स्वीप शुभांकर ’कानू’ तथा ’स्वीप लोगो’ का विमोचन
आरडी कॉलेज में आयोजित हुआ नव मतदाता सम्मेलन
मंडला 8 सितम्बर 2023
मतदाता जन जागरूकता गतिविधियों (स्वीप) के अंतर्गत रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में नव मतदाता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना एवं एसपी रजत सकलेचा ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और उत्साहपूर्वक मतदान करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर स्वीप शुभंकर ’कानू’, गतिविधि कैलेंडर तथा स्वीप लोगो का विमोचन किया गया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि लोकतंत्र में भागीदारी के लिए संविधान द्वारा प्रत्येक व्यक्ति को मतदान का अधिकार प्रदान किया गया है। अच्छे नागरिक होने का फर्ज निभाएं, निर्धारित आयु पूरी होते ही अपना इपिक कार्ड जरूर बनवाएं और नैतिक मतदान कर अपने कर्तव्य का पालन करें। उन्होंने कहा कि जिनके नाम अभी मतदाता सूची में नहीं जुड़े हैं। वे ऑनलाइन या बीएलओ के पास जाकर फॉर्म 6 के माध्यम से अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। कलेक्टर ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए कॉलेज में विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर एसपी रजत सकलेचा ने कहा कि मतदाता सूची में नाम शामिल होते ही हमें लोकतंत्र में भागीदार होने का अधिकार मिलता है। उन्हांेने कहा कि आप अपना जो भी कार्य कर रहे हैं, उसे मन लगाकर करें, जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें साथ ही इस बार वोट जरूर करें। श्री सकलेचा ने उपस्थित नव मतदाताओं से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के फॉरवर्ड मैसेज पर एकदम से भरोसा न करें, उसके तथ्यों की पड़ताल करें। उन्होंने युवाओं से अपडेट रहने के लिए नियमित रूप से अखबार पढ़ने का आव्हान किया। कार्यक्रम के दौरान नव मतदाताओं के मध्य खेलों की विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई। कॉलेज के प्राचार्य विजेंद्र चौरसिया, अनिल गुप्ता, टीपी मिश्रा, कपिल तिवारी, मधु अली, रोहित बड़कुल सहित कॉलेज का स्टॉफ एवं नव मतदाता के रूप में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने किया ब्लडबैंक का निरीक्षण
मण्डला 8 सितम्बर 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने जिला चिकित्सालय में संचालित ब्लडबैंक का आकस्मिक निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्यों तथा स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने ब्लडबैंक भवन के रेनोवेशन कार्य का स्तर संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि ब्लडबैंक से प्रदाय की जाने वाली सुविधाओं को बेहतर बनाएं। उपलब्ध मशीनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ब्लड की उपलब्धता के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें। अनुपयोगी साम्रगी को नियमानुसार राईटऑफ करें। निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग, सिविल सर्जन विजय धुर्वे सहित संबंधित उपस्थित रहे।

विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
मंडला 8 सितम्बर 2023
प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिये जिले में दो रथ भेजे गये हैं। ये रथ विभिन्न ग्रामों में जाकर लोगों को शासन की योजनाओं तथा विकास कार्यों के संबंध में जानकारी प्रदान करेंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने हरी झंडी दिखाकर इन रथों को रवाना किया। विकास रथों में एलईडी की व्यवस्था भी की गई है जिसके माध्यम से विभिन्न प्रकार के विकास कार्यों की लघु फिल्म भी दिखाई जायेगी। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट, नगरपालिका सीएमओ गजानंद नाफडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

विद्यार्थियों ने अभिभावकों को लिखे निष्पक्ष मतदान हेतु पत्र
मंडला 8 सितम्बर 2023
विधानसभा चुनाव 2023 में मतदान के प्रतिशत को बढ़ाने के उद्देश्य से स्वीप कार्यक्रम अंतर्गत जिले में विविध गतिविधियां की जा रही हैं। इसी क्रम में शासकीय हाईस्कूल बिंझिया में शुक्रवार को छात्र-छात्राओं ने अपने बड़े भाई-बहनों तथा अभिभावकों को निष्पक्ष मतदान हेतु पत्र लिखकर अपील की। इस दौरान उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों के उत्साह को देखते हुए स्वतः नैतिक मतदान का संकल्प लिया। इस अवसर पर शासकीय हाईस्कूल बिंझिया के प्राचार्य मुकेश पांडे सहित समस्त स्टॉफ उपस्थित था।

