कड़ी मेहनत और अनुशासन भविष्य को बेहतर बनाता है – डॉ. सिडाना
पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय मंडला में मनाया गया वार्षिक खेल दिवस
मंडला 15 दिसम्बर 2023
विद्यार्थी जीवन में की गई मेहनत कभी निष्फल नहीं होती। कड़ी मेहनत और अनुशासन भविष्य को बेहतर बनाता है। इस आशय का विचार कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय मंडला में आयोजित वार्षिक खेल दिवस के कार्यक्रम में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थी अपना लक्ष्य निर्धारित करें तथा उसे हासिल करने के लिए योजनाबद्ध रूप से पढ़ाई करें। कार्यक्रम में प्राचार्य उपेंद्र कुमार, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक, अभिभावकगण तथा विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने कहा कि जीवन में अनुशासन का बहुत महत्व है। सभी विद्यार्थी दैनिक जीवन में भी अनुशासन का पालन करें, दिनचर्या को व्यवस्थित बनाएं। उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने अभिभावकों के सपनों को पूरा करें साथ ही स्कूल का नाम रोशन करें। कलेक्टर ने संबोधन में अपने स्कूली जीवन के अनुभव भी साझा किए।

पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी हिस्सा लें
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहना आवश्यक है। सक्रिय रहें, स्वस्थ रहें। सभी विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी हिस्सा लें। खेल को अपनी दिनचर्या में शामिल करें। वर्तमान समय में खेल में भी बहुत विकल्प हैं। कलेक्टर ने अपने संबोधन में योग से होने वाले लाभ के बारे में भी जानकारी दी। इससे पूर्व कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने ध्वजारोहण एवं मशाल प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

आयोजित की गई खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियाँ
पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय के वार्षिक खेल दिवस के कार्यक्रम में विभिन्न खेल तथा सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत जुंबा डांस, विविधता में एकता नृत्य, एक भारत श्रेष्ठ भारत की झांकी, राजस्थानी कालबेलिया डांस, तेरह ताली एवं हरियाणवी डांस की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई। खेल गतिविधियों के तहत बालक-बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़, रिले दौड़, जलेबी दौड़ और बोरा दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सफल प्रतिभागियों को पुरूस्कृत किया गया। इससे पूर्व सदनवार परेड प्रदर्शन कर विद्यार्थियों द्वारा शपथ ग्रहण की गई।

विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम शिक्षकों के कार्य को प्रदर्शित करता है – डॉ. सिडाना
परीक्षा परिणाम के आधार पर लिखा जाएगा गोपनीय प्रतिवेदन
कलेक्टर ने की शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा
मंडला 15 दिसम्बर 2023
बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों के संबंध में आयोजित बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि सभी शालाओं में पाठ्यक्रम समय पर पूरा करें। शिक्षा की गुणवत्ता पर ध्यान दें। विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम शिक्षकों के कार्य को प्रदर्शित करता है। परीक्षा परिणाम के आधार पर ही संबंधितों का गोपनीय प्रतिवेदन लिखा जाएगा। उन्हांेने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को शालाओं की सघन मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि परीक्षा परिणामों को बेहतर बनाने के लिए शालावार, छात्रवार रणनीति बनाएं। इस संबंध में सभी प्राचार्य अपने शिक्षकों की बैठक आयोजित कर योजना तैयार करें। प्रत्येक विद्यार्थियों की विषयवार कठिनाईयों का चिन्हांकन करें तथा अतिरिक्त कक्षाओं के माध्यम से उनके निराकरण की कार्यवाही करें। प्रत्येक शाला से कम से कम एक बच्चे को मेरिट लिस्ट में शामिल कराने का प्रयास करें। पूर्व वर्षों के प्रश्नपत्र हल कराकर बच्चों को बेहतर करने के लिए प्रोत्साहित करें। विज्ञान, गणित एवं अंग्रेजी विषय पर विशेष ध्यान दें। तिमाही तथा छःमाही के परीक्षा परिणामों का विश्लेषण करें तथा कमजोर बच्चों के लिए उपचारात्मक शिक्षण की व्यवस्था करें।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि कोई भी अधिकारी शिक्षकों का संलग्नीकरण न करें। यदि किसी शाला में शिक्षक संलग्न करने की आवश्यकता है तो कारण सहित प्रस्ताव भेजकर सक्षम अधिकारी से अनुमति प्राप्त करें। कलेक्टर ने कहा कि अतिथि शिक्षकों के कार्य का भी आंकलन करें तथा बेहतर प्रदर्शन करने पर ही आगामी वर्षों में उन्हें अवसर प्रदान करें। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में सहायक कलेक्टर अर्थ जैन, सहायक आयुक्त जनजाति कार्यविभाग लालशाह जगेत, जिला शिक्षा अधिकारी मुन्नी वरकड़े, समस्त बीईओ, बीआरसी सहित संबंधित उपस्थित रहे।

विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन समन्वय बनाकर बेहतर तरीके से किया जाए – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
मंडला 15 दिसम्बर 2023
16 दिसंबर से 26 जनवरी तक आयोजित होने वाली विकसित भारत संकल्प यात्रा के संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित अधिकारियांे से वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से चर्चा की। उन्होंने निर्देशित किया कि यात्रा का आयोजन जनप्रतिनिधि एवं प्रशासन समन्वय बनाकर बेहतर तरीके से करें। कार्यक्रमों में महिलाओं, युवाओं तथा स्कूली विद्यार्थियों की भी भागीदारी सुनिश्चित की जाए। यात्रा के दौरान प्राप्त होने वाले आवेदनों का यथा संभव निराकरण किया जाए। पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाए तथा जिन आवेदनों का निराकरण तत्काल संभव नही है उन हितग्राहियों को सूचित भी किया जाए। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से संपन्न हुई इस बैठक में विधायक मंडला संपतिया उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना, सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

केहरपुर में होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम
केन्द्र सरकार की जनहितैषी योजनाओं, लाभों और सुविधाओं के बारे में जागरूकता सुनिश्चित करने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा का राज्य स्तर पर शुभारंभ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 16 दिसंबर की शाम 4 बजे उज्जैन में आयोजित कार्यक्रम से किया जाएगा। यात्रा के शुभारंभ अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम ग्राम केहरपुर में आयोजित किया जा रहा है। विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान आईईसी वेन के माध्यम से प्रधानमंत्री का संदेश दिखाया जाएगा। भारत सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों के जीवन में आए बदलाव के संबंध में अनुभव साझा किए जाएंगे। साथ ही चिन्हित योजनाओं से वंचित हितग्राहियों को पात्रतानुसार लाभ प्रदान करने की कार्यवाही की जाएगी। यात्रा का समापन 26 जनवरी 2024 को गणतंत्र दिवस पर होगा।

शासकीय हाईस्कूल बिंझिया में मनाया गया खेल उत्सव
मंडला 15 दिसम्बर 2023
एकीकृत शासकीय हाईस्कूल बिंझिया में खेल दिवस मनाया गया, जिसमें प्राथमिक स्तर, माध्यमिक स्तर, हाईस्कूल स्तर में 100 एवं 200 मीटर दौड़ रिले रेस, खो-खो, जलेबी दौड़, कुर्सी दौड़ आदि गतिविधियों का आयोजन किया गया है जिसमें सभी वर्ग से बालक एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी गतिविधियों में प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालय के वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में पुरस्कृत किया जाएगा। इस अवसर पर प्राचार्य मुकेश पांडे द्वारा सभी शिक्षकों एवं बच्चों को अवगत कराया की अध्यापन कार्य के साथ-साथ खेल भी बहुत महत्वपूर्ण है। खेल के माध्यम से भी छात्रों का कैरियर आगे बढ़ सकता है। इस कार्यक्रम के उपरांत जल संरक्षण पर रैली निकाली गई। कार्यक्रम का संचालन अध्यापिका गायत्री शुक्ला के द्वारा किया गया।

कलेक्टर ने की जल-जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा
मंडला 15 दिसम्बर 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने जल-जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रगतिरत कार्यों को फरवरी माह तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय अमला क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए कार्यों की सघन मॉनिटरिंग करें। कार्यों में गति लाने के लिए एजेंसीवार दैनिक तथा साप्ताहिक लक्ष्य निर्धारित करें। लक्ष्य के विरूद्ध किए गए कार्यों की समीक्षा नियमित रूप से कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी द्वारा की जाए। जल जीवन मिशन शासन की महत्वपूर्ण योजना है जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि कार्यों में समुचित गुणवत्ता तथा संतोषजनक प्रगति परिलक्षित नहीं होने पर संबंधित कार्य एजेंसियों के विरूद्ध कार्यवाही प्रस्तावित करें। उन्होंने नारायणगंज तथा मवई की कमजोर प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। डॉ. सिडाना ने कहा कि घरेलू नल कनेक्शन के लक्ष्य को जल्द पूर्ण करें, जो योजनाएं चालू हैं उनका फॉलोअप करें तथा उनमें आवश्यकतानुसार सुधार कराएं। उन्होंने पुनरीक्षित योजनाओं की स्वीकृति के संबंध में भी जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मनोज भास्कर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

