विधानसभा आम निर्वाचन-2023
मतदानकर्मी निर्वाचन संबंधी कार्यों का सूक्ष्मता से प्रशिक्षण प्राप्त करें
जिला निर्वाचन अधिकारी ने योजना भवन में आयोजित बैठक में दिए निर्देश
मंडला 17 अक्टूबर 2023
विधानसभा निर्वाचन-2023 को जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए मतदान दलों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। सभी मतदानकर्मियों को इस संबंध में आदेश जारी किए जाएंगे। आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी मतदानकर्मियों को उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त करना होगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने योजना भवन में आयोजित बैठक में उक्त निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रेयांश कूमट, सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग, अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी मतदानकर्मियों को प्रशिक्षण में उपस्थित रहकर निर्वाचन संबंधी कार्यों का सूक्ष्मता से प्रशिक्षण प्राप्त करना होगा। जिससे विधानसभा निर्वाचन 2023 का कार्य सुचारू रूप से संपन्न किया जा सके। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने अधीनस्थ अमला जिनके नाम प्रशिक्षण कार्यक्रम में हैं। उन्हें प्रशिक्षण के लिए अनिवार्य रूप से भेजें। प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। कोई भी अधिकारी, कर्मचारी जिन्हें अवकाश की आवश्यकता है, उन्हें विभाग प्रमुख की अनुशंसा के साथ अपर कलेक्टर के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत करना होगा। जिससे अवकाश स्वीकृत की कार्यवाही की जा सके। उन्हांेने निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारी एवं कर्मचारियों को निर्वाचन संबंधी दायित्व पूर्ण जिम्मेदारी के साथ करने को कहा।
उन्होंने स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की भी समीक्षा की। उन्होंने मतदाता जागरूकता के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने को कहा। निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारी एवं कर्मचारियों को पोस्टल बैलेट से मतदान करने के लिए निर्धारित प्रपत्र फॉर्म-12 में प्रस्तुत करना होगा। उन्होंने बूथ लेवल तक मतदाता जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में विधानसभा क्षेत्र बिछिया, निवास एवं मंडला के मतदान केन्द्रों में विद्युत व्यवस्था, उपयोगी भवन की स्थिति, रंगाई-पुताई, पेयजल, रैम्प की व्यवस्था, महिला एवं पुरूषों के लिए पृथक-पृथक शौचालय सहित अन्य व्यवस्था के संबंध में समीक्षा की। उन्होंने सभी मतदान केन्द्रों में मतदान दलों के लिए उक्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर जानकारी प्रस्तुत करने को कहा।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
दीवारों पर उकेरी लोकतंत्र की तस्वीर
स्वीप गतिविधियों के तहत वॉल पेंटिंग स्पर्धा प्रतियोगिता सम्पन्न
मंडला 17 अक्टूबर 2023
मतदाताओं को जागरूक करने के लिये जिले में विविध गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, इसी क्रम में मंगलवार को स्थानीय नेहरू पार्क में लोकतंत्र की दीवार वॉल पेंटिंग स्पर्धा आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की 23 प्रतिभागियों ने अपनी पेंटिंग कला का प्रदर्शन करते हुये मतदाता जागरूकता की थीम पर आधारित चित्र बनाये। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने प्रत्येक पेंटिंग का अवलोकन करते हुये प्रतिभागियों से चर्चा करते हुये उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुये कलेक्टर डॉ. सिडाना ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान का बहुत महत्व है। प्रत्येक वोट महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र हैं जहां पर ईव्हीएम के माध्यम से वोटिंग होती है। कलेक्टर ने अपने संबोधन में ईव्हीएम से मतदान प्रक्रिया तथा उसके फायदे के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागी छात्र छात्राओं से आव्हान किया वे अपने परिवार, पास पड़ोस तथा मोहल्ले के लोगों को नैतिक तथा अनिवार्य मतदान के लिये प्रेरित करें। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत एवं स्वीप गतिविधियों के नोड़ल अधिकारी श्रेयांस कूमट, सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग, उप संचालक कृषि मधु अली, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास रोहित बड़कुल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी जीपी नाफडे, कृति सिंघई, हाई स्कूल बिंझिया के प्राचार्य मुकेश पाण्डे सहित संबंधित उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अखिलेश उपाध्याय ने किया।

इन्हें मिला पुरूस्कार
स्वीप गतिविधियों के तहत आयोजित वॉल पेटिंग प्रतियोगिता में व्यक्तिगत श्रेणी में मेघा यादव को प्रथम, शालिनी पटैल को द्वितीय एवं पलक चन्द्रौल को तृतीय पुरूस्कार प्रदान किया गया। इसी प्रकार ग्रुप श्रेणी में शुभांजलि नामदेव एवं रागिनी रघुवंशी को प्रथम, संस्कृति झारिया एवं नेहा रजक को द्वितीय तथा केशर आर्मो एवं देवेन्द्र सेन्द्राम को तृतीय पुरूस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरूस्कृत किया गया।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
उत्कृष्ट विद्यालय मंडला और उच्चतर माध्यकि विद्यालय क्रं. 2 में निर्वाचन प्रशिक्षण संपन्न कराए जायेंगे
मंडला 17 अक्टूबर 2023
विधानसभा निर्वाचन 2023 के अंतर्गत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप 19, 20, 21 एवं 25, 26, 27 अक्टूबर 2023 को दोपहर 12 बजे से सायंकाल 4:30 बजे तक निर्वाचन से संबंधित प्रशिक्षण संपन्न कराए जाएंगे। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह ने प्रशिक्षण के लिए उत्कृष्ट विद्यालय मंडला के 14 कक्ष और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रं. 2 मंडला के 6 कक्ष में प्रोजेक्टर, लाईट, पंखे, पेयजल एवं साफ-सफाई करने के निर्देश दिए हैं।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
विधानसभा क्षेत्रवार मतदान दलों के लिए सामाग्री तैयार करने हेतु आदेश जारी
मंडला 17 अक्टूबर 2023
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह ने विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्रवार मतदान केन्द्रों के लिए मतदान दलों को दी जाने वाली सामग्री तैयार करने के लिए अधिकारी एवं कर्मचारियों को नियुक्त करने के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के मुताबिक इकबाल शेख सहायक यंत्री, अंकित नगपुरे उपयंत्री, प्रिंस भालाधरे उपयंत्री, सोनल भालेकर उपयंत्री, शैलेन्द्र मालवीय व्याख्याता, आरआर धुर्वे सहायक मत्स्य अधिकारी, विवेक मिश्रा सहायक शिक्षक, तुलेश कुमार झारिया सहायक शिक्षक, योगेश कछवाहा सहायक शिक्षक, यतेन्द्र पटेल सहायक शिक्षक, धमेन्द्र ठाकुर सहायक शिक्षक, कमलेश दुबे सहायक शिक्षक, अमृतलाल धनगर लेखापाल, अखिलेश मिश्रा लेखापाल, सरोज कुमार महार लेखापाल, महेन्द्र श्रीवास सहायक ग्रेड-2, प्रदीप चौरे सहायक ग्रेड-2, अभय गौर सहायक विकासखंड प्रबंधक, योगेन्द्र तिवारी सहायक वि.खं. प्रबंधक, आशीष सोनी सहायक वि.खं. प्रबंधक, सत्यवीर मिश्रा ब्लॉक समन्वयक, आशीष तिवारी ब्लॉक समन्वयक, शामीन मंसूरी ब्लॉक समन्वयक, कैलाश प्रसाद धर्मक ब्लॉक समन्वयक, अमित उईके सहायक ग्रेड-3 और नवल परते सहायक ग्रेड-3 की ड्यूटी लगाई गई है। नियुक्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रभारी अधिकारी/नोडल अधिकारी मतदान सामाग्री हुनेन्द्र कुमार घोरमारे संयुक्त कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिला निर्वाचन कार्यालय मंडला के प्रथम तल में कार्य संपादित करेंगे। नियुक्त अमले को 19 अक्टूबर 2023 को प्रातः 10:30 बजे से जिला योजना भवन में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

