घुघरी के पूर्व बीएमओ डॉ. लक्ष्मण सिंह उईके निलंबित
कलेक्टर के निरीक्षण में पाई गई थी गंभीर अनियमितताएं
मण्डला 11 जून 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र घुघरी के निरीक्षण में पाई गई अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए कमिश्नर जबलपुर संभाग अभय वर्मा द्वारा तत्कालीन खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मण सिंह उईके को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार 17 मई 2023 को कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना के निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र घुघरी में गंभीर अनियमितताएं पाई गई थी। स्थानीय लोगों द्वारा डॉ. उईके की कार्यप्रणाली के प्रति असंतोष व्यक्त किया गया। उपरोक्त के आधार पर कलेक्टर डॉ. सिडाना ने चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मण सिंह उईके को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। नोटिस का जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कलेक्टर द्वारा विकासखंड चिकित्सा अधिकारी घुघरी के निलंबन का प्रस्ताव कमिश्नर जबलपुर को भेजा गया। प्रस्ताव के आधार पर कमिश्नर अभय वर्मा ने डॉ. लक्ष्मण सिंह उईके को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए इनका मुख्यालय कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी मंडला नियत किया है। निलंबन अवधि में डॉ. उईके को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।

अभी तो बस शुरुआत है
बहनों को हर महीने मिलेगी 3 हजार रू. की सौगात
मध्यप्रदेश की कोई भी महिला अब बेचारी नहीं
मण्डला 11 जून 2023
मध्यप्रदेश के मंडला जिले में सरस्वती धुर्वे रहती हैं, उनकी उम्र 38 साल है और 22 वर्ष की उम्र में शादी होने के बाद से वो अपने पति के साथ रही हैं। सरस्वती की जिंदगी भी गाँव की बाकी महिलाओं की तरह है, कभी कभार ही बाजार जाती हैं। गाँव की सीमा से निकलना मुश्किल से ही हो पाता है। रोजगार के लिए पति अलग-अलग शहरों में जाते रहते हैं और घर की पूरी जिम्मेदारी सरस्वती के कन्धों पर है। घर का राशन, बच्चों की फीस, इलाज सबकुछ पति के भेजे पैसों पर निर्भर रहता है। एक बार शुक्रवार के दिन सरस्वती का बेटा बीमार पड़ गया, पति से बात हुई लेकिन बैंक बंद होने के कारण पैसे आ पाने मुश्किल थे। दवाई के लिए कम से कम 500 रुपयों की जरुरत थी लेकिन सरस्वती के पास मुश्किल से 200 थे। कुछ पैसों के लिए सरस्वती को रिश्तेदारों के पास जाना पड़ा, लेकिन पैसे का इंतज़ाम नहीं हो पाया। बेटा तीन दिन घर में बीमार पड़ा रहा, पानी की पट्टियों से उसका इलाज करने की कोशिश की और सोमवार को जब बैंक खुले तब कहीं बेटे को हॉस्पिटल लेकर गई।
शनिवार की शाम जबलपुर के गैरिसनग्राउंड में जब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की राशि का वितरण कर रहे थे, सरस्वती भी सैकड़ों महिलाओं के साथ सभास्थल पर थीं। उनका भी चयन ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ के लिए हुआ है और एक क्लिक के बाद उनके खाते में 1000 रूपए उनके भाई शिवराज ने डाले हैं। अपनी ये कहानी सुनाते हुए सरस्वती के आँखों में आंसू आ जाते हैं, वो कहती हैं कि अब कभी दुबारा मेरा बेटा कुछ रुपयों के लिए इलाज से दूर नहीं रहेगा। अब कभी मुझे पैसों के लिए किसी और के पास हाथ नहीं फैलाने होंगे। अब मैं भी अपने भाई के कारण पैसे वाली हो गई हूँ, इन पैसों को जोड़कर अपना कुछ काम शुरू करुँगी, ये मेरे पैसे हैं।

