प्रशासनिक एवं पुलिस सेक्टर अधिकारी निर्वाचन गतिविधियाँ समन्वय के साथ समय-सीमा में पूरी करेंगे – जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सिडाना
तीनों विधानसभा के सेक्टर अधिकारियों की बैठक संपन्न
मण्डला 11 जुलाई 2023
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने मंगलवार को बिछिया, निवास तथा मंडला तीनों विधानसभा के लिए नियुक्त प्रशासन एवं पुलिस के सेक्टर अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने निर्देशित किया कि प्रशासन एवं पुलिस के सेक्टर अधिकारी गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए संपूर्ण निर्वाचन गतिविधियों को तय समय-सीमा में पूरी करेंगे। उन्होंने कहा कि संपूर्ण निर्वाचन अवधि के दौरान प्रशासन एवं पुलिस के सेक्टर अधिकारी प्रभावी समन्वय के साथ काम करेंगे। दोनों अधिकारी अपने सेक्टर की भौगोलिक, प्रशासनिक गतिविधियों का संयुक्त भ्रमण करते हुए निर्विघ्न एवं निष्पक्ष निर्वाचन संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कलेक्टर ने कहा कि सेक्टर अधिकारी अपने क्षेत्र के सभी मतदान केन्द्रों की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे। साथ ही वल्नरेब्लीटी मैपिंग, द्वितीय संक्षिप्त पुनरीक्षण, रूट वेरीफिकेशन, बूथ की संवेदनशीलता का आंकलन करते हुए निर्धारित प्रारूपों में समय-समय पर जानकारी देंगे। उन्होंने 22 जुलाई तक उक्त निर्देशों के पालन की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

मिलेगा विशेष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट का दर्जा
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सेक्टर अधिकारियों को विशेष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट का दर्जा दिया जाएगा जिन्हें वाहन सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं समय-समय पर निर्वाचन कार्यालय द्वारा मुहैया कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि 2 अगस्त को होने वाले द्वितीय संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान निर्वाचन नामावली का प्रकाशन किया जाएगा। इस समय प्रशासन एवं पुलिस के दोनों ही सेक्टर अधिकारी अपने क्षेत्र में उपस्थित रहेंगे। यह कार्यक्रम 2 से 8 अगस्त तक चलेगा। उन्हांेने निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग द्वारा सेक्टर अधिकारियों के लिए बनाई गई हेंडबुक का अनिवार्यतः अध्ययन किया जाए।

अपनी जिम्मेदारी को पूर्ण निष्ठा से निभाएं – एसपी
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने उपस्थित सेक्टर अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपूर्ण निर्वाचन अवधि में एकदूसरे के साथ समन्वय करते हुए सौंपे गए दायित्वों को पूर्ण निष्ठा से निभाएं। दोनों ही सेक्टर अधिकारी अपने क्षेत्र के थाना प्रभारी, बीट प्रभारी एवं महत्वपूर्ण व्यक्तियों तथा सहयोगियों का अनिवार्यतः नंबर साझा करेंगे। किसी भी प्रकार की समस्या आने पर प्रशासन के संज्ञान में लाएंगे।
मास्टर ट्रेनर्स ने दिया प्रशिक्षण
तीनों विधानसभा के लिए नियुक्त प्रशासन एवं पुलिस के सेक्टर अधिकारियों को जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर डॉ. श्रीवास्तव ने प्रशिक्षण दिया। इस दौरान उन्होंने सेक्टर अधिकारियों के दायित्व, रूटप्लान, क्रिटीकलेटी एवं वलनरेब्लीटी, चिन्हांकन, प्राप्त शिकायतों का समाधान आदि के बारे में बिन्दुवार एवं विस्तार से जानकारी दी। साथ ही सेक्टर अधिकारियों के कर्तव्य के बारे में विस्तार से बताया। डॉ. रोहितास ने निर्वाचन नामावली के परिवर्तन के बारे में प्रशिक्षण में जानकारी दी।
जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनीं आवेदकों की समस्याएं
मण्डला 11 जुलाई 2023
जिला योजना भवन में सम्पन्न हुई जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने आवेदकों की समस्याएं सुनी। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देषित किया कि जनहित से संबंधित आवेदनों का सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकरण सुनिष्चित करें। उन्होने विभिन्न आवेदनों के मौके पर ही निराकरण के निर्देष दिए। जनसुनवाई में 106 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन दिए। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम, संयुक्त कलेक्टर हुरेन्द्र घोरमारे, एसडीएम पुष्पेन्द्र अहके ने भी जनसुनवाई मंे पहुंचे आवेदकों की समस्याएं सुनी।
जनसुनवाई में त्रुटिसुधार, वृद्धापेंशन, किसान कल्याण योजना, नलजल योजना, जीवन ज्योति बीमा, पेंशन सहायता, अतिक्रमण, प्रधानमंत्री आवास योजना, रोजगार, मजदूरी भुगतान, स्वास्थ्य सहायता सहित अलग-अलग विषयों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

