समाचारविधानसभा आम निर्वाचन-2023
बैगा बाहुल्य क्षेत्र भीमडोंगरी में मतदाता जागरूकता पाठशाला आयोजित
लोकनृत्य और लोकगीतों से दिया मतदान करने का संदेश
कलेक्टर ने कहा निर्वाचन को लोकतंत्र के उत्सव के रूप में मनायें
मंडला 3 नवंबर 2023
जिला प्रशासन द्वारा मतदाता जागरूकता गतिविधियों के लिए जिलेभर में लगातार अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना के मार्गदर्शन में मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से अनेक नवाचार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंडला जिले के बैगा बाहुल्य क्षेत्र भीमडोंगरी में शुक्रवार को मतदाता जागरूकता के लिए पाठशाला आयोजित की गई। इस अवसर पर जनजाति लोकनृत्य रीना, कर्मा, सैला आदि की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। साथ ही लोकगीतों के माध्यम से मतदान के लिए मतदाताओं को प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में श्याम बैरागी ने मतदाता जागरूकता के लिए स्थानीय भाषा में मतदाताओं को जागरूक किया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी मतदाता जागरूकता के गीतों की थीम पर प्रस्तुतियां दी। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। आयोजन के दौरान विशाल मानव श्रृंखला बनाई गई तथा उपस्थित लोगों को नैतिक मतदान की शपथ दिलाई गई। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट, सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग, जनपद सीईओ कपिल तिवारी, उप संचालक कृषि मधु अली, सहायक संचालक महिला बाल विकास रोहित बड़कुल, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।

वोट, अधिकार के साथ हमारा कर्तव्य भी है
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने वनांचल क्षेत्र भीमडोंगरी में आयोजित चुनावी पाठशाला को संबोधित करते हुए कहा कि 17 नवंबर को जिले की तीनों विधानसभाओं में मतदान किया जाएगा। मतदान दिवस सभी मतदाताओं के लिए यह लोकतंत्र का उत्सव है। वोट अधिकार के साथ-साथ हमारा कर्तव्य भी है। उन्हांेने उपस्थित ग्रामीणजनों से मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने तथा लोकतंत्र के उत्सव में सक्रियता से सहभागिता करने का आव्हान किया।

बच्चे अपने माता-पिता को समझाएँ मतदान का महत्व
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों से अपील करते हुए कहा कि सभी बच्चे अपने घर के माता-पिता, बड़े-बुजुर्गों को 17 नवंबर को अनिवार्य रूप से मतदान करने के लिए प्रेरित करें। सभी बच्चे अपने घर में लोकतंत्र में मताधिकार की उपयोगिता और महत्व की जानकारी दें। कलेक्टर ने अपने संबोधन के दौरान उपस्थित लोगों को मतदान दिवस, मतदान केन्द्र, मतदान का समय तथा पहचान के रूप में उपयोग में आने वाले दस्तावेजों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी।

इवीएम से मतदान हुआ आसान – बाबूलाल
कलेक्टर से चर्चा के दौरान 80 वर्षीय बुजुर्ग मतदाता बाबूलाल जाट ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि पहले मतदान की प्रक्रिया बहुत जटिल थी। वोट डालने में बहुत समय लगता था। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन आने से मतदान की प्रक्रिया बहुत आसान हो गई है। मशीन से निकलने वाली पर्ची हमें बताती है कि जिसे हमने वोट किया है हमारा वोट उसी को मिला है।

उमेश्वरी पहली बार करेगी वोट
बांदरबाड़ी निवासी 18 वर्षीय उमेश्वरी मरावी पहली बार मतदान करेंगी। वह मतदान को लेकर बहुत उत्साहित है। उसने कहा कि मताधिकार के रूप में उसे निर्णय लेने का अधिकार प्राप्त हुआ है। वह स्वयं वोट करेगी और अपने परिवार तथा ग्राम के अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करेगी। उमेश्वरी ने कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शित डमी ईवीएम से मतदान का अभ्यास भी किया।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
निर्वाचन के प्रति लोगों के मन में आस्था और विश्वास है – श्री शाहनवाज चौधरी
प्रेक्षकों ने ली रिटर्निंग ऑफीसर एवं अभ्यर्थियों की बैठक
मंडला 3 नवम्बर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के अंतर्गत मण्डला एवं निवास विधानसभा क्षेत्र के लिए नियुक्त सामान्य प्रेक्षक शाहनवाज चौधरी, पुलिस प्रेक्षक रूपेश कुमार मीणा एवं व्यय प्रेक्षक एस. सत्यनारायण ने मण्डला विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफीसर तथा अभ्यर्थियों की बैठक ली। इस अवसर पर सामान्य प्रेक्षक श्री चौधरी ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है जहां निर्वाचन के प्रति लोगों के मन में आस्था और विश्वास है। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों का आव्हान किया कि वे निर्वाचन को लोकतंत्र के उत्सव के रूप में मनायें। सम्पूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपने अभिकर्ताओं की नियुक्ति में सावधानी बरतने की बात कही।