शांति समिति की बैठक आज
मण्डला 15 दिसंबर 2023
ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संबंध में 16 दिसंबर 2023 को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई है। यह बैठक जिला योजना भवन में दोपहर 12 बजे से होगी। संबंधितों से बैठक में उपस्थिति का आग्रह किया गया है।

पंचायतों के उप निर्वाचन के लिए कार्यक्रम घोषित
5 जनवरी को प्रातः 7 से 3 बजे तक होगा मतदान
मंडला 15 दिसम्बर 2023
30 नवंबर 2023 की स्थिति में रिक्त सीटों की पूर्ति के लिए मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायत उपनिर्वाचन 2023 उत्तरार्द्ध के लिए निर्वाचन कार्यक्रम जारी किया गया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार नाम-निर्देशन पत्र 22 दिसंबर 2023 तक प्रातः 10:30 बजे से अपरान्ह 3 बजे के मध्य स्वीकार किए जाएंगे। 23 दिसंबर को प्रातः 10:30 बजे से नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। 26 दिसंबर को अपरान्ह 3 बजे तक अभ्यर्थिता से नाम वापस ले सकते हैं तथा अभ्यर्थिता से नाम वापसी के बाद निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार करना तथा निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा। मतदान 5 जनवरी 2024 को प्रातः 7 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक किया जाएगा। पंच पद की मतगणना 5 जनवरी को मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात मतदान केन्द्र पर की जाएगी। सरपंच पद की मतगणना 9 जनवरी 2024 को प्रातः 8 बजे से विकासखंड मुख्यालय पर होगी। मंडला जिले में 30 नवंबर 2023 की स्थिति में पंच के 40 तथा सरपंच का 1 पद रिक्त है।

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजनांतर्गत उद्योग, सर्विस हेतु आवेदन ऑनलाईन आमंत्रित
मंडला 15 दिसम्बर 2023
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मण्डला में शासन की महात्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना में जिले के बेरोजगारों को रोजगार से जोड़ने हेतु बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना में विनिमार्ण इकाई हेतु 1 लाख से 50 लाख तक एवं सेवा इकाई 1 लाख से 20 लाख तक का ऋण प्रकरणों का ऑनलाईन आवेदन प्राप्त किये जा रहे हैं।
पात्रता में निर्माण उद्योग इकाई परियोजना लागत 10 लाख से अधिक होने पर एवं सेवा इकाई में परियोजना 5 लाख से अधिक होने पर आवेदक को आठवीं कक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। आवेदन करने हेतु आवेदक की आयु 18 वर्ष से कम ना हो तथा जिनकी परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रू से कम हो वो पात्र हैं। निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र, शैक्षणिक योग्यता (अंकसूची), बैंक पास बुक, आधार कार्ड (मोबाईल में लिंक), ग्राम पंचायत से जनसंख्या एवं अनापत्ति प्रमाण पत्र, स्थायी जाति (एस.डी.एम. द्वारा जारी), राशन कार्ड, समग्र आई.डी., मूलनिवासी प्रमाण पत्र, पेन कार्ड, मतदाना पहचान पत्र, भवन स्वामित्व पत्रक या किराया नामा, योजनांतर्गत रिपोर्ट (दो लाख से अधिक का परियोजना लागत होने पर सी.ए. द्वारा तैयार की जायेगी), आय प्रमाण पत्र, विद्युत विभाग, खनिज विभाग या कोई अन्य विभाग से संबंधित अनुमति, सहमति संबंधित राष्ट्रीयकृत बैंक शाखाओं से सहमति आवश्य प्राप्त करें। अधिक जानकारी के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मण्डला एवं बैंकों से किसी भी कार्यदिवस पर कार्यालीन समय में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

सर्दी को देखते हुए सतर्कता बरतें
मंडला 15 दिसम्बर 2023
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.सी. सरोते ने बताया कि प्रत्येक वर्ष दिसंबर से फरवरी के महीने में शीत लहर का अधिक प्रभाव रहता है। शीत लहर, बारिश, कोहरा आदि द्वारा प्रभावित करने वाले मौसम संबंधी खतरों के रूप में उभर रहे हैं। विश्व मौसम विज्ञान संगठन के अनुसार वैश्विक तापमान में विभिन्न मौसमों के दौरान काफी भिन्नताएं सामने आ रही हैं और उसका प्रभाव पर्यावरण, स्वास्थ्य, कृषि, पशुधन, आजीविका, सामाजिक अर्थव्यवस्था और अन्य संबध्द क्षेत्रों पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। शीत ऋतु में वातावरण का तापमान कम होने (शीत लहर) के कारण मानव स्वास्थ्य पर अनेक विपरीत प्रभाव जैसे सर्दी जुखाम, बुखार, निमोनिया, त्वचा रोग, फेफड़ों में संक्रमण, हाइपोथर्मिया अस्थमा, एलर्जी होने की आशंका बन जाती है, यदि समय पर नियंत्रण न किया जाए तो, उस स्थिति में मृत्यु भी हो सकती है।