तत्काल श्रवण यंत्र मिलने से सुरेश ने प्रसन्नता व्यक्त की
जनसुनवाई में मिला तत्काल लाभ
मण्डला 11 जुलाई 2023
जनसुनवाई के माध्यम से प्रशासन के संज्ञान में आने वाली समस्या का यथासंभव शीघ्र एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जा रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचे पड़रिया नारायणगंज निवासी सुरेश कछवाहा ने श्रवण यंत्र प्राप्त करने के संबंध आवेदन दिया। सुरेश ने बताया कि दिव्यांग होने के कारण मुझे सुनने में बहुत परेशानी होती है। मुझे श्रवण यंत्र प्रदान किया जाए। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने सामाजिक न्याय विभाग को आवेदकों की पात्रता का परीक्षण कर मौके पर ही श्रवण यंत्र प्रदान करने के निर्देश दिए। श्रवण यंत्र पाकर सुरेश कहते हैं कि समस्या का मौके पर ही निराकरण हो जाने से मैं बहुत खुश हूं और मैं जिला प्रशासन के प्रति धन्यवाद करता हूं।

8 वर्षीय राधिका का जबलपुर में हुआ सफल हृदय ऑपरेशन
मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना बनी वरदान
मण्डला 9 जुलाई 2023
मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना के अंतर्गत 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं ताकि जिससे कि पीड़ित बच्चे निरोग हो सके। इसी तारतम्य में ग्राम पाठा देवगांव वार्ड-15 विकासखण्ड निवास की निवासी राधिका कुंजाम पिता बबलू कुंजाम उम्र 8 वर्षीय बालिका के लिए बाल हृदय उपचार योजना वरदान साबित हुई। इस योजना के लाभ से अब राधिका बिलकुल स्वस्थ है। बेटी को स्वस्थ देखकर माता-पिता की खुशी भी देखते ही बनती है।
राधिका के पिता ने बबलू कुंजाम बताते हैं कि बेटी जब दौड़ती-खेलती थी तो जल्दी थक जाती थी। सांस की गति भी तेज हो जाती थी। आंगनबाड़ी स्कूल में आर.बी.एस.के. की टीम के डॉक्टर अजय खांडेल ने बच्ची का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जाँच के दौरान पता चला कि बालिका राधिका को हृदय संबंधी तकलीफ है। टीम के चिकित्सक ने माता-पिता से बालिका के जन्म से अभी तक की जानकारी ली। टीम के चिकित्सक द्वारा बच्ची को ईको जांच के लिए मेट्रोहॉसपिटल जबलपुर भेजा गया। यहां पर राधिका का ऑपरेशन बिना किसी बाहरी खर्च के संपन्न हुआ। यह ऑपरेशन क्लोजर बाय डिवाइस तकनीक के माध्यम से हुआ। दोनों ही माता-पिता कहते हैं कि हमारी बच्ची अब बिल्कुल स्वस्थ्य है। बच्ची के पिता होने के नाते हम दोनों शासन-प्रशासन को एवं आर.बी.एस.के. की टीम को धन्यवाद देते हैं।