स्व-सहायता समूहों की दीदियों ने दिया मतदान करने का संदेश
मंडला 17 अक्टूबर 2023
विधानसभा निर्वाचन-2023 में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित कराने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना के मार्गदर्शन में मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। जिसके तहत विकासखंड बिछिया में म.प्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की दीदियों के द्वारा स्वीप गतिविधियों के पोस्टर बनाकर मतदाताओं को मतदान करने का संदेश दिया गया। बताया कि आगामी 17 नवम्बर 2023 को जिले के सभी मतदाताओं को मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत करना चाहिए। सभी मतदाताओं को लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदान कर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करना चाहिए।

दीवार-लेखन के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा
मंडला 17 अक्टूबर 2023
भारत निर्वाचन आयोग ने विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के लिए निर्वाचन कार्यक्रम घोषित कर दिया है। मंडला जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में आगामी 17 नवंबर 2023 को मतदान संपन्न होगा। जिले में मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिससे जिले के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। जिले में दीवार-लेखन कर मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है।

ओमकार पटेल और सैयद इमरान एक वर्ष के लिए जिलाबदर
मण्डला 17 अक्टूबर 2023
जिले में लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलग्न रहने के कारण कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा ओमकार पटेल पिता सत्यवान पटेल उम्र 42 वर्ष, साकिन खमटीपुर, पुलिस चौकी अंजनिया, थाना बम्हनी, जिला मंडला और सैयद इमरान उर्फ भूरा पिता सैयद मुख्तार रजा, उम्र 32 वर्ष निवासी कोष्टा मोहल्ला, उदयचंद वार्ड, थाना व जिला मंडला को एक वर्ष की अवधि के लिए जिला मंडला तथा उसकी सीमा से सम्बद्ध मध्यप्रदेश राज्य के राजस्व जिले जबलपुर, डिंडौरी, बालाघाट एवं सिवनी की सीमाओं से एक वर्ष की कालावधि के लिए बाहर जाने का आदेश दिया गया है। यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक मंडला द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रतिवेदन के आधार पर की गई है। उक्त आदेश की अवधि में ओमकार पटैल और सैयद इमरान जिस-जिस थाना क्षेत्र में निवास अथवा आवागमन करेगा, अपने आने तथा प्रस्थान करने की सूचना देगा तथा प्रत्येक दिन दोपहर 12 बजे क्षेत्राधिकार वाले थाना में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगा।

राजेश पटैल को अनुविभागीय दंडाधिकारी कार्यालय में उपस्थिति देनी होगी
मण्डला 17 अक्टूबर 2023
जिले में लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलग्न रहने के कारण कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा राजेश पटैल पिता गंगाराम, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम उदयपुर, थाना बीजाडांडी, जिला मंडला को प्रत्येक महीने के प्रथम सोमवार को अनुविभागीय दंडाधिकारी निवास के कार्यालय में अपनी उपस्थिति एक वर्ष पर्यन्त तक दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। प्रचलित प्रकरण में 40 हजार रूपए का बंध पत्र भी उक्त अवधि के लिए निष्पादित करना होगा। उन्हें यह भी हिदायत दी गई है कि भविष्य में उपरोक्त शर्तों का पालन नहीं करने या अपराध करने या शांति भंग करने या समाज को किसी भी प्रकार की हानि पहुंचाई जाती है और पुलिस द्वारा जिलाबदर की कार्यवाही प्रस्तावित की जाती है तो उसके विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