इन प्रभावों से बचाव हेतु शरीर को सूखा रखें। शरीर की गर्माहट बनाएं रखने के लिए सिर, गर्दन, नाक, कान, हाथ और पैर की उंगलियों को पर्याप्त रूप से ढकें। टोपी, हैट, मफलर तथा आवरण युक्त एवं जल रोधी जूतों का प्रयोग करें। सिर को ढकें क्योंकि सिर के ऊपरी सतह से शरीर की गर्मी की हानि होती है। यथासंभव घर के अंदर रहें और ठंडी हवा बारिश से संपर्क को रोकने के लिए अनिवार्य होने पर ही यात्रा करें। रोग प्रतिरोध क्षमता में वृद्धि के लिए विटामिन सी से भरपूर ताजे फल और सब्जियां खाएं। गर्म तरल पदार्थ नियमित रूप से पिए, जिसमें शरीर में गर्मी बनी रहेगी। बुजुर्ग नवजात शिशु गर्भवती माताऐं बीमार व्यक्ति तथा बच्चों का अधिक ध्यान रखें क्योंकि उन्हें शीत ऋतु के प्रभाव होने की आशंका अधिक रहती है।

हम सब सनातनी हैं हमे अपने धर्म और संस्कृति की रक्षा स्वयं करनी होगी धर्मसभा पर बोले जगतगुरू शंकराचार्य
.17 दिसम्बर से 25 दिसम्बर तक होगा श्रीअष्ट लक्ष्मी महायज्ञ
मण्डला। 17 दिसम्बर से 25 दिसम्बर तक श्रीअष्ट लक्ष्मी महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत महापुराण का संगीतमय आयोजन मेहर बाबा कुटी मैदान देवदरा मण्डला में किया जाना है इस पुनीत कार्य की शुरूआत के अवसर पर शुक्रवार को द्वारका शारदापीठाधीश्वर जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती जी महाराज का महिष्मति नगरी में आगमन हुआ। महाराज श्री का नगर में जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। तद्उपरांत महाराज श्री को कार्यक्रम स्थल लाया गया। जहां पर धर्मप्रेमियों ने पुष्पवर्षा करते हुए उनका भव्य स्वागत किया। यहां पर जयकारा के साथ सनातन धर्म के नारे लगाए गए कार्यक्रम का संपूर्ण विवरण समाजसेवी नीरज अग्रवाल ने रखा। धर्मसभा के आरंभ में मुख्य यजमान गोवर्धन प्रसाद अग्रवाल एवं श्रीमति हेमलता अग्रवाल एवं श्री रावत ने महाराजश्री का पादुका पूजन करते हुए संकल्प लिया।

भागवत रसिक कथावाचक पं. रामगोपाल शास्त्री नीलू महाराज वरदान आश्रम अंजनिया ने महाराज श्री को आयोजित अष्ट लक्ष्मी महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत महापुराण के बारे में विस्तार से बताया वहीं महाराज श्री ने धर्मसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मंदिर दर्शन से पूजा का फल मिल जाता है। ओम के ऊपर की बिंदू ही मां है वेद-शास्त्रों के अनुसार आचरण करना ही मनुष्यता है। महाराज श्री ने कहा कि जब युग परिवर्तन होता है तब सब कुछ जलमग्न हो जाता है। उस समय सिर्फ के ऊपर की बिंदु का विलय नही होता यही बिंदु माँ है। जिससे पुन: सृजन होता है संसार के सभी शब्द सभी प्रत्यक्ष-प्रत्यक्ष वस्तु भी इस माँ शब्द के आगे बौने है। सनातनी हिन्दू हो तो पूजा पद्धति का ज्ञान आवश्यक है। वेद-शास्त्रों के अनुसार आचरण जरूरी है पूजा करना करवाना यज्ञ करना करवाना, गौ सेवा करना गौदान करना आवश्यक है।

