Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 12 जुलाई 2023

 

कलेक्टर एवं एसपी ने किया मवई क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण

मंडला 12 जुलाई 2023

            कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना एवं पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा बुधवार को मवई क्षेत्र के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने मवई क्षेत्र के अलग-अलग मतदान केंद्रों का विस्तार से निरीक्षण किया। कलेक्टर ने घुटास मतदान केंद्र का निरीक्षण करते हुए कहा कि सुरक्षात्मक दृष्टि से बाउंड्रीवाल का निर्माण पूरा करें। उन्होंने सभी मतदान केंद्रों में रैंप, शौचालय, बिजली, पेयजल, फ़र्नीचर आदि की व्यवस्था का विस्तार से जायज़ा लिया। उन्होंने माध्यमिक शाला घुटास, पिपरीमाल स्कूल, प्राथमिक शाला अंजनी रैयत, उत्कृष्ट विद्यालय मवई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से मतदाताओं, मतदाता पुनरीक्षण के लिए चल रहे कार्यों की जानकारी एवं अन्य गतिविधियों से संबंधित चर्चा करते हुए ज़रूरी निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान एसडीएम बिछिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

शांतिपूर्ण मतदान में सहयोग करें ग्रामवासी

 

कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने मतदान केंद्र की क्रिटिकल एवं वल्नरेवल स्थिति के संबंध में स्थानीय लोगों से जानकारी ली। उन्होंने चर्चा करते हुए मतदान केंद्रों और विगत वर्षों के चुनावों के अनुभव जाने। उन्होंने कहा कि सभी आमजन निर्वाचनों को शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें।

 

 

 

 

 

 

सीएम राईज स्कूल के रेनोवेशन का कार्य गुणवत्ता के साथ पूरा करें – डॉ. सिडाना

मंडला 12 जुलाई 2023

            कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने मवई क्षेत्र के भ्रमण के दौरान घुटास के सीएम राईज स्कूल में चल रहे रेनोवेशन कार्य का जायज़ा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी 25 जुलाई तक रेनोवेशन का कार्य गुणवत्ता के साथ पूरा करें। उन्होने सीईओ जनपद पंचायत को निर्देशित किया कि रेनोवेशन कार्यों की मॉनिटरिंग के लिए क्षेत्र के सब इंजीनियर को अटैच करें।

छात्रावास अधीक्षिका को तत्काल हटाने के निर्देश

 

कलेक्टर ने अपने भ्रमण के दौरान सीनियर आदिवासी बालिका छात्रावास घुटास का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास में कुल संख्या तथा वर्तमान में उपस्थित छात्राओं की संख्या के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नवीन प्रवेश प्रक्रिया, रोस्टर एवं अन्य प्रक्रिया को नियमानुसार पूरी की जाए। कलेक्टर ने छात्रावास अधीक्षिका के प्रबंधन से नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए उन्हें तत्काल हटाने के निर्देश दिए।

पिपरीमाल स्कूल परिसर से तत्काल अतिक्रमण हटाएँ

 

कलेक्टर ने अपने भ्रमण के दौरान प्राथमिक शाला पिपरीमाल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर में स्थानीय लोगों द्वारा किए गये अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शैक्षणिक संस्थाओं एवं स्वास्थ्य संस्थाओं में अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने तहसीलदार को तत्काल अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाते हुए संबंधित विभाग खेल मैदान को विकसित करने के लिए समुचित कार्ययोजना बनाएँ।

उत्कृष्ट विद्यालय मवई में तत्काल करें शिक्षकों की पदस्थापना

 

कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मवई के भ्रमण के दौरान 11वी तथा 12वीं के अलग-अलग संकायों के शिक्षकों की तत्काल पदस्थापना करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसी ट्राइबल शिक्षकों की पदस्थापना करते हुए शैक्षणिक संस्थाओं का नियमित रूप से भ्रमण करना सुनिश्चित करें।

 

 

 

 

 

 

 