मतदान करने हेतु डाक मतपत्र फॉर्म-12 वितरण के लिए ड्यूटी लगाई गई
मंडला 17 अक्टूबर 2023
विधानसभा निर्वाचन-2023 हेतु मंडला जिले के विधानसभा क्षेत्र मंडला, निवास एवं बिछिया में निर्वाचन कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए मतदान अधिकारी/कर्मचारियों के निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण 19, 20, 21 एवं 25, 26, 27 अक्टूबर 2023 तक दोपहर 12 बजे से सायंकाल 4ः30 बजे तक उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक मंडला एवं उच्चतर माध्यमिक क्रं. 2 मंडला में प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। नोडल अधिकारी डाक मतपत्र ने प्रशिक्षण में उपस्थित अधिकारियांे एवं कर्मचारियों को सुविधा केन्द्र में मतदान करने हेतु डाकमत पत्र के लिए फॉर्म-12 के वितरण के लिए अधिकारी/कर्मचारियों के ड्यूटी लगाने के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के मुताबिक उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मंडला के कक्ष क्रं. 04, 06, 07, 08, 10, 12 और 15 में फॉर्म-12 वितरण के लिए महेन्द्र सोनी पटवारी, अखिलेश जौहर पटवारी, मनोज दुबे पटवारी, पवन मरावी पटवारी, अनिल श्रीवास पटवारी, संदीप कुशवाहा पटवारी और नीरज वरकड़े पटवारी की ड्यूटी लगाई गई है। सहायक रिटर्निंग ऑफिसर हिमांशु भलावी नायब तहसीलदार बम्हनी होंगे। उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मंडला में कक्ष क्रं. 16, 18, 19, 20, 22, 26 और 27 में फॉर्म-12 वितरण हेतु दिनेश तिवारी पटवारी, उमेश कुमार राय पटवारी, रघुवीर सिंह वरकड़े पटवारी, शुभम राय पटवारी, शिवम तिवारी पटवारी, सतीश परते पटवारी और वीरेन्द्र अलावा पटवारी की ड्यूटी लगाई गई है। सहायक रिटर्निंग ऑफिसर धर्मेन्द्र साहू नायब तहसीलदार मोहगांव होंगे। उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रं. 2 मंडला के कक्ष क्रं. 01, 03, 07, 08, 09 और 10 में फॉर्म-12 वितरण हेतु राजकुमार तेकाम पटवारी, अमित पटेल पटवारी, हम्मीलाल धुर्वे पटवारी, संतोष मांडवे पटवारी, मनीष मरावी पटवारी और नितिन यादव पटवारी की ड्यूटी लगाई गई है। सहायक रिटर्निंग ऑफिसर दिनेश वरकड़े नायब तहसीलदार बिछिया होंगे। रिजर्व दल में बालिस परते पटवारी, लोकेश नरगवे पटवारी, सोनू मर्सकोले पटवारी और हिमांशु भलावी पटवारी की ड्यूटी लगाई गई है। आप प्रशिक्षण में उपस्थित मतदानकर्मियों को डाकमत पत्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।

रेत खदान आवंटन के संबंध में दायर याचिका पर
राज्य तथा जिला खनिज अधिकारी से मांगा गया जवाब
याचिका में कलेक्टर मंडला पार्टी नहीं हैं
मंडला। मान. उच्च न्यायालय जबलपुर में अति पिछड़ा वर्ग उत्थान समिति के अध्यक्ष संजय सेन, निवासी जबलपुर द्वारा जनहित याचिका दायर की गई है जिसमें म०प्र० रेत नियम-2019 के तहत प्रदेश के मंडला, बड़वानी, झाबुआ, डिंडौरी सहित अन्य आदिवासी जिलों में रेत खदान आवंटन हेतु निविदा आमंत्रित किए जाने में पेसा कानून के प्रावधानों का उल्लंघन होना बताया गया है। याचिका में मंडला जिले के संबंध में राज्य शासन तथा जिला खनिज अधिकारी को पार्टी बनाते हुए जवाब मांगा गया है। दायर याचिका में कलेक्टर मंडला को पार्टी नहीं बनाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मान. उच्च न्यायालय जबलपुर में दायर याचिका में पंचायत की अनुशंसा के बिना ही रेत खदान हेतु अनुज्ञप्तियां जारी करने का उल्लेख किया गया है। साथ ही मंडला जिला संविधान की अनुसूची-पांच अंतर्गत अधिसूचित होने से ग्राम पंचायतों की अनुशंसा बिना गौण खनिज रेत की खदानों का आवंटन नियम विरुद्ध होना बताया गया है। उक्त याचिका के संबंध में कतिपय समाचार पत्रों तथा सोशल मीडिया में कलेक्टर मंडला को पार्टी बनाया जाना बतलाते हुए नोटिस जारी किये जाने की बात प्रसारित की जा रही है, जो भ्रामक है।