यह भी कहा कि अध्यात्म में मनुष्य तीन प्रकार के कर्म करता है। धार्मिक कार्य यज्ञ अनुष्ठान इत्यादि इष्ट कर्म होते है। मंदिर, अस्पताल,स्कूल आदि का निर्माण करवाना पूरित कर्म होते हैं। वहीं यज्ञ, अनुष्ठान की दक्षिणा के बाद दी जाने दक्षिणा दत्त कर्म कहलाते हैं। बड़े भाग्य से ये मनुष्य तन प्राप्त हुआ है। वेद शास्त्रों के अनुसार चलना ही मनुष्यता है। मोक्ष प्राप्ति के लिए ही मनुष्य रूप मिला है लेकिन सत्कर्म करोगे तो मोक्ष मिलेगा। अगर सत्कर्म नहीं करोगे, तो अनेक योनियों में भटकना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि धर्म की रक्षा करना राजा का काम हैं राजा अगर अच्छा है तो धर्म और सनातन दोनो बचे रहेगे वहीं उन्होंने स्कूलों में धार्मिक पढ़ाई न होने पर चिंता भी व्यक्त की उनका मानना है स्कूलों में धार्मिक पढ़ाई भी होनी चाहिए। सांस्कृति और संस्कार को बचाए रखना आज चुनौती बन गया है। इस दौरान उन्होंने उपस्थितजनों को धर्म-अधर्म मानव सेवा शोषित पीडि़तों की सेवा के साथ ही गौसेवा करने का आव्हान भी किया है।

महाराजश्री ने यज्ञ स्थल का भ्रमण करते हुए पुष्प से कुंड स्थल की पूजा भी की इस दौरान यज्ञ के संयोजक और धर्मगुरू पं. नीलू महाराज ने महाराजश्री और उपस्थितजनों बताया कि सोमवार को यज्ञ शाला के अंदर के कलशों में 35 पवित्र नदियों का जल एवं चार समुद्रों का जल एवं 24 तीर्थों की मिट्टी छोड़ी जायेगी जिनमें नैमिसारन्य, काशी, वृंदावन, चारों धाम, जगन्नाथ पुरी, रामेश्वरम, द्वारिका, बद्रीका धाम, हरिद्वार, रेवा सागर संगम पुष्कर की मिट्टी प्रमुख हैं। जो यहां यज्ञ के दौरान देखने को मिलेगी। सहित लगभग 108 महात्माओं का आगमन होगा। विद्वत विप्र सम्मेलन गीता जयंती उत्सव में श्लोक पाठन प्रतियोगिता विराट सुहागलों का आयोजन आदि सम्पन्न होंगे। यहां पर उत्कृष्ट योग में नवग्रह के पौधे भी स्थापित किए गए। यह यज्ञशाला वैदिक पद्यति से निर्मित की गई है। 9 कुंडीय यज्ञ शाला में पूर्व द्वार पर शंख, दक्षिण द्वार पर चक्र, पश्चिम द्वार पर गदा एवं उत्तर द्वार पर कमल स्थापित किया गया है। वहीं खंभात की खाडी गुजरात से लाए गये अति विशिष्ट श्रीयंत्र का मान सरोवर से लाए गये श्रीयंत्र का अभिषेक होगा और रवि पुष्य योग रविवार से श्रीयंत्र का नित्य अर्चन प्रारंभ हो जायेगा जो यज्ञ पर्यन्त चलेगा। अष्टलक्ष्मी महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत महापुराण यज्ञ में जिस गौर गणेश का पूजन होगा यह गौर गणेश की गोबर की मूर्ति भारत की सबसे बड़ी गौशाला जडखोर राजस्थान की गौशाला से लाई गई है। यज्ञ शाला के अंदर के कलशों में 35 पवित्र नदियों का जल एवं चार समुद्रों का जल एवं 24 तीर्थों की मिट्टी छोड़ी जायेगी जिनमें नैमिसारन्य, काशी, वृंदावन, चारों धाम, जगन्नाथ पुरी, रामेश्वरम, द्वारिका, बद्रीका धाम, हरिद्वार, रेवा सागर संगम पुष्कर की मिट्टी प्रमुख हैं। जो यहां यज्ञ के दौरान देखने को मिलेगी। धर्मप्रेमियों से तन मन धन से सहयोग करने अपील की गई है। इस दौरान जिले के गणमान्य नागरिक समाजसेवी पत्रकार अधिवक्ता उपस्थित रहे वहीं ब्राम्हण समाज ने महाराज श्री का पुष्पमाला से स्वागत करते हुए महिष्मति नगरी के आगमन पर आभार व्यक्त किया। वहीं महाराज श्री यहां से वरदान आश्रम सेवा समिति अंजनिया के लिए रवाना हुए जहां पर उन्होंने भक्तों से मुलाकात करते हुए विश्राम किया। यहां सैकड़ो की संख्या में धर्मप्रेमी और उनके शिष्य मिलने पहुंचे।