अवैधानिक मत्स्य विक्रय की जाँच एवं निरीक्षण

मंडला 12 जुलाई 2023

            सहायक संचालक मत्स्योद्योग से प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्षा ऋतु में मछलियों का प्रजनन काल होने से म.प्र. नदीय मत्स्योद्योग अधिनियम 1972 धारा 3 (2) के तहत 16 जून से 15 अगस्त तक की अवधि को बंद ऋतु घोषित किया गया है। उक्त अधिनियम के पालन में 11 जुलाई को विभागीय टीम द्वारा अंजनिया के बाजार में एवं कारीकोन तिराहा में अवैधानिक मत्स्य विक्रय की जांच एवं निरीक्षण किया गया। विभागीय दल के निरीक्षण में लगभग 160 किलोग्राम मछली जब्ती की कार्यवाही की गई जिसमें मेजरकार्प मछली लगभग 78 किलोग्राम नीलाम की जाकर राशि रूपये 4500 कार्यालय में जमा कराई गई। शेष प्रतिबंधित थाईलेण्ड मांगुर लगभग 82 किलोग्राम जब्त किया जाकर विनिष्टिकरण की कार्यवाही किया गया। उक्त कार्यवाही में विभागीय दल के प्रभारी सहायक मत्स्य अधिकारी एच.के. भगत, मत्स्य निरीक्षक पी.आर. वैद्य, मत्स्य निरीक्षक एस.के. भारद्वाज, मत्स्य जमादार राजेन्द्र सरोते, पम्प ड्राइवर चमरालाल भारतिया, चौकीदार संजय वरकड़े एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

आजादी के अमृत महोत्सव’ के अंतर्गत स्वस्थ्य मन, स्वस्थ तन अभियान

मंडला 12 जुलाई 2023

            मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला चिकित्सालय मण्डला में 10 जुलाई को आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत स्वस्थ्य मन, स्वस्थ तन अभियान अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मेन्टल हेल्थ कार्यक्रम के अंतर्गत रंगोली प्रतियोगिता, पोस्टर प्रतियोगिता, जन जागरूकता एवं भाषणवादी की गई, जिसमें डॉक्टर जितेन्द्र ने मानसिक स्वास्थ्य के विषय में बताया एवं भर्ती मरीज की काउन्सलिंग, स्क्रीनिंग तथा उपचार किया। नर्सिंग छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगिताओं का पुरूस्कार वितरित किए गए।

 

 

 

 

 

 

 

’सांसद रोजगार मेला’ 15 जुलाई को

केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते ने की युवाओं से सहभागिता की अपील

मण्डला 12 जुलाई 2023

            केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री तथा सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते के निर्देशन में 15 जुलाई को भव्य सांसद रोजगार मेले का आयोजन किया गया है। यह मेला 15 जुलाई 2023 को प्रातः 10 बजे सरदार पटेल कॉलेज खैरी मंडला में लगेगा। केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रोजगार मेले में देश की प्रतिष्ठित कम्पनियां सहभागी होंगी जिनके माध्यम से मंडला एवं आसपास के क्षेत्र के शिक्षित युवक-युवतियों को योग्तानुसार रोजगार उपलब्ध कराया जायेगा। उन्होंने युवाओं से अपील की है कि ऐसे सभी शिक्षित युवक-युवतियों जो रोजगार के इच्छुक हैं वे अपना बायोडाटा, अंक सूची, आधार कार्ड, अनुभव एवं योग्यता के अन्य प्रमाण पत्र साथ लेकर आ सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते का दौरा कार्यक्रम

मंडला 12 जुलाई 2023

            केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते का 13 जुलाई को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 13 जुलाई 2023 को सायं 6:30 बजे केदारपुर जिला सिवनी से पिंडरई नैनपुर के लिए रवाना होकर शाम 7:30 बजे पिंडरई पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद श्री कुलस्ते रात्रि 9:30 बजे पिंडरई से जेवरा के लिए रवाना होंगे तथा रात्रि 11 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।

 

 

 

 

 

जिले में हुई औसत वर्षा की जानकारी

मण्डला 12 जुलाई 2023

            जिले में इस वर्ष 1 जून से 12 जुलाई 2023 के दौरान 448.7 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 304.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 144.4 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 जुलाई को नैनपुर में 7.6 मि.मी., बिछिया में 1.8 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 12 जुलाई 2023 को 1.5 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

