पुनरीक्षण कार्य का लिया जायजा, मतदाता सूची वाचन के दिए निर्देश
किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से वंचित नहीं रहे – डॉ. सिडाना
कलेक्टर एवं एसपी ने किया मतदान केन्द्रों का निरीक्षण
मण्डला 9 सितम्बर 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना एवं पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने शनिवार को विकासखंड नारायणगंज के कोंडरा माल, चिरईडोंगरी, नारायणगंज, बीजेगांव, मानेगांव एवं बबलिया माल के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने संबंधित बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाईजर से मतदाता सूची के द्वितीय पुनरीक्षण के तहत की गई कार्यवाही के संबंध में जानकारी लेते हुए प्रत्येक परिवारों से संपर्क करने तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि 1 अक्टूबर 2023 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले प्रत्येक का नाम मतदाता सूची में जोड़ने, मृत हो चुके व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची से काटने तथा स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित होने वाले व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची से काटने के लिए नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करें। किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए। बीएलओ ग्राम में मतदाता सूची का वाचन करें, सूची के शुद्धिकरण में ग्रामवासियों का सहयोग प्राप्त करें। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए मतदाता सूची में अंकित नामों का रेंडम आधार पर सत्यापन किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मतदान केन्द्रों में बिजली, पानी, रैम्प तथा शौचालय आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने भ्रमण के दौरान पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा संबंधी जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए निर्वाचन के दौरान निर्भय होकर मतदान करने की अपील की।

शाला भवनों को बेहतर बनाएं, खेल सामग्री उपलब्ध कराएँ – डॉ. सिडाना
कलेक्टर ने किया नारायणगंज विकासखंड की शालाओं का निरीक्षण
मंडला 9 सितम्बर 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने प्राथमिक शाला कोंडरा माल, प्राथमिक शाला चिरईडोंगरी, प्राथमिक शाला नारायणगंज, प्राथमिक शाला बीजेगांव, एकीकृत माध्यमिक शाला मानेगांव तथा प्राथमिक शाला बबलिया माल का निरीक्षण करते हुए शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से शिक्षकों की उपस्थिति, पुस्तक, गणवेश एवं मध्यान्ह भोजन सहित अन्य योजनाओं के संबंध में फीडबैक लिया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम आधारित प्रश्न किए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, एसडीएम निवास श्

डॉ. सिडाना ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि शिक्षा की गुणवत्ता पर ध्यान दें। अध्यापन के दौरान विषय की अवधारणा को स्पष्ट करें। शाला स्तर पर नवाचार करें। कलेक्टर ने कहा कि बच्चों की विषयवार कठिनाईयों का चिन्हांकन करें तथा उनका निराकरण भी करें। प्राथमिक शाला बीजेगांव में बच्चों का उपलब्धि स्तर संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की।

खुद भी रोज आएं, सहपाठियों को भी लाएं
स्कूलों के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने विद्यार्थियों से चर्चा करते हुए उन्हंे नियमित स्कूल आने तथा अपने सहपाठियों को भी साथ लाने की समझाईश दी। उन्हांेने कहा कि विद्यार्थी अभी से ही अपने जीवन का लक्ष्य तय कर उसे हासिल करने का प्रयास करें। इस दौरान कलेक्टर ने शाला में खेल सामग्रियों की उपलब्धता की भी जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

स्कूलों को बेहतर बनाने पंचायत सहभागी बनें
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि ग्राम में संचालित शालाओं के भवनों के रख-रखाव में पंचायतें भी सहभागी बनें। पंचायतों में उपलब्ध राशि का नियमानुसार उपयोग करते हुए शाला भवन एवं शौचालय की मरम्मत, शाला भवन की रंगाई-पुताई जैसे कार्य कराएं। शालाओं में बच्चों के पसंद का रंग कराएं। आवश्यकतानुसार पाठ्यक्रम आधारित चित्र बनवाएं। कलेक्टर ने प्राथमिक शाला कोंडरा माल के भवन की मरम्मत 15 दिवस में कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने किया मंडला से बरेला मार्ग का निरीक्षण
मण्डला 9 सितम्बर 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने मंडला से बरेला मार्ग का निरीक्षण करते हुए मार्ग में किए जा रहे सुधार कार्यों का अवलोकन किया। कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्हांेने नाराजगी व्यक्त करते हुए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सड़क के सुधार कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि समस्यामूलक क्षेत्र की सड़क के सुधार कार्य को प्राथमिकता प्रदान करें। जिन स्थानों पर सुधार कार्य किया जाना है वहां पहले डायवर्सन की समुचित व्यवस्था बनाएं। डॉ. सिडाना ने कहा कि कार्य के महत्व को ध्यान में रखते हुए संबंधित एजेंसी सड़क सुधार के कार्य को निर्धारित समयावधि में उचित गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, एसडीएम निवास शकील खान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

