयन में उल्लेखित मोबाईल नंबर दर्ज कराए ताकि भुगतान करने में विलम्ब/कठिनाई न हो और हितग्राही को सही समय पर उनकी फसल का भुगतान प्राप्त हो सके और उनको आधार लिंक मोबाईल नंबर पर जानकारी/ओटीपी प्राप्त हो सके।
जिनके माता-पिता कोरोना से जंग हारे, उन्हे मिलेगी पीएम केयर सहायता
पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन स्कीम में आपदाग्रस्त बच्चों के आवेदन मांगे
मण्डला 27 नवम्बर 2021
कोविड महामारी के कारण 11 मार्च से 31 दिसंबर 2021 तक की अवधि में जिन बच्चों ने अपने माता-पिता, वैध अभिभावक या दत्तक माता-पिता को खो दिया है, ऐसे बच्चों के स्वास्थ्य, देखभाल और शिक्षा के लिए सरकार मदद करेगी। जिला प्रशासन द्वारा पात्र बच्चों की पहचान की जा रही है। यदि आपके आसपास ऐसा कोई बच्चा है तो उसकी जानकारी जिला बाल संरक्षण अधिकारी महिला एवं बाल विकास मण्डला या किसी भी परियोजना कार्यालय में देकर उस बच्चे की मदद कर सकते है। महिला एवं बाल विकास के परियोजना अधिकारी अनूप कुमार नामदेव ने बताया की भारत सरकार द्वारा संचालित पीएम केयर फॉर चिल्ड्रन स्कीम के तहत 18 वर्ष की आयु पूरी करने पर मासिक पेंशन निःशुल्क शिक्षा और प्रधानमंत्री जन आरोग्य अंतर्गत मुफ्त इलाज और 5 लाख का बीमा दिया जायेगा। हितग्राही की आयु 23 वर्ष पूर्ण होने पर 10 लाख रूपये की आर्थिक सहायता दिये जाने के प्रावधान हैं।
इन्हें मिलेगा योजना का लाभ
ऐसे बाल हितग्राही जिसकी उम्र 18 वर्ष से कम है तथा माता-पिता दोनों की मृत्यु हो चुकी है भले ही एक अभिभावक की मृत्यु पहले या बाद में किसी भी वजह से हो चुकी हो। जीवित माता या पिता की मृत्यु कोविड संक्रमण के कारण हई हो। योजना में वह बच्चे भी पात्र होंगे जिनके माता-पिता की पहले मृत्यु हो चुकी हो और अब उनके कानूनी अभिभावक या दत्तक माता-पिता की कोविड संक्रमण के कारण 11 मार्च 2020 से 31 दिसम्बर 2021 के बीच कोविड संक्रमण के कारण मृत्यु हुई है अधिक जानकारी के लिये महिला एवं बाल विकास कार्यालय या बाल कल्याण समिति मण्डला के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है अथवा वेबसाइट www.pmcareforchildren.in पर विजिट कर सकते हैं।
आई.टी.आई में रोजगार मेला 29 नवम्बर को
मण्डला 27 नवम्बर 2021
रोजगार के इच्छुक बेरोजगार युवक-युवतियों जिनकी (उम्र 18-35 वर्ष एवं योग्यता-कक्षा 8वीं से स्नातक एवं आई.टी.आई उत्तीर्ण) को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने हेतु जिला रोजगार कार्यालय मण्डला एवं शासकीय आई.टी.आई मण्डला द्वारा संयुक्त रूप से जिला स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन 29 नवम्बर 2021 को शासकीय आई.टी.आई रसैयादोना मण्डला में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जा रहा है। मेला में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कम्पनियों के द्वारा रोजगार के अवसर प्रदान किये जायेंगे। इच्छुक आवेदक रोजगार मेले में अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, दो फोटो एवं अन्य दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर रोजगार प्राप्त कर सकते हैं।
