Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 10 जून 2023

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत

191773 महिलाओं के खाते में राशि अंतरित

मण्डला 10 जून 2023

                मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत जिले में 1 लाख 91 हजार 773 महिलाओं के खाते में एक हजार रूपए की राशि अंतरित की गई। जिला मुख्यालय के नेहरू पार्क में भी एलईडी के माध्यम से जबलपुर के गैरीसन ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण देखा गया। इस अवसर पर विधायक देवसिंह सैयाम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम, सहायक संचालक महिला बाल विकास रोहित बड़कुल सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के संबंध में अपने विचार व्यक्त करते हुए योजना को महिला सशक्तिकरण के लिए मील का पत्थर प्रतिपादित किया। उपस्थित महिलाओं ने उत्साहपूर्वक मुख्यमंत्री के संबोधन को एलईडी के माध्यम से सुना। कार्यक्रम के उपरांत लाड़ली बहनों द्वारा कार्यक्रम स्थल एवं नर्मदा तट पर दीपदान किया गया। लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत आभार वीथिका में संदेश लिखकर महिलाओं के हित के लिए लगातार योजनाएँ संचालित करने के लिए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

मिलने वाली राशि का बेहतर उपयोग करें – कलेक्टर

 

नेहरू पार्क में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत पात्र हुई बहनों से मिली। इस दौरान उन्हांेने चर्चा करते हुए योजना के प्रति बहनों की प्रतिक्रिया जानी। कलेक्टर ने पात्र बहनों से चर्चा करते हुए कहा कि योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार की राशि का पारिवारिक, स्वास्थ्य एवं स्वावलम्बन के लिए उपयोग करें। प्रतिमाह मिलने वाली इस सहायता का अपने जीवन को बेहतर बनाने में अधिक से अधिक उपयोग करें। कलेक्टर ने महिलाओं को बैंक की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए उन्हें अपने ओटीपी सहित अन्य जानकारी किसी से साझा न करने की समझाईश दी।

 

 

 

 

 

 

 

 

लाड़ली बहना योजना से मेरी छोटी-मोटी जरूरतें होंगी पूरी – रामकली

मण्डला 10 जून 2023

                मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की पात्र महिलाओं को घर-घर जाकर स्वीकृत पत्रों का वितरण किया जा रहा है। योजना को लेकर हितग्राहियों में खुशी का माहौल है। मण्डला जिले के ग्राम कजरवाड़ा की निवासी रामकली ने कहा कि परिवार चलाने की जिम्मेदारी महिलाओं की होती है। गरीब परिवार की महिला को हर माह एक हजार रुपए की सहायता मिलना बड़ी सहायता है। इससे हमारी छोटी-मोटी जरूरतें पूरी हो जाएंगी। रोजमर्रा की जरूरतें जैसे- सब्जी, दूध, दवाई, फल आदि के लिए किसी के आगे हाथ नहीं फैलाना पड़ेगा। इससे बचत करके संकट के समय हम अपने परिवार की सहायता भी कर सकेंगे। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री को हृदय से धन्यवाद देती हूँ।

 

 

 

 

 

 

 

 

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना बहनों पर बहुत बड़ा उपकार है – सुधा

मण्डला 10 जून 2023

                सुधा नामदेव को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत स्वीकृति पत्र प्राप्त हुआ। योजना के तहत पात्र होने पर सुधा बहुत उत्साहित है। सुधा कहती है कि 10 जून 2023 को एक हजार रूपए प्रथम किस्त की राशि प्राप्त होगी। योजना के तहत मुझे प्रतिमाह एक हजार रूपए की राशि प्राप्त होगी जिससे परिवार की सहायता करने के साथ-साथ भविष्य के लिए बचत भी करूंगी। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बहनों के लिए यह योजना लागू करके बहुत बड़ा उपकार किया है। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री जी को हृदय से धन्यवाद देती हूँ।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