बैठक में पुलिस प्रेक्षक रूपेश कुमार मीणा ने कहा कि जिले में मतदान के दौरान सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किये गये हैं। मतदाताओं को मतदान तिथि, समय और मतदान केन्द्र के बारे में प्रशासन द्वारा जानकारी प्रदान की जा रहीं है, अभ्यर्थी भी आमजनों को इस संबंध में अवगत करायें। व्यय प्रेक्षक एस. सत्यनारायण ने कहा कि सभी अभ्यर्थी निर्वाचन के संबंध में व्यय के नियमों का पालन करें तथा आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध करायें। बैठक में मतदाता सूची, मतदान केन्द्र, होम वोटिंग, आदर्श आचरण संहिता, कमिशनिंग सहित अन्य महत्वपूर्ण तिथियां, व्यय रजिस्टर, रेटलिस्ट, प्री-सर्टिफिकेशन, मतदान केन्द्र से 100 मीटर एवं 200 मीटर की परिधि, डाक मतपत्र तथा मतगणना स्थल आदि के संबंध में विस्तार से चर्चा करते हुये आवश्यक जानकारियां दी गईं। जिला योजना भवन में सम्पन्न हुई इस बैठक में रिटर्निंग ऑफीसर ऋषभ जैन सहित सभी अभ्यर्थी तथा संबंधित उपस्थित रहे।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह आवंटित
मंडला 3 नवंबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के अंतर्गत 2 नवंबर को नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों को रिटर्निग ऑफीसरों द्वारा चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए हैं। इस संबंध में जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 105 बिछिया के अन्तर्गत इंडियन नेशनल कांग्रेस से नारायण सिंह पट्टा को हाथ, भारतीय जनता पार्टी से डॉ. विजय आनंद मरावी को कमल, गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी से इंजी. कमलेश तेकाम को आरी, निर्दलीय विनीत टोप्पो को ब्लैक बोर्ड तथा निर्दलीय सुनील उईके को बाल्टी का चिन्ह आवंटित किया गया है।
इसी प्रकार विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 106 निवास के अन्तर्गत इंडियन नेशनल कांग्रेस से चैनसिंह वरकडे़ को हाथ, भारतीय जनता पार्टी से फग्गन सिंह कुलस्ते को कमल, गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी से देवेन्द्र मरावी भोई को नागरिक, क्रांति जनशक्ति पार्टी से मनमोहन सिंह गौठरिया को आरी एवं निर्दलीय जेनीफर मेरी को झूला का चिन्ह आवंटित किया गया है।
विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 107 मंडला के अन्तर्गत इंडियन नेशनल कांग्रेस से डॉ. अशोक मर्सकोले को हाथ, बहुजन समाज पार्टी से इंदर सिंह उईके को हाथी, भारतीय जनता पार्टी से संपतिया उईके को कमल, गण सुरक्षा पार्टी से श्रीमती कलिया बाई कोकड़िया को बैटरी टार्च, बहुजन मुक्ति पार्टी से मानसिंह कोकड़िया को चारपाई, आजाद समाज पार्टी से शिशु सिंधु भलावी को केतली, निर्दलीय उर्मिला सिंह उइके को काँच का गिलास, कमलेश उईके को झूला, दीनदयाल कुमरे को बल्ला, सुन्हेर कुशराम को ब्लैक बोर्ड एवं सुरेन्द्र सिंह सिरश्याम को आरी का चिन्ह आवंटित किया गया है।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
प्रेक्षक आज निवास में लेंगे आरओ और अभ्यर्थियों की बैठक
मंडला 3 नवंबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के अंतर्गत निवास एवं मंडला विधानसभा क्षेत्र के लिए नियुक्त सामान्य प्रेक्षक शाह नवाज चौधरी एवं पुलिस प्रेक्षक रूपेश कुमार मीणा 4 नवंबर को निवास में रिटर्निंग ऑफीसर तथा अभ्यर्थियों की बैठक लेंगे। यह बैठक अपरान्ह 3 बजे से एसडीएम कार्यालय निवास में होगी। संबंधितों को बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