पेंशन शिविर 11 से 22 सितंबर तक
मंडला 8 सितम्बर 2023
सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण हेतु 11 सितम्बर से 22 सितंबर 2023 तक जिला पेंशन कार्यालय मण्डला में पेंशन शिविर का आयोजन किया गया है। कलेक्टर ने सभी कार्यालयों को निर्देशित किया है कि शिविर में अपने कार्यालय में लंबित प्रकरण अगस्त 2023 तक के एवं पेंशन प्रकरणों में लगाई गई पूर्व आपत्ति का निराकरण कर प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक लंबित पेंशन प्रकरण अनिवार्य रूप से जमा करना सुनिश्चित करेंगे।

नेशनल लोक अदालत आज
मंडला 8 सितम्बर 2023
9 सितम्बर 2023 (दिन शनिवार) को जिला न्यायालय परिसर मण्डला में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडला की अध्यक्षता में ए०डी०आर० सेन्टर में प्रातः 10ः30 बजे से किया जा रहा है।

उर्वरक की उपलब्धता पर ध्यान दें, समय पर मांगपत्र भेजें
बैठक में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के निर्देश
मंडला 8 सितम्बर 2023
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कानून व्यवस्था, फसलों की स्थिति की निगरानी, उर्वरक की आपूर्ति सहित अन्य विषयों के संबंध में कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर तथा पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने निर्देशित किया कि त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए कानून व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें। अपराधियों पर सख्त कार्यवाही करें। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से संपन्न हुई इस बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा सहित संबंधित उपस्थित रहे।
श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार वर्षाऋतु पर सतत नजर बनाए हुए है। उन्हांेने राहत सर्वे तथा फसल बीमा के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि कृषि विज्ञान केन्द्र तथा कृषि विभाग के अधिकारी किसानों को कृषि के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करें। जिला स्तर पर जल उपयोगिता समिति की बैठक आयोजित करें। उर्वरक की आपूर्ति पर विशेष ध्यान दें, जिले की आवश्यकता का आंकलन करें तथा समय पर मांगपत्र भेजने की कार्यवाही करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन के कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग करें। री-स्टोरेज पर ध्यान दें। पूर्ण हो चुके योजनाओं से जल की आपूर्ति सुनिश्चित करें। उन्हांेने कहा कि हितग्राहीमूलक योजनाओं पर समय पर भुगतान की कार्यवाही करें। श्री चौहान ने सीएम जन आवास योजना, विकास रथ, बिजली आपूर्ति, लाड़ली बहना योजना आदि के संबंध में चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

जिले की सीमा पर संचालित चैकपोस्टों को प्रभावी बनाएं – डॉ. सिडाना
बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मंडला 8 सितम्बर 2023
आगामी विधानसभा निर्वाचन के तहत कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने लाईन ऑर्डर से संबंधित अधिकारियांे की बैठक ली। उन्होंने निर्देशित किया कि अंतर्राज्जीय एवं जिले की सीमा पर संचालित चैकपोस्टों को प्रभावी बनाएं। इस संबंध में आबकारी, पुलिस, वन, खनिज तथा परिवहन विभाग सहित अन्य संबंधित विभाग समन्वय करें। आवश्यकतानुसार सूचनाओं को साझा करें। बैठक में पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि संबंधित विभाग चैकपोस्टों में रोस्टर अनुसार ड्यूटी लगाएं तथा सभी नाकाओं से प्रतिदिन रिपोर्ट प्राप्त करें। उन्होंने चैकपोस्टों में सीसीटीव्ही कैमरा लगाने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्हांेने कहा कि चैकपोस्टों में वाहनों की सघन जांच करें। ध्यान रखें जांच के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कलेक्टर ने कहा कि शराब के अवैध भंडारण, परिवहन पाए जाने पर संबंधित स्त्रोत पर भी कार्यवाही करें। बैठक में पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने नाका स्थापित करने, जांच की प्रक्रिया, सूचना तंत्र को मजबूत बनाने आदि के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

ओव्हरलोड वाहन का 18 हजार जुर्माना
मंडला 8 सितम्बर 2023
ओव्हरलोड एवं अवैध संचालित वाहनों के विरूद्ध चैकिंग की कार्यवाही के तहत 8 सितंबर 2023 को मण्डला-नैनपुर मार्ग पर 21 वाहनों की जांच की गई, जिसमें वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा, लायसेंस, मोटरयान कर एवं ओव्हर लोडिंग आदि की जांच की गई। चैकिंग के दौरान वाहन क्रमांक एमपी 51 जेडए 7884 ओव्हरलोड संचालन करते पाया गया, जिस पर मोटरयान अधिनियम के तहत 18 हजार रूपए की चालानी कार्यवाही की गई। चैकिंग में जिला परिवहन अधिकारी रमा दुबे, संभागीय परिवहन उड़नदस्ता प्रभारी जे.पी. उइके एवं जिला परिवहन कार्यालय का स्टॉफ उपस्थित रहा।