ये कहानी सिर्फ सरस्वती की नहीं है, ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ के रजिस्ट्रेशन शुरू होने के तीन माह में प्रदेश भर की सवा करोड़ बहनों ने अपने आवेदन जमा किये, 1.25 करोड़ बहनों के खाते में कुल 1209.64 करोड़ रूपए की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से भेजी गई। ये बहनें निम्न और मध्यम आय परिवारों की हैं। आज से 5-6 साल पहले तक इनमें से ज्यादातर के पास बैंक अकाउंट भी नहीं था, लेकिन पिछले कुछ सालों में इनकी कहानी बदल गई है। पहले प्रधानमन्त्री ने इन्हें जनधन खाता देकर सशक्त बनाया और अब मुख्यमंत्री हर महीने इनके खाते में पैसे भेज रहे हैं।
धीरे-धीरे बढ़ाई जाएगी राशि
शिवराज सिंह चौहान पूरे देश में अपनी नारी सशक्तिकरण की योजनाओं के लिए जाने जाते हैं। उनकी बनाई लाड़ली लक्ष्मी योजना ने लाखों बेटियों को मजबूत बनाया है। इस योजना का प्रभाव इतना सफल था कि मध्यप्रदेश का लिंगानुपात सही हो गया और अब इस योजना को पूरे देश में लागू किया गया है। पहली किश्त बहनों के अकाउंट में भेजते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ’मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ का लाभ लेकर बहनें मजबूत होंगी, वे अब मजबूर नहीं रहेंगी। योजना में प्रति माह 1000 रूपये की राशि देने के प्रावधान में संशोधन कर बहनों को क्रमशः बढ़ी हुई राशि का भुगतान किया जाएगा। आवश्यक वित्त व्यवस्था के फलस्वरूप योजना में 1000 रूपये के स्थान पर क्रमशः 1250 रुपए, इसके बाद 1500 रूपए, फिर 1750 रूपए, फिर 2 हजार रूपए और इसके बाद 2250 रुपए, 2500 रूपए और 2750 रूपए करते हुए राशि को 3 हजार रूपए तक बढ़ाया जाएगा।

किसी सुदूर गाँव में रहने वाली एक बहन के लिए ये राशि कम नहीं है, इस पैसे से वो अपने पैरों पर खड़ी हो सकती हैं। वो स्वयं और अपने बच्चों के लिए पोषण आहार ले सकती है, बच्चों की फीस भर सकती हैं, घर के छोटे-मोटे खर्चों के लिए स्वतंत्र हो सकती हैं। सबसे बड़ी बात है कि अब उसे अपनी जरूरतों के लिए किसी का रास्ता देखने की जरुरत नहीं होगी।
21-साल की बहनों को भी मिलेगा भाई का साथ
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का लाभ वर्तमान में 23 से 60 वर्ष की विवाहित बहनों को मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने अपने कार्यक्रम के दौरान घोषणा कि की जल्दी हीं 21 वर्ष की विवाहित बहनों को भी योजना के लिए पात्र माना जाएगा। यह कदम बड़ी संख्या में और भी बहनों को आत्मनिर्भर बनाएगा। जिस तरह से घोषणा के तीन माह के अन्दर इस योजना को मूर्त रूप दिया गया है, वह महिलाओं के प्रति सरकार की गंभीरता को दिखाता है। इस योजना को युद्ध स्तर पर लगकर जमीन पर उतारने की मुख्यमंत्री की जिद ये बताती है कि वो प्रदेश की महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रदेश की महिलाओं को अपनी बहन और बच्चों को भांजे-भांजी कहने वाले मामा शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की सरकार ने नारी सशक्तिकरण के लिए लाड़ली लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, स्व-सहायता समूहों द्वारा आर्थिक उन्नयन जैसे अनेक सफल प्रयोग किये हैं। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का यह नया प्रयोग भी प्रदेश की महिलाओं के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव लेकर आएगा। अपनी कहानी सुनाते-सुनाते सरस्वती के चेहरे पर आने वाले खुशी के आंसू प्रदेश की सभी महिलाओं की तरफ से शिवराज सिंह को आशीर्वाद है। हर माह तीन हजार रूपए प्रदेश की महिलाओं के लिए एक ऐसे नए युग की शुरुआत करेंगे जो मध्यप्रदेश को नारी विकास के नए पायदान पर लेकर जायेगा।

कानून एवं शांति व्यवस्था के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
मण्डला 11 जून 2023
त्रि-स्तरीय पंचायत उपनिर्वाचन वर्ष 2023 (पूर्वाद्ध) के अंतर्गत जिले की जनपद पंचायत मंडला, मोहगांव, बिछिया एवं मवई में रिक्त पद पंचायतों के संलग्न मतदान केन्द्रों में 13 जून को मतदान संपन्न होना नियत है तथा मतगणना 17 जून को संपन्न होगा। मतदान दलों की रवानगी 12 जून 2023 को होगी।
12 जून से 13 जून 2023 मतदान समाप्ति एवं मतदान दलों की वापसी तक के लिए सामग्री वितरण, वापसी एवं मतगणना संबंधित जनपद पंचायत की सीमा क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। जारी आदेशानुसार एसडीएम बिछिया सर्जना यादव को जनपद पंचायत बिछिया, एसडीएम मंडला पुष्पेन्द्र अहके को जनपद पंचायत मंडला, एसडीएम घुघरी सोनल सिडाम को जनपद पंचायत मोहगांव तथा संयुक्त कलेक्टर हुनेन्द्र घोरमारे को जनपद पंचायत मवई क्षेत्र के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेन्टिसशिप मेला आज
मण्डला 11 जून 2023
प्राचार्य शासकीय आईटीआई से प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था मण्डला में 12 जून 2023 को प्रातः 10 बजे से प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेन्टिसशिप मेला का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में देश-प्रदेश की प्रतिष्ठित कम्पनियाँ सम्मिलित होंगी। 10वी, 12वी, आईटीआई, स्नातक उत्तीर्ण पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी जिनकी आयु 18 वर्ष से 25 वर्ष तक हो भाग ले सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को स्टाइपेंड 9 हजार रू. से 15 हजार रू. प्रतिमाह स्टाइपेन्ड एवं अन्य सुविधाएं प्राप्त होंगी।
मेले में भाग लेने उक्त स्थान पर अपने समस्त मूल प्रमाण पत्रों एवं बायोडाटा सहित 12 जून 2023 को प्रातः 10 बजे साक्षात्कार हेतु उपस्थित हो सकते हैं। अप्रेन्टिसशिप हेतु भर्ती, अप्रेन्टिसशिप नियमों एवं कंपनियों के शर्तों अनुसार की जाएगी। प्राचार्य आईटीआई ने बताया कि प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेन्टिसशिप मेला (पीएमएनएएम) में प्रतिभागिता हेतु यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।