आँगनवाड़ी में खेल आधारित गतिविधियाँ कराएं – कलेक्टर
मंडला 9 सितम्बर 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने आँगनवाड़ी केन्द्र बीजेगांव का आकस्मिक निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देशित किया कि आंगनवाड़ी केन्द्रों में खेल आधारित गतिविधियां कराएं। खेल सामग्री बच्चों को उपलब्ध कराएं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों को दिए जा रहे पोषण आहार के संबंध में भी जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्हांेने कहा कि बच्चों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें। कलेक्टर ने टीकाकरण, सांझा चूल्हा, खाद्यान्न उठाव आदि के संबंध में भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, एसडीएम निवास शकील खान सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

रागी की फसल देखने श्यामलाल के खेत पहुँची कलेक्टर
मंडला 9 सितम्बर 2023
नारायणगंज प्रवास के दौरान कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने ग्राम देवरीकला बबलिया में श्यामलाल के खेत जाकर श्रीअन्न रागी की फसल का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित कृषक से रागी की फसल के लिए आवश्यक मिट्टी, प्रशिक्षण, लागत, मार्केटिंग तथा मुनाफे आदि के संबंध में जानकारी ली। श्यामलाल ने बताया कि फसल रोपा पद्धति से एक एकड़ खेत में लगाई गई है जिसमें प्राकृतिक खाद जैसे जीवामृत, बीजाअमृत, दसपर्णी, नीमास्त आदि बनाकर रागी फसल पर प्रयोग किया जा रहा है। रागी फसल में कम लागत में ज्यादा मुनाफा है, इसमें अन्य फसलों के मुकाबले रासायनिक खाद एवं कीटनाशकों को प्रयोग नहीं करना पड़ता है। एक एकड़ रकबे में 4 कि.ग्रा. रागी का बीज लगता है। कृषक द्वारा 10 गुणा 10 फिट की लंबाई चौड़ाई की नर्सरी में 2 कि.ग्रा. बीज डाला गया, जिसकी एक एकड़ एरिया में रोपाई की गई, जिसमें पौधे एवं कतार की दूरी 30 गुणा 10 सेंटीमीटर रखी गई जिससे रागी का उत्पादन एक एकड़ में 8 से 10 क्विंटल तक प्राप्त होता है। श्यामलाल ने बताया कि इस बार रागी फसल का जो उत्पादन प्राप्त होगा उसका बीज बनाकर ज्यादा से ज्यादा किसानों को फसल लगाने हेतु प्रेरित करेंगे। इस दौरान परियोजना संचालक आत्मा आरडी जाटव सहित संबंधित उपस्थित रहे।

विधानसभा आम निर्वाचन के नोडल अधिकारी की बैठक 11 को
मंडला 9 सितम्बर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन 2023 को सुचारू रूप से संपन्न कराए जाने के लिए विभिन्न कार्यों हेतु नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर कार्य सौंपा गया है। सौंपे गए कार्यों की समीक्षा के लिए 11 सितम्बर 2023 को टीएल के बाद जिला योजना भवन में बैठक आयोजित की गई है जिसमें समस्त तैयारी सहित अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

मतदान केन्द्रों पर हो रहा मतदाता सूची का वाचन
मंडला 9 सितम्बर 2023
आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 के मद्देनजर जिले में स्वीप गतिविधियों का लगातार आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्र के मतदाताओं को निष्पक्ष मतदान के लिए प्रेरित कर मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए जागरूकता लाई जा रही है। इसी क्रम में प्रत्येक मतदान केन्द्र पर विशेष केम्प लगाकर मतदाता सूचियों का वाचन किया जा रहा है। स्थानीय लोगों से जानकारी प्राप्त कर नवीन मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा मृत हो चुके अथवा बाहर जा चुके लोगों के नाम काटने की कार्यवाही की जा रही है। दोहरी प्रविष्टियों का सत्यापन कर उनके निराकरण किया जा रहा है। जिला, अनुविभाग एवं सेक्टर स्तर के अधिकारी सतत रूप से पुनरीक्षण कार्य की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। मतदाता सूची का द्वितीय पुनरीक्षण 11 सितम्बर तक किया जाएगा जिसमें मतदाता सूची में नाम जोड़ने, काटने अथवा संशोधन की कार्यवाही की जा रही है।