घर की छोटी जरूरतों में मिलेगी मदद – संतोष

मण्डला 10 जून 2023

                मध्यप्रदेश शासन द्वारा चलाई जा रही मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेश के समस्त जिलों के पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रूपये दी जाएगी जिसके स्वीकृत पत्र पात्र महिलाओं को दिए जा रहे हैं।

संतोष पटेल बताती है कि मुझे मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के लिए स्वीकृति पत्र प्राप्त हो चुका है। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत जो एक हजार रूपये हमें प्रतिमाह मिलेंगे उससे घर की छोटी जरूरतों में मदद मिलेगी। इसके लिये मैं प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का धन्यवाद करती हूँ।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम स्थापित

मण्डला 10 जून 2023

                जिला आपदा प्रबंधन के अंतर्गत ग्रीष्म कालीन सत्र 2023 हेतु जनसामान्य को लू-(तापघात) के प्रकोप से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, पेयजल समस्या एवं विद्युत समस्याओं के संबंध में शिकायतों के निराकरण के लिए कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। आमजन दूरभाष नंबर 07642-251079 पर समस्या दर्ज करा सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

मेडिकल टीम गठित

मण्डला 10 जून 2023

                मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्षा ऋतु के दौरान फैलने वाली संक्रामक बीमारियों की रोकथाम हेतु जिला स्तर पर एवं विकासखंड स्तर पर काम्बेट टीम का गठन किया गया है। यह टीम बीमारी फैलने की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराएंगे। उल्टी, दस्त के प्रकरण संबंधी, आवश्यक होने पर रेक्टलस्वाव बनाएंगे, उस नमूने को मेडिकल कॉलेज भेजा जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने निर्देशित किया है कि समस्यामूलक ग्रामों को चिन्हित कर टीम के पास जीवनरक्षक दवाईयाँ ब्लीचिंग पाउडर, क्लोरीन की गोलियाँ, केप्सूल टेट्रासाइकिलिन, टेब. मेट्रोनिडाजोल, एटासिड, पैरीनार्म, पैरासिटामाल, इंजेक्शन पेरीनार्म, डेकाड्रान, आईबी फ्लूड (रिंगरलेकटेड डीएनएस डैक्सट्रोज होना आवश्यक है।

 

 

 

 

 

 

प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेन्टिसशिप मेला 12 को

मण्डला 10 जून 2023

                प्राचार्य शासकीय आईटीआई से प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था मण्डला में 12 जून 2023 को प्रातः 10 बजे से प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेन्टिसशिप मेला का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में देश-प्रदेश की प्रतिष्ठित कम्पनियाँ सम्मिलित होंगी। 10वी, 12वी, आईटीआई, स्नातक उत्तीर्ण पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी जिनकी आयु 18 वर्ष से 25 वर्ष तक हो भाग ले सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को स्टाइपेंड 9 हजार रू. से 15 हजार रू. प्रतिमाह स्टाइपेन्ड एवं अन्य सुविधाएं प्राप्त होंगी।

मेले में भाग लेने उक्त स्थान पर अपने समस्त मूल प्रमाण पत्रों एवं बायोडाटा सहित 12 जून 2023 को प्रातः 10 बजे साक्षात्कार हेतु उपस्थित हो सकते हैं। अप्रेन्टिसशिप हेतु भर्ती, अप्रेन्टिसशिप नियमों एवं कंपनियों के शर्तों अनुसार की जाएगी। प्राचार्य आईटीआई ने बताया कि प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेन्टिसशिप मेला (पीएमएनएएम) में प्रतिभागिता हेतु यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

विद्युत शिकायत निवारण फोरम की बैठक व सुनवाई 12 को

मण्डला 10 जून 2023

                म.प्र.शासन ऊर्जा विभाग एवं म.प्र.पू.क्षे.वि.वि.कं.लि. जबलपुर के निर्देशानुसार मण्डला वृत्त में जिला स्तरीय विद्युत शिकायत निवारण फोरम का गठन किया गया है। फोरम की बैठक, सुनवाई 12 जून 2023 दिन सोमवार को प्रातः 11 बजे वृत्त कार्यालय मंडला में आयोजित की गई है। सुनवाई में विद्युत उपभोक्ता अपनी बिल सम्बन्धी समस्याओं का त्वरित निराकरण करा सकेंगे। बैठक, सुनवाई में ऐसे उपभोक्ता जिनकी बिल सम्बन्धी समस्याओं का निराकरण सम्बन्धित कार्यालय से न हुआ हो और वे असंतुष्ट हों तो सुनवाई में अपनी समस्या रखने हेतु लिखित आवेदन के साथ एक पुराना बिल संलग्न कर उपस्थित होकर अपनी समस्या का निराकरण करा सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