विश्व जनसंख्या स्थिरता माह का शुभारंभ
मण्डला 11 जुलाई 2023
विश्व जनसंख्या स्थिरता माह का शुभारंभ शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि 11 जुलाई से 11 अगस्त 2023 तक स्थिरता माह चलेगा। इस दौरान गर्भनिरोध के अस्थाई साधनों का वितरण एवं स्थाई साधन पुरूषों के लिए एन.एस.ब्ही., महिला नसबंदी शिविर लगाकर किया जाएगा। शुभारंभ कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ0 डी.के. मरकाम, प्रभारी डिप्टी मीडिया सुलोचना रजक, सपना साहू, इन्द्रारावत स्टापनर्स, एच.डी. मोंगरे, सुपरवाईजर स्टाफ आशीष तिवारी, ए.एन.एम. आशा कार्यकर्ता एवं अन्य स्टॉफ उपस्थित रहा।

’सांसद रोजगार मेला’ 15 को
केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते ने की युवाओं से सहभागिता की अपील
मण्डला 11 जुलाई 2023
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री तथा सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते के निर्देशन में 15 जुलाई को भव्य सांसद रोजगार मेले का आयोजन किया गया है। यह मेला 15 जुलाई 2023 को प्रातः 10 बजे सरदार पटेल कॉलेज खैरी मण्डला में किया जा रहा है। केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रोजगार मेले में देश की प्रतिष्ठित कम्पनियां सहभागी होंगी जिनके माध्यम से मंडला एवं आसपास के क्षेत्र के शिक्षित युवक-युवतियों को योग्तानुसार रोजगार उपलब्ध कराया जायेगा। उन्होने युवाओं से अपील की है कि ऐसे सभी शिक्षित युवक-युवतियों जो रोजगार के इच्छुक हैं वे अपना बायोडाटा, अंक सूची, आधार कार्ड, अनुभव एवं योग्यता के अन्य प्रमाण पत्र साथ लेकर आ सकते हैं।

मलेरिया रोग नियंत्रण कार्यक्रम अभियान
मण्डला 11 जुलाई 2023
जिला आयुष अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में मलेरिया रोकथाम हेतु मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में मलेरिया प्रतिरोधक होम्योपैथी औषधि-मलेरिया ऑफ 200 के वितरण का प्रथम चरण 14 जुलाई, 21 जुलाई एवं 28 जुलाई 2023 को जिले के 7 विकासखंडों में किया जाएगा।

आईएफएमआईएस शिविर 12 एवं 13 को
मण्डला 11 जुलाई 2023
आयुक्त कोष एवं लेखा म.प्र. भोपाल के निर्देशानुसार मण्डला जिले के समस्त डीडीओ, कर्मचारियों की विभिन्न आईएफएमआईएस से संबंधित समस्याओं के निराकरण हेतु जिला कोषालय में 12 एवं 13 जुलाई 2023 को 2 दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है। वरिष्ठ कोषालय अधिकारी अखिलेश नेटी द्वारा जिले के समस्त आहरण एवं संवितरण अधिकारियों से अनुरोध किया गया है कि किसी भी प्रकार की समस्या जैसे- तकनीकी कारणों से किसी कर्मचारी का वेतन, जीपीएफ, जीआईएस, एरियर, एक्सग्रसिया भुगतान संबंधी समस्या का उक्त आयोजित शिविर में निराकरण प्राप्त किया जा सकता है। शिकायत, समस्या का निराकरण जिला कोषालय स्तर पर नहीं होने पर आयुक्त कोष एवं लेखा भोपाल से अनुरोध कर निराकरण किया जाएगा।