शासकीय आईटीआई में प्लेसमेंट ड्राइव 17 को

मंडला 12 जुलाई 2023

प्राचार्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय आईटीआई मंडला में 17 जुलाई 2023 को प्रातः 10 बजे से मारुती सुजुकी कम्पनी, गुड़गांव द्वारा प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया जायेगा। इस प्लेसमेंट ड्राइव में टर्नर, फिटर, मशीनिष्ट, मशीनिष्ट (ग्राइंडर), मोटर मैकेनिक, ट्रेक्टर मैकेनिक, टेक्नीशियन ऑटोमोटिव मेन्यूफेक्चरिंग, फाउंडरी मेन, शीट मेटल, प्लास्टिक प्रोसेसिंग ऑपरेटर, मैकेनिक ऑटो बॉडी पेंटिंग, मैकेनिक ऑटो बॉडी रिपेयर, वेल्डर, मैकेनिक डीजल, मोटर मैकेनिक व्हीकल ट्रेड से आईटीआई पास प्रशिक्षणार्थी जिनकी उम्र 18 से 26 वर्ष है, सम्मिलित हो सकते हैं। अभ्यर्थियों का चयन लिखित एवं मौखिक परीक्षा के आधार पर होगा। चयनित अभ्यर्थियों को 7 महीने के लिए कम्पनी में जॉब पर रखा जायेगा। चयनित अभ्यर्थियों को कम्पनी द्वारा 29200 रूपये प्रतिमाह एवं अन्य सुविधाएं प्रदान किया जायेगा। इच्छुक अभ्यर्थी निम्न लिंक पर https://www.marutisuzuki.com/corporate/careers/join-us/workmen-hiring => Temporary Workmen => Apply now में रजिस्ट्रेशन करें एवं उक्त दिनांक को अपने मूल दस्तावेज, 10वीं एवं आईटीआई की अंकसूची, आधार कार्ड, दो फोटो एवं शैक्षणिक बायोडाटा के साथ उपस्थित होवें। अधिक जानकारी के लिए शासकीय आईटीआई मण्डला में सम्पर्क करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

बीएलओ सुपरवाईजर का प्रशिक्षण आज

मण्डला 12 जुलाई 2023

आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के मद्देनजर बीएलओ सुपरवाईजर का प्रशिक्षण 13 जुलाई 2023 को आयोजित किया गया है। यह प्रशिक्षण जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डाईट मंडला के सभाकक्ष में दोपहर 12 बजे से होगा। अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधितों को प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।

 

 

 

 

 

कलेक्ट्रेट परिसर में ईवीएम प्रदर्शन केन्द्र का शुभारंभ

 

मंडला 12 जुलाई 2023

                कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने कलेक्ट्रेट परिसर में ईव्हीएम प्रदर्शन केन्द्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी मीना मसराम, सहायक कलेक्टर अर्थ जैन, संयुक्त कलेक्टर हुरेन्द्र घोरमारे सहित संबंधित उपस्थित रहे।

                ईव्हीएम प्रदर्शन केन्द्र के माध्यम से आमजनों को ईव्हीएम वोटिंग मशीन के माध्यम से मतदान की प्रक्रिया,मतदान का महत्व, आदि से अवगत कराते हुए उन्हें बिना लोभ-लालच के मतदान करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर एवं जनपद प्रतिनिधियों ने पखवार में वितरित किए वनाधिकार पट्टे

ज़िले भर में 856 पट्टे हो रहे वितरित

 

मंडला 12 जुलाई 2023

      कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना के मवई क्षेत्र के भ्रमण के दौरान पखवार में वन अधिकार पट्टों के अंतर्गत तैयार किए गए पट्टों का वितरण किया गया। इस दौरान कलेक्टर ने वन अधिकार पट्टे प्राप्त करने वाले हितग्राहियों को शुभकामनाएं दी तथा वनाधिकार पट्टे मिल जाने के बाद होने वाले महत्वपूर्ण कार्यों एवं फायदों की जानकारी दी। उन्होंने पट्टा वितरण कार्य में सहयोग करने वाले विभागों को भी मंच से शुभकामनाएँ दी।

      जानकारी के अनुसार  वन अधिकार अधिनियम अंतर्गत मान्य दावों के पट्टे कलेक्टर के मार्गदर्शन में विशेष अभियान चलाकर तैयार कराए गये, जिसमें राजस्व, वन एवं ग्रामीण विकास विभाग के द्वारा कार्य किया गया जिसके तहत ज़िले में 856 वन अधिकार पट्टों का वितरण सभी एसडीएम के माध्यम से कराया जा रहा है। इसी क्रम में आज मवई जनपद अंतर्गत 52 वन अधिकार पट्टों का वितरण कलेक्टर एवं जनपद के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ग्राम पंचायत पखवार में किया गया।

Related posts

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मवई को एनक्यूएएस सर्टिफिकेशन

Reva India News

कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री सोमेश मिश्रा ने शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए  

Reva India News

मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के आयोजन में हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया

Reva India News

Leave a Comment