विद्युत शिकायत निवारण फोरम की बैठक व सुनवाई आज
मण्डला 11 जून 2023
म.प्र. शासन ऊर्जा विभाग एवं म.प्र.पू.क्षे.वि.वि.कं.लि. जबलपुर के निर्देशानुसार मण्डला वृत्त में जिला स्तरीय विद्युत शिकायत निवारण फोरम का गठन किया गया है। फोरम की बैठक, सुनवाई 12 जून 2023 दिन सोमवार को प्रातः 11 बजे वृत्त कार्यालय मंडला में आयोजित होगी। सुनवाई में विद्युत उपभोक्ता अपनी बिल सम्बन्धी समस्याओं का त्वरित निराकरण करा सकेंगे। बैठक, सुनवाई में ऐसे उपभोक्ता जिनकी बिल सम्बन्धी समस्याओं का निराकरण सम्बन्धित कार्यालय से न हुआ हो और वे असंतुष्ट हों तो सुनवाई में अपनी समस्या रखने हेतु लिखित आवेदन के साथ एक पुराना बिल संलग्न कर उपस्थित होकर अपनी समस्या का निराकरण करा सकते हैं।

उत्कृष्ट माटी शिल्पियों से आवेदन आमंत्रित
मण्डला 11 जून 2023
जिला माटीकला बोर्ड जिला पंचायत से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश के 3 माटी शिल्पियों को प्रथम में 1 लाख रू., द्वितीय में 50 हजार रू. एवं तृतीय में 25 हजार रू. पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। जिले के उत्कृष्ट माटी शिल्पियों के आवेदन एवं कलाकृति का चयन जिला स्तरीय चयन कमेटी के पश्चात अधिकतम 3 उत्कृष्ट प्रविष्टियों को माटीकला बोर्ड मुख्यालय भोपाल द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। मण्डला जिले के उत्कृष्ट माटी शिल्पियों से अभिरूचि आमंत्रण हेतु आवेदन पत्र 11 अगस्त 2023 तक कलाकृतियां जमा किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिये कार्यालयीन समय पर मोबाईल नंबर 8959500194 में सम्पर्क किया जा सकता है।

ग्रीष्म ऋतु के मौसम में धूप की तपन, लू से रहें सावधान
मण्डला 11 जून 2023
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में ग्रीष्म ऋतु के दौरान बढ़ती धूप की तपन, लू से सावधानी एवं शरीर को मौसमी बीमारी से बचाव हेतु आमजन को मुख्य बातों का ध्यान रखना आवश्यक है।
क्या करें
घर से बाहर निकलने से पहले भरपेट पानी अवश्य पिएं, धूप में जाते समय सूती कपडे़ पहनें और सिर और कान को सूती कपडे़ से ढक्कर रखें। धूप में घूमने वाले व्यक्ति नमक, शक्करयुक्त कोई तरल पदार्थ या ओ.आर.एस. घोल का अधिक सेवन करें। नींबूपानी, केरी का पना, शिंकजी या मट्ठा अधिक से अधिक पियें, भरपेट भोजन करके ही बाहर निकलें, हमेशा ताजा भोजन, फल और सब्जियां खायें। यथासंभव धूप में अधिक न निकलें।
क्या न करें
धूप में खाली पेट न निकलें, शरीर में पानी की कमी न होने दें, बुखार में शरीर का तापमान न बढ़ने दें, ठंडें पानी की पट्टी रखें, कूलर या कंडीशनर से धूप में एकदम न निकलें, मिर्च, मसालेयुक्त भोजन न करें, बासी भोजन, फल एवं सलाद न खायें।
लू लगने पर
व्यक्ति को फौरन छायादार जगह में लेटायें, ढीले कपडे़ पहनें, पेय पदार्थ, जीवन रक्षक घोल ओ.आर.एस., कच्चे आम का पना पिलायें एवं ताप घटाने के लिये व्यक्ति के सिर पर ठंडे पानी की पट्टी रखें एवं नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में उपचार लें।