थांवर जलाशय के ऊपरी तथा निचले सतह पर निवासरत लोगों को आमसूचना
अस्थायी एवं चल संपत्ति को रखें सुरक्षित स्थानों पर
मण्डला 11 जुलाई 2023
कार्यपालन यंत्री जल संसाधन संभाग द्वारा आम जनता को सूचित किया गया है कि वर्ष 2023-24 में थांवर बांध वृहद सिंचाई परियोजना जिला मण्डला का जलस्तर 481.10 मी. तक 100 प्रतिशत (जीवित जल भराव क्षमता 123.53 मि.घ.मी.) तक भरा जाना है। जलाशय का जलभराव 30 जुलाई तक 78 प्रतिशत 10 अगस्त तक 83 प्रतिशत 30 अगस्त तक 91 प्रतिशत 15 सितम्बर तक 97 प्रतिशत तथा 30 सितम्बर तक 100 प्रतिशत रखना निर्धारित किया गया है। 10 जुलाई 2023 को जलाशय का जल स्तर 479.48 मी. 76.64 प्रतिशत है। यदि जलाशय में पानी का आवक अधिक होने के कारण जल भराव दर्शित अवधि के पूर्व अधिक होता है तो वर्षाकाल में अतिरिक्त पानी को निकालने के लिए जलद्वार किसी भी समय खोले जा सकते हैं। ऐसी स्थिति में नदी का जल स्तर भी अचानक बढ़ सकता है।
कार्यपालन यंत्री ने कहा है कि थॉवर जलाशय के ऊपरी तथा निचले सतह पर रहने वाले मण्डला जिले के ग्राम बीजेगांव, पोटिया, बिनौरी, चरी, टिकरिया ,केवलारी, सुक्कम, चरगांव, बरबसपुर, कुरलाछींदा, झुलपुर, खमरिया, कछारी, देवरी, पड़रिया, डोभी, कन्हरगांव, खिरसारू, भरवेली, धर्राची, पिण्डरई नैनपुर और सिवनी जिले के कमाची, ग्वारी, छींदा, सर्रई, तिंदुआ के समस्त ग्रामवासियों को तथा विशेष रूप से ग्राम पंचायत पिण्डरई एवं नगरपालिका नैनपुर को थांवर नदी के समीप निवासरत निवासियों को सूचित किया जाता है कि वे अपनी अस्थाई एवं चल सम्पत्ति को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दें, ताकि किसी प्रकार की जन-धन की हानि से बचा जा सके। साथ ही नदी में बाढ़ होने की स्थिति में नदी पार न करें अन्यथा किसी भी प्रकार की क्षति के लिए म.प्र. शासन जल संसाधन विभाग जिम्मेदार नही होगा।

कारीगरों के चयन संबंधी जानकारी
मण्डला 11 जुलाई 2023
प्रबंधक खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड जिला पंचायत से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामोद्योग विकास योजना (जीव्हीवाई) के अन्तर्गत जिले में ग्रामीण क्षेत्रों के विकास एवं रोजगार संवर्धन तथा परम्परागत कारीगरों, बेरोजगार युवक-युवतियों को चयनित कर संबंधित गतिविधि में प्रशिक्षण देने के उपरान्त मशीनरी एवं उपकरण आदि उपलब्ध कराये जाते हैं। उक्त योजना में अंतर्गत मध्यप्रदेश में अनेक गतिविधियों के अंतर्गत कारीगरों का चयन किया जायेगा। चयनित कारीगरों द्वारा मशीनरी एवं उपकरण की लागत राशि का क्षेणी अनुसार स्वयं का अंशदान जमा करना होगा। बताया गया कि एससी 10 प्रतिशत, एसटी 10 प्रतिशत, सामान्य 20 प्रतिशत एवं बीपीएल 0 प्रतिशत हितग्राही का स्वयं का अंशदान होगा। अधिक जानकारी के लिए प्रबंधक, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड, जिला पंचायत मण्डला के मोबाईल नम्बर – 8959500194 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

जिले में हुई औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 11 जुलाई 2023
जिले में इस वर्ष 1 जून से 11 जुलाई 2023 के दौरान 447.2 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 289.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 157.9 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 जुलाई को मंडला में 8.2 मि.मी., नैनपुर में 27.3 मि.मी., बिछिया में 4.4 मि.मी., निवास में 6 मि.मी. तथा घुघरी में 11.3 मि.मी. एवं नारायणगंज में 2.6 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 11 जुलाई 2023 को 9.5 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

बीएलओ सुपरवाईजर का प्रशिक्षण 13 को
मण्डला 11 जुलाई 2023
आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के मद्देनजर बीएलओ सुपरवाईजर का प्रशिक्षण 13 जुलाई 2023 को आयोजित किया गया है। यह प्रशिक्षण जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डाईट मण्डला के सभाकक्ष में दोपहर 12 बजे से होगा। अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधितों को प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।

सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों का प्रशिक्षण आज
मण्डला 11 जुलाई 2023
आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2023 को दृष्टिगत रखते हुए सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों का प्रशिक्षण 12 जुलाई 2023 को आयोजित किया गया है। यह प्रशिक्षण जिला योजना भवन के सभाकक्ष में दोपहर 12 बजे से होगा। अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधितों को प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।