मतदान बढ़ाने आयोजित की गई चित्रकला प्रतियोगिता
मंडला 9 सितम्बर 2023
आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 के मद्देनजर जिले में स्वीप गतिविधियों का लगातार आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्र के मतदाताओं को निष्पक्ष मतदान के लिए प्रेरित कर मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए जागरूकता लाई जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को जिले के विभिन्न स्कूलों में छात्र-छात्राओं की चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें विद्यार्थियों ने ईव्हीएम, निर्वाचन आईकॉन, निर्वाचन सदन, संसद भवन आदि के लोकतंत्र से जुड़े प्रतीक चित्रों को ड्राईंग शीट पर उकेर कर निष्पक्ष और नैतिक मतदान का संदेश दिया। शनिवार को हुई चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन क्रं. 2 हायर सेकेंडरी स्कूल, रानी अवंती बाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय हाईस्कूल बिंझिया सहित जिले की सभी शालाओं में किया गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट विद्यालय मंडला में विद्यार्थियों ने अपने अभिभावकों को पत्र लिखकर निष्पक्ष मतदान के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यालय प्रांगण में छात्र श्रृंखला बनाकर मतदान करने के लिए संदेश दिया गया। विद्यालय प्रांगण में मतदाता जागरूकता के लिए विशेष फ्लेक्स भी लगाए गए हैं।

नेशनल लोक अदालत संपन्न
मंडला 9 सितम्बर 2023
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार नेशनल लोक अदालत का आयोजन 9 सितम्बर 2023 को सम्पूर्ण देश में नेशनल लोक आदालत आयोजित की गई। इसी तारतम्य में जिला मण्डला में जिला न्यायाधीश, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एस0के0 जोशी के निर्देशन में एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डी0आर0 कुमरे के मार्गदर्शन में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सभी प्रकार के राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरण, सिविल प्रकरण विद्युत प्रकरण, मोटर दुर्घटना, भरण-पोषण, चैक बाउन्स, श्रम, राजस्व (जिला न्यायालय एवं मान0 उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरण) पारिवारिक वैवाहिक मामले न्यायालय के प्रकरणों के साथ-साथ, बैंक, नगरपालिका, विद्युत एवं बी0एस0एन0एल0 के प्रीलिटिगशन प्रकरणों का निराकरण किया गया।

जिला न्यायाधीश, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डी0आर0 कुमरे ने बताया कि नेशनल लोक अदालत जिला न्यायालय मण्डला एवं तहसील न्यायालय नैनपुर, निवास, बिछिया में भी उक्त नेशनल लोक अदालत आयोजित की गई है जिसमें सभी समझौते योग्य प्रकरणों के निराकरण हेतु 18 खंडपीठों का गठन किया गया है जिसमें आपसी सुलह के आधार पर राजीनामा किया गया। उन्होंने बताया कि इस बार की नेशनल लोक अदालत में प्रीलिटिगेशन प्रकरणों में बैंक के 3929 प्रकरणों में से 143 प्रकरण निराकृत हुये जिसमें 45 लाख 19 हजार 214 रूपये की वसूली राशि प्राप्त हुई। विद्युत विभाग के 341 प्रकरणों में से 32 प्रकरण निराकृत हुये जिसमे 134357 रूपये की वसूली राशि प्राप्त हुई।
न्यायालय के पेंडिंग केसेस में समझौता योग्य आपराधिक प्रकरणों केे 142 में से 116 निराकृत। 138 एन0आई0 एक्ट के 62 प्रकरणों में से 35 प्रकरण निराकृत हुये जिसमें 4978000 राशि का अवार्ड पारित किया गया। एम0ए0सी0टी0 के 171 प्रकरणों में से 58 प्रकरण निराकृत हुये जिसमें 1 करोड़ 19 लाख 81 हजार रूपए का अवार्ड पारित किया गया। पारिवारिक विवाद के 25 प्रकरणों में से 14 प्रकरण निराकृत हुये। अन्य सिविल प्रकृति के 58 प्रकरणों में से 5 प्रकरण निराकृत हुये। इस प्रकार न्यायालय के पेंडिंग केसेस कुल 586 प्रकरणों में से 311 प्रकरण निराकृत किये गये तथा 1 करोड़ 93 लाख 67 हजार 298 रूपये का धनादेश पारित किया गया। इस लोक अदालत से कुल 637 लोग लाभांवित हुये।