लू-तापघात से बचने एडवायजरी

मण्डला 10 जून 2023

                गर्मी के दिनों में धूप में बाहर जाते समय हमेशा सफेद या हल्के रंग के ढीले सूती वस्त्रों का प्रयोग करें, भोजन करके एवं पानी पीकर ही बाहर निकलें। गर्मी के मौसम में गर्दन के पिछले भाग, कान व सिर को गमछे या तौलिए से ढ़क्कर ही धूप में निकलें, रंगीन चश्मे व छतरी का प्रयोग करें। गर्मी में हमेशा पानी अधिक मात्रा में पीयें एवं पेय पदार्थों का अधिक से अधिक मात्रा में सेवन करें, बाहर जाते समय अपने साथ पानी रखें। गर्मी के दिनों में बच्चों का विशेष ध्यान रखें, बच्चों को सिखायें कि जब भी उन्हें अधिक गर्मी महसूस हो तो वे तुरंत घर के अंदर आयें। गर्मी के दिनों में बुजुर्गाें का भी विशेष ध्यान रखें, उन्हें धूप में घर से बाहर न निकलने देवें, समय-समय पर पानी पीने के लिए प्रेरित करें, सुपाच्य भोजन एवं तरल पदार्थाें का सेवन कराएं। गर्मी के दिनों में ठंडे मौसमी फलों का सेवन करें। तीव्र धूप को अंदर आने से रोकें।

 

लू से बचाव के लिए क्या न करें

 

बिना भोजन किए बाहर ना निकलें। जहां तक संभव हो, ज्यादा समय तक धूप में खड़े होकर व्यायाम मेहनत व अन्य कार्य न करें, बहुत अधिक भीड़, गर्म घुटन भरे कमरों में न जायें, रेल, बस आदि की यात्रा गर्मी के मौसम में अत्यावश्यक होने पर ही करें। गर्भवती माता, बच्चों एवं बुजुर्गाें को दिन के सबसे गर्म समय जैसे- दोपहर 12 से 4 बजे तक घर के बाहर की गतिविधियों में शामिल न होने दें। धूप में बच्चों और पालतू जानवरों को गाड़ी में अकेला न छोड़ें। धूप में नंगे पांव न चलें। चाय, कॉफी, अत्यधिक मीठे पदार्थ व गैस वाले पेय पदार्थाें का सेवन न करें।

 

लू लगने के लक्षण इस प्रकार हैं

 

गर्म, लाल और सूखी त्वचा, शरीर का तापमान 40 सेल्सियस या 104 फेरेंनाइट, मितली या उल्टी आना, बहुत तेज सिर दर्द, मांसपेशियों में कमजोरी या ऐंठन, सांस फूलना या दिल की धड़कन तेज हो जाना। घबराहट होना, चक्कर आना, बेहोशी और हल्का सिरदर्द।

 

प्राथमिक उपचार इस प्रकार दिया जाये

 

रोगी को तुरंत छायादार जगह पर कपड़े ढ़ीले कर लिटा दें एवं हवा करें। रोगी के बेहोश होने की स्थिति में कोई भी भोज्य, पेय पदार्थ ना दें एवं तत्काल चिकित्सा सहायता प्राप्त करें। रोगी के होश में आने की दशा में उसे ठंडे पेय पदार्थ, जीवन रक्षक घोल, कच्चा आम का शर्बत (पना) आदि दें। रोगी के शरीर का ताप कम करने के लिए संभव हो तो उसे ठंडे पानी से स्नान कराएं या उसके शरीर पर ठंडे पानी की पट्टियाँ रखकर पूरे शरीर को ढक दें।