आंगनवाड़ी केंद्रों में रिक्त पदों के लिए 17 तक आवेदन आमंत्रित
मण्डला 11 जुलाई 2023
परियोजना अधिकारी महिला बाल विकास नारायणगंज से प्राप्त जानकारी अनुसार बाल विकास परियोजना नारायणगंज जिला मण्डला में आंगनवाड़ी केंद्रों में रिक्त पदों हेतु आवेदन आमंत्रित किये गये हैं। ग्राम पंचायत पड़रिया उर्फ नारायणगंज के आंगनवाड़ी केंद्र सांई कॉलोनी में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम पंचायत बरबटी के आंगनवाड़ी केंद्र जामुनटोला बरबटी क्रं. 2 में आंगनवाड़ी सहायिका, ग्राम पंचायत मैली के आंगनवाड़ी केंद्र मैली में आंगनवाड़ी सहायिका एवं ग्राम पंचायत पटेहरा के आंगनवाड़ी केंद्र हरदौलटोला पटेहरा में उप-आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पद हेतु 17 जुलाई 2023 तक आवेदन परियोजना कार्यालय नारायणगंज में कार्यालयीन समय में प्रस्तुत कर सकते हैं।

बीमारियों की रोकथाम एवं जल शुद्धिकरण के लिए कॉम्बेट टीम गठित
अब तक कुल 4011 कुओं का किया गया शुद्धिकरण
मण्डला 11 जुलाई 2023
मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि ग्रीष्म ऋतु के समापन के पश्चात वर्षा ऋतु का आगमन माह जुलाई से सितंबर तक मानसून के मौसम ने जिले के कुछ क्षेत्रों में बाढ़ अति वर्षा में आपदा कि स्थिती उत्पन्न होती हैं। वर्षा ऋतु के दौरान फैलने वाली संक्रामक बीमारियों की रोकथाम हेतु जिला स्तर पर एवं विकासखण्ड स्तर पर कॉम्बेट टीम (त्वरित चिकित्सा दल) का गठन किया गया है। यह टीम बीमारी फैलने की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर चिकित्सा सुविधा मुहैया करायेगें तथा बीमारी की रोकथाम की त्वरित कार्यवाही करेगी। इस दौरान उल्टी, दस्त के प्रकरण सम्बंधी, आवश्यक होने पर रेक्टलस्वाव बनायेंगे, उस नमूने को मेडिकल कॉलेज भेजा जायेगा। काम्बेट टीम द्वारा रोटेशन के आधार पर प्रभावित क्षेत्रो पर सेवायें देंगे।
मौसमी परिवर्तन होने से मण्डला जिले के अधिकांश ब्लॉकों में उल्टी, दस्त केसों में अचानक वृद्धि हो जाती है। उल्टी दस्त केसों में वृद्धि ना हो इसके लिए समस्त ब्लॉक में प्रति गुरूवार को अपने ब्लॉक के कुऐं, पेयजल स्त्रोंतों का क्लोरीनेशन, सप्ताहिक शुद्धिकरण ए.एन.एम., एम.पी.डब्लू. के माध्यम से किया जा रहा है। मंडला जिले के समस्त ब्लॉकों में कुल शुद्धिकरण किये गए कुओं की संख्या 4011 है।