छात्र-छात्राओं ने लिया माता-पिता को प्रेरित करने का संकल्प
मंडला 3 नवंबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 में जिले में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला स्वीप नोडल सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट के मार्गदर्शन में विविध गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड घुघरी तथा मोहगांव में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को मोहगांव, भैंसवाही, घुघरी, तबलपानी एवं सलवाह के हायरसेकेंडरी स्कूलों में आयोजित किये गये पत्र-लेखन कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने विधानसभा चुनाव में अपने माता-पिता को अनिवार्य रूप से मतदान करने के लिये प्रेरित करने का संकल्प लिया। छात्र-छात्राओं ने अपने अभिभावकों को पत्र लिखा। साथ ही लिखित इस पत्र को वे अपने अभिभावाकों के पास ले जाकर 17 नवम्बर 2023 को मतदान के लिए अनुरोध किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता को मतदान करना आवश्यक है।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
अधिग्रहित वाहनों की व्यवस्था के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
मंडला 3 नवंबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 में मतदान दलों के आवागमन के लिए अधिग्रहित किए जाने वाले वाहनों के लिए नोडल अधिकारी की नियुक्ति कर दी गई है। अधिग्रहित वाहन- बस, मिनी बस तथा अन्य छोटे वाहनों को शासकीय पॉलीटेक्निक ग्राउंड मंडला में एकत्रित किया जाना है। जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार मतदान दलों के परिवहन हेतु 14 नवंबर से आने वाले वाहनों को विधानसभावार लगाए जाने कॉलेज ग्राउंड मंडला के निर्धारित स्थान पर रूटचार्ट अनुसार लेआउट, वाहन के आने-जाने का मार्ग चिन्हांकन तथा वाहनों की सुगमता हेतु अन्य तैयारियों के लिए प्रेमकुमार कुस्मरे कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग क्रं. 2 मंडला को नोडल अधिकारी तथा राहुल मंडरहा सहायक यंत्री जनपद पंचायत मोहगांव को सहायक नोडल नियुक्त किया गया है।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
728 लीटर शराब जब्त
मंडला 3 नवंबर 2023
विधानसभा निर्वाचन 2023 से संबंधित सी-विजिल मोबाईल ऐप के इलेक्शन सीजर मेंनेजमेंट सिस्टम (ईएसएमएस) द्वारा आबकारी विभाग एवं एएसएसटी टीम के माध्यम से आज 728 लीटर शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 82250 है। जिला कॉन्टेक्ट सेल के एनजीआरएस पोर्टल के माध्यम से भी अब तक 159 शिकायत दर्ज की गई है जिनका निराकरण भी कर दिया गया है। इस तरह जिले के चारों तरफ चेक पोस्ट के माध्यम से एफएसटी एवं एसएसटी टीम द्वारा सतत निरीक्षण/निगरानी का कार्य किया जा रहा है।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
ईव्हीएम मशीनों की एफएलसी, मॉकपोल तथा प्रथम सप्लीमेंट्री रेंडमाईजेशन की कार्यवाही 5 से 6 नवंबर तक
मंडला 3 नवंबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के अंतर्गत जिले में अतिरिक्त ईव्हीएम मशीनों की एफएलसी, मॉकपोल तथा प्रथम सप्लीमेंट्री रेंडमाईजेशन की कार्यवाही 5 से 6 नवंबर तक तथा विधानसभा क्षेत्रों की ईव्हीएम, व्हीव्हीपीएटी मशीनों का द्वितीय रेंडमाईजेशन के साथ ही कमिशनिंग एवं मॉकपोल की कार्यवाही 7 नवंबर से कार्य समाप्ति तक संपादित की जाएगी। संपूर्ण प्रक्रिया के अवलोकन, निगरानी एवं मॉकपोल में सहभागिता दर्ज कराने हेतु संबंधितों को उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

