Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 21 सितम्बर 2023

ग्राम की जरूरतों का ध्यान रखते हुए नवीन कार्यों की स्वीकृति प्रदान करें – डॉ. सिडाना

कलेक्टर ने की ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा

मंडला 21 सितम्बर 2023

                ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि ग्राम की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नवीन कार्यों की स्वीकृति प्रदान करें। प्रस्ताव तैयार करते समय ग्रामीणजनों से प्राप्त सुझावों को भी ध्यान में रखें। जिला पंचायत सभाकक्ष में संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

ग्रेवल सड़क तथा सीसी सड़क के निर्माण कार्यों की स्थलवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी कार्यों को उचित गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराएं। उपयंत्री एवं सहायक यंत्री के कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करते हुए आवश्यक तकनीकि सहयोग प्रदान करें। लम्बे समय से स्वीकृत ऐसे कार्य जिनका कार्य अब तक प्रारंभ नहीं हुआ है उनकी स्वीकृति निरस्त कर आवश्यकता के अनुरूप नवीन स्वीकृति जारी करें। स्कूल तथा आंगनवाड़ी को जोड़ने वाली सड़कों को प्राथमिकता प्रदान करें। मनरेगा की समीक्षा के दौरान उन्होंने श्रमिकों का नियोजन बढ़ाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सामुदायिक स्वच्छता परिसरों के निर्माण के लिए विद्यालय परिसरों को प्राथमिकता दें। ग्राम पंचायतों में उपलब्ध राशि से नियमानुसार स्कूलों के शौचालयों की मरम्मत तथा स्वच्छता संबंधी कार्य कराएं। कलेक्टर ने मतदान केन्द्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा स्वीप गतिविधियों की चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना तथा उज्ज्वला योजना की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्हांेने कहा कि जनपद स्तर से प्रधानमंत्री आवास योजना की सघन मॉनिटरिंग करते हुए स्वीकृत कार्यों को जल्द पूर्ण कराएं।

 

 

 

 

 

दिव्यांग छात्रावास की मरम्मत के लिए चुटका परियोजना ने दिया 8 लाख

मंडला 21 सितम्बर 2023

                विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए बिछिया विकासखंड के माधोपुर में संचालित सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास के भवन के मरम्मत के लिए न्यूक्लियर पॉवर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड चुटका मध्यप्रदेश परमाणु विद्युत परियोजना द्वारा सीएसआर मद से 8 लाख रूपए की राशि प्रदान की गई है। यह राशि छात्रावास प्रबंधन समिति के खाते में जारी की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने उक्त छात्रावास का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए तथा इस संबंध में उन्‍होंने व्यक्तिगत रूचि लेते हुए चुटका परियोजना के अधिकारियों से सीएसआर मद से राशि उपलब्ध कराने के संबंध में चर्चा की थी जिसके आधार पर अनुबंध की कार्यवाही पूर्ण कर चुटका परियोजना द्वारा संबंधित छात्रावास प्रबंधन समिति के बैंक खाते में राशि जारी कर दी गई है। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने प्राक्कलन के अनुरूप कार्य को जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

 

बैठक में अनुपस्थित रहने वाले सेक्टर अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी

मंडला 21 सितम्बर 2023

                समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने 2 सेक्टर अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के लिए नियुक्त सेक्टर अधिकारियों की बैठक में 19 सितंबर को आयोजित की गई थी जिसमें विधानसभा क्षेत्र 105 बिछिया के सेक्टर क्रमांक 30 के सेक्टर ऑफीसर एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी मवई हरिसिंह परते तथा विधानसभा क्षेत्र 107 मण्डला के सेक्टर क्रंमाक 15 के सेक्टर ऑफीसर एवं जनजातीय कार्यविभाग के उपयंत्री रमेश परमार बैठक में अनुपस्थित रहे। इनकी अनुपस्थिति के कारण सेक्टर अंतर्गत आने वाले मतदान केन्द्रों की समीक्षा कार्य में व्यवधान उत्पन्न हुआ। जिस पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा संबंधितों को नोटिस जारी करते हुए 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

 

 

 

 

 

ओव्हरलोड एवं अवैध संचालित वाहनों के विरूद्ध कार्यवाही

मंडला 21 सितम्बर 2023

                कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना के आदेशानुसार एवं जिला परिवहन अधिकारी के मार्गदर्शन में परिवहन जांच दल द्वारा ओव्हरलोड एवं अवैध संचालित वाहनों के विरूद्ध चैकिंग की कार्यवाही के तहत 20 सितंबर 2023 को मण्डला-नैनपुर मार्ग पर 23 वाहनों की जांच की गई, जिसमें वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा, लायसेंस, मोटरयान कर एवं ओव्हर लोडिंग आदि की जांच की गई। चैकिंग के दौरान वाहन क्रंमाक एमएच 40 सीडी 8904, एमएच 46 बीएम 4242 एवं सीजी 04 पीडी 9862 ओव्हरलोड संचालन करते पाये गये, जिसमें एक वाहन पर मोटरयान अधिनियम के तहत 18 हजार रूपए की चालानी कार्यवाही की गई एवं 2 वाहन जब्त किये गये। चैकिंग में परिवहन जांच दल में जे.पी. उइके एवं अन्य स्टॉफ उपस्थित रहा।

 

 

 

 

 

 

 

 

आज डाईट में लगेगा रोजगार मेला

मंडला 21 सितम्बर 2023

                रोजगार दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम सह रोजगार मेला 22 सितंबर को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डाईट में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में स्थानीय एवं बाहरी कंपनियों द्वारा बेरोजगार युवक, युवतियों का चयन कर ऑफर लेटर प्रदान किये जाएगें। इस दौरान उज्जैन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाईव प्रसारण भी किया जाएगा।

 

 

 

 

 

मतदान का प्रतिशत बढ़ाने स्कूलों में हुए विविध आयोजन

 

मंडला 21 सितम्बर 2023

                आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिले में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज जिले के अलग-अलग अंचल में उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों, कन्या परिसरों तथा सीएम राईज स्कूल में विविध कार्यक्रम संपन्न हुए। मोहगांव विकासखंड के मोहगांव, खर्राछापर तथा सिंगारपुर में स्कूली छात्र-छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर नैतिक मतदान का संदेश दिया। वहीं सीएम राईज स्कूल अंजनिया, हायरसेकेंडरी स्कूल कौआडोंगरी, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नारायणगंज सहित विभिन्न स्कूलों में नारालेखन, निबंध तथा अन्य स्पर्धाओं के माध्यम से निष्पक्ष मतदान के लिए प्रेरित करने की गतिविधियां आयोजित की गई।

 

Related posts

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 24 मई 2023

Reva India News

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने शुक्रवार को ईव्हीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया

Reva India News

कलेक्टर एसपी ने किया प्रभारी मंत्री का स्वागत

Reva India News

Leave a Comment