 

 

 

हनुमान  तिवारी बने संभागीय उपाध्यक्ष व  हरिसिंह ठाकुर संभागीय सचिव

मण्डला। राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद संभाग कार्यकारणी घोषित की गई है। जिसमें मण्डला जिले के वरिष्ठ पत्रकार हनुमान तिवारी को संभागीय उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार नैनपुर हरिसिंह ठाकुर को संभागीय सचिव नियुक्त किया गया है। बता दें कि राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद जबलपुर संभाग इकाई कार्यकारिणी की घोषणा राष्ट्रीय संयोजक नलिनकांत बाजपेयी, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष  परमानंद तिवारी की अनुमति से राष्ट्रीय प्रवक्ता गंगा चरण मिश्रा, प्रदेश अध्यक्ष देवशंकर अवस्थी की सहमति से एवं संभागीय अध्यक्ष राजीव उपाध्याय तथा संभागीय महासचिव चंद्रशेखर शर्मा की अनुशंसा पर प्रदेश महासचिव राजेश दुबे ने जबलपुर संभाग इकाई घोषित की है। जिसमे मदन अवस्थी, राजेंद्र मिश्रा, मंयक तिवारी, सुनील साहू को संभागीय इकाई का संरक्षक बनाया गया है तो वहीं कार्यकारिणी के रूप में अध्यक्ष राजीव उपाध्याय, महासचिव चंद्रशेखर शर्मा, उपाध्यक्ष पद पर विवेक यादव जबलपुर, मदन तिवारी नरसिंहपुर, रमा शंकर उपाध्याय कटनी, हनुमान तिवारी मंडला, पियूष उपाध्याय डिंडोरी, आशीष श्रीवास्तव सिवनी और अभय शंकर प्यासी उपाध्यक्ष बनाए गए है। सचिव पद पर शैलेंद्र शर्मा करेली नरसिंहपुर, हरि सिंह ठाकुर नैनपुर मंडला, नीरज श्रीवास डिंडोरी, सतीश शर्मा सिवनी सचिव बनाए गए।

 

उमेश शुक्ला जबलपुर को संगठन सचिव एवं अनुकृति श्रीवास्तव जबलपुर को सांस्कृतिक सचिव एवं महिला प्रकोष्ठ का प्रभारी बनाया गया है साथ ही कोषाध्यक्ष पद पर रविंद्र चौहान जबलपुर सह सचिव के पद पर गोपाल सोनी एवं मनीष श्रीवास्तव को सह सचिव बनाया गया। वहीं मीडिया प्रभारी की जवाबदारी नवनीत दुबे को सौंपी गई है। वहीं संभागीय कार्य समिति में कार्य समिति सदस्य संजय साहू जबलपुर, शरद नेमा गोटेगांव,  ब्रजेश शर्मा नरसिंहपुर, बलराम नामदेव तेंदूखेड़ा, रामेश्वर द्विवेदी, राम बाबा जबलपुर, आशीष खरे नरसिंहपुर, धर्मराज सिंह जबलपुर, अनिल श्रीवास्तव जबलपुर, शिरीश अग्रवाल जबलपुर, धर्मेंद्र राजपूत जबलपुर, संभागीय कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया है साथ ही सभी जिलों के अध्यक्ष एवं महासचिव संभागीय कार्यकारिणी में पदेन सदस्य रहेगें। इनकी नियुक्ति पर मण्डला ईकाई में हर्ष व्याप्त है और जिले के पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया है।

Related posts

झाझनगर में कुआं मरम्मत

Reva India News

’आयुष्मान आपके द्वार जागरूकता अभियान’ के लिए बाईक रैली का आयोजन जिला न्यायाधीश श्री वार्ष्णेय ने दिखाई हरी झंडी

Reva India News

8 मार्च से प्रारंभ होगी मंडला से नैनपुर रेल सेवा

Reva India News

Leave a Comment