कलेक्टर ने किया जिला चिकित्सालय का निरीक्षण
मण्डला 11 जुलाई 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने जिला चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं तथा निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने ब्लडबैंक के जीर्णोद्धार, क्रिटिकल केयर यूनिट के स्वीकृत निर्माण कार्य तथा मेटरनिटी विंग के जीर्णोद्धार कार्यों का अवलोकन करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान सहायक कलेक्टर अर्थ जैन, ईई पीआईयू जीपी पटले, सिविल सर्जन विजय धुर्वे सहित संबंधित उपस्थित रहे।
ब्लडबैंक में किए जा रहे कार्यों के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्देशित किया कि मापदंडों का पालन करते हुए योजनाबद्ध रूप से निर्माण कार्य करें। ब्लडबैंक में नये एसी लगाएं। आमजन की सुविधा के लिए ब्लडबैंक के बाहर वाटरकूलर लगाएं। उन्होंने रिफरेसमेंट रूम में काउच, कुर्सी सहित आवश्यक फर्नीचर की व्यवस्था करने तथा टीवी लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि क्रिटीकल केयर यूनिट के स्वीकृत निर्माण कार्य को जल्द प्रारंभ करें। भवन में लिफ्ट का प्रावधान रखें। उन्होंने पार्किंग, गार्डन विकसित करने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। मेटरनिटी विंग के जीर्णोद्धार कार्य का अवलोकन करते हुए उन्होंने रोशनी, बिजली, शौचालय, फर्श मरम्मत आदि पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। मरीजों तथा परिजनों की सुविधा के लिए पंखों की बेहतर व्यवस्था करें। उन्होंने कहा कि टाईल्स तथा दीवारों के रंगों के चयन में मानकों का पालन करें। डॉ. सिडाना ने प्रत्येक कार्यों के लिए विभागीय रूप से नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए।

डॉक्टर्स अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करें
भ्रमण के दौरान कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने ओपीडी, क्रिटीकल केयर यूनिट, मेटरनिटी विंग सहित अन्य वार्डों का निरीक्षण किया। ड्यूटी चार्ट के अनुसार चिकित्सक उपस्थित नहीं होने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सभी चिकित्सक अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए बेहतर सेवाएं प्रदान करें। कलेक्टर ने सुमन हेल्पडेस्क को प्रभावी बनाने तथा उसे पूरे समय संचालित करने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने मरीजों के परिजनों से भी चर्चा करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक कर किया अनुग्रह सहायता राशि का वितरण
मण्डला 11 जुलाई 2023
मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना एवं म.प्र. भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल अंतर्गत 11 जुलाई को मुख्यमंत्री द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से अनुग्रह सहायता राशि का वितरण डी.बी.टी. के माध्यम से सीधे हितग्राहियों के खाते में किया गया। जिला मण्डला की समस्त जनपद पंचायतों, नगर पंचायत बम्हनीबंजर एवं मण्डला एन.आई.सी. में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना अंतर्गत 742 हितग्राहियों को सोलह करोड़ सात लाख की राशि एवं म.प्र. भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल अंतर्गत 34 हितग्राहियों को रूपये अड़सठ लाख की राशि का वितरण सिंगल क्लिक कर डी.बी.टी. के माध्यम से मण्डला जिले के हितग्राहियों के खाते मे अंतरित की गई।
जनपद पंचायत मण्डला में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्ष, श्रम विभाग एवं जनपद पंचायत मण्डला, नगरपालिका मण्डला, के अधिकारी/कर्मचारियों सहित संबंधित हितग्राही उपस्थित रहें तथा कलेक्ट्रेट स्थित एन.आई. सी. में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत मण्डला जिला पंचायत उपाध्यक्ष, श्रम पदाधिकारी मण्डला, सरपंच सिझौरा एवं संबंधित हितग्राही उपस्थित रहे।

ईव्हीएम-व्हीव्हीपेट मशीन, पावरपैक एवं पेपर रोल प्रशिक्षण आज
मण्डला 11 जुलाई 2023
EVM Demonstration Centre (ईडीसी) के संचालन हेतु ईव्हीएम/व्हीव्हीपीएटी मशीन, पावरपैक, पेपररोल एवं निर्धारित प्रारूप में मुद्रित फ्लेक्स का प्रदाय 12 जुलाई 2023 को अपरांह 12 बजे शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज मण्डला परिसर के पीछे स्थित ईव्हीएम वेयर हाउस से किया जाएगा। उक्त स्थल पर उसी दिन EVM Demonstration Centre (ईडीसी) के संचालन हेतु नियुक्त, अधिकृत किए गए केन्द्र के प्रभारी अधिकारी/कर्मचारियों को मशीनों के संचालन का प्रशिक्षण मास्टर्स टेनर्स द्वारा प्रदाय किया जाएगा। अनुविभागीय अधिकारी तथा रिटर्निंग ऑफीसरों को ई०डी०सी० के संचालन एवं ईव्हीएम/व्हीव्हीपीएटी मशीनों के सुरक्षित परिवहन/